अंतर्राष्ट्रीय पादप स्वास्थ्य वर्ष – नवनीत कुमार गुप्ता

नस्पतियों के महत्व को देखते हुए वर्ष 2020 को अंतर्राष्ट्रीय पादप स्वास्थ्य वर्ष घोषित किया गया है जिसका उद्देश्य पादप जगत एवं उसके संरक्षण के बारे में जागरूकता पैदा करना है।

जीवन को संभव बनाने वाले कारकों में वनस्पतियों की अहम भूमिका है। वनस्पतियां, भूमि ही नहीं समुद्रों तक में जीवन को पनाह दिए हुए हैं। पेड़-पौधों से हमें जीवनदायी ऑक्सीजन मिलती है। वनस्पतियां हमारे और अन्य जीवों के आहार का मुख्य स्रोत हैं। पेड़-पौधे औषधि, वस्त्र, साज-सज्जा, शृंगार सहित अनेक आवश्यकताओं की पूर्ति करते हैं। ये करोड़ों लोगों की आजीविका का साधन भी हैं।

2015 में, पादप स्वच्छता सम्बंधी आयोग के 10वें सत्र में, फिनलैंड ने वर्ष 2020 को अंतर्राष्ट्रीय पादप स्वास्थ्य वर्ष के रूप में मनाए जाने का प्रस्ताव रखा था। इस प्रस्ताव को उस सम्मेलन में ज़ोरदार समर्थन मिला, जिसे देखते हुए वर्ष 2020 को फिनलैंड के नेतृत्व में अंतर्राष्ट्रीय पादप स्वास्थ्य वर्ष मनाए जाने पर विचार किया जाने लगा। संयुक्त राष्ट्र संघ आम सभा ने दिसंबर 2018 में वर्ष 2020 को अंतर्राष्ट्रीय पादप स्वास्थ्य वर्ष के रूप में मनाने की घोषणा की। इसके उपरांत विश्व खाद्य एवं कृषि संगठन और अंतर्राष्ट्रीय पादप सुरक्षा परिषद के विशेष सत्र में अंतर्राष्ट्रीय पादप स्वास्थ्य वर्ष का शुभारंभ हुआ। यह वर्ष हमें इस बात के प्रति सचेत करता है कि किस प्रकार वनस्पतियों के स्वास्थ्य पर ध्यान देकर हम भुखमरी, गरीबी से उबरते हुए पर्यावरणीय और आर्थिक विकास को गति दे सकते हैं।

वनस्पतियों की प्रचुरता सम्पन्नता लाती है। वनस्पतियों से घिरा क्षेत्र सुंदरता को जन्म देता है। हम जो ऑक्सीजन लेते हैं उसका 98 प्रतिशत हिस्सा वनस्पतियों से आता है। पिछले एक दशक में वनस्पतियों पर आधारित व्यापार में तीन गुना की वृद्धि हुई है।

भारत को फसलों की विविधता का का एक केंद्र माना जाता है। यह फसली वनस्पतियों की उत्पत्ति के 12 केंद्रों में से एक है। भारत चावल, अरहर, आम, हल्दी, अदरक, गन्ना, गूज़बेरी आदि की 30-50 हज़ार किस्मों के विकास का केंद्र है। भारत की असीम जैव विविधता के मद्देनज़र युनेस्को ने भारत के पांच संरक्षित क्षेत्रों को वनस्पतियों एवं प्राणियों के अनोखेपन के लिए विश्व विरासत स्थल घोषित किया है।

विश्व खाद्य संगठन के अनुसार वर्ष 2050 तक कृषि उत्पादन में 60 प्रतिशत की वृद्धि करने की आवश्यकता होगी ताकि बढ़ी हुई जनंसख्या के लिए पर्याप्त आहार की व्यवस्था की जा सके। वनस्पतियों को बीमारियों, कीटों और खरपतवारों से बचाने के लिए विज्ञान का सहारा लेना होगा। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://krishijagran.com/media/25850/plant.png?format=webp

प्रातिक्रिया दे