चांद पर पौधे उगाए गए – डॉ. दीपक कोहली

चांद पर भेजे गए चीन के रोवर पर कपास के बीज के अंकुरित होने के बाद पहली बार हमारी दुनिया से बाहर चांद पर कोई पौधा पनपा है। वैज्ञानिकों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। चोंगकिंग विश्वविद्यालय के एडवांस्ड टेक्नॉलॉजी रिसर्च इंस्टीट्यूट द्वारा जारी तस्वीरों की शृंखला के मुताबिक चांग-4 के इस महीने चंद्रमा पर उतरने के बाद यह अंकुर एक कनस्तर के भीतर मौजूद जालीनुमा ढांचे से पनपा है। प्रयोग के डिज़ाइन की अगुवाई करने वाले शाइ गेंगशिन ने कहा, यह पहला मौका है जब मानव ने चंद्रमा की सतह पर जीव विज्ञान में पादप विकास के प्रयोग किए हैं। अंतरिक्ष में महाशक्ति बनने की चीन की महत्वाकांक्षा बढ़ाते हुए चांग-4 तीन जनवरी को चंद्रमा के हमसे दूसरी ओर वाले हिस्से पर उतरा और उसके कभी न देखे गए हिस्से तक पहुंचने वाला विश्व का पहला अंतरिक्ष यान बन गया। वैज्ञानिकों ने वायु, जल एवं मिट्टी युक्त 18 से.मी. का एक डिब्बा भेजा था। इसके भीतर कपास, आलू एवं सरसों प्रजाति के एक-एक बीज के साथ-साथ फ्रूट फ्लाई के अंडे एवं यीस्ट भेजे गए थे। विश्वविद्यालय ने बताया कि अंतरिक्ष यान से भेजी गई तस्वीरों में देखा गया कि कपास के अंकुर बढ़िया से विकसित हो रहे हैं लेकिन अन्य बीजों के अंकुरित होने का कोई समाचार नहीं है। और अंतिम समाचार मिलने तक कपास के अंकुर मृत हो चुके थे। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit :  https://cdn.images.express.co.uk/img/dynamic/78/590x/china-grows-crops-on-moon-1072742.jpg?r=1547586025902

विज्ञान के दर्शन और इतिहास के पुरोधा: देबीप्रसाद चट्टोपाध्याय – डॉ. रामकृष्ण भट्टाचार्य

यह आलेख दी एशियाटिक सोसाइटी, कोलकाता और ऑल इंडिया पीपुल्स साइंस नेटवर्क द्वारा 19-20 नवंबर 2018 को आयोजित जन्म शताब्दी सेमिनार-सह-कार्यशाला के अवसर पर दिए गए मुख्य भाषण पर आधारित है।

ह मेरे लिए गौरव की बात है कि मुझे एशियाटिक सोसाइटी, कोलकाता के तत्वावधान में देबीप्रसाद चट्टोपाध्याय (1918-1993) पर आयोजित संगोष्ठी में मुख्य भाषण देने के लिए आमंत्रित किया गया है। स्वयं देबीप्रसादजी युवावस्था से ही एशियाई अध्ययन के इस सबसे पुराने केंद्र से जुड़े और अपने जीवन के अंतिम दिन तक जुड़े रहे। वे हमेशा कृतज्ञतापूर्वक याद करते थे कि कैसे प्रोफेसर निहार रंजन राय (1903-1981) ने काम के दौरान सोसाइटी लाइब्रेरी में उनकी पढ़ाई में मदद की और इस काम की बदौलत अंग्रेज़ी में लोकायत (1959) के रूप में एक महान कृति हमारे सामने आई।

देबीप्रसादजी का सम्बंध उस पीढ़ी से था जिसे सही मायने में यंग बंगाल नामक समूह का उन्नीसवीं सदी में पुनर्जन्म कहा जा सकता है। उनकी जीवन शैली में उसी तरह की लापरवाही नज़र आती है; धर्म और पारंपरिक मूल्यों के प्रति वही अश्रद्धा, और खुली सोच और यथार्थ का वैसा ही गुणगान।

कलाकार, निबंधकार, चित्रकार, नाटककार, कवि और अन्य प्रतिभाएं लगभग 1940 के दशक में संस्कृति के सभी क्षेत्रों में दिखाई देने लगी थीं। जाने-माने विद्वान गोपाल हलधर ने इस घटना को माक्र्सवादी पुनर्जागरण का नाम दिया है।

देबीप्रसादजी इस दूसरे पुनर्जागरण के उत्पाद थे। उन्होंने अपने साहित्यिक जीवन की शुरुआत आधुनिक घराने के एक कवि के रूप में की थी। वे स्वयं को समर सेन का चेला कहते थे। 1960 के दशक में समर सेन के साथ गंभीर राजनीतिक मतभेद होने के बाद भी आपसी सम्मान और सौहार्द पर आधारित उनके रिश्ते पर न तो कोई प्रभाव पड़ा और ना ही कोई बाधा आई।

जैसा कि उनके शानदार अकादमिक कैरियर से पता चलता है, देबीप्रसादजी जीवन भर दर्शनशास्त्र के छात्र रहे। हालांकि, उनकी शुरुआती युवावस्था में साहित्य और कला, विशेष रूप से कविता, ज़्यादा प्रमुख रहे। 1940 के दशक के अंत और 1950 के दशक के पूर्वार्ध में वे अधिकतर बांगला भाषा में कविता, पेंटिंग और यहां तक कि फिल्मों पर लेखन में व्यस्त रहे। कुछ समय के लिए उनकी रुचि सिगमंड फ्रायड और उनकी मनोविश्लेषण प्रणाली में भी रही। लेकिन मार्क्सवादी नामक पत्रिका के पन्नों पर भवानी शंकर सेनगुप्ता द्वारा उनकी पुस्तक यौन जिज्ञासा की तीखी समीक्षा ने उनको फ्रायड के विचारों से दूर कर दिया। मार्क्सवादी अनौपचारिक ढंग से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की पत्रिका थी। इसके बाद 1951 में, प्राचीन काल में भारतीय दर्शन और भौतिकवाद के बारे में भवानी सेन के साथ विवाद सुलझने के बाद, स्वयं भवानी सेन ने उन्हें इस बात के लिए तैयार किया कि वे प्राचीन भारतीय सोच की सकारात्मक विरासत को सबके सामने लाएं ताकि भारतीयों के बीच व्याप्त रूढ़िवाद का मुकाबला किया जा सके। भवानी सेन के साथ इस विवाद की चर्चा देबीप्रसाद की अग्रंथिता वितर्क, अबाभास, 2012 में संकलित है। (देबीप्रसादजी ने ये बातें अपने आलेख ए क्रिएटिव मार्क्सट एज़ आई न्यू हिम में दर्ज की हैं। यह आलेख उन्होंने भवानी सेन के स्मरण में प्रकाशित पुस्तक ट्रिब्यूट: भवानी सेन (1972) में लिखा था।

लोकायती देबीप्रसाद

यह देबीप्रसादजी के जीवन का एक महत्वपूर्ण मोड़ था। वे 1940 के दशक के अंत से ही युवा पाठकों के लिए लोकप्रिय विज्ञान के लेखन कार्य में व्यस्त रहे। उन्होंने पाठकों के लिए एक-दो नहीं बल्कि कई शृंखलाओं का संपादन किया। वे पहले से ही साहित्यकार के रूप में इतने प्रसिद्ध थे कि लखनऊ में 1954 में आयोजित अखिल भारतीय बंगाली साहित्य सम्मेलन के 30वें सत्र में उन्हें किशोर साहित्य अनुभाग का अध्यक्ष मनोनीत किया गया था। उस समय उनकी आयु केवल 36 वर्ष थी। सम्मेलन में दिया गया उनका भाषण एक क्लासिक रहा है। सोमेश चट्टोपाध्याय और शांतनु चक्रवर्ती द्वारा संपादित लोकायत देबीप्रसाद (1994) में इसे शामिल किया गया।

बहरहाल, 1953-54 से उन्होंने खुद को प्राचीन भारतीय दर्शन में भौतिकवादी परंपरा के अध्ययन की ओर समर्पित कर दिया था। एक मार्क्सवादी-लेनिनवादी होने के नाते उन्होंने सभी प्रमुख ग्रंथों का अध्ययन किया। इससे सीखी बातों को प्राचीन भारतीय विचारों पर लागू करना उनकी सबसे बड़ी चुनौती थी। इंग्लैंड यात्रा और बर्मिंगहैम के प्रोफेसर जॉर्ज थॉमसन के साथ चर्चा उन्हें सही परिप्रेक्ष्य हासिल करने में मददगार हुई। इसका परिणाम उनकी बांगला पुस्तक लोकायत दर्शन (1956) और उसके बाद अंग्रेज़ी में आई लोकायत (1959) के रूप में देखने को मिला। इसकी देश-विदेश में खूब सराहना भी हुई और विरोध की कुछ आवाज़ें भी उठी। पूरी दुनिया में विद्वानों और सामान्य पाठकों से मिली प्रशंसा ने इन आवाज़ों को दबा दिया। लोकायत आज भी एक बेस्टसेलर है और भारत में भौतिकवादी परंपरा में रुचि रखने वाले विद्यार्थी आज भी इस किताब को पढ़ते हैं। 1959 के बाद से भले ही इस क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण अध्ययन सामने आए हैं, लेकिन इस काम का मूल्य कभी कम नहीं होगा।

दर्शन से विज्ञान के इतिहास की ओर

यह तो स्पष्ट नहीं है कि देबीप्रसाद जी ने अपने अनुसंधान का फोकस दर्शन शास्त्र से हटाकर विज्ञान के इतिहास की ओर क्यों मोड़ा। न तो उन्होंने इसके बारे में कुछ लिखा है और न ही उनके सहयोगियों को विज्ञान के इतिहास में उनकी दिलचस्पी के बारे में कुछ पता है। उनकी किताब व्हाट इज़ लिविंग एंड व्हाट इज़ डेड इन इंडियन फिलॉसफी (1976) और हिस्ट्री ऑफ़ साइंस एंड टेक्नॉलॉजी इन एनशंट इंडिया (खंड 1, 1986) के बीच साइंस एंड सोसाइटी इन एनशंट इंडिया (1977) नाम से एक किताब प्रकाशित हुई थी। इस पुस्तक की प्रस्तावना में वे लिखते हैं, वर्तमान अध्ययन का उद्देश्य मेरी हाल ही में प्रकाशित व्हाट इज़ लिविंग एंड व्हाट इज़ डेड इन इंडियन फिलॉसफी को संपूर्णता प्रदान करना है। जैसा कि शीर्षक से स्पष्ट है वह पुस्तक विशेष रूप से दर्शन शास्त्र पर केंद्रित थी। यहां तक कि साइंस एंड सोसाइटी इन एनशंट इंडिया की योजना भी मूल रूप से तीन खंडों में बनाई गई थी, जिसमें तीसरा खंड प्राचीन भारतीय चिकित्सा के बुनियादी सिद्धांतों में न्याय-वैशेषिका दर्शन के स्रोतों पर चर्चा करना था। हालांकि, जैसा कि उन्होंने बाद में कहा, विचार करने पर उन्होंने तीसरे खंड को अलग-अलग दो पुस्तकों के रूप में लिखने का फैसला किया था – साइंस एंड काउंटर आइडियोलॉजी और दी सोर्स-बुक्स रीएक्ज़ामिन्ड। उनका ऐसा मानना था कि यह तकनीकी विवरणों से भरा है इसलिए सामान्य पाठकों के रुचि का नहीं होगा। अलबत्ता, वह तीसरी पुस्तक कभी नहीं लिखी गई।

इस बात पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए कि देबीप्रसाद जी ने सिर्फ विद्वानों के लिए ही नहीं लिखा; उनके ज़हन में हमेशा सामान्य पाठक थे। यह एक ऐसा गुण था जो अकादमिक लोगों के कामों में प्राय: देखने को नहीं मिलता है। यह शायद प्रोफेसर वाल्टर रूबेन का प्रभाव था।

जिस तरह से कुछ लोगों की भूख खाना खाने के साथ बढ़ती है, उसी तरह देबीप्रसाद जी द्वारा चरक संहिता और सुश्रुत संहिता का अध्ययन उन्हें न्याय-वैशेषिका दर्शन से विज्ञान की अन्य शाखाओं की ओर ले गया। जैसे खगोल विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, गणित आदि। चिकित्सा संहिताओं से जोड़कर न्याय-वैशेषिका की चर्चा का वादा पूरा नहीं किया गया। उन्होंने एक सर्वथा नए दृष्टिकोण से प्राचीन भारत में विज्ञान और प्रौद्योगिकी का इतिहास लिखने की ज़रूरत महसूस की। उन्होंने महसूस किया कि इतिहास के मौजूदा लेखन अपर्याप्त हैं और उनमें पुरातात्विक जानकारी तथा अन्य सांसारिक मुद्दों को शामिल नहीं किया गया है, जैसे शहरों का विकास, लोहे का उपयोग वगैरह। इतिहास में इस नई रुचि के चलते उन्होंने 1982 में एक एंथॉलॉजी (ग्रंथ सूचियों) के दो खंड संपादित किए – स्टडीज़ इन दी हिस्ट्री ऑफ साइंस इन इंडिया। पहले खंड में उन्होंने एक लम्बा परिचय देते हुए कार्य योजना की रूपरेखा प्रस्तुत की। इसमें उन्होंने जोसेफ नीडहैम की पुस्तक दी ग्रैंड टाइट्रेशन से एक लम्बा उद्धरण दिया था (जो इस भव्य वक्तव्य के साथ समाप्त होता है आधुनिक सार्वभौमिक विज्ञान अवश्य, लेकिन पाश्चात्य विज्ञान कदापि नहीं!)। आगे उन्होंने अपने पाठकों से कहा था; यह पुस्तक भारतीय इतिहास में विज्ञान नामक प्रोजेक्ट का एक हिस्सा है, जिस पर हम काम करते रहे हैं। प्रोजेक्ट के दायरे की व्याख्या करने से पहले, प्रोजेक्ट की प्रासंगिकता पर कुछ कहना उपयोगी होगा। जैसा कि प्रोफेसर जोसेफ नीडहैम ने स्पष्ट किया है, इस तरह के किसी भी प्रोजेक्ट की मुख्य मान्यताएं इस प्रकार हैं: (1) सामाजिक विकास ने मानव के प्रकृति सम्बंधी ज्ञान और बाहरी दुनिया पर उसके नियंत्रण में क्रमिक वृद्धि की है, (2) यह विज्ञान एक अंतिम मूल्य है और इसके उपयोग से एक एकता बनती है जिसमें विभिन्न सभ्यताओं (जो एक-दूसरे से अलग-थलग नहीं रही हैं) के बराबर योगदान शामिल हैं जो सभी नदियों की तरह समुद्र में मिलते रहे हैं और आज भी मिल रहे हैं। (3) इस प्रगतिशील प्रक्रिया के साथ यह मानव समाज लगातार बढ़ती एकता, जटिलता और संगठित स्वरूपों की ओर बढ़ रहा है।

देबीप्रसादजी के प्रोजेक्ट का साकार रूप 1986 में हिस्ट्री (हिस्ट्री ऑफ साइन्स इन एनशंट इंडिया) के पहले खंड के रूप में सामने आया। अर्थात दर्शन शास्त्र ही उन्हें विज्ञान के इतिहास की ओर ले गया था। अलबत्ता, यह नई रुचि सर्वग्राही साबित हुई और इसके परिणामस्वरूप अध्येताओं के एक ऐसे समूह का गठन हुआ जिन्होंने सही मायने में भारत में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के इतिहास को उजागर करने के लिए साझा प्रयास किए। इस पुस्तक में चरक संहिता और न्यायसूत्र के साथ-साथ वैशेषिका के ज्ञान शास्त्र का मुद्दा उन्होंने अपने करीबी सहयोगी मृणाल कांति गंगोपाध्याय के लिए छोड़ दिया था। मृणाल कांति का उल्लेख उन्होंने सदा मेरे युवा मित्र और शिक्षक के रूप में किया है। 

विज्ञान के दर्शन और इतिहास दोनों क्षेत्रों में देबीप्रसादजी के योगदान को संक्षेप में इस तरह प्रस्तुत किया जा सकता है:

– चट्टोपाध्याय ने भारत में भौतिकवाद के अध्ययन को उस समय प्रचलित अतिशयोक्ति पूर्ण प्रस्तुतीकरण से बचाया। 1956 से लोकायत पर अपने काम (बंगला लोकायत) के माध्यम से, उन्होंने भारत में दर्शनों के मानचित्र पर चार्वाक/लोकायत प्रणाली को मज़बूती से स्थापित करने में सफलता प्राप्त की।

– उन्होंने ही इस बात पर ज़ोर दिया था चार्वाक दार्शनिक ज्ञान अर्जित करने की एक विधि के रूप में प्रमाणों के आधार पर निष्कर्ष के विरोध में नहीं थे। हालांकि सुरेंद्रनाथ दासगुप्ता, रिचर्ड गार्बे, मैसूर हिरियाना और सतकारी मुखर्जी ने पहले ही इस बात को पहचान लिया था, लेकिन इन सबने इसको ज़ोर देकर नहीं कहा था। देबीप्रसादजी ने इस सम्बंध में पुरंदर के कथन के आधार पर इसे दृढ़ता से प्रस्तुत किया था। पुरंदर का यह वक्तव्य शांतरक्षिता के तत्वसंग्रह पर कमलशिला की टीका में दर्ज हुआ था। मृणाल कांति गंगोपाध्याय ने भी भारतीय तर्कशास्त्र के अपने अध्ययन में इस तथ्य को दोहराया है।

– उन्होंने दर्शनशास्त्र और विज्ञान के बीच एक मज़बूत कड़ी स्थापित की।

– उन्होंने विज्ञान के इतिहास में प्रौद्योगिकी की भूमिका के महत्व को रेखांकित किया।

– उन्होंने प्राचीन भारत में भौतिकवाद, नास्तिकता, तर्कवाद जैसी धाराओं पर व्यवस्थित शोध की परंपरा शुरू की (जैसे उनकी पुस्तक इंडियन एथीज़्म: ए मार्क्सट एनालिसिस, 1969)। इससे इस प्रचलित धारणा को चुनौती मिली कि भारत मात्र अध्यात्म, आस्था और भक्ति की भूमि है। प्रोफेसर मृणाल कांति गंगोपाध्याय से लेकर ट्रिएस्ट (इटली) के डॉ. कृष्णा डेल टोसो तक कई विद्वान इस दूसरे भारत की अवधारणा पर काम करने में लगे हुए हैं। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit :  https://upload.wikimedia.org/wikipedia/commons/6/60/Debiprasad.jpg

अदृश्य पदार्थ का ताज़ा अध्ययन

णनाओं से पता चलता है कि हमारे ब्राहृांड का 85 प्रतिशत भाग ऐसे पदार्थ से बना है जो अदृश्य है। इसे डार्क मैटर कहते हैं क्योंकि यह प्रकाश के साथ कोई क्रिया नहीं करता। इसी वजह से इसके बारे में जानना एक मुश्किल चुनौती है। इसके बारे में वैज्ञानिक जो कुछ जानते हैं वह इसके गुरुत्वीय प्रभाव के आधार पर है – यानी डार्क मैटर का जो गुरुत्वीय असर दृश्य पदार्थ यानी बैर्योनिक मैटर पर होता है।

एक ताज़ा अध्ययन में विभिन्न निहारिकाओं में अदृश्य पदार्थ की मात्रा की गणना की कोशिश की गई। पूर्व में की गई गणनाओं के विपरीत ताज़ा अध्ययन का निष्कर्ष है कि ब्राहृांड की प्रारंभिक निहारिकाओं और अपेक्षाकृत हाल में बनी निहारिकाओं में डार्क मैटर का अनुपात लगभग बराबर ही है।

पूर्व में मैक्स प्लांक इंस्टीट्यूट फॉर एक्स्ट्राटेरेस्ट्रियल फिज़िक्स के खगोल शास्त्री राइनहार्ड गेंज़ेल के नेतृत्व में किए गए एक अध्ययन का निष्कर्ष था कि प्रारंभिक निहारिकाओं में डार्क मैटर की मात्रा नवीन निहारिकाओं की अपेक्षा कम थी।

ताज़ा अध्ययन डरहैम विश्वविद्यालय के अल्फ्रेड टाइली और उनके सहयोगियों ने किया है। यह अध्ययन प्रीप्रिंट पत्रिका आर्काइव्स में प्रकाशित हो चुका है और इसे रॉयल एस्ट्रॉनॉमिकल सोसायटी की पत्रिका मंथली नोटिसेस में प्रकाशन के लिए भेजा गया है। इस अध्ययन में शोधकर्ताओं ने विभिन्न निहारिकाओं में तारों की घूर्णन गति का अध्ययन किया। न्यूटन के गुरुत्वाकर्षण नियम के मुताबिक किसी भी निहारिका की परिधि का घूर्णन उसके मध्य भाग की अपेक्षा धीमा होना चाहिए। मगर 1960 के दशक में देखा गया था कि आकाशगंगा (वह निहारिका जिसमें हमारा सौर मंडल स्थित है) के किनारों पर स्थित तारों की गति काफी अधिक है। इसके आधार पर अनुमान लगाया गया था कि आकाशगंगा के आसपास डार्क मैटर का आवरण है जो इन तारों को तेज़ गति करवा रहा है।

टाइली व उनके साथियों ने आकाशगंगा से विभिन्न दूरियों पर स्थित निहारिकाओं के किनारों की घूर्णन गति के आंकड़ों को देखा तो पाया कि दूरस्थ निहारिकाओं और आकाशगंगा के पास की निहारिकाओं में तेज़ी से गति करते तारों के आधार पर तो लगता है कि नवीन निहारिकाओं और प्रारंभिक निहारिकाओं के आसपास डार्क मैटर लगभग एक-सी मात्रा में है। ऐसा माना जाता है कि दूरस्थ निहारिकाएं प्रारंभिक हैं जबकि हमारे आसपास की निहारिकाएं ज़्यादा हाल की हैं।

इन दो अध्ययनों के परिणामों में अंतर के कई कारण हैं और खगोल शास्त्री इन्हीं पर विचार कर रहे हैं। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit :  https://english.cdn.zeenews.com/sites/default/files/2017/11/23/640667-dark-matter.jpg

घाव के इलाज में तैनात इल्लियां

घाव में कीड़े पड़ना बहुत बुरी बात समझी जाती है। कई जगहों पर तो यदि किसी व्यक्ति के घाव में कीड़े पड़ जाएं तो उसका बहिष्कार किया जाता है और वापिस समाज में शामिल होने के लिए उसे सबको दावत देनी होती है। मगर अब चिकित्सा शोधकर्ता कोशिश कर रहे हैं कि ऐसी इल्लियों का उपयोग घायल लोगों के घावों के उपचार के लिए किया जाए।

यू.के. ने इल्ली-उपचार को वास्त्विक परिस्थिति में आंकने के लिए मैगट प्रोजेक्ट नामक एक परियोजना तैयार की है। इस प्रोजेक्ट के तहत यू.के. सरकार सीरिया, यमन और दक्षिणी सूडान जैसे इलाकों में इल्लियां भेजने जा रही है जहां उनका उपयोग घायलों के उपचार में किया जाएगा। ये इल्लियां ग्रीन बॉटल मक्खियों की हैं। यह देखा गया है कि जैसे ही ये घाव में पहुंचती हैं, वहां उपस्थित मृत कोशिकाओं को खाना शुरू कर देती हैं और अपनी बैक्टीरिया-रोधी लार फैला देती हैं जिससे घाव में बैक्टीरिया नहीं पनपने पाते।

वीभत्स लगने वाले इस उपचार का उपयोग काफी समय से होता आया है। जैसे ऑस्ट्रेलिया के देशज लोग इल्लियों का उपयोग घाव की सफाई हेतु करते हैं। प्रथम विश्व युद्ध के दौरान भी इनका उपयोग किया गया था।

प्रोजेक्ट के तहत स्थानीय अस्पताल स्वयं इल्लियां पालेंगे। इसके लिए मक्खियां पाली जाएंगी और उनके अंडों को बैक्टीरिया मुक्त करके एक-दो दिन तक रखा जाएगा। अंडों में से निकली इल्लियों को सीधे घाव में डाला जा सकता है या थैलियों में भरकर पट्टी की तरह घाव पर बांधा भी जा सकता है।

ऐसी बैक्टीरिया मुक्त इल्लियां उन स्थानों पर काफी कारगर हो सकती हैं जहां उपचार की सुविधाएं न हों। ये इल्लियां मृत ऊतकों का भक्षण करती हैं और घाव को साफ रखती हैं। दरअसल घाव में होने वाले द्वितीयक संक्रमण ही स्थिति को बिगाड़ते हैं और ये इल्लियां ऐसे संक्रमणों से बचाव करती हैं। इस सम्बंध में 2012 में इंडियन जर्नल ऑफ प्लास्टिक सर्जरी में सुरजीत भट्टाचार्य की एक रिपोर्ट भी प्रकाशित हुई थी।

यदि यह योजना कारगर रहती है तो मैदानी अस्पतालों में इल्लियां पैदा की जाने लगेंगी जो प्रतिदिन 250 घावों के लिए पर्याप्त होंगी। इस प्रोजेक्ट के लिए ज़रूरी तकनीकी जानकारी ऑस्ट्रेलिया के ग्रिफिथ विश्वविद्यालय के फ्रेंक स्टेडलर के समूह द्वारा उपलब्ध कराई गई है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit :   http://www.sciencemag.org/sites/default/files/styles/article_main_large/public/images/sn-maggots.jpg?itok=DbpM7nmt

एक महिला जो पुरुषों की आवाज़ नहीं सुन सकती

चीन में एक महिला एक अजीबो गरीब तकलीफ से पीड़ित है। उसे पुरुषों की आवाज़ सुनाई ही नहीं देती। चेन नामक यह महिला एक दिन सुबह उठी और पाया कि उसे अपने पुरुष साथी की आवाज़ सुनाई नहीं दे रही है। वह अस्पताल पहुंची जहां उसका उपचार एक महिला डॉक्टर द्वारा किया जा रहा है। डॉक्टर ने पाया कि यह महिला उनकी आवाज़ तो सुन पा रही थी किंतु पास में लेटे एक पुरुष मरीज़ की आवाज़ बिलकुल भी नहीं सुन पा रही थी।

चेन एक दुर्लभ श्रवण बाधा से ग्रस्त थी। इसे रिवर्स स्लोप हियरिंग लॉस कहा जाता है। आम तौर पर जब किसी व्यक्ति को सुनने में कठिनाई होती है तो वह उच्च आवृत्ति की आवाज़ों के मामले में होती है। आवृत्ति ध्वनि के विश्लेषण का एक तरीका है। ध्वनि वास्तव में हवा अथवा अन्य माध्यमों में होने वाली कंपनों के रूप में फैलती है और हमारे कानों तक पहुंचती है। प्रति सेकंड कंपनों की संख्या ही उसकी आवृत्ति कहलाती है। प्रति सेकंड जितने ज़्यादा कंपन होते हैं आवाज़ उतनी ही पतली होती है जबकि कम कंपन होने पर आवाज़ भारी या मोटी होती है।

जब कोई व्यक्ति सुनने में कठिनाई की शिकायत करता है तो उसके श्रवण का आवृत्ति के अनुसार ग्राफ बनाया जाता है। आम तौर पर देखा गया है कि उच्च आवृत्ति वाली ध्वनियां (यानी पतली आवाज़े) सुनने में दिक्कत होती है। मनुष्य के कान में अंदर की ओर सूक्ष्म रोम होते हैं। जब कोई ध्वनि कानों तक पहुंचती है तो इन रोमों में कंपन होते हैं जिसके संदेश मस्तिष्क तक पहुंचते हैं और वहां इन्हें ध्वनि के रूप में पहचाना जाता है। उम्र के साथ या चोट लगने पर या किसी दवा के असर से ये रोम भुरभुरे हो जाते हैं और टूट भी सकते हैं। इसी क्षति की वजह से सुनने में दिक्कत होती है।

उच्च आवृत्ति वाली ध्वनियों के प्रति संवेदनशील रोम ज़्यादा नाज़ुक होते हैं। इस वजह से ये रोम पहले क्षतिग्रस्त होते हैं और काम करना बंद करते हैं। इसीलिए उच्च आवृत्ति की ध्वनियां सुनने में दिक्कत आम बात है। मगर कभी-कभी कम आवृत्ति की ध्वनियों को पकड़ने में दिक्कत होती है जो उक्त महिला के साथ हुआ। शोधकर्ताओं का मानना है कि रिवर्स स्लोप हियरिंग लॉस रक्त वाहिनियों में किसी समस्या की वजह से हो सकता है या सदमे की वजह से भी हो सकता है। एक और कारण शरीर के प्रतिरक्षा तंत्र द्वारा स्वयं अपनी ही कोशिकाओं पर हमला करना भी हो सकता है। आत्म-प्रतिरक्षा के नाम से जानी जाने वाली यह समस्या आंतरिक कान को प्रभावित करती है और इससे संतुलन बनाने में दिक्कत तथा उल्टी जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। दरअसल चेन ने रिपोर्ट किया था कि उन्हें एक रात पहले चक्कर आए थे और उल्टियां भी हुई थीं। वैसे डॉक्टरों का कहना है कि यदि इस स्थिति का पता जल्दी चल जाए तो इलाज संभव है। चेन के मामले में लगता है कि देर तक काम करते रहने के तनाव के कारण यह स्थिति बनी है और संभवत: जल्दी ही वे ठीक भी हो जाएंगी। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit :   https://img.purch.com/w/660/aHR0cDovL3d3dy5saXZlc2NpZW5jZS5jb20vaW1hZ2VzL2kvMDAwLzEwMy82NzEvb3JpZ2luYWwvcmV2ZXJzZS1zbG9wZS1oZWFyaW5nLWxvc3M=

क्या असमय मृत्यु की शिकार होगी आकाशगंगा?

हाल ही में रॉयल एस्ट्रॉनॉमिकल सोसायटी के जर्नल मंथली नोटिसेस में प्रकाशित एक शोध पत्र में दावा किया गया है कि हमारी निहारिका उर्फ आकाशगंगा अपने एक पड़ोसी के साथ टकराव के रास्ते पर चल रही है। यह पड़ोसी तारों का एक समूह है जिसे लार्ज मेजेलिनिक क्लाउड (एल.एम.सी.) कहते हैं।

गौरतलब है कि खगोल शास्त्रियों को पहले से ही अंदेशा रहा है कि हमारी आकाशगंगा और निकटतम पड़ोसी एंड्रोमिडा निहारिका के बीच टक्कर होकर रहेगी। नए अध्ययन ने चेतावनी दी है कि इससे पहले एलएमसी से टक्कर हो सकती है। डरहैम विश्वविद्यालय के खगोल शास्त्रियों की एक टीम ने इस टक्कर की काफी विस्तृत और भयानक तस्वीर खींची है। मैरियस कौटन के नेतृत्व में काम कर रही टीम का अनुमान है कि यह घटना एंड्रोमिडा टक्कर से 2-3 अरब साल पहले हो सकती है।

एलएमसी का द्रव्यमान आकाशगंगा की तुलना में बीसवां भाग ही है और शोधकर्ताओं का मत है कि इस टक्कर में एलएमसी का तो अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा किंतु हमारी आकाशगंगा भी अछूती नहीं रहेगी। आकाशगंगा का भी बुरा हाल होगा।

निहारिकाओं की टक्करें अंतरिक्ष में कोई अनहोनी बात नहीं है और वैज्ञानिक इनके मॉडल तैयार करने में काफी निपुण हो चुके हैं। सुपरकंप्यूटर पर ऐसी टक्करों का विश्लेषण करके डरहैम की टीम ने आकाशगंगा-एलएमसी की टक्कर के विभिन्न मॉडल तैयार किए हैं। तो इस टक्कर के संभावित परिणाम क्या होंगे?

सबसे पहला तो यह होगा कि एलएमसी हमारी आकाशगंगा में ढेर सारी गैस और असंख्य तारे में प्रविष्ट करा देगी। और ये सब आकाशगंगा के केंद्र में स्थित ब्लैक होल में समा जाएंगे। कौटन के मुताबिक संभवत: इसकी वजह से यह ब्लैक होल वर्तमान से 8 गुना बड़ा हो जाएगा। यह भी संभव है कि वह क्वासर में तबदील हो जाए। एक परिणाम यह भी हो सकता है कि यह बड़ा ब्लैक होल अपने आसपास के और तारों को निगल जाए। कुछ अन्य तारे शायद निहारिका छोड़कर खुले अंतरिक्ष में निकल जाएं।

अच्छी बात यह है कि यह टक्कर आज से 2 अरब साल बाद होने की संभावना है। और उससे भी अच्छी बात है कि उस समय हमारे जो भी वंशज रहेंगे उनके लिए चिंता की कोई बात नहीं है क्योंकि हमारे सौर मंडल वाले इलाके में इसका कोई खास असर नहीं होगा। उन्हें तो बस एक दर्शनीय नज़ारे का आनंद मिलेगा। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit :  https://www.sciencedaily.com/images/2017/06/170621145150_1_900x600.jpg

सामान्य तापमान पर अतिचालकता

तिचालकता एक ऐसा गुण है जिसे सामान्य परिस्थितियों यानी सामान्य तापमान और दबाव पर पाने की जद्दोजहद वर्षों से जारी है। कारण यह है कि अतिचालकता यानी सुपर कंडक्टिविटी की स्थिति में पदार्थ विद्युत के बहने में कोई रुकावट पैदा नहीं करता और विद्युत बगैर किसी नुकसान के बहती रह सकती है। इसका मतलब होगा कि बिजली के उपयोग की दक्षता में भारी वृद्धि होगी। मगर अब तक कतिपय पदार्थों में अतिचालकता अत्यंत कम तापमान (शून्य से 83 डिग्री कम तापमान) पर ही हासिल की जा सकी थी, जो व्यावहारिक दृष्टि से बहुत उपयोगी नहीं है।

अब वॉशिंगटन विश्वविद्यालय के भू-भौतिक शास्त्री रसेल हेमले ने दावा किया है कि उन्होंने अपेक्षाकृत सामान्य तापमान पर अति-चालकता का अवलोकन किया है। इस सम्बंध में उनका शोध पत्र फिजि़कल रिव्यू लेटर्स में प्रकाशित होने जा रहा है। हेमले की टीम ने घोषणा की है कि उन्होंने लेंथेनम नामक धातु का एक सुपरहाइड्राइड तैयार किया था जिसका अणु सूत्र LaH10 है। जब वे अत्यंत उच्च दबाव (लगभग 20 लाख वायुमंडलीय दाब के बराबर) पर इस पदार्थ के साथ प्रयोग कर रहे थे तो उन्होंने देखा कि 7 डिग्री सेल्सियस पर अचानक उसके विद्युत प्रतिरोध में कमी आई। इस तरह की अचानक गिरावट को पदार्थ में अतिचालकता उभरने के एक लक्षण के रूप में माना जाता है।

हालांकि लेंथेनम सुपरहाइड्राइड में अतिचालकता 7 डिग्री सेल्सियस पर हासिल हुई थी किंतु दबाव अकल्पनीय रूप से अधिक था। तो आज भी यह अतिचालकता व्यावहारिक रूप से कोई मायने नहीं रखती मगर शोधकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने तापमान सम्बंधी मनोवैज्ञानिक बाधा पार कर ली है, जो एक बड़ी उपलब्धि है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit :  https://3c1703fe8d.site.internapcdn.net/newman/gfx/news/hires/2016/1-roomtempsupe.jpg

तोंद की चर्बी का सम्बंध दिमाग से है

यह तो काफी समय से माना जाता रहा है कि आपकी तोंद में जमा चर्बी आपके हृदय के लिए बुरी होती है मगर अब पता चल रहा है कि यह दिमाग के लिए भी बुरी होती है। युनाइटेड किंगडम में किए गए एक अध्ययन का निष्कर्ष है कि जो लोग मोटे होते हैं और जिनकी कमर और कूल्हों का अनुपात अधिक होता है उनके मस्तिष्क का आयतन कम होता है। कमर और कूल्हे का अनुपात तोंद की चर्बी का द्योतक माना जाता है। अध्ययन में खास तौर से यह पता चला है कि तोंद की चर्बी का सम्बंध मस्तिष्क के ग्रे मैटर के कमतर आयतन से है।

न्यूरोलॉजी पत्रिका में प्रकाशित इस अध्ययन के प्रमुख शोधकर्ता, लफबरो विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स, एक्सरसाइज़ एंड हेल्थ के मार्क हैमर का कहना है कि बड़ी संख्या में लोगों के अध्ययन के बाद पता चला है कि मोटापे का सम्बंध मस्तिष्क के सिकुड़ने से है। गौरतलब है कि मस्तिष्क के कम आयतन यानी मस्तिष्क के सिकुड़ने का सम्बंध याददाश्त में गिरावट और विस्मृति से देखा गया है। इस अध्ययन में यू.के. के 9600 लोगों के बॉडी मास इंडेक्स तथा कमर और कूल्हों का अनुपात नापा गया था और एमआरआई के द्वारा उनके मस्तिष्क का आयतन नापा गया था। अध्ययन में शामिल किए गए लोगों की औसत उम्र 55 वर्ष थी। शोधकर्ताओं ने यह स्पष्ट किया है कि इस अध्ययन में भाग लेने को जो लोग तैयार हुए वे आम तौर पर स्वस्थ लोग थे। इसलिए इसके परिणामों को फिलहाल पूरी आबाद पर लागू करने में सावधानी की ज़रूरत है।

वैसे यह बात ध्यान देने की है कि उपरोक्त अध्ययन में मोटापे और मस्तिष्क के आयतन के बीच जो सह-सम्बंध देखा गया है वह कार्य-कारण सम्बंध नहीं है बल्कि मात्र इतना है कि ये दोनों चीज़ें साथ-साथ होती नज़र आती हैं। अर्थात यह नहीं कहा जा सकता कि मोटापे से मस्तिष्क सिकुड़ता है। यह भी संभव है कि मस्तिष्क के कुछ हिस्सों के सिकुड़ने से मोटापा बढ़ता हो।

वैसे तोंद में जमा चर्बी अन्य मामलों में भी हानिकारक है। पहले कुछ अध्ययनों से पता चल चुका है कि तोंद की चर्बी की बढ़ी हुई मात्रा का सम्बंध हृदय रोगों से है। इसके अलावा इसका सम्बंध टाइप 2 डायबिटीज़ तथा उच्च रक्तचाप से भी देखा गया है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://drlindseyberkson.com/wp-content/uploads/2017/10/belly-fat-brain-volume.jpg

मानव शिशु चिम्पैंज़ी-शब्दकोश का उपयोग करते हैं – डॉ. डी. बालसुब्रमण्यन

डीएनए आधारित आनुवंशिक विश्लेषण से इस बात की तो पुष्टि हो ही चुकी है कि मनुष्य वानरों के वंशज हैं। प्रजातियों की उत्पत्ति और उनके विकास के बारे में आज से लगभग 160 साल पहले चार्ल्स डार्विन ने बताया था। इस बात को आज सभी स्वीकार करते हैं, हालांकि धार्मिक आधार पर डार्विन को नकारने वालों का एक समूह मौजूद है। इस सिद्धांत को लेकर सन 1860 में एक बड़ी बहस चली थी जिसे ग्रेट ऑक्सफोर्ड बहसके नाम से याद किया जाता है। उस समय डारविन बीमार थे और डॉ. थॉमस हक्सले डार्विन के सिद्धांत का बचाव कर रहे थे। ऑक्सफोर्ड के बिशप विल्बरफोर्स ने हक्सले पर तंज कसते हुए पूछा था कि तुम वानर के वंशज होने का दावा दादा की ओर से जोड़कर कर रहे हो या दादी की ओर से? हक्सले ने शांतिपूर्वक इसका जवाब दिया था: किसी इंसान के लिए इस बात पर शर्म करने का कोई कारण नहीं है कि उसके दादा वानर थे। यदि मुझे अपने किसी पूर्वज को याद करके शर्मिंदगी महसूस होगी तो वह एक मनुष्य होगा जो विशाल और बहुमखी प्रतिभावान है, जो अपने काम के दायरे में सफलता से संतुष्ट नहीं है, और उन वैज्ञानिक सवालों में टांग अड़ाता है जिनके बारे में उसे कुछ पता नहीं है; उद्देश्य सिर्फ यह होता है कि लक्ष्यहीन लफ्फाज़ी से उन सवालों को दबा सके और अपने शब्दजाल और चतुराई से धार्मिक पूर्वाग्रहों का आव्हान करके श्रोताओं का ध्यान वास्तविक मुद्दे से भटका सके।

हक्सले द्वारा दिया गया यह जवाब यहां सिर्फ इसलिए नहीं दोहराया गया है क्योंकि यह हाजि़रजवाबी, बुद्धिमतापूर्ण, धैर्यपूर्वक अच्छे शब्दों में दिया गया था बल्कि इसलिए दोहराया गया है क्योंकि यह आज भी उतना ही प्रासंगिक है।

इशारों की विरासत

मनुष्यों को वानरों (गोरिल्ला, ओरांगुटान, चिम्पैंज़ी, बोनोबो) से विरासत में ना सिर्फ आनुवंशिक और जैव-रासायनिक गुण मिले हैं बल्कि संवाद के शारीरिक संकेत (इशारे) भी मिले हैं। यह बात एक हालिया शोध पत्र में प्रस्तुत हुई है। वी. क्रसकेन और साथियों का यह शोध पत्र एनिमल कॉग्नीशन नामक पत्रिका के सितम्बर 2018 के अंक में प्रकाशित हुआ है (यह नेट पर मुफ्त में उपलब्ध है, लिंक देखे https://doi.org/10.1007/&10071-08-1213) इस शोध पत्र में लेखक बताते हैं कि मानव और गैर-मानव वानरों की सभी प्रजातियों के पूर्वज संवाद के लिए अलग-अलग तरह के संकेतों का उपयोग करते थे: जैसे उच्चारण, शारीरिक संकेत, चेहरे के भाव, शरीर की हरकतें और यहां तक कि चेहरे की रंगत (गुलाबी होना, लाल-पीला होना) या गंध भी आपस में संदेश पहुंचाने का काम करते थे। अलबत्ता, मनुष्यों की भाषा (मौखिक या सांकेतिक) संवाद का एक सर्वथा जुदा तंत्र लगती है।इसके विपरीत हमारे वानर पूर्वजों के पास मौखिक भाषा नहीं थी, मगर आपस में संवाद के लिए संकेतों के रूप में उनके पास 60 से भी ज़्यादा इशारे थे, जिनका उपयोग वे रोज़मर्रा के लक्ष्य हासिल करने हेतु करते थे। इनमें काफी लचीलापन और सोद्देश्यता दिखाई पड़ती है। और तो और, विभिन्न वानर प्रजातियों में संवाद के इशारे एक जैसे पाए गए हैं। इस बात से यह निष्कर्ष निकलता है कि ये 60 से भी अधिक सांकेतिक चेष्टाएं, जिनका उपयोग पूर्वज वानर आपस में संवाद के लिए करते थे, संवाद की गैर-मानव प्रणाली है। ऐसा भी कहा जाता है कि इंसानों की भाषा इशारों के इसी खज़ाने से विकसित हुई है। इस संदर्भ में दी मैक्स प्लांक इंस्टीट्यूट ऑफ इवॉल्यूशनरी एन्थ्रोपोलॉजी के प्रोफेसर माइकल टॉमसेलो की एक किताब प्रकाशित हुई थी जिसका शीर्षक है ओरिजिन ऑफ ह्यूमन कम्यूनिकेशन । डॉ. ह्यूवेस और उनके साथियों ने 1973 में करंट एंथ्रोपोलॉजी में एक पेपर प्रकाशित किया था: प्राइमेट कम्यूनिकेशन एंड दी जेश्चरल ओरिजिन ऑफ लेन्गवेज (प्रायमेट संप्रेषण और भाषा की शारीरिक संकेत-आधारित उत्पत्ति)। और ज़्यादा हाल में होबैटर और बायर्न ने करंट बायोलॉजी में चिम्पैंज़ियों के हाव-भाव-इशारों का एक शब्दकोश प्रकाशित किया है।

मानव शिशु

अब मानव शिशुओं की बात करते हैं। हमारे शिशुओं को बोलना सीखने में वक्त लगता है। औसत मानव शिशु एक या दो वर्ष की उम्र तक वयस्कों के साथ और आपस में संप्रेषण के लिए विभिन्न हाव-भाव (शारीरिक संकेतों) का उपयोग करते हैं। डॉ. कैथरीन होबैटर के नेतृत्व में स्कॉटलैंड, युगांडा, जर्मनी और स्वीटज़रलैंड के एक समूह द्वारा किए गए एक तुलनात्मक अध्ययन में यह देखने की कोशिश की गई कि इस दौरान (बोलना सीखने से पहले) शिशु ऐसे कितने और कौन-से शारीरिक संकेतों का उपयोग करता है और इनमें से कितने हमारे पूर्वजों से मेल खाते हैं। यह अध्ययन एनिमल कॉग्नीशन पत्रिका  के एक विशेष अंक में प्रकाशित हुआ था जिसका विषय था इवॉल्विंग दी स्टडी ऑफ जेश्चर

शोधकर्ताओं ने युगांडा के 315 से 421 दिन उम्र के 7 शिशुओं और जर्मनी के 343 से 642 दिन उम्र के 6 शिशुओं के शारीरिक संकेतों को रिकॉर्ड किया। सारे शिशु उनके सामान्य परिवेश में ही रखे गए थे। देखा यह गया कि शिशु बात करने के लिए कितने शारीरिक इशारों का उपयोग करते हैं। उन्होंने पाया कि मानव शिशु 52 अलग-अलग इशारों का उपयोग करते हैं। इसके बाद उन्होंने 12 महीने से लेकर 51 वर्ष उम्र के चिम्पैंज़ियों के शारीरिक इशारों से इनकी तुलना की। तुलना में उन्होंने पाया कि मानव शिशु द्वारा उपयोग किए जाने वाले 52 इशारों में से 46 चिम्पैंज़ी इशारा-कोश के भी हिस्से थे। शोधकर्ताओं के मुताबिक, चिम्पैंज़ी की तरह मानव शिशु भी इन इशारों का उपयोग अलग-अलग भी करते हैं और एक क्रम के रूप में भी। और प्रत्येक संकेत का उपयोग लचीले ढंग से विभिन्न उद्देश्यों के लिए किया जाता है।

चिम्पैंज़ी और मानव शिशुओं के कौन-से इशारे एक जैसे हैं? हाथ उठाना, हाथ लहराना, दूसरे के शरीर को पकड़ना, किसी दूसरे को मारना, किसी दूसरे की हथेली तक पहुंचना, पैर पटककर चलना और लयबद्ध ढंग से पैर पटकना, किसी चीज़ को फेंकना, किसी दूसरे के हाथ या उंगली को छूना, वगैरह। ये सब बेतरतीब ढंग से नहीं किए गए थे, इनमें से हरेक क्रिया कोई संदेश और मतलब लिए हुए थी। हालांकि कुछ इशारे सिर्फ मानव शिशु में देखे गए हैं, हमारे पूर्वजों में नहीं। जैसे किसी के स्वागत में या किसी को विदा कहने के लिए हाथ हिलाना। यह भी देखा गया कि मानव शिशु ने चिम्पैंज़ी से ज़्यादा बार चीज़ों की ओर इंगित किया। किंतु फिर भी मानव शिशु और चिम्पैंज़ियों में 89 प्रतिशत हावभाव या इशारे एक समान होना उनके साझा वैकासिक इतिहास का गवाह है।

जैसा कि नेचर वर्ल्ड न्यूज़ नामक अपने कॉलम में नेइया कार्लोस ने लिखा है, शोधकर्ताओं ने इसके बाद एक बड़े समूह के साथ अध्ययन करने का सुझाव दिया है, जिसमें बोनोबो जैसी प्रजातियों को शामिल किया जाए जिनके बारे में माना जाता है कि वे मानव के और भी अधिक करीब हैं। ऐसा लगता है कि हमारे हाव-भाव और भाषा हमें हमारे पूर्वजों से मिली है, और शायद डीएनए का प्रभाव क्षेत्र मात्र शरीर की रासायनिक क्रियाओं के विकास से आगे संप्रेषण व भाषा के विकास तक फैला हुआ है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://www.thehindu.com/sci-tech/science/ni7amf/article25807520.ece/alternates/FREE_660/23TH-SCICHIMPANZEES

चावल की भूसी से लकड़ी

वैज्ञानिकों ने एक ऐसी तकनीक विकसित की है जिससे चावल की भूसी से लकड़ी बनाई जा सकती है। इससे अब लकड़ी के लिए पेड़ काटना ज़रूरी नहीं होगा। साथ ही किसानों को धान के साथ भूसी के भी दाम मिलेंगे। सेंट्रल बिल्डिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट, रुड़की के निदेशक एन. गोपाल कृष्णन के अनुसार उनके संस्थान ने धान की भूसी तथा देवदार के कांटों से लकड़ी बनाने की तकनीक विकसित की है। इससे किसानों को भी काफी फायदा होगा तथा लकड़ी के लिए पेड़ों की कटाई भी कम हो सकेगी। देवदार के कांटे जंगल में गिरकर यूं ही पड़े रहते हैं। इनसे जंगल में आग लगने की आशंका रहती है। इनसे लकड़ी तैयार करने से पेड़ बचाने के साथ जंगल में आग लगने की समस्या भी कम की जा सकेगी। भूसी को लकड़ी में बदलने के लिए पहले से बने खांचे में उच्च दाब की तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है। इस तकनीक से बनी लकड़ी को बढ़ई आम लकड़ी की तरह हर प्रकार का आकार दे सकते हैं। और इनसे चौखट, तख्ते, बेंच आदि बनाए जा सकते हैं और फ्लोरिंग के लिए इनका उपयोग किया जा सकता है। यह लकड़ी नेशनल बिल्डिंग कोड के सभी मानकों पर खरी उतरी है। इसके अलावा यह दीमक प्रतिरोधी भी है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://cbri.res.in/wp-content/uploads/2015/09/wood.jpg