चांद पर पौधे उगाए गए – डॉ. दीपक कोहली

चांद पर भेजे गए चीन के रोवर पर कपास के बीज के अंकुरित होने के बाद पहली बार हमारी दुनिया से बाहर चांद पर कोई पौधा पनपा है। वैज्ञानिकों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। चोंगकिंग विश्वविद्यालय के एडवांस्ड टेक्नॉलॉजी रिसर्च इंस्टीट्यूट द्वारा जारी तस्वीरों की शृंखला के मुताबिक चांग-4 के इस महीने चंद्रमा पर उतरने के बाद यह अंकुर एक कनस्तर के भीतर मौजूद जालीनुमा ढांचे से पनपा है। प्रयोग के डिज़ाइन की अगुवाई करने वाले शाइ गेंगशिन ने कहा, यह पहला मौका है जब मानव ने चंद्रमा की सतह पर जीव विज्ञान में पादप विकास के प्रयोग किए हैं। अंतरिक्ष में महाशक्ति बनने की चीन की महत्वाकांक्षा बढ़ाते हुए चांग-4 तीन जनवरी को चंद्रमा के हमसे दूसरी ओर वाले हिस्से पर उतरा और उसके कभी न देखे गए हिस्से तक पहुंचने वाला विश्व का पहला अंतरिक्ष यान बन गया। वैज्ञानिकों ने वायु, जल एवं मिट्टी युक्त 18 से.मी. का एक डिब्बा भेजा था। इसके भीतर कपास, आलू एवं सरसों प्रजाति के एक-एक बीज के साथ-साथ फ्रूट फ्लाई के अंडे एवं यीस्ट भेजे गए थे। विश्वविद्यालय ने बताया कि अंतरिक्ष यान से भेजी गई तस्वीरों में देखा गया कि कपास के अंकुर बढ़िया से विकसित हो रहे हैं लेकिन अन्य बीजों के अंकुरित होने का कोई समाचार नहीं है। और अंतिम समाचार मिलने तक कपास के अंकुर मृत हो चुके थे। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit :  https://cdn.images.express.co.uk/img/dynamic/78/590x/china-grows-crops-on-moon-1072742.jpg?r=1547586025902

प्रातिक्रिया दे