ज़ेब्राफिश और रेटिना का इलाज – डॉ. विपुल कीर्ति शर्मा

छिपकलियों की पूंछ टूटती है और कुछ ही दिनों में बिना हड्डी वाली नई पूंछ बन जाती है। कुछ विकसित रीढ़धारियों में क्षतिग्रस्त अंगों में पुन:निर्माण (रीजनरेशन) की क्षमता होती है। अकशेरुकी प्राणियों में तो कई ऐसे उदाहरण हैं जो अपने शरीर के अंग या पूरे शरीर को भी फिर से बना सकते हैं। स्पंज और प्लेनेरिया नामक जीव के छोटे-छोटे टुकड़ों से पूरे जीव का निर्माण हो जाता है। स्टारफिश की भुजा कटकर अलग हो जाने पर फिर से नई भुजा आ जाती है। इस प्रक्रिया को यदि मानव में प्रयुक्त किया जा सके तो दुर्घटनाओं या अन्य कारणों से नष्ट हुए अंगों को पुन: उत्पन्न किया जा सकता है।

ज़ेब्राफिश में पुन:निर्माण

मानव के लिए उपयोगी चिकित्सा सम्बंधी 95 प्रतिशत शोध पारंपरिक रूप से चूहों या माउस पर किए जाते हैं। पिछले कुछ वर्षों में इस प्रवृत्ति में बदलाव आया है और ज़ेब्राफिश शोधकर्ताओं की पहली पसंद बन गई है। करीब 6 से.मी. लंबी ज़ेब्राफिश दक्षिण-पूर्व एशिया (भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल और बर्मा) में पाई जाती है। मनुष्य की बीमारियों पर शोध के लिए बर्मिंगहैम के अलबामा विश्वविद्यालय में ही 20 शोध परियोजनाओं में इनका उपयोग किया जा रहा है। कैंसर, हृदय रोग, मोटापा, मस्क्यूलर डिस्ट्रॉफी और नेफ्रोलेप्सी जैसी बीमारियों में इन पर किए गए शोध के परिणाम मूल्यवान हैं।

ज़ेब्राफिश का उपयोग तेजी से बढ़ने का कारण कम लागत, तेज़-वृद्धि तथा भ्रूण का पारदर्शी होना है। ज़ेब्राफिश प्रति सप्ताह 100-500 अंडे देती है जिनमें 45 मिनट में भ्रूणीय विकास दिखने लगता है। सबसे महत्वपूर्ण खोज तो यह है कि वयस्क ज़ेब्राफिश हृदय और मस्तिष्क के चोटग्रस्त भाग का भी पुन:निर्माण कर लेती है। मनुष्यों में तो केवल त्वचा और कुछ ही अन्य अंगों को पुन: बनाने की क्षमता होती है।

हमारे मस्तिष्क तथा मेरु-रज्जू बनाने वाली तंत्रिका तंत्र की कुछ कोशिकाएं तो एक समय बाद कोशिका विभाजन के लिए आवश्यक सामग्री फेंक देती हैं। इससे उन कोशिकाओं के विभाजन से नई कोशिकाओं के निर्माण की संभावनाएं लगभग समाप्त ही हो जाती हैं।

आंखों के भीतर तंत्रिका कोशिकाओं से बना दृष्टिपटल (रेटिना) भी बीमारी या चोट के कारण यदि क्षतिग्रस्त हो जाए तो वह आजीवन अंधा बना देता है क्योंकि रेटिना में हुए नुकसान की पूर्ति नहीं होती। आंखों के लेंस तथा कॉर्निया की क्षति के कारण उत्पन्न अंधत्व को तो प्रत्यारोपण से ठीक किया जा सकता है परंतु रेटिना की क्षति का कोई इलाज अभी तक उपलब्ध नहीं है।

ज़ेब्राफिश का रेटिना

मनुष्य और मछलियों में आंख की संरचना और कोशिकाएं एक जैसी होती हैं परंतु दिलचस्प बात यह है कि चोट लगने पर मछलियां दो सप्ताह में ही क्षतिग्रस्त रेटिना का पुन:निर्माण कर लेती है। मनुष्यों में रेटिना के नष्ट होने से अंधे हुए लोगों के लिए यह जानकारी संभावनाओं के द्वार खोल सकती है।

ज़ेब्राफिश के रेटिना में 6 प्रकार के न्यूरॉन्स होते हैं और एक तरह की ग्लिया कोशिकाएं (गैर न्यूरॉन, सहारा देने वाली कोशिकाएं) होती हैं। ये ही विभिन्न कार्यों को अंजाम देती हैं। चोट से उत्पन्न अंधेपन को दूर करने के लिए ग्लिया कोशिकाएं अपना रूप बदलकर स्टेम कोशिकाओं में परिवर्तित हो जाती हैं। स्टेम कोशिकाएं वे कोशिकाएं होती हैं जो अपने आपको किसी भी अंग की कोशिकाओं में बदलने में सक्षम होती है। चोट वाली जगह पर स्टेम कोशिकाएं तेज़ी से विभाजित होकर नई तंत्रिका कोशिकाओं में बदल जाती हैं।

ज़ेब्राफिश के विपरीत, मानव का तंत्रिका तंत्र मस्तिष्क या उससे सम्बंधित अंग चोटग्रस्त होने पर उसकी कोशिकाओं को विभाजित नहीं होने देता। इसलिए घाव भरना संभव नहीं होता और स्थायी क्षति होती है। शायद ऐसा अत्यधिक विशिष्ट विकसित तथा एक साथ अनेक कार्य कर सकने की क्षमता वाले मस्तिष्क के कारण हुआ है। रेटिना भी तंत्रिका तंत्र का भाग है, और वह भी घाव भर सकने में सक्षम नहीं है।

वैज्ञानिकों ने पाया है कि ज़ेब्राफिश में जब रेटिना की कोशिकाएं चोटग्रस्त होकर मरने लगती हैं तब वे GABA नामक न्यूरोट्रान्समीटर (तंत्रिका संदेशवाहक रसायन) का उत्पादन बंद कर देती हैं। इससे ग्लिया कोशिकाएं स्टेम कोशिकाओं जैसी स्थिति में आने लगती हैं और नई कोशिकाएं बनाकर चोट की मरम्मत करने लगती हैं। चूहों पर पूर्व में किए गए शोध ने मस्तिष्क और पेंक्रियाज़ में भी ऐसे ही परिणाम दर्शाए हैं।

ज़ेब्राफिश में रेटिना पुन:निर्माण के तरीके को मानव में प्रयुक्त करने में कुछ समय लग सकता है पर वैज्ञानिकों के निरंतर अथक प्रयासों से ऐसा लगता है कि सफलता दूर नहीं है।(स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://cdn.images.express.co.uk/img/dynamic/11/750×445/777071.jpg

प्रातिक्रिया दे