प्रयोगशाला में मांस का निर्माण – डॉ. डी. बालसुब्रमण्यन

पिछले दिनों देश के अखबारों में प्रयोगशाला में मांस बनाने के बारे में रिपोर्ट प्रकाशित हुई है। यह रिपोर्ट पोल्ट्री फार्म में या विशेष रूप से निर्मित बूचड़खानों में जानवरों को मारने की बजाय प्रयोगशाला में मांस निर्मित करने के भारतीय प्रयासों के बारे में हैं।

वास्तव में, प्रयोगशाला में मांस तैयार करने का काम अमेरिका और युरोप दोनों जगहों पर जारी है। विचार है कि मांस के लिए जानवरों को न मारें बल्कि उन्हें बचाएं और प्रयोगशाला में मांस तैयार करें। दी स्टेट्समैन में प्रकाशित लेख में कहा गया है कि ऐसे कई कारण हैं जिनकी वजह से प्रयोगशाला संवर्धित मांस एक बेहतर विकल्प है: इसमें कोई क्रूरता नहीं की जाती है; प्रयोगशाला मांस को बहुत कम वसा वाला, कोलेस्ट्रॉल-रहित और संतृप्त वसा-रहित बनाया जा सकता है, जो उपभोक्ताओं के लिए स्वास्थ्यवर्धक होगा; भविष्य में जब प्रयोगशाला मांस बाज़ार के लिए उपलब्ध होगा तो यह पारंपरिक मांस से सस्ता हो सकता है; और प्रयोगशाला में निर्मित मांस के पर्यावरणीय प्रभाव भी कम होंगे।

आखिरी बिंदु विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि अनुमान है कि विश्व स्तर पर मांस के लिए हर साल 50 अरब से अधिक मुर्गियां पाली जाती हैं। इसका मतलब है कि दुनिया भर में हर दिन लगभग साढ़े 13 करोड़ मुर्गियां मारी जाती हैं। मुर्गीपालन के मामले में अमेरिका तीसरे नंबर पर है। रूस्टर हॉउस रेस्क्यू वेबसाइट बताती है कि अकेले अमेरिका में हर दिन 2.33 करोड़ थलचर जानवर मार दिए जाते हैं। इतनी ही संख्या में पोर्क और बीफ के लिए भी जानवर मारे जाते हैं। यह सब ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में लगभग 15 प्रतिशत का योगदान देता है, जिससे पर्यावरण प्रभावित होता है।

इस लिहाज़ से प्रयोगशाला में मांस बनाना एक स्वच्छ और बेहतर विकल्प है। 2017 में एक डच वैज्ञानिक डॉ. मार्क पोस्ट ने अपनी प्रयोगशाला में बीफ बनाया था। तब से हमने प्रयोगशाला में मांस विकसित करने के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, जो पशु और पर्यावरण दोनों के अनुकूल है। यहां तक कि अमेरिकी कृषि विभाग ने प्रयोगशाला में पशु कोशिकाओं से मांस विकसित करने वाली कई निजी कंपनियों को मंज़ूरी दे दी है। अमेरिका में पेटा (पीपल फॉर दी एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स) नामक समूह ने प्रयोगशाला में मांस तैयार करने वाली दो फर्मों, अपसाइड फूड्स और गुड मीट, को इसके लिए वित्तीय सहायता दी है। भारत में, जैव प्रौद्योगिकी विभाग (डीबीटी) ने पशु कोशिकाओं से प्रयोगशाला में मांस का विकसित करने के लिए हैदराबाद स्थित सेंटर फॉर सेल्युलर एंड मॉलिक्यूलर बायोलॉजी को अनुदान दिया है, और डॉ. ज्योत्सना धवन और मधुसूदन राव ने इसे सफलतापूर्वक तैयार किया है। वर्तमान में, भारत में कुछ निजी प्रयोगशालाएं हैं जो संवर्धित मांस तैयार करती हैं।

संवर्धित मांस कैसे बनाया जाता है? अमेरिका की गुड मीट फर्म जीवित जानवर की मांसपेशियों और अन्य अंगों से तैयार की गई स्टेम कोशिकाओं का उपयोग करती है। इन कोशिकाओं को अमीनो एसिड और कार्बोहाइड्रेट के पोषण से भरी पेट्री डिश में रखा जाता है ताकि ये कोशिकाएं फल-फूल सकें। कोशिकाओं की स्टील की टंकियों में वृद्धि की जाती है और मांस उत्पादित किया जाता है। फिर तैयार मांस को कटलेट और सॉसेज जैसा आकार दिया जाता है और बाज़ार में बेच दिया जाता है। भारत में संवर्धित मांस उत्पादन में लगी कंपनियां भी इसी तरीके से मांस तैयार करती हैं। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://th-i.thgim.com/public/incoming/td94no/article67052307.ece/alternates/FREE_1200/iStock-1261229330.jpg

प्रातिक्रिया दे