‘फेयर एंड लवली’ बनाम ‘डार्क एंड हैंडसम’ – डॉ. डी. बालसुब्रमण्यन

किसी चीज़ का नामकरण एक कला है, जो चीज़ का रुतबा बढ़ा या घटा सकती है। सरकारों में और जन संपर्क से जुड़ी संस्थाओं में इस कला का उत्कृष्ट इस्तेमाल किया जाता है। संयुक्त सचिव में एक (संयुक्त) विशेषण होने के बावजूद भी शासन में संयुक्त सचिव का ओहदा सचिव की तुलना में कम है। जहां पूरे भारत का एक उपराष्ट्रपति होता है वहीं जन संपर्क संस्थाओं में दर्जनों हो सकते हैं।

इस तरह के नामकरण कृषि में भी हुए हैं। दलिया और रागी, ज्वार, जौं, बाजरा, वरगु जैसे अनाजों को मोटा अनाज कहा जाता है जबकि गेहूं और चावल को महीन अनाज कहा जाता है। पर ऐसा क्यों? क्या अनाज का आकार इतना मायने रखता है? या यह रंगभेद जैसा है? क्या महीन अनाज ‘फेयर एंड लवली’ हैं और बाजरा जैसे गहरे रंग वाले अनाज दोयम दर्जे के हैं, जिन्हें शहरी लोग नहीं खाते? ऐसी वरीयताएं मूर्खतापूर्ण है। गेहूं-चावल की तुलना में तथाकथित मोटे अनाजों में प्रति ग्राम अधिक पोषण होता है।

हाल ही में यह बात दो पेशेवर संदर्भों में व्यापक परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत हुई। पहला था डॉ. एम. एस. स्वामीनाथन के सम्मान में आयोजित सेमीनार। यह सेमीनार 7 अगस्त को स्वामीनाथन के 90 वर्ष पूरे करने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। सेमीनार की थीम थी ‘भूख से पूर्ण मुक्ति की चुनौती पूरी करने के लिए विज्ञान, टेक्नॉलाजी और जन नीतियां’। दूसरे शब्दों में, भूख मुक्त दुनिया का लक्ष्य कैसे पूरा करें। क्या दबंग लक्ष्य है! दूसरा, कोलंबिया विश्वविद्यालय की डॉ. रुथ डीफ्राइस और उनके सहकर्मियों द्वारा साइंस पत्रिका के 17 जुलाई के अंक में प्रकाशित एक रिपोर्ट में, जिसका शीर्षक है: ‘भूमि के अभाव में कृषि के मानक’ और उपशीर्षक है ‘पौष्टिकता को योजनाओं में शामिल किया जाना चाहिए’।

स्वामिनाथन ‘हरित क्रांति’ के योजनाकार रहे हैं। हरित क्रांति से भारत का खाद्य उत्पादन 60 सालों में 5 गुना बढ़ गया। इसकी बदौलत 4 गुना बढ़ी जनसंख्या की खाद्यान्न आपूर्ति होती है। (डीफ्राइस और अन्य भी यही कहते हैं कि खाद्यान्न उत्पादन में वृद्धि के चलते अनाज आपूर्ति में 3.2 गुना की वृद्धि हुई है और इसने 2.3 गुना बढ़ी जनसंख्या को पीछे छोड़ दिया है।) पिछले कुछ वर्षों में स्वामिनाथन ने ‘सदाहरित क्रांति’ की ज़रूरत पर बल दिया है। उनके द्वारा उजागर की गई ‘छिपी भूख’ को संबोधित करने की ज़रूरत है।

भूख का मतलब तो हम सभी समझते हैं मगर यह ‘छिपी भूख’ क्या बला है? चाहे हम गेहूं और चावल का अधिक उत्पादन और अधिक खपत कर रहे हैं तो भी क्या हमारे शरीर और मस्तिष्क को विकास और वृद्धि के लिए पर्याप्त पोषण मिला है? छिपी भूख का सम्बंध स्टार्च से मिली कैलोरी के अलावा शरीर में बाकी ज़रूरी पोषक तत्वों की पूर्ति से है। ये विटामिन, लौह, जस्ता, आयोडीन, कैल्शियम और अन्य तत्व हैं, जिन्हें ‘सूक्ष्म पोषक तत्व’ कहते हैं। इनकी शरीर में थोड़ी मात्रा में ज़रूरत होती है। पोषक तत्वों के मामले में मोटे अनाज गेहूं और चावल से बाजी मार लेते हैं। (गांधीजी संभवत: यह बात जानते थे, इसीलिए वे चाहते थे कि हम अनाज को पॉलिश ना करें बल्कि हाथ से कुटा धान खाएं। इस प्रक्रिया में सूक्ष्म पोषक तत्व सुरक्षित रहते हैं)। मक्का, जई या बाजरा की तुलना में महीन अनाज में आयरन और ज़िंक की बहुत कम मात्रा होती है। बाजरा में आयरन की मात्रा चावल से चार गुना अधिक है। जौं में ज़िंक गेंहू की तुलना में चार गुना ज़्यादा है। और सारे अनाज़ों की तुलना में मक्के में सबसे ज़्यादा पोषण है। ग्रामीण गरीब ज़्यादातर यही मोटे अनाज खाते हैं, पर अफसोस कि यह उन्हें पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पाता।

तो कृषि क्रांति के अगले चरण में हम कैसी योजना बनाएं कि पूरी दुनिया को संपूर्ण आहार मुहैया करा सकें, ना कि सिर्फ कैलोरी युक्त अनाज। पर्यावरणीय परिणामों – अधिक मात्रा में उर्वरक पानी की गुणवत्ता को प्रभावित करते हैं, कीटनाशकों का विषैलापन, जैव विविधता में कमी वगैरह – के चलते हरित क्रांति की आलोचना की गई है (चिड़िया द्वारा खेत चुग लिए जाने के बाद)।

इसे ज़्यादा स्वीकार्य बनाने के प्रयास चालू हो चुके हैं। अपेक्षा है कि पोषण युक्त मोटे अनाज की खेती पर्यावरण पर कम दबाव डालेगी (कम पानी और उर्वरक की ज़रूरत) और इसके अधिक पर्यावरण अनुकूल होने की भी उम्मीद है।

वास्तव में हमें अपनी सोच बदलने और मिश्रित खेती की रणनीति अपनाने की ज़रूरत है। डीफ्राइस के अनुसार उत्पादन को टन प्रति हैक्टर में नापने (जैसा आज किया जाता है) की बजाय हमें एक नया पैमाना अपनाना चाहिए, जिसे उन्होंने ‘पोषण उपज’ कहा है। इसका मतलब यह है कि प्रति वर्ष 1 हैक्टर में इतना खाद्य उत्पादन हो कि 100 वयस्कों को साल भर ज़रूरी पौष्टिक भोजन मिल सके।

इस नए पैमाने का उपयोग मिश्रित फसलों की ऐसी नीतियां तैयार करने के लिए किया जा सकता है जिनमें पोषण युक्त अनाज और पैदावार का संतुलन बना रहे। यह छिपी भूख की समस्या का समाधान करेगा और आने वाली पीढ़ी स्वस्थ और सुपोषित होगी।

अलग तरह से कहें, तो ‘डार्क एंड हैंडसम’ और ‘फेयर एंड लवली’ साथ-साथ चलें ताकि दुनिया भर के 16.5 करोड़ (अकेले भारत में 2.3 करोड़) कुपोषित बच्चों की संख्या को अगले एक दशक में बहुत कम किया जा सके। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://www.jagranimages.com/images/23_03_2018-grains.jpg

 

 

प्रातिक्रिया दे