कोविड-19 की उत्पत्ति पर बहस जारी

हाल में जारी किए गए तीन नए अध्ययनों ने सार्स-कोव-2 की उत्पत्ति पर निर्विवादित निष्कर्ष प्रस्तुत किए हैं। हालांकि तीनों विश्लेषण कोविड-19 की उत्पत्ति तक तो नहीं पहुंचते हैं लेकिन वायरस के वुहान इंस्टीट्यूट ऑफ वायरॉलॉजी से लीक होने के सिद्धांत को खारिज करते हैं।

इन अध्ययनों में वुहान स्थित हुआनान सीफूड बाज़ार में वायरस के विभिन्न पहलुओं की जांच की गई है, जहां संक्रमण के सबसे पहले मामले देख गए थे। दो अंतर्राष्ट्रीय अध्ययनों के अनुसार वर्ष 2019 के अंत में सार्स-कोव-2 वायरस ने संक्रमित जंतुओं से मनुष्यों में संभवतः दो बार प्रवेश किया। तीसरा अध्ययन कमोबेश चीन के वैज्ञानिकों द्वारा किया गया था जो सीफूड बाज़ार के पर्यावरण और जंतुओं के नमूनों में कोरोनावायरस के शुरुआती उपस्थिति का विवरण देता है। इस अध्ययन में वायरस के किसी अन्य देश से प्रवेश करने की बात भी कही गई है।

हालांकि इन अध्ययनों की समकक्ष समीक्षा नहीं हुई है, फिर भी वैज्ञानिक, जैव-सुरक्षा विशेषज्ञ, पत्रकार और अन्य जांचकर्ता इन अध्ययनों की जांच में जुट गए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार ये अध्ययन प्रयोगशाला उत्पत्ति की परिकल्पना को ध्वस्त करते हैं और सीफूड बाज़ार से वायरस के प्रसार की ओर ध्यान आकर्षित करते हैं।

इस संदर्भ में प्राकृतिक उत्पत्ति सिद्धांत के आलोचकों का कहना है कि सीफूड बाज़ार मात्र एक सुपरस्प्रेडर स्थल रहा होगा जहां वायरस प्रयोगशाला से किसी संक्रमित व्यक्ति के माध्यम से पहुंचा होगा। लेकिन कई शोधकर्ताओं का मानना है कि और जानकारी मिलने पर प्रयोगशाला उत्पत्ति का दावा कमज़ोर हो जाएगा। जेनेटिक सैंपलिंग डैटा के विश्लेषण से यह पता लगाया जा सकता है कि बाज़ार की किन प्रजातियों में मुख्य रूप से वायरस था।

एक अंतर्राष्ट्रीय अध्ययन में सार्स-कोव-2 के दो अलग-अलग वंशों का विवरण दिया है। जबकि दूसरे अध्ययन में शुरुआती मामलों का एक भू-स्थानिक विश्लेषण प्रस्तुत किया गया है जो वुहान के बाज़ार को सार्स-कोव-2 के प्रसार केंद्र के रूप में इंगित करता है। इस अध्ययन में वायरस के दोनों वंशों द्वारा बाज़ार से सम्बंधित या उसके पास रहने वाले लोगों को संक्रमित करने के संकेत मिले हैं। शोधकर्ताओं के अनुसार यह विश्लेषण जीवित वन्यजीवों के व्यापार के माध्यम से वायरस के उद्भव के साक्ष्य प्रदान करता है।  

गौरतलब है कि पूर्व में चाइनीज़ एकेडमी ऑफ साइंसेज़ के जॉर्ज गाओ और 37 अन्य वैज्ञानिकों द्वारा किए गए अध्ययन में 1 जनवरी से 2 मार्च 2020 के दौरान हुआनान सीफूड बाज़ार के पर्यावरण से लिए गए नमूनों का विस्तार से विवरण दिया था। लेकिन यह अध्ययन आधिकारिक तौर पर प्रकाशित नहीं हुआ। गाओ और उनके सहयोगियों ने बाज़ार के पर्यावरण और 188 जीवों के 1380 नमूनों का विश्लेषण किया था। ये नमूने सीवर, ज़मीन, पंख हटाने वाली मशीन और कंटेनरों से भी लिए गए। टीम को इनमें से 73 नमूनों में सार्स-कोव-2 प्राप्त हुआ। और ये सारे नमूने बाज़ार के पर्यावरण से प्राप्त हुए थे। चूंकि जिन 73 नमूनों में वायरस पाया गया, वे जंतुओं से नहीं बल्कि बाज़ार के पर्यावरण से लिए गए थे, इसलिए स्पष्ट होता है कि वायरस वहां मनुष्यों के माध्यम से पहुंचा था न कि किसी जंतु से। यानी बाज़ार सार्स-कोव-2 वायरस का एम्पलीफायर रहा, स्रोत नहीं।            

कोविड-19 की उत्पत्ति से सम्बंधित सरकारी दावों को ध्यान में रखते हुए गाओ और उनके सहयोगियों ने अपने प्रीप्रिंट में वुहान के मामले सामने आने से पहले अन्य देशों में सार्स-कोव-2 की उपस्थिति दर्शाने वाले अध्ययनों का विवरण दिया है। लेकिन उन आलोचनाओं का कोई उल्लेख नहीं किया गया जिनमें कहा गया है कि ऐसा संदूषण की वजह से हो सकता है।    

अंतर्राष्ट्रीय अध्ययन में कोरोनावायरस वंश के विश्लेषण ने पिछले वर्ष वायरोलॉजिस्ट रॉबर्ट गैरी द्वारा प्रस्तुत तर्क को और परिष्कृत किया है। गैरी ने दिसंबर 2019 में मनुष्यों के प्रारंभिक मामलों में वुहान बाज़ार से सार्स-कोव-2 के दो अलग-अलग रूपों की पहचान की थी जिनमें केवल दो उत्परिवर्तन का ही फर्क था। इस नए अध्ययन ने सोच में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। इसका निष्कर्ष यह है कि ए और बी नामक दोनों वंश हुआनान सीफूड बाज़ार से उत्पन्न हुए और जल्द ही आसपास के क्षेत्रों में फैल गए। नवंबर 2019 के अंत में बी संभावित रूप से जंतुओं से मनुष्यों में प्रवेश कर गया जिसका पहला मामला 10 दिसंबर को सामने आया जबकि ए इसके कुछ सप्ताह बाद सामने आया। देखा जाए तो वायरस के दो वंशों का लगभग एक साथ उद्भव प्रयोगशाला-लीक के सिद्धांत को कमज़ोर कर देता है।

अंतर्राष्ट्रीय टीम का दूसरा प्रीप्रिंट जून 2021 के चीनी नेतृत्व वाले अध्ययन पर आधारित है जिसने बाज़ार में एक विशिष्ट स्टाल पर दो वर्षों तक बेचे गए स्तनधारियों में टिक बुखार का दस्तावेज़ीकरण किया है। इस नए अध्ययन में उन स्थानों को इंगित किया गया जहां पहली बार सार्स-कोव-2 के प्रति संवेदनशील जंतुओं, जैसे रैकून, हेजहॉग, बैजर, लाल लोमड़ी और बैम्बू रैट बेचे गए और उन स्थलों से प्राप्त पर्यावरणीय नमूनों के पॉज़िटिव परिणाम सामने आए। ये सभी निष्कर्ष वायरस के वुहान बाज़ार से उत्पन्न होने के संकेत देते हैं।

कुछ अन्य विशेषज्ञ इस अध्ययन को महत्वपूर्ण तो मानते हैं लेकिन इनके निष्कर्षों से पूरी तरह आश्वस्त नहीं है। फ्रेड हचिंसन कैंसर रिसर्च इंस्टीट्यूट के जीव विज्ञानी जेसी ब्लूम के अनुसार सार्स-कोव-2 के लगभग 10 प्रतिशत मानव संक्रमण में वायरस के दो उत्परिवर्तन देखे गए हैं। इसका मतलब यह है कि दूसरा वायरस जंतुओं से दो बार मनुष्यों में नहीं आया बल्कि पहले संक्रमण के बाद उभरा हो। अलबत्ता, कंप्यूटर सिमुलेशन दर्शाता है कि एक वंश के दूसरे में उत्परिवर्तित होने की संभावना केवल 3.6 प्रतिशत है।       

हालांकि ये अध्ययन प्रयोगशाला उत्पत्ति के दावों पर सवाल उठाने के लिए कुछ हद तक तो पर्याप्त हैं लेकिन इस बहस को विराम देने के लिए पर्याप्त नहीं हैं। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://multimedia.scmp.com/infographics/news/china/article/3052721/wuhan-killer/img/cover.jpg

प्रातिक्रिया दे