आक्रामक नर से बचाव

प्रजनन के लिए मेंढक प्रजातियों में नर दो में से किसी एक रणनीति उपयोग करते हैं – या तो वे किसी जगह बैठकर मादा को पुकारते हैं और उनके आने का इंतज़ार करते हैं, या वे लगातार मादा की तलाश करते हैं और कम समय में अधिक से अधिक मादाओं के साथ संभोग करने की कोशिश करते हैं। अधिक से अधिक मैथुन करने के प्रयास में अक्सर, एक ही मादा पर कई नर चढ़ जाते हैं जिससे मेंढकों का गुत्थमगुत्था सा ढेर बन जाता है, जो मादा को गंभीर रूप से घायल कर सकता है और उसकी जान तक जा सकती है।

युरोपीय मेंढक (Rana temporaria) संभोग के लिए यही दूसरी रणनीति अपनाते हैं। सर्दियों की लंबी शीतनिद्रा से जागने के बाद युरोपीय नर मेंढक संभोग के लिए मादाओं के पीछे भागते हैं, उन्हें डराते हैं और उन्हें संभोग के लिए मजबूर करते हैं। चूंकि नर मेंढकों की संख्या मादाओं से काफी अधिक होती है इसलिए हालात मादाओं के लिए और भी बुरे हो जाते हैं।

वैज्ञानिकों को अब तक लगता था कि नर के इस संभोग हमले से बचने में मादा असहाय होती है। लेकिन रॉयल सोसायटी बी में प्रकाशित नतीजों से पता चलता है कि ये मादाएं इतनी भी असहाय नहीं होती और अवांछित संभोग से बचने के लिए वे कई युक्तियां अपनाती हैं – जैसे वे शरीर को घुमाकर नर के चंगुल से निकल भागती हैं, नर होने का स्वांग रचती हैं, यहां तक कि मरने का नाटक भी करती हैं।

इस बात का पता वैकासिक और व्यवहार जीवविज्ञानी कैरोलिन डीट्रिच को तब लगा जब वे युरोपीय मेंढकों में एक अन्य बात की जांच कर रही थी – चूंकि बड़ी साइज़ की मादाएं अधिक अंडे दे सकती हैं तो क्या नर मेंढक संभोग के लिए शरीर की साइज़ के आधार पर मादा साथी चुनते हैं?

शोधकर्ताओं को नर का किसी विशिष्ट डील-डौल वाली मादा के प्रति झुकाव तो नहीं दिखा लेकिन उन्होंने पाया कि मादाएं अवांछित नर से बचने के लिए मुख्यत: तीन रणनीति अपना रही थीं। अधिकतर मामलों में वे पानी में नर के नीचे अपने शरीर को घुमाकर उसकी बाहों से निकलने का प्रयास कर रही थीं।

मादाएं नर को मूर्ख भी बना रही थीं। वे इस बात का भी फायदा उठाती हैं कि नर संभोग-साथी के मामले में ज़्यादा नखरैल नहीं होते। अधिक से अधिक संभोग के चक्कर में युरोपीय नर मेंढकों का जिससे भी सामना होता है वे उसके साथ संभोग कर लेते हैं। यहां तक कि वे अन्य नरों के साथ, युरोपीय मादा मेंढक की तरह दिखने वाले युरोपीय भेक यानी टोड (Bufo bufo) के साथ, और यहां तक कि सर्वथा अलग प्रकार के उभयचरों के साथ भी संभोग कर लेते हैं।

जब कोई नर मेंढक दूसरे नर पर चढ़ने की कोशिश करता है तो दूसरा मेंढक घुरघुराने की आवाज़ निकाल कर गलती का एहसास कराता है। अवांछित नर को बेवकूफ बनाने के लिए मादाएं भी ऐसी आवाज़ निकालते हुए नज़र आईं।

कुछ मामलों में तो मादाएं मृत होने का अभिनय करते देखी गईं। एक घटना में पानी के अंदर एक मादा मेंढक अपने हाथ-पैर फैलाकर लेटी हुई थी और एक नर मेंढक उसके साथ संभोग करने का प्रयास कर रहा था। उस दौरान वह एकदम मृत शरीर की तरह स्थिर और सख्त रही। अंतत: जब नर की दिलचस्पी खत्म हो गई, तो वह उठी और तैर कर दूर चली गई।

आम तौर पर जीवों में मरने के स्वांग का यह व्यवहार शिकारी से बचाव की रणनीति के तौर पर देखा जाता है, जिसे ‘टोनिक अचलता’ (स्पर्श निश्चलता) कहा जाता है। लेकिन संभोग से बचने के लिए ऐसा व्यवहार अचरज की बात है। वैसे जबरन संभोग से बचने के लिए अन्य प्रजातियों में भी कुछ इसी तरह की युक्तियां दिखती हैं। जैसे, मादा बत्तखों में जबरन संभोग के प्रयासों को विफल करने के लिए जटिल जननांग विकसित हुए हैं, और इसके जवाब में नर जननांग विकसित हुए हैं।

शोधकर्ता मादा मेंढकों की इस बचाव रणनीति के बारे में कोई ठोस निष्कर्ष देने से कतरा रहे हैं क्योंकि यह अध्ययन प्रयोगशाला की कृत्रिम स्थितियों में हुआ था, जो जानवरों के व्यवहार को प्रभावित कर सकता है। बहरहाल, इस अवलोकन ने कई सवाल छोड़े हैं, जिन पर काम करने की आवश्यकता है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://images.newscientist.com/wp-content/uploads/2023/10/10171413/SEI_175449975.jpg?width=900

प्रातिक्रिया दे