यह कीट खानपान में नखरे नहीं करता

क्षिणी इटली में जैतून के लहलहाते पेड़ों के लिए मिडो स्पिटलबग (Philaenus spumarius) एक बड़ी मुसीबत है। यह साधारण-सा कीट ज़ायलेला फास्टिडिओसा बैक्टीरिया का वाहक है जो धीरे-धीरे फसलों को नष्ट कर देता है। हाल ही में प्लॉस वन में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार पौधों के मामले में मिडो स्पिटलबग, कीट जगत में सबसे कम चुनावपसंद कीट है जो 1300 से अधिक पादप प्रजातियों का रस चूसता है।

यह अध्ययन उन किसानों के लिए काफी महत्वपूर्ण है जो अपनी आजीविका के लिए विभिन्न पादप प्रजातियों पर निर्भर हैं। यह सही है कि मीडो स्पिटलबग द्वारा खाए गए सभी पौधे ज़ायलेला के प्रति संवेदनशील नहीं हैं लेकिन ये ‘सुरक्षित’ प्रजातियां ज़ायलेला के भंडार के रूप में कार्य कर सकती हैं। इस स्थिति में जैतून और ज़ायलेला के प्रति कमज़ोर अन्य प्रजातियों की रक्षा करना मुश्किल हो जाता है।

दरअसल, मिडो स्पिटलबग फ्रॉगहॉपर नामक कीट की अपरिपक्व अवस्था है। इन्हें यह नाम पौधों के तनों पर दिखाई देने वाली थूक जैसी छोटी-छोटी बुलबुलेनुमा संरचना पर पड़ा है। यह पदार्थ स्पिटलबग मूत्र के साथ उत्सर्जित करते हैं।

आम तौर पर रस चूसने वाले कीट पौधों के फ्लोएम नामक ऊतक में छेद करते हैं, जो पोषण से सराबोर होता है। लेकिन स्पिटलबग ज़ाइलम में उपस्थित अधिक पतला रस निकालने में माहिर होते हैं। विभिन्न प्रजातियों के बीच इस रस में ज़्यादा अंतर नहीं होता, इसलिए शोधकर्ताओं को लगता था कि मिडो स्पिटलबग और उसके जैसे कीट पौधों के बीच कोई भेद नहीं करते होंगे।

मिडो स्पिटलबग की आहार सम्बंधी आदतों की व्यापक जांच लगभग एक दशक पहले की गई थी जब इसकी पहचान जैतून के पेड़ों में ज़ायलेला जीवाणु के वाहक के रूप में हुई। इस कीट की आहार सम्बंधी बहुमुखी प्रतिभा का खुलासा तब हुआ जब आम लोगों के सहयोग से इसे 1311 पादप प्रजातियों पर पनपता हुआ देखा गया। ये प्रजातियां 631 वंशों (जीनस) और 117 कुलों में बिखरी हैं। इस सूची में न केवल डेज़ी और गुलाब जैसी परिचित वनस्पतियां, बल्कि फर्न, घास, झाड़ियां और यहां तक कि कई पेड़ भी शामिल हैं। और तो और, हाल ही में इसे स्पेनिश बादाम के पेड़ों को प्रभावित करने वाले एक नए ज़ायलेला प्रकोप के लिए ज़िम्मेदार पाया गया है।

स्पष्ट है कि यह कीट कृषि और प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र दोनों के लिए एक महत्वपूर्ण और तेज़ी से बढ़ता हुआ खतरा बन गया है। यह शोध मिडो स्पिटलबग और उसमें पाए जाने वाले जीवाणु द्वारा उत्पन्न जोखिमों की व्यापक समझ और सक्रिय उपायों की तत्काल आवश्यकता का संकेत देता है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://www.science.org/do/10.1126/science.adl2352/full/_20231006_on_spittlebug-1696609074420.jpg

एक विचित्र समुद्री जीव

र्ष 2018 में एक पेशेवर फोटोग्राफर ने एक विचित्र से दिखने वाले तैरते समुद्री जीव की तस्वीर सोशल मीडिया पर डाली थी – यह भूरी-नारंगी गोल गेंदनुमा जीव दिख रहा था जिसके चपटे वाले गोलार्ध पर बालों या जटाओं की तरह संरचनाएं निकली हुई दिख रही थीं। यह कोई कीट, मोलस्क या क्रस्टेशियन नहीं था, लेकिन किसी को मालूम नहीं था कि यह है कौन-सा जीव।

अब, केरोलिंस्का इंस्टीट्यूट के वैकासिक तंत्रिका वैज्ञानिक इगोर एडेमेयको ने करंट बायोलॉजी में बताया है कि उन्होंने इसके कुल की पहचान कर ली है, और यह चपटे कृमियों के एक समूह डाइजेनियन फ्लूक का एक परजीवी सदस्य है।

एडेमेयको जब मटर के दाने जितने बड़े इस जीव का ध्यानपूर्वक विच्छेदन कर रहे थे तो उन्होंने देखा कि इस जीव को (तैरकर) आगे बढ़ने में मदद करने वाले जटानुमा उपांग गेंदनुमा संरचना के जिस ऊपरी हिस्से से जुड़े थे वो चपटा था। बारीकी से अवलोकन करने पर उन्होंने पाया कि यह कोई एक प्राणी नहीं है, बल्कि आपस में गुत्थमगुत्था बहुत सारे जीव हैं, और मुख्यत: दो तरह के जीव हैं।

एक तरह के जीव गोल संरचना के ऊपरी ओर बाहर लहराते हुए दिख रहे थे जिनकी कुल संख्या करीब 20 थी, ये गोले को तैरने या आगे बढ़ने में मदद कर रहे थे – इन्हें एडमेयको ने ‘नाविक’ की संज्ञा दी है। इनके सिर पर दो बिंदुनुमा आंखें थी, जिससे इनके सिर सांप के फन की तरह दिखाई दे रहे थे।

दूसरी तरह के जीव, गोले के दूसरे (या निचले) भाग के चारों ओर हज़ारों की तादाद में मौजूद थे। ये दिखने में शुक्राणु जैसे दिख रहे थे, जिनके सिर पेंसिल की तरह नुकीले थे और पूंछ बाल से भी पतली थीं। ये सभी जीव गोले के बीच में पूंछ की ओर से एक-दूसरे के साथ गुत्थमगुत्था थे और सभी के सिर गोले के बाहर की ओर निकले हुए थे। इन जीवों को शोधकर्ताओं ने ‘यात्रियों’ की संज्ञा दी है।

विच्छेदन से जीव की बनावट तो समझ आ गई थी लेकिन इसकी पहचान नहीं हो पाई। इसे पता लगाने के लिए शोधकर्ताओं ने एंटीबॉडी की मदद से कोशिकाओं के पैटर्न देखे। इसके आधार पर लगा कि ये जीव लोफोट्रोकोज़ोअन नामक एक समूह से सम्बंधित होंगे, जिसमें मोलस्क, ब्रायोज़ोआन, ब्रेकिओपोड और चपटा कृमि जैसे जीव आते हैं। उन्हें यह भी संदेह था कि जीवों का यह झुंड कोई परजीवी होगा।

इसके बाद, शोधकर्ताओं ने इसका डीएनए विश्लेषण किया। अंतत: वे इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि यह परजीवी चपटा कृमि कुल डायजेनियन फ्लूक का सदस्य है। और यह इसका लार्वा रूप है।

इस नए डायजेनियन परजीवी की दिलचस्प बात यह है कि इसमें दो तरह के लार्वा होते हैं जो आपस में सहयोग करते हैं। ‘यात्री’ लार्वा मछली वगैरह जैसे मेज़बानों की आंत में संक्रमण फैलाते हैं, और खुले वातावरण में वे सिर्फ अपने मेज़बान में प्रवेश करने के इंतज़ार में रहते हैं। वहीं, ‘नाविक’ लार्वा तैरकर लार्वाओं के इस पूरे गोले को यहां-वहां पहुंचाते हैं ताकि नए मेज़बान तक पहुंच सकें – लेकिन ऐसा करने के लिए वे अपना प्रजनन अवसर त्याग देते हैं ताकि अन्य को प्रजनन अवसर सुलभ हो सके। यानी ये लार्वा सहोदर चयन की एक और मिसाल हैं।

शरीर के बाहर मुक्त वातावरण में किसी परजीवी लार्वा का अध्ययन नई बात है। इस अध्ययन से पता चलता है कि मुक्त लार्वा के स्तर पर भी इस तरह का श्रम विभाजन होता है।

शोधकर्ता ऐसे और लार्वा की तलाश में हैं ताकि जान सकें कि झुंड में यह निर्णय कैसे होता है कि कौन ‘नाविक’ बनेगा और कौन ‘यात्री’? और इस गोले की गति का नियंत्रण कैसे होता है? शायद नाविकों के सिर पर मौजूद दो बिंदुनुमा आंखों की इसमें कुछ भूमिका हो। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://www.science.org/do/10.1126/science.adl0064/abs/_20230921_parasite_slideshow_01.jpg

खेती-बाड़ी में केंचुओं का अद्भुत योगदान

ह तो जानी-मानी बात है कि केंचुए मिट्टी को उपजाऊ बनाते हैं और खेती को फायदा पहुंचाते हैं। लेकिन वास्तव में केंचुए खेती में कितना फायदा पहुंचाते हैं? अपने तरह के प्रथम अध्ययन में इसकी गणना करके बताया गया है कि केंचुओं की बदौलत हर साल 14 करोड़ टन अधिक अनाज पैदा होता है।

पैदावार में इस योगदान की गणना करने के लिए कोलोरेडो स्टेट युनिवर्सिटी के मृदा और कृषि-पारिस्थितिकीविद स्टीवन फोंटे और उनके सहयोगियों ने पूरे विश्व में केंचुओं का वितरण और अलग-अलग स्थानों पर उनकी प्रचुरता देखी और उसे हर जगह की कृषि उपज से जोड़ा। विश्लेषण करते हुए स्वयं पौधों में आई उत्पादकता में वृद्धि के कारक को भी ध्यान में रखा गया।

उन्होंने पाया कि विश्व स्तर पर धान, गेहूं और मक्का जैसी फसलों में केंचुए लगभग 7 प्रतिशत का योगदान देते हैं। दूसरी ओर, सोयाबीन, दाल वगैरह जैसी फलीदार फसलों की उपज वृद्धि में इनका योगदान थोड़ा कम है – लगभग 2 प्रतिशत। फलीदार फसलों में कम योगदान का कारण है कि ये फसलें सूक्ष्मजीवों के सहयोग से स्वयं नाइट्रोजन प्राप्त कर सकती हैं; इसलिए पोषक तत्वों के लिए कृमियों पर कम निर्भर होती हैं।

नेचर कम्युनिकेशंस में शोधकर्ता बताते हैं कि ग्लोबल साउथ के कई हिस्सों में केंचुओं से लाभ और भी अधिक है। मसलन उप-सहारा अफ्रीका में, जहां अधिकांश मिट्टी बंजर या अनुपजाऊ हो गई है और उर्वरक उनकी पहुंच में नहीं हैं, वहां केंचुए पैदावार को 10 प्रतिशत तक बढ़ा देते हैं। लेकिन अनुमानों में सावधानी की ज़रूरत है क्योंकि केंचुओं के वितरण सम्बंधी अधिकांश अध्ययन उत्तरी समशीतोष्ण देशों से थे।

उम्मीद की जा रही है कि यह अध्ययन नीति निर्माताओं और भूमि प्रबंधकों को मिट्टी की गुणवत्ता बढ़ाने वाले और मिट्टी को स्वस्थ बनाने वाले जीवों की भूमिका पर अधिक ध्यान देने को प्रोत्साहित करेगा। उनकी सलाह है कि मिट्टी में केंचुओं के अनुकूल वातावरण रखने के लिए किसान कम जुताई करें। सघन जुताई या ट्रैक्टर से जुताई में ये कट-पिट जाते हैं।

हालांकि तथ्य तो यह भी है कि केंचुओं की सलामती के अनुकूल मिट्टी बनाने और जुताई न करने की सलाह देना जितना आसान है उतना ही मुश्किल उस पर अमल करना है। उदाहरण के लिए, उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में जहां मिट्टी अक्सर अनुपजाऊ हो जाती है वहां के गरीब किसान केंचुओं की आबादी बढ़ाने के जाने-माने तरीकों, जैसे मिट्टी की नमी बढ़ाने या जैविक पदार्थ डालने, का खर्च वहन नहीं कर पाते। इसके अलावा, जुताई न करने से खरपतवार की समस्या भी बनी रहती है। कुल मिलाकर देखा जाए तो केंचुओं से लाभ लेना एक बड़ी चुनौती है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://www.science.org/do/10.1126/science.adl0589/abs/_20230926_on_earthworms.jpg

हाथी की हरफनमौला सूंड

हाथी अपनी सूंड से लकड़ी के भारी लट्ठे से लेकर कुरकुरी आलू चिप्स बिना मसले उठा सकते हैं। उनकी सूंड की जटिल मांसल संरचना इस कोमल और मज़बूत दोनों तरह की पकड़ को संभव बनाती है। अब, शोधकर्ताओं ने एक शिशु हाथी की सूंड की विस्तृत पड़ताल कर इस उपांग की मांसपेशियों की गणना कर ली है और उन्हें चित्रित किया है। करंट बायोलॉजी में प्रस्तुत उनकी रिपोर्ट के अनुसार हाथियों की सूंड को (चीज़ों के अनुसार) पकड़ में लचीलापन मांसपेशी तंतुओं के लगभग 90,000 सूक्ष्म गुच्छों से मिलता है। इस खोज से रोबोट के उपांगों में लचीलापन लाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि हाथी की सूंड उपांग के उन चंद उदाहरणों में से हैं जिनमें हड्डियां नहीं होती, लेकिन फिर भी ये स्वयं से घूम-मुड़ सकते हैं; जैसे हमारी जीभ। प्रमुख रूप से, सूंड के दोनों तरफ आठ मुख्य पेशियां होती हैं, साथ ही दोनों नासिका छिद्रों के बीच सूंड के शुरू से आखिर तक एक लंबी पेशी होती हैं। लेकिन सूंड को विशिष्टता इन पेशियों की सूक्ष्म बनावट से मिलती है।

पेशियां तंतुओं के गुच्छों से बनी होती हैं। इन गुच्छों को फैसिकल कहते हैं और इनकी जमावट ही पेशियों के विभिन्न कार्यों के लिए ज़िम्मेदार है। पूर्व अध्ययनों में सूंड का विच्छेदन करके अनुमान लगाया गया था कि सूंड में तकरीबन 30,000 से 1,50,000 के बीच फैसिकल्स हो सकते हैं। सटीक गणना के लिए हम्बोल्ट विश्वविद्यालय के तंत्रिका वैज्ञानिक माइकल ब्रेख्त की टीम ने 6 दिन की उम्र में मृत एक शिशु हाथी की सूंड को उच्च विभेदन वाले सीटी स्कैनर से स्कैन किया और एक सॉफ्टवेयर की मदद से सूंड के चार प्रतिनिधि भागों में पेशियों के फैसिकल्स की पहचान की। इस तरह उन्होंने पता लगाया कि पूरी सूंड में 89,000 से भी अधिक फैसिकल्स होते हैं। सूंड के पकड़ बनाने वाले सिरे पर सबसे अधिक, लगभग 8000, नन्हें फैसिकल्स होते हैं। सिरे पर इन फैसिकल्स की लंबाई महज 2 मिलीमीटर होती है और औसत व्यास मानव बाल (औसतन 75 माइक्रोमीटर) के बराबर होता है। तुलना के लिए देख सकते हैं कि मानव हाथ के फैसिकल्स करीब 60 मिलीमीटर लंबे होते हैं।

इसके अलावा सूंड के सिरे पर फैसिकल्स की जमावट रेडियल रूप में (कतार में केन्द्र से बाहर की ओर) होती है, जो पकड़ में बारीक नियंत्रण के लिए महत्वपूर्ण है। इस तरह यह सूंड के सिरे को चुन्नट डालकर सिकुड़ने और फैलने में मदद करती है।

स्कैन से यह भी पता चला कि मुख्य सूंड में सिरे की तुलना में फैसिकल्स काफी बड़े होते हैं, और दो तरह से जमे होते हैं। लंबाई में जमे फैसिकल्स पूरी सूंड को ऊपर-नीचे और अगल-बगल ले जाने में मदद करते हैं जबकि आड़े में जमे फैसिकल्स सूंड में मरोड़ पैदा करने में सहायता करते हैं। सूंड के ऊपरी हिस्से में ज़्यादा पेशियां आड़े में जमी होती हैं जबकि नीचे की ओर लंबाई में जमी पेशियां ज़्यादा होती हैं। यही कारण है कि सूंड बाहर की तुलना में अंदर की ओर ज़्यादा मुड़ सकती है।

इस जानकारी का इस्तेमाल अधिक लचीले और नियंत्रित रोबोटिक अंग बनाने में किया जा सकेगा। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://www.science.org/do/10.1126/science.adl0582/full/_20230926_on_elephant_trunks_new-1695750396387.jpg

मंथर गति घोंघा – स्लग – के गंभीर प्रभाव – हरेन्द्र श्रीवास्तव

बारिश के मौसम में आपने घरों के आसपास, बाग-बगीचों और खेतों में अक्सर जोंक जैसा दिखने वाला एक जीव अवश्य देखा होगा। चिपचिपे पदार्थ को अपने शरीर से स्रावित कर ज़मीन पर बेहद धीमी गति से रेंगते हुए इस जीव को देखकर अक्सर यह जिज्ञासा पैदा होती है कि आखिर ये कौन-सा अनोखा जीव है? प्राय: देखा गया है कि अधिकांश लोग अनुमान लगाते और मान लेते हैं कि यह जोंक है। क्या आपने कभी सोचा है कि वास्तव में यह कौन-सा जीव हो सकता है?

मानसून के दौरान दिखाई देने वाला ये जीव दरअसल घोंघे की एक प्रजाति है। इसे स्लग (slug) कहते हैं और हिंदी में इसे मंथर के नाम से जाना जाता है। स्लग एक अकशेरुकी जीव है जिसे जोंक समझ बैठते हैं। घोंघे के बारे में लोगों की धारणा है कि वह अपनी खोल के भीतर बंद रहता है और जिसके शरीर पर एक कठोर कवच पाया जाता है। यह स्वाभाविक भी है क्योंकि हमने बचपन से ही नदी, तालाबों, पोखरों जैसे जलभराव क्षेत्रों में घोंघे का यही आकार एवं स्वरूप देखा है। विज्ञान की किताबों में भी अक्सर विद्यार्थियों को कवच वाले घोंघे के बारे में ही जानकारी दी जाती है, स्लग घोंघे के बारे में नहीं। लिहाज़ा लोग जानते ही नहीं कि बिना कवच के भी कोई घोंघा हो सकता है।

स्लग धरती पर जंतुओं के दूसरे सबसे बड़े संघ मोलस्का के अन्तर्गत गैस्ट्रोपॉड वर्ग के प्राणी हैं। आर्थ्रोपॉड्स के बाद मोलस्का ही जंतुओं का दूसरा सबसे बड़ा संघ है जिसमें 85 हज़ार से भी ज़्यादा प्रजातियां शामिल हैं। सामान्य तौर पर दिखाई देने वाले कठोर कवचयुक्त घोंघे के विपरीत स्लग एक ऐसा घोंघा है जिसके शरीर पर कोई कठोर खोल अथवा कवच जैसी संरचना नहीं पाई जाती है। इसलिए इसे कवच विहीन स्थलीय घोंघा कहते हैं। अंग्रेज़ी में इसे लैंड स्लग, गार्डन स्लग, लेदरलीफ स्लग आदि नामों से जाना जाता है। दुनिया भर में स्लग की हज़ारों प्रजातियां पाई जाती हैं। वैज्ञानिक शोधों के मुताबिक भारत में स्लग और स्थलीय घोंघो की 1400 से भी ज़्यादा प्रजातियां विभिन्न भौगोलिक पर्यावासों में फैली हुई हैं: पश्चिमी घाट, पूर्वोत्तर भारत, हिमालयी क्षेत्र वगैरह।

स्लग मुख्यत: रात में सक्रिय होते हैं। स्लग का शरीर बेहद नरम एवं मुलायम होने के साथ ही बहुत नम भी होता है। स्लग कड़ी धूप और तापमान के प्रति बेहद संवेदनशील होते हैं क्योंकि इन्हें अपने नरम ऊतकों के सूखने का खतरा बना रहता है। अत: अपने शरीर में नमी बनाए रखने हेतु ये ज़्यादा गर्म व शुष्क मौसम से बचने का प्रयास करते हैं। शरीर की नमी सूखने ना पाए, इसलिए ये पेड़ की छाल, पत्तियों के ढेर और ज़मीन पर गिरी लकड़ी जैसी जगहों पर छिप जाते हैं। यही कारण है कि स्लग वर्षा ऋतु में ही बाग-बगीचों, नर्सरी और खेतों की नम भूमि तथा पौधों पर दिखाई देते हैं। स्लग के सिर के अग्रभाग पर दो जोड़ी स्पर्शिकाएं पाई जाती हैं। ये स्पर्शिकाएं स्लग को गंध एवं प्रकाश का अनुमान लगाने में मदद करती हैं।

स्लग प्राय: काले, भूरे, हरे, पीले और स्लेटी रंगों में देखने को मिलते हैं। स्लग का प्रजनन काल मुख्यत: बारिश के मौसम में शुरू होता है। इनकी प्रजनन गतिविधियां भरपूर नमी और उच्च आर्द्रता वाले मौसम पर निर्भर करती हैं। यही कारण है कि मानसून के दौरान उच्च आर्द्रता वाले मौसम में प्रजनन के उपरांत इनकी संख्या में बेतहाशा बढ़ोतरी देखी जाती है। स्लग एक बार में औसतन 30-40 अंडे देते हैं। कुछ प्रजातियां एक बार में 80 से भी ज़्यादा अंडे दे सकती हैं।

ज़मीन पर चलते हुए ये अपने शरीर से एक बेहद चिपचिपा सा तरल पदार्थ छोड़ते जाते हैं जिस कारण से देखने में ये घिनौने प्रतीत होते हैं। दरअसल इस चिपचिपे द्रव से इन्हें ज़मीन की उबड़-खाबड़ सतह पर चलने में मदद मिलती है। इसी चिपचिपे पदार्थ की मदद से ये पौधों की टहनियों और पत्तियों पर भी बड़ी आसानी चलते जाते हैं। यह चिपचिपा पदार्थ शिकारियों से सुरक्षा करने में भी इनकी सहायता करता है।

स्लग का आहार वनस्पतियां और फफूंद हैं। स्लग पौधों की पत्तियां, बीजांकुर, कुकुरमुत्ते, फफूंद, सब्जि़यां, फल आदि खाते हैं। खतरा महसूस होने पर स्लग अपने बेहद लचीले शरीर को सिकोड़कर गोल और स्थिर कर लेते हैं। काले और भूरे रंगों वाले स्लग स्थिर एवं संकुचित अवस्था में आलू के छिलके की तरह दिखाई देते हैं इसलिए कभी-कभी इनके शिकारी और इंसान भी गच्चा खा जाते हैं।

स्लग पारिस्थितिकी तंत्र में भी अहम भूमिका निभाते हैं। वातावरण के प्रति बेहद संवेदनशील होने के कारण ये बदलते मौसम एवं जलवायु के प्राकृतिक संकेतक हैं। स्लग प्राकृतिक खाद्य शृंखला के भी महत्वपूर्ण घटक हैं। कई प्रजाति के पक्षियों, सांपों, छिपकलियों, छोटे स्तनपायी जीवों एवं कुछ अकशेरुकी जंतुओं के लिए भी स्लग मुख्य आहार हैं। स्लग वातावरण से सड़ी-गली वनस्पतियों, कवकों तथा मृत कीटों के अवशेषों का भी सफाया करते हैं और पर्यावरण में पोषक तत्वों का पुनर्चक्रण करते हैं। स्लग कई जंगली प्रजाति के जीवों को मैग्नीशियम, पोटेशियम और कैल्शियम जैसे पोषक तत्व उपलब्ध करवाते हैं।

हालांकि स्लग की पर्यावरण में महत्वपूर्ण भूमिका है लेकिन इनकी कई प्रजातियां आज कृषि एवं बागवानी के लिए बेहद हानिकारक कीट के रूप में गिनी जाती हैं। पिछले कुछ दशकों से स्लग दुनिया भर के सैकड़ों देशों में आक्रामक प्रजाति के तौर पर व्यापक रूप से फैल गए हैं जो अंकुरित पौधों, पत्तियों, फल-फूलों और सब्जि़यों को काफी नुकसान पहुंचाते हैं। अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार और आयात-निर्यात जैसी आर्थिक गतिविधियों के चलते स्लग की कई प्रजातियां अपने मूल स्थान से अन्य भौगोलिक क्षेत्रों में पहुंचकर वहां की स्थानीय जैव विविधता के लिए खतरा पैदा कर रही हैं। ज़ाहिर है जब वनस्पति या जीव-जंतु की कोई भी प्रजाति अपने मूल स्थान से नए क्षेत्रों में पहुंच जाए तो वे या तो उस वातावरण में जीवित नहीं रह पाती, या यदि किसी तरह उस नए वातावरण में ढल जाती हैं और वहां की स्थानीय प्रजातियों से प्रतिस्पर्धा करने लगती है जिस कारण पारिस्थितिक तंत्र में असंतुलन पैदा होना स्वाभाविक है। लैंटाना और गाजर घास इसके महत्वपूर्ण उदाहरण हैं। स्लग की भी कई प्रजातियां एक महाद्वीप से दूसरे महाद्वीप में पहुंचकर आज कृषि एवं पर्यावरण के लिए हानिकारक साबित हो रही हैं। स्लग नए पारिस्थितिकी क्षेत्रों में इसलिए भी तेज़ी से फलते-फूलते हैं क्योंकि नई जगह पर उनका कोई बड़ा शिकारी नहीं होता।

स्लग पौधे के समस्त हिस्सों का उपभोग करते हैं। ये पत्तियों के बीच वाले भाग में छेद कर देते हैं और किनारे वाले भागों को कुतर देते हैं जिससे पौधे सूख जाते हैं। स्लग पौधों को तेज़ी से चट करते हैं जिसके चलते वनस्पतियों की कई प्रजातियों में काफी गिरावट आती है। यहां तक कि कई पौधों की प्रजातियां विलुप्ति के कगार पर भी पहुंच जाती हैं और उन वनस्पतियों पर निर्भर जीव-जंतुओं का अस्तित्व भी संकट में पड़ जाता है। स्लग द्वारा स्रावित चिपचिपा पदार्थ भी पौधों की संरचना को नुकसान पहुंचाता है।

भारत में स्लग की तकरीबन 15 प्रजातियां गंभीर कृषि कीट के रूप में पहचानी गईं हैं जिनमें से कॉमन गार्डन स्लग या लेदरलीफ स्लग (लेविकौलिस अल्टे) और ब्राउन गार्डन स्लग (फीलिकौलिस अल्टे) लगभग पूरे देश में फैली हैं। पश्चिम बंगाल में मार्श स्लग (डेरोसिरास लीवे) एक नई खोजी गई आक्रामक स्लग प्रजाति है। आज कॉमन गार्डन स्लग भारत सहित दक्षिण एवं दक्षिण-पूर्वी एशिया के कई देशों में तेज़ी से फैल रहे हैं। भारत में कई सब्ज़ियों और फूलों को तेज़ी से नुकसान पहुंचाते देखा गया है। ये स्लग नर्सरी में सुगंधित एवं औषधीय पौधों के लिए अत्यन्त हानिकारक है। इसी तरह ब्राउन गार्डन स्लग मूली, बंदगोभी, ब्रोकोली और पत्तागोभी को नष्ट करता है। दक्षिण भारत में यह कॉफी, रबर, ताड़, केला और काली मिर्च के पौधों के लिए अत्यन्त नुकसानदायक है। अफ्रीका का मूल निवासी कैटरपिलर स्लग भारत में हाल में ही नई आक्रामक प्रजाति के रूप में रिपोर्ट किया गया है। एक अनुमान के मुताबिक कैटरपिलर स्लग के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था को प्रतिवर्ष 26 अरब डॉलर का घाटा होता है। लेविकौलिस हेराल्डी नामक एक नई विदेशी स्लग प्रजाति महाराष्ट्र में पहचानी गई है।

कई देशों में इन हानिकारक स्लग प्रजातियों को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आम तौर पर किसान अपने खेतों में स्लग की बढ़ती आबादी को रोकने हेतु नमक का छिड़काव करते हैं जो उनके शरीर की नमी को सोख लेता है लेकिन इससे मिट्टी के क्षारीय एवं लवणीय होने का खतरा है। स्लग प्राय: शुष्क जगहों से बचने का प्रयास करते हैं इसीलिए किसानों द्वारा इन्हें नियंत्रित करने के लिए सूखी राख का भी प्रयोग किया जाता है। साल में दो बार खेतों की गहरी जुताई करना भी स्लग से छुटकारा पाने का पर्यावरण अनुकूल तरीका है। जुताई से मिट्टी में मौजूद स्लग के अंडे नष्ट हो जाते हैं या मिट्टी से बाहर आकर शिकारियों द्वारा खा लिए जाते हैं। खेतों-क्यारियों की समय-समय पर निंदाई-गुड़ाई करते रहना भी स्लग को रोकने का एक कारगर उपाय है क्योंकि इससे स्लग के अंडे और स्लग को पोषण तथा आश्रय देने वाले खरपतवार पौधे नष्ट हो जाते हैं। कॉपर सल्फेट और ऑयरन फास्फेट भी स्लग को नष्ट करने में मददगार साबित हुए हैं।

स्लग नियंत्रण के उपायों में कृषि भूमि के आसपास पक्षियों एवं सांपो का संरक्षण शामिल करना होगा क्योंकि ये जंतु इनके प्राकृतिक शिकारी हैं और इनकी बढ़ती जनसंख्या पर लगाम लगाने में सक्षम हैं। कुछ किसानों और बागवानों द्वारा इन्हें हाथ से पकड़कर दूर किया जाता है जो एक सार्थक प्रयास है।

वास्तव में देखा जाए तो मानव द्वारा पर्यावरण एवं जैव विविधता को नुकसान पहुंचाने के चलते ही स्लग की कुछ प्रजातियां कृषि और बागवानी के लिए हानिकारक साबित हुई हैं। हम मनुष्यों ने विदेशी पौधों एवं वन्य जीवों को दूसरे देशों से आयात किया और साथ में इन आक्रामक प्रजातियों को भी अपने खेतों तक पहुंचा दिया। किसानों द्वारा पक्षियों और सांपों को कीटनाशकों का उपयोग कर मार दिया गया जो स्लग के प्राकृतिक नियंत्रणकर्ता थे। कहीं ऐसा ना हो कि एक दिन स्लग हमारी खेती और अर्थव्यवस्था को चौपट कर दें। सरकार द्वारा प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को स्लग के भावी खतरे के प्रति सचेत करना होगा। बंदरगाहों एवं हवाई अड्डों पर बाहरी देशों से आयातित वस्तुओं का निरीक्षण कर देश में विदेशी स्लग प्रजातियों के घुसपैठ को रोका जा सकता है। अत: इस बारे में नियम-कायदे बनाने चाहिए। स्लग पारिस्थितिकी तंत्र में मुख्य भूमिका निभाते हैं और वो भी इसी पर्यावरण के अभिन्न अंग है लेकिन जब वो मानवीय गतिविधियों के चलते अपने मूल भौगोलिक क्षेत्र से भटक जाते हैं, तब नए परितंत्र में वे कृषि एवं जैव विविधता के लिए संकट खड़ा करते हैं। आज ज़रूरत है कि हम खुद पर्यावरण के प्रति सचेत हों ताकि मानव, जैव विविधता एवं प्रकृति के बीच संतुलन बना रहे।(स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://www.collinsdictionary.com/images/full/slug_38280988.jpg

जर्मनी के सुअरों में परमाणु परीक्षणों के अवशेष हैं

र्मनी के बावेरियन पर्वत के इलाके में जंगली सुअर इतने रेडियोसक्रिय हैं कि उन्हें भोजन की दृष्टि से असुरक्षित घोषित कर दिया गया है। लेकिन इनमें यह रेडियोसक्रियता आई कहां से? एंवायर्मेंटल साइन्स एंड टेक्नॉलॉजी में प्रकाशित एक अध्ययन में वैज्ञानिकों ने बताया है कि इनके शरीर में यह रेडियोसक्रियता उन परमाणु परीक्षणों का परिणाम है जो आज से 60 साल पहले हुए थे। परमाणु हथियारों के परीक्षण के पर्यावरणीय व स्वास्थ्य सम्बंधी असर का अध्ययन बहुत कम किया गया है और प्राय: इन्हें भुला दिया गया है।

बावेरिया के जंगली सुअरों में रेडियोसक्रियता के इतने लंबे समय तक बने रहने का दोष अक्सर 1986 की चेर्नोबिल दुर्घटना को दे दिया जाता है। गौरतलब है कि चेर्नोबिल इस इलाके से करीब 1300 किलोमीटर दूर है। दुर्घटना के फौरन बाद रेडियोसक्रिय पदार्थ वातावरण में फैला और बावेरिया व अन्यत्र जंगली जानवरों में रेडियोसक्रिय सीज़ियम पहुंच गया। समय के साथ अधिकांश जानवरों में तो रेडियोसक्रियता कम होती गई लेकिन जंगली सुअरों में नहीं। वैज्ञानिकों का मानना है कि इसका कारण यह है कि ये जंगली सुअर ट्रुफल मशरूम (कुकुरमुत्ते) खाना बहुत पसंद करते हैं। रेडियोसक्रिय कण मिट्टी में रिसते हैं और फिर मशरूम में संग्रहित होते रहते हैं। ये जंगली सुअर इन्हीं रेडियोधर्मी मशरूम को खाते हैं।

लेकिन इस कथानक को लेकर कई लोगों को संदेह था। उन्हें लगता था कि शायद चेर्नोबिल हादसा जंगली सुअरों में पाई गई उच्च रेडियोसक्रियता की पूरी व्याख्या नहीं कर सकता। लीबनिज़ विश्वविद्यालय के रेडियो-पारिस्थितिकीविद बिन फेंग का ख्याल था कि, हो न हो, ये जानवर उन परमाणु शस्त्र परीक्षणों के परोक्ष शिकार हैं, जो 1960 के दशक में अपने चरम पर थे। शीत युद्ध के दौरान दुनिया भर में 5000 से ज़्यादा परमाणु बमों का परीक्षण किया गया था और इनमें से 500 तो सीधे वातावरण में फोड़े गए थे। इनसे जो रेडियोधर्मी कण फैले वे अंतत: वापिस धरती पर पहुंचे थे। उपरोक्त अध्ययन के एक अन्य शोधकर्ता जॉर्ज स्टाइनहौसर का कहना है कि आज ये कण मिट्टी में सर्वत्र मौजूद हैं।

फेंग और उनके साथियों ने शिकारियों के साथ काम करते हुए इस इलाके के 48 सुअरों का मांस इकट्ठा किया और उनमें रोडियोधर्मी सीज़ियम का स्तर नापा। पाया गया कि 88 प्रतिशत नमूने खाने के अयोग्य हैं।

इसके बाद शोधकर्ताओं ने इन नमूनों में समस्थानिकों की छानबीन की। उनकी दिलचस्पी खास तौर से दो समस्थानिकों में थी – सीज़ियम-137 और सीज़ियम-135। इनका अनुपात रेडियोसक्रियता के स्रोत के अनुसार अलग-अलग होता है – यानी इनका अनुपात इस बात पर निर्भर करता है कि यह रेडियोसक्रियता किसी परमाणु बिजलीघर से आई है या परमाणु विस्फोट से आई है।

शोधकर्ताओं ने अध्ययन से निष्कर्ष निकाला कि सारे सुअरों के मांस में रोडियोसक्रियता चेर्नोबिल और परमाणु हथियारों का मिला-जुला परिणाम है। परमाणु विस्फोटों से आई रेडियोसक्रियता का अंश काफी अलग-अलग था – 10 से 99 प्रतिशत तक। कम से कम एक-चौथाई सुअरों में परमाणु बमों की वजह से ही इतनी रेडियोसक्रियता आई है कि वे खाने योग्य नहीं रह गए हैं। इतने वर्षों तक रेडियोसक्रियता के टिके रहने का कारण यह हो कि जंगल की मिट्टी में कणों के नीचे बैठने की रफ्तार कम होती है।

रेडियोसक्रियता के टिके रहने के अन्य परिणाम भी हो सकते हैं। जैसे, इस इलाके में जंगली सुअर के मांस की खपत काफी कम हो गई है। यदि खपत कम होगी तो शिकारी इन्हें पकड़ेंगे नहीं। इस तरह इनकी आबादी बेलगाम ढंग से बढ़ने का खतरा है, जिसका असर जंगल की पारिस्थितिकी पर भी होगा।(स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://d.newsweek.com/en/full/2142199/atomic-bomb-pig-looking.jpg

तनाव में कुछ कृमि स्वजाति-भक्षी बन जाते हैं

मिट्टी में रहने वाले कृमि एलोडिप्लोगैस्टर सुडौसी वैसे भी दैत्य के तौर पर जाने जाते हैं। साइज़ में ये अन्य सम्बंधित जीवों से लगभग दुगने बड़े होते हैं। लेकिन शोधकर्ताओं ने बायोआर्काइव्स प्रीप्रिंट में बताया है कि भूखे होने पर तो ये वास्तव में हैवान बन जाते हैं। इनका मुंह बड़ा हो जाता है और ये तेज़ी से अपने साथियों को खाने लगते हैं।

अन्य नेमेटोड कृमियों में देखा गया था कि जब उन्हें बैक्टीरिया खाने को दिए जाते हैं तो उनका मुंह छोटा ही रहता है, और अन्य कीटों को खाने में उनकी कोई रुचि नहीं होती है। लेकिन जब उन्हें खाने के लिए अन्य कृमियों के लार्वा दिए जाते हैं तो उनका मुंह बड़ा हो जाता है और वे अपने बाकी साथियों को खाने लगते हैं, अपनी संतानों को छोड़कर।

हालिया अध्ययन में शोधकर्ताओं ने ए. सुडौसी में इसी क्रम को दोहराने का प्रयास किया था। इसके लिए उन्होंने इन कृमियों को विभिन्न तरह के खाद्य पदार्थ खाने को दिए। लेकिन जब उन्होंने इन कृमियों को एक फफूंद (पेनिसिलियम कैमेम्बर्टी) खिलाई, जिसका उपयोग विभिन्न चीज़ (cheese) बनाने में किया जाता है, तो इसे खाकर इन कृमियों का मुंह बड़ा हो गया।

अन्य कृमियों में ऐसा नहीं होता। शोधकर्ताओं का ख्याल है कि ऐसा करने में ए. सुडौसी को उनके जीन की अतिरिक्त जोड़ी ने सक्षम बनाया है। मुंह बड़ा होना उनमें तनाव के प्रति प्रतिक्रिया हो सकती है। ऐसा लगता है कि पेनिसिलियम कैमेम्बर्टी इन कृमियों को पर्याप्त पोषण नहीं देती है और स्वजाति भक्षण की यह क्षमता पोषण की क्षतिपूर्ति में उनकी मदद करती है। यानी बड़े जबड़े और मुंह के साथ इनमें से कम से कम कुछ कृमि तो उन परिस्थितियों में जीवित बच सकते हैं, जब अन्य नेमेटोड भूखे मर जाएंगे।(स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://en.wikipedia.org/wiki/Allodiplogaster_sudhausi#/media/File:Allodiplogaster_sudhausi_adult.png

पीठ पर ‘दीमक’ उगाकर धोखाधड़ी

शिकारियों से बचने या शिकार करने के लिए कई सारे जीव तरह-तरह से रूप बदलते हैं। इसी क्रम में शोधकर्ताओं ने रोव बीटल की एक नई प्रजाति की खोज की है जो वास्तविक दीमकों को मूर्ख बनाने के लिए अपनी पीठ पर दीमक की प्रतिकृति विकसित कर लेती है। यह प्रतिकृति इतनी सटीक होती है कि इसमें दीमकों के शरीर के विभिन्न हिस्से भी दिखाई देते हैं: इसमें तीन जोड़ी छद्म उपांग भी होते हैं जो वास्तविक दीमकों के स्पर्शक और टांगों जैसे लगते हैं।

जीव जगत में स्टेफायलिनिडे कुल की रोव बीटल्स वेष बदल कर छलने के लिए मशहूर हैं। मसलन, उनकी कुछ प्रजातियां सैनिक चींटियों की तरह वेश बदलकर उनके साथ-साथ चलती हैं और उनके अंडे और बच्चों को खा जाती हैं।

ऑस्ट्रेलिया के उत्तरी क्षेत्र में मिट्टी के नीचे पाई जाने वाली रोव बीटल की नई प्रजाति, ऑस्ट्रोस्पाइरेक्टा कैरिजोई, अपने उदर को बड़ा करके दीमक की नकल करती है। इसे फिज़ियोगैस्ट्री कहा जाता है। ज़ुओटैक्सा नामक पत्रिका में शोधकर्ता बताते हैं कि विकास ने इन बीटल्स के शरीर के ऊपरी हिस्से पर दीमक के समान सिर व बाकी सभी अंग, विकसित कर दिए हैं। बीटल का असली, बहुत छोटा सिर उसके छद्म वेश के नीचे छिपा रहता है।

इस छलावरण से बीटल दीमकों के समूह में पहचाने जाने से बच जाती हैं – हालांकि दीमक अंधी होती हैं, वे एक-दूसरे को स्पर्श से पहचानती हैं। दीमकों जैसी आकृति दीमक होने का ही एहसास देती है। दीमकों के समूह में जाकर ये बीटल उनका अद्वितीय उपचर्मीय हाइड्रोकार्बन मिश्रण भी सोख लेते हैं या इसी तरह के यौगिक स्वयं बनाने लगते हैं ताकि ऐसा पक्के में लगने लगे कि वे दीमक ही हैं।

चूंकि ए. कैरिजोई का मुंह छोटा होता है, इसलिए शोधकर्ताओं को लगता है कि वे दीमकों के अंडे या लार्वा खाने की बजाय उनसे भोजन मांगते हैं। श्रमिक दीमक भोजन के आदान-प्रदान (ट्रोफालैक्सिस) द्वारा भोजन या अन्य तरल अपने साथियों को खिलाते हैं। बीटल के इस छलावरण का मंतव्य साफ है, बस दीमक बनकर उनके समूह में बस जाओ और आराम से भोजन पाओ।(स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://www.science.org/do/10.1126/science.adk7176/full/_20230805_on_austrospirachtha_carrijoi-1694022998157.jpg

मधुमक्खियों की भूमिगत दुनिया

पको यह जानकर आश्चर्य होगा कि मधुमक्खियों की कई प्रजातियां अपना अधिकांश जीवन ज़मीन के नीचे बिताती हैं जहां वे छत्ते बनाती हैं। हाल ही में उन्नत एक्स-रे तकनीक की मदद से शोधकर्ताओं ने भूमिगत मधुमक्खियों की गुप्त दुनिया को खोज निकाला है। अब वे इन छत्तों के निर्माण और मिट्टी की सेहत पर इनके प्रभाव को समझने का प्रयास कर रहे हैं।

लगभग 85 प्रतिशत मधुमक्खी प्रजातियां अपने छत्ते ज़मीन के नीचे बनाती हैं लेकिन इस बारे में बहुत कम जानकारी है कि ये जटिल संरचनाएं कैसे बनाई जाती हैं। इनके अध्ययन के लिए छत्तों को खोदना पड़ता है। एक तरीका यह है कि छत्ते में टैल्कम पाउडर डालकर खुदाई की जाए ताकि छत्ते की दीवारें अलग चमकें। फिर मिट्टी की एक-एक परत हटाकर छत्ते का चित्र बनाते जाना होता है। एक अन्य तरीका यह रहा है कि मधुमक्खी को प्रयोगशाला में पालकर उसे भूमिगत छत्ता बनाने दिया जाए। लेकिन इन तकनीकों से घोंसलों के त्रि-आयामी आकार की केवल एक सीमित तस्वीर ही बन पाती है।

इनकी त्रि-आयामी संरचना को समझने के लिए स्वीडिश युनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज़ के मृदा वैज्ञानिक थॉमस केलर ने अस्पतालों में इस्तेमाल की जाने वाली सीटी स्कैनिंग तकनीक का उपयोग किया। इस तरह मधुमक्खियों की दो मुख्य प्रजातियों, खनिक मधुमक्खी (कोलीटस क्यूनीक्यूलैरियस) और स्वेद मधुमक्खी (लेज़ियोग्लॉसम मैलाचरम), के छत्तों का खुलासा किया गया। कोलीटस क्यूनीक्यूलैरियस एकाकी जीव है; हरेक मादा अपना घोंसला अकेले बनाती है, खुद ही पराग इकट्ठा करती है और छत्ता छोड़ने से पहले अंडे देती है। दूसरी ओर, लेज़ियोग्लॉसम मैलाचरम सामुदायिक रूप से प्रजनन करती है, कई पीढ़ियां साथ रहती हैं और यह समूह छत्ते को निरंतर विस्तार देता रहता है।

इन मधुमक्खियों का अध्ययन करने के लिए शोधकर्ताओं ने स्विट्जरलैंड के घास के मैदानों की विभिन्न प्रकार की मिट्टियों का चयन किया। उन्होंने ज़मीन के भीतर 20 सेंटीमीटर चौड़े प्लास्टिक के पाइप डाले जहां मधुमक्खियां सक्रिय थीं और एक महीने बाद लेज़ियोग्लोसम मैलाचरम इन पाइपों को बाहर निकालकर सीटी स्कैनर से छत्तों को स्कैन किया। शोधकर्ताओं ने पाया कि कोलीटस क्यूनीक्यूलैरियस का छत्ता सरल लंबवत था, जबकि लेज़ियोग्लोसम मैलाचरम का छत्ता कहीं अधिक जटिल था।

मधुमक्खियों की गतिविधियों का मिट्टी की संरचना पर महत्वपूर्ण प्रभाव दिखा। छत्तों में इल्लियों के लिए बनाए प्रकोष्ठ मिट्टी में उपस्थित अन्य छिद्रों (जैसे जड़ों या कृमियों द्वारा बनाए गए छिद्रों) की तुलना में कहीं अधिक टिकाऊ थे क्योंकि इन्हें पत्तियों और पंखुड़ियों का अस्तर लगाकर वॉटरप्रूफ किया गया था। एक सुराख तो 16 महीने के अध्ययन में महफूज़ रहा।

हालांकि इस प्रकार के अध्ययन के लिए बड़े सीटी स्कैनर का व्यापक स्तर पर उपयोग करना तो संभव नहीं है लेकिन आज की उन्नत तकनीकों की मदद से शोधकर्ता यह तो पता लगा ही सकते हैं कि क्या मधुमक्खियां अपने भूमिगत छत्ते की डिज़ाइन को मिट्टी की किस्म और जलवायु के अनुसार ढालती हैं। इसके अतिरिक्त, वे यह भी पता लगा सकते हैं कि क्या कुछ परिस्थितियां उनके प्रजनन में मददगार होती हैं। इस आधार पर इनके संरक्षण के प्रयास किए जा सकते हैं।

फिलहाल शोधकर्ताओं का उद्देश्य यह पता लगाना है कि खेतों की जुताई जैसी प्रथाएं मधुमक्खियों को कैसे प्रभावित करती हैं। उम्मीद है कि यह अध्ययन नीति निर्माताओं को जंगली मधुमक्खियों की आबादी को बढ़ावा देने सम्बंधी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएगा। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://www.science.org/do/10.1126/science.adk7644/full/_20230908_on_burrowing_bees-1694199932813.jpg
https://ars.els-cdn.com/content/image/1-s2.0-S0016706123003324-ga1_lrg.jpg

पतंगों की साइज़ के चमगादड़

हाल ही में शोधकर्ताओं ने फिजी के दूर-दराज द्वीप वनुआ बालावु पर पतंगों की साइज़ के चमगादड़ों का नया आवास खोज निकाला है। इस अभियान में शोधकर्ताओं को न सिर्फ प्रशांत द्वीप में सबसे अधिक चमगादड़ आबादी (तकरीबन 2000 से 3000) वाली गुफा मिली है बल्कि विलुप्ति की ओर अग्रसर इस जीव को बचाने के प्रति कुछ आशा भी जगी है।

गैर-मुनाफा संगठन कंज़र्वेशन इंटरनेशनल के नेतृत्व में किए गए इस अभियान में शोधकर्ता चमगादड़ों की गुफा तक स्थानीय लोगों की मदद से पहुंचे। यह एक गिरजाघर जितनी बड़ी कंदरा थी। यहीं उन्हें ठसाठस भरे म्यान जैसी पूंछ वाले चमगादड़ (एम्बालोनुरा सेमिकॉडैटा सेमीकॉडैटा) मिले।

इन चमगादड़ों के फर मुलायम, चॉकलेटी-भूरे रंग के होते हैं। ये चार सेंटीमीटर लंबे होते हैं और इनका वज़न अधिक से अधिक पांच ग्राम तक होता है। ये छोटे-छोटे कीटों को खाते हैं। मनुष्यों द्वारा प्रशांत महासागर पार करने और इन द्वीपों पर बसने से कुछ लाख साल पहले ये चमगादड़ उड़कर आए और यहां बस गए थे।

गौरतलब है कि प्रशांत द्वीप समूहों पर चमगादड़ों की 191 प्रजातियां ज्ञात हैं; इनमें कीटभक्षी चमगादड़ से लेकर पेड़ों पर लटकने वाले और फलाहारी उड़न-लोमड़ी चमगादड़ तक रहते हैं। इस क्षेत्र में लोग चमगादड़ों की विष्ठा (गुआनो) उर्वरक के तौर पर इकट्ठा करते हैं तथा भोजन के लिए उनका शिकार करते हैं। यहां तक कि सोलोमन द्वीप के लोग इनके दांतों का उपयोग पारंपरिक मुद्रा के रूप में भी करते हैं। इसके अलावा, कीटभक्षी चमगादड़ अपने आसपास के पारिस्थितिक तंत्र में फसल के कीटों और रोग फैलाने वाले मच्छरों को नियंत्रित करके महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

म्यान जैसी पूंछ वाले चमगादड़ किसी समय प्रशांत क्षेत्र में सबसे अधिक पाए जाने वाले स्तनधारियों में से थे, लेकिन अब इन पर विलुप्ति का संकट सबसे अधिक है। करीब सौ साल पहले तक ये गुआम से लेकर अमेरिकी समोआ तक पाए जाते थे। लेकिन आज महज चार उप-प्रजातियां माइक्रोनेशिया और फिजी के ही कुछ द्वीपों पर बची हैं और इनकी संख्या लगातार घट रही है।

चमगादड़ों के कुछ महत्वपूर्ण बसेरे अब पूरी तरह से चमगादड़ विहीन हो गए हैं। 2018 में वनुआ बालावु से लगभग 120 कि.मी. उत्तर-पश्चिम में तवेउनी द्वीप पर एक गुफा में लगभग 1000 ऐसे चमगादड़ मिले थे लेकिन 2019 तक जंगलों के सफाए के कारण चंद सैकड़ा ही बचे थे।

इस अभियान से जुड़ी संरक्षण विज्ञानी सितेरी टिकोका का कहना है कि वनुआ बालावु की गुफा में ऐसा भरा-पूरा चमगादड़ का बसेरा मिलना सुखद था; इसने इनके बचने की आशा को फिर से जगा दिया है। लेकिन तवेउनी की स्थिति से सबक लेना चाहिए, जहां हम देख चुके हैं कि सिर्फ एक वर्ष में ही स्थिति कितनी बदल सकती है। यदि हमने इनके संरक्षण के लिए ज़रूरी कदम तत्काल नहीं उठाए तो ये चमगादड़ पूरी तरह लुप्त हो जाएंगे। स्थानीय लोगों का सहयोग भी ज़रूरी है क्योंकि स्पष्ट है कि स्थानीय लोगों ने ही इस जगह, इन गुफाओं और चमगादड़ों की देखभाल की है और बचाए रखा है।(स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://static.scientificamerican.com/sciam/cache/file/4544A3F3-741A-45D8-A708FB1BF8C38890.jpg