मधुमक्खियों के लिए टीका!

हाल ही में जॉर्जिया की एक बायोटेक कंपनी को मधुमक्खियों के लिए टीके की सशर्त स्वीकृति प्राप्त हुई है। इस टीके से वायरस और अन्य रोगजनकों को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी जो मधुमक्खियों को काफी नुकसान पहुंचाते हैं। यह कीटों के लिए विश्व का पहला टीका है।

डेलन एनिमल हेल्थ नामक कंपनी द्वारा विकसित टीका मधुमक्खियों को अमेरिकन फाउलब्रूड जैसे बैक्टीरिया से सुरक्षा प्रदान करता है। फिलहाल इस बैक्टीरिया से निपटने के लिए मधुमक्खियों की संक्रमित कॉलोनियों को जला दिया जाता है या एंटीबायोटिक्स का उपयोग किया जाता है।

गौरतलब है कि विश्व भर में मधुमक्खियों के करोड़ों छत्ते हैं लेकिन अन्य जीवों के विपरीत उनके लिए पर्याप्त स्वास्थ्य व्यवस्था नहीं है। इस टीके की मदद से अब मधुमक्खियों की प्रतिरोध क्षमता में सुधार की संभावना है।

टीके की बात आते ही लगता है कि सिरिंज की मदद से रोगजनक का मृत/दुर्बलीकृत संस्करण मधुमक्खी के शरीर में इंजेक्ट किया जाएगा। लेकिन ऐसा नहीं है – वास्तव में यह टीका भोजन के रूप में दिया जाएगा। टीके को रॉयल जैली में मिला दिया जाएगा जो रानी मधुमक्खी को खिलाई जाती है। इसे निगलने पर यह टीका उनके अंडाशय में जमा हो जाएगा और नई पीढ़ी की इल्लियां प्रतिरक्षा के साथ पैदा होंगी।   

वैज्ञानिकों का मानना रहा है कि कीटों में एंटीबॉडी नहीं होती, इसलिए उनमें प्रतिरक्षा विकसित होना संभव नहीं है। एंटीबॉडी एक प्रकार के प्रोटीन होते हैं जिनकी मदद से कई जंतु बैक्टीरिया और वायरस को पहचानकर उनसे लड़ते हैं। अलबत्ता, एक बार यह समझ लेने के बाद कि कीट भी प्रतिरक्षा हासिल कर सकते हैं और अगली पीढ़ी को दे सकते हैं, वैज्ञानिकों ने इस दिशा में काम करना शुरू किया।

वर्ष 2015 में डेलाइल फ्राइटेक और उनके सहयोगियों ने उस विशिष्ट प्रोटीन की पहचान की जो संतानों में प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया पैदा कर सकता है। यानी छत्ते की रानी मधुमक्खी की मदद से पूरे छत्ते की आबादी में प्रतिरक्षा विकसित की जा सकती है क्योंकि एक छत्ते में सारी संतानें एक ही रानी मधुमक्खी की होती हैं। वैज्ञानिकों का पहला लक्ष्य अमेरिकन फाउलब्रूड रोग था। इसके कारण मधुमक्खी के लार्वा भूरे होकर छत्ते में दुर्गंध उत्पन्न करने लगते हैं। यह मधुमक्खियों की कॉलोनियों को खत्म करने में भी सक्षम है।

यह टीका महत्वपूर्ण इसलिए है क्योंकि खाद्य प्रणाली में मधुमक्खियां परागणकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वे आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण कई फसलों के उत्पादन के लिए ज़िम्मेदार हैं। लेकिन कुछ समय से जलवायु परिवर्तन, कीटनाशकों, प्राकृतवासों के नष्ट होने और बीमारियों के कारण इनकी आबादी में कमी आई है। इस टीके को सशर्त अनुमोदन देने से कंपनियों को मधुमक्खियों के लिए टीके बनाने का प्रोत्साहन मिलेगा। खाद्य सुरक्षा के लिहाज़ से यह महत्वपूर्ण है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://ichef.bbci.co.uk/news/976/cpsprodpb/A867/production/_128211134_gettyimages-538390424.jpg

प्रातिक्रिया दे