मीठा कागज पानी से बैक्टीरिया हटाएगा – डॉ. दीपक कोहली

कनाडा में भारतीय मूल के शोधकर्ताओं के एक दल ने चीनीयुक्त कागज की एक विशेष पट्टी विकसित की है, जिसके ज़रिए पानी से हानिकारक बैक्टीरिया दूर किए जा सकते हैं। शोधकर्ताओं का कहना है कि इससे भारत समेत दुनिया भर में, खासकर ग्रामीण इलाकों में प्रदूषित पानी से ई.कोली नामक हानिकारक बैक्टीरिया को खत्म किया जा सकेगा। इस विशेष पट्टी को डिप ट्रीट नाम दिया गया है।

यॉर्क यूनिवर्सिटी की माइक्रो एंड नैनो स्केल ट्रांसपोर्ट लैब के शोधकर्ता सुशांत मित्रा ने कहा कि उनकी खोज डिप ट्रीट दुनिया भर में स्वास्थ्य लाभों के साथ किफायती और पोर्टेबल उपकरणों के विकास के लिए अहम होगी।

प्रदूषित पानी के नमूनों में डिप ट्रीट को डुबोकर लगभग 90 प्रतिशत बैक्टीरिया को प्रभावी तरीके से समाप्त करने में शोध टीम को सफलता मिल चुकी है। डिप ट्रीट की मदद से पानी में ई.कोली बैक्टीरिया का पता लगाने, उसे पकड़ने और खत्म करने में दो घंटे से भी कम समय लगेगा। इस विशेष कागज़ी पट्टी के इस्तेमाल से वैश्विक स्वास्थ्य के परिदृश्य को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इससे कनाडा के सुदूर उत्तरी क्षेत्रों से लेकर भारत के पिछड़े ग्रामीण इलाकों तक, पानी को बैक्टीरिया प्रदूषण से मुक्त करना आसान हो सकेगा।

कई शोधकर्ता पानी से बैक्टीरिया को हटाने के लिए कागज की छिद्रयुक्त पट्टी का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन डिप ट्रीट में सहजन की फलियों के बीज में पाए जाने वाले बैक्टीरियारोधी तत्व का इस्तेमाल किया है, ताकि प्रदूषित पानी से बैक्टीरिया को न केवल छाना जा सके, बल्कि नष्ट भी किया जा सके।

मौजूदा जलशोधन प्रणालियों में चांदी के सूक्ष्म कणों और मिट्टी का इस्तेमाल किया जाता है। इन चीज़ों के इस्तेमाल से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों के बारे में पूरी जानकारी नहीं है। लेकिन डिप ट्रीट में कुदरती बैक्टीरियारोधी तत्व चीनी का इस्तेमाल किया गया है। इससे पर्यावरण और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की संभावना नहीं है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://www.sciencedaily.com/images/2017/04/170404084433_1_540x360.jpg

क्या हमारे प्राइमेट रिश्तेदार भी वाचाल हैं? – डॉ. विपुल कीर्ति शर्मा

मनुष्य की तुलना में अधिकांश प्राइमेट्स तरहतरह की आवाज़ें नही निकाल सकते। प्राइमेट परिवार में एक ओर तो पेड़ों पर निवास करने वाले पश्चिमी अफ्रीका के वर्षा वनों में पाए जाने वाले कैलेबार आंगवानटिबो हैं जो केवल दो प्रकार की ही आवाज़ें निकलते हैं। दूसरे छोर पर मध्य अफ्रीका के कांगो बेसिन में पाए जाने वाले बौने चिम्पैंज़ी, बोनोबो हैं जो बेहद बातूनी हैं। ये कम से कम 38 प्रकार की आवाज़ें निकालने के लिए जाने जाते हैं।

फ्रंटियर इन न्यूरोसाइन्स में प्रकाशित एक नए अध्ययन में बताया गया है कि विभिन्न प्रकार की आवाज़ें निकालने के लिए केवल ध्वनि यंत्र (साउंड बाक्स) ही उत्तरदायी नहीं होता। पूर्व में वैज्ञानिक विभिन्न प्रकार की आवाज़ निकालने के लिए साउंड बाक्स को ही ज़िम्मेदार मानते थे और भाषा के विकास में इसे महत्वपूर्ण समझते थे। हाल ही में प्रकाशित शोध के अनुसार गैर मानव प्राइमेट में भी आवाज़ उत्पन्न करने वाली संरचना होमिनिड के सहोदरोंके समान ही है। एंजलिया रस्किन विश्वविद्यालय के प्राणि विद जैकब डुन के अनुसार यदि शरीर की आवाज़ निकालने वाली संरचना एक जैसी है तो मुख्य मुद्दा मस्तिष्क की क्षमता का हो जाता है।

प्राइमेट्स में ध्वनि उत्पन्न करने का ढांचा काफी विकसित है लेकिन अधिकांश प्रजातियों में जटिल ध्वनियां बनाने के लिए उत्तरदायी संरचनाएं तंत्रिका तंत्र के नियंत्रण में नहीं है। शोधकर्ता के एक और साथी, स्टोनीब्रुक विश्वविद्यालय के नोरोन स्माअर्स ने 34 प्राइमेट्स की बोलने की क्षमता के आधार पर एक सूची बनाई। फिर दोनों वैज्ञानिकों ने प्रत्येक प्राइमेट प्रजाति की बोलने की क्षमता तथा मस्तिष्क के विकास के सम्बंध की जांच की।

जो ऐप्स (वनमानुष) विभिन्न प्रकार की आवाज़ें निकाल सकते थे उनमें विकसित तथा बड़े कॉर्टिकल और ब्रोन स्टेम पाए गए। ये मस्तिष्क के वे भाग हैं जो वाणि संवेदनाओं की प्रतिक्रिया तथा जीभ की मांसपेशियों का समन्वय करते हैं। परिणाम मस्तिष्क के कॉर्टेक्स से जुड़े भाग के आकार और विभिन्न प्रकार की आवाज़ निकालने की क्षमता के बीच सहसम्बंंध दर्शाते हैं। अर्थात बोलने की क्षमता स्वर निकालने की शारीरिक संरचनाओं की बजाय तंत्रिका नेटवर्क के कारण आती है। जिन प्राइमेट्स में मस्तिष्क के ध्वनि नियंत्रण क्षेत्र बड़े हैं वे अन्य के मुकाबले विभिन्न प्रकार की आवाज़ें निकाल सकते हैं।

उपरोक्त अध्ययन से पता चलता है कि बोलने की क्षमता का विकास मस्तिष्क के विकास के साथसाथ ही हुआ है। मानव की विकास यात्रा में बोलचाल को ज़्यादा महत्व मिला और मस्तिष्क में उससे सम्बंधित भाग विकसित होते गए। दूसरी ओर एप्स में अन्य क्षमताएं विकसित हुर्इं और ध्वनि सम्बंधी संरचनाएं बनी तो रहीं किंतु बोलने के लिए आवश्यक तंत्रिका समन्वय नहीं हो पाया।

बोनोबो शोधकर्ताओं ने पाया है कि बोनोबो खाना खिलाने तथा यात्रा करने जैसी बिल्कुल भिन्नभिन्न घटनाओं के लिए एकसी आवाज़ निकालते हैं। यानी एकसी आवाज़ से अलगअलग संदेश देते हैं। यह समझ में नहीं आया है कि कैसे एकसी आवाज से अलगअलग संदेश दिए जाते हैं। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://qph.fs.quoracdn.net/main-qimg-7b2d2ccded15616112be68070747a8b1

संपूर्ण व्यक्ति ही मौजूदा समस्याएं सुलझा सकता है – डॉ. डी. बालसुब्रमण्यन

साइन्स पत्रिका के 6 जुलाई 2018 के अंक में फिज़ियोलॉजिस्ट डॉ. रॉबर्ट रूटबर्नस्टाइन का आलेख कुछ इस तरह शुरू होता है यदि आपने कभी भी कोई चिकित्सीय सेवा ली है तो संभावना है कि आप कला से भी लाभांवित हुए हैं। स्टेथोस्कोप का आविष्कार फ्रांसीसी बांसुरी वादकचिकित्सक रेने लाइनेक ने किया था। उन्होंने ह्मदय की धड़कन को संगीत की संकेतलिपि में रिकॉर्ड किया था।

डॉ. रॉबर्ट रूटबर्नस्टाइन कहते हैं कि कैसे पाठ्यक्रम में मानविकी, कला, शिल्प और डिज़ाइन को शामिल करने से बेहतर वैज्ञानिक तैयार होते हैं। उन्होंने उच्च शिक्षा बोर्ड और यूएस नेशनल एकेडमी ऑफ साइन्सेज़, इंजीनियरिंग एंड मेडिसिन के वर्कफोर्स द्वारा जारी की गई हालिया रिपोर्ट का हवाला दिया है जिसमें सिफारिश की गई है कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, गणित और चिकित्सा के साथ मानविकी, कला, शिल्प और डिज़ाइन का एकीकरण होना आवश्यक है।

वैकासिक जीव विज्ञानी कॉनराड वैडिंगटन के अनुसार दुनिया की गंभीर समस्याओं का हल सिर्फ एक संपूर्ण व्यक्ति द्वारा ही किया जा सकता है, न कि उन लोगों द्वारा जो सार्वजनिक रूप से खुद को महज़ एक तकनीकी विशेषज्ञ या वैज्ञानिक या कलाकार से अधिक कुछ और मानने से इंकार करते हैं।और यूएस नेशनल एकेडमी ऑफ इंजीनियरिंग के अध्यक्ष प्रोफेसर चाल्र्स वेस्ट कहते हैं, “समाज, संस्कृति, राजनीति, अर्थशास्त्र और संचार यानी उदार कला और सामाजिक विज्ञान की बातों की समझ के बिना इंजीनियरिंग सिस्टम की बुद्धिमत्तापूर्ण कल्पना, डिज़ाइन या उसका असरदार इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।

भारतीय स्नातक

भारत में, लगभग 3345 कॉलेजों और संस्थानों से हर साल 15 लाख से अधिक इंजीनियर निकलते हैं। अफसोस की बात है कि इनमें से अधिकांश को नौकरी नहीं मिलती। मारिया थार्मिस ने पिछले साल इकॉनॉमिक टाइम्स में लिखा था कि पिछले तीन दशकों में भारत के आईटी उद्योग में तेज़ी से हुए विकास और इस क्षेत्र में पैसे, रुतबे और विदेश जाने के अवसरों के चलते हज़ारों छात्र इंजीनियरिंग में प्रवेश ले रहे हैं। इन छात्रों में ज़्यादातर छात्र अपने मातापिता द्वारा प्रेरित किए जाते हैं। यही हाल मेडिकल कॉलेजों का है। मातापिता बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए उन्हें इस क्षेत्र में भेजना चाहते हैं। भारत में हर साल करीब 1700 मेडिकल कॉलेजों से 52,000 डॉक्टर (एमबीबीएस) निकलते हैं। 6.3 लाख से अधिक छात्र प्रीमेडिकल प्रवेश परीक्षा देते हैं। इनमें से अच्छीखासी तादाद में छात्र डोनेशन के रूप में मोटी रकम भरकर निजी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश पा लेते हैं। यहां भी पालकों का दबाव काफी हावी रहता है। ज़्यादातर डॉक्टरों, खासकर गांवों और छोटे कस्बों के डॉक्टरों की काबिलियत से हम सब वाकिफ हैं।

और जब बात मानविकी, कला, शिल्प और डिज़ाइन की आती है तो इनमें से ज़्यादातर लोग तो अज्ञानी ही होते हैं। ये वे लोग नहीं हैं जिन्हें डॉ. वैडिंगटन ने संपूर्ण व्यक्ति कहा है।

चूक कहां हुई?

कमी स्कूल स्तर पर है। पिछले सात दशकों से केंद्र और राज्य, दोनों सरकारों ने स्कूलों के पाठ्यक्रम के साथ खिलवाड़ करके, उनके बजट में कमी करके, कोटा सिस्टम के तहत अयोग्य शिक्षकों की भर्ती करके (जो स्कूल आना तक ज़रूरी नहीं समझते), सिलेबस के साथ मनमानी करके और ऐसे अनगिनत हस्तक्षेप करके स्कूली तंत्र को काफी बर्बाद किया है। प्रथम संस्था जैसे शिक्षा विश्लेषणकर्ताओं का कहना है कि सरकारी स्कूलों की हालत इतनी खराब है कि आठवीं कक्षा का छात्र पांचवीं के सवाल हल नहीं कर पाता और पांचवीं का छात्र तीसरी कक्षा के सवालों के जवाब नहीं दे पाता। लोग अपने बच्चों को निजी स्कूलों में भेजना पसंद करते हैं जो वास्तव में नोट छापने की मशीनें हैं। इन स्कूलों की फीस व अन्य खर्चे उठाना निम्न मध्यम वर्गीय परिवारों के बूते के बाहर है।

इस तंत्र ने और इसके साथ ही स्नातक होने के बाद एक अच्छी नौकरी और नियमित आय की ज़रूरत ने मिलकर हमारी शिक्षा प्रणाली को बर्बाद कर दिया है। इसी के चलते कोचिंग सेंटर पैदा हुए जिन्हें राजनैतिक संपर्क वाले लोग चलाते हैं। ये माध्यमिक कक्षाओं से ही बच्चों को भर्ती कर लेते हैं और उन्हें अजीबोगरीब व पेचीदा पाठ्यक्रम का पाठ पढ़ाते हैं ताकि वे इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेजों की प्रवेश परीक्षा पास कर लें। न तो इन कोचिंग सेंटरों में और न ही इन स्कूलों में किसी भी स्तर पर मानविकी, कला, शिल्प और डिज़ाइन पढ़ाया जाता है। जो लोग इन मशीनी शिक्षण कारखानों से सफलतापूर्वक बाहर निकलते हैं वे एनआईटी, आईआईटी या मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश पा लेते हैं, लेकिन सामाजिक कौशल के बगैर। अब वह समय आ गया है कि स्कूल प्रणाली को सुधारा जाए और मानविकी, कला, शिल्प और डिज़ाइन जैसे विषयों को शुरुआत से ही स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए।

इस कमी को ध्यान में रखते हुए आईआईटी, बिट्स पिलानी, मणिपाल एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन और कुछ अन्य संस्थाओं ने पहले कुछ सेमेस्टर में कोर पाठ्यक्रमशुरू करने की पहल की है। इस कोर्स में छात्रों को भाषा, साहित्य, मानविकी और सामाजिक विज्ञान, कला और शिल्प, और डिज़ाइन जैसे विषय पढ़ाए जाएंगे। खुशी की बात है कि कई आईआईटी में अब प्रोद्योगिकी और विज्ञान के अलावा मानविकी, कला, शिल्प और डिज़ाइन विषयों के भी विभाग हैं और ये विषय पढ़ाए जाते हैं और इन पर शोध किए जाते हैं। (इसका एक सुंदर उदाहरण है इस वर्ष आईआईटी हैदराबाद में दीक्षांत समारोह में पहनी जानी वाली पोशाक का डिज़ाइन इकात (बंधेज) शैली में किया गया था, जिसमें स्थानीय बुनकरों द्वारा तैयार किए गए गाउन का उपयोग किया गया था।) आईआईटी और बिट्स के ये कोर पाठ्यक्रम कुछ मददगार साबित हो सकते हैं। इसी प्रकार वेल्लोर में क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज के स्नातक डॉक्टरों को ग्रामीण क्षेत्र में एक वर्ष अनिवार्य रूप से बिताना होता है। जिससे उनकी समुदाय और उसकी ज़रूरतों, उसकी क्षमताओं के बारे में समझ बनती है और समझदारी पैदा होती है। आईटी कंपनियां अपने प्रशिक्षुओं को जेनेरिक और स्ट्रीम लर्निंग के साथसाथ सामाजिक कौशल पर महीने भर का प्रशिक्षण देती हैं। पर अन्य तकनीकी और चिकित्सा संस्थानों का क्या हाल है?

उन्नति की राह

अफसोस की बात है कि केंद्रीय उच्च शिक्षा मंत्रालय उदार कला और मानविकी, कला, शिल्प और डिज़ाइन के महत्व को नहीं समझता। इसका एक चौंकाने वाला उदाहरण है कि चार तकनीकी संस्थानों और एक प्रस्तावित ग्रीन फील्ड संस्थान को उत्कृष्ट संस्थान के तौर पर चिंहित किया गया है। देखने वाली बात यह है कि एक भी मानविकी, कला, शिल्प और डिज़ाइन सम्बंधी विश्वविद्यालय या संस्थान उत्कृष्ट नहीं माना गया! सरकार किसे उत्कृष्ट मानती है और पेशेवर विद्वान किसे उत्कृष्ट मानते हैं, इसमें फर्क है। 

इस विसंगति को देखते हुए एक सुझाव है। क्यों न कुछ ग्रीन फील्ड संस्थान टेक्नॉलॉजीआधारित विषयों की बजाय मानविकी, कला, शिल्प और डिज़ाइन पर केंद्रित हों? और नए संस्थान खोलने की बजाय बेहतर होगा कि ट्रस्ट स्थापित करके मानविकी, कला, शिल्प और डिज़ाइन को उत्प्रेरित व प्रोत्साहित किया जाए। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://www.thehindu.com/sci-tech/science/1sgf16/article24666121.ece/alternates/FREE_660/12TH-SCIMEDCAMP

आप कितने चेहरे याद रख सकते हैं?

अपने दोस्तों, रिश्तेदारों, सहपाठियों, सहकर्मियो की शक्लें हमें याद रहती हैं। इसके अलावा कुछ प्रसिद्ध हस्तियों, अजनबियों (जो रोज़ाना या कभीकभी दिखते हैं) की भी शक्ल हमें याद रहती हैं। पर यदि आपको इनकी सूची बनाने को कहा जाए तो आप कितनी लंबी फेहरिस्त बना पाएंगे? एक अध्ययन के मुताबिक एक सामान्य व्यक्ति लगभग 5000 चेहरे याद रख सकता है।

शोधकर्ता जानना चाहते थे कि एक सामान्य व्यक्ति कितने चेहरे याद रख सकता है। इसके लिए उन्होंने 25 प्रतिभागियों को उन लोगों की सूची बनाने को कहा जिनके चेहरे उन्हें याद है। प्रतिभागियों को पहले एक घंटे में अपने व्यक्तिगत जीवन से जुड़े चेहरों की सूची बनानी थी और अन्य एक घंटे में प्रसिद्ध हस्तियों जैसे नेता, अभिनेता, गायक, संगीतकार वगैरह की।

अध्ययन में प्रतिभागियों को यह भी छूट थी कि यदि उन्हें किसी व्यक्ति का नाम याद नहीं है लेकिन उसका चेहरा याद है या वे उसके चेहरे की कल्पना कर सकते हैं, तो वे उसका विवरण लिखें, जैसे हाईस्कूल का चौकीदार या फलां फिल्म की अभिनेत्री वगैरह।

अध्ययन में देखा गया कि प्रतिभागियों को शुरुआती एक मिनट में कई लोगों के चेहरे याद आए लेकिन एक घंटे का वक्त बीतने के साथसाथ यह संख्या कम होती गई।

अगले अध्ययन में शोधकर्ताओं ने देखा कि ऐसे कितने चेहरे हैं जो उक्त सूची में नहीं हैं लेकिन याद दिलाने पर याद आ जाते हैं। इसके लिए शोधकर्ताओं ने प्रतिभागियों को बराक ओबामा और टॉम क्रूज़ सहित 3441 प्रसिद्ध हस्तियों की तस्वीरें दिखाई। प्रतिभागी किसी व्यक्ति को पहचानते हैं यह तभी माना गया जब वे एक ही व्यक्ति की दो अलगअलग तस्वीरों को पहचान पाए।

इन दोनों अध्ययन के आंकड़ों के विश्लेषण से शोधकर्ताओं ने पाया कि एक सामान्य या औसत व्यक्ति 5000 चेहरे याद रख सकता है। विभिन्न प्रतिभागियों को 1000 से लेकर 10000 की संख्या में चेहरे याद थे। यह अध्ययन प्रोसीडिंग्स ऑफ दी रॉयल सोसायटी बी में प्रकाशित हुआ है।

शोधकर्ताओं का कहना है कि अध्ययन में याद से जुड़ी कई बातें मानी गई थीं और प्रतिभागियों द्वारा दी गई जानकारी पर विश्वास किया गया था, लेकिन उम्मीद है कि यह अध्ययन चेहरों की पहचान से जुड़े और अन्य अध्ययनों में मदद करेगा। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://thumbs-prod.si-cdn.com/L_IRjkwcKsh5H-8YUycwZM2Nc6s=/800×600/filters:no_upscale()/https://public-media.smithsonianmag.com/filer/36/d9/36d9c68e-ff7e-42a5-978c-cba93c94456b/photomontage-557618_1920.jpg

नशा विरोधी प्रयासों के लिए अच्छी खबर – भारत डोगरा

जहां एक ओर विश्व में शराब से बढ़ती स्वास्थ्य व सामाजिक टूटन की समस्याओं के बारे में गहरी चिंता है, वहीं दूसरी ओर, एक उम्मीद जगाने वाली प्रवृत्ति भी सामने आई है। वह यह है कि हाल के समय में शराब छोड़ने वालों की संख्या भी काफी अधिक रही है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने हाल ही में शराब व स्वास्थ्य पर अपनी वर्ष 2018 की रिपोर्ट जारी की है। इसमें वर्ष 2016 के लिए शराब के सेवन से जुड़े महत्त्वपूर्ण आंकडे संकलित किए गए हैं।

इस रिपोर्ट के अनुसार 15 वर्ष से ऊपर के आयु वर्ग में यदि पुरुषों व महिलाओं को देखा जाए तो विश्व के 43 प्रतिशत व्यक्ति शराब पीते हैं व 44 प्रतिशत ऐसे हैं जिन्होंने जीवन में कभी शराब नहीं पी है। सवाल यह है कि शेष 13 प्रतिशत की क्या स्थिति है। ये बचे हुए 13 प्रतिशत वे लोग हैं जो पहले तो शराब पीते थे पर पिछले 12 महीनों में उन्होंने शराब नहीं पी। यदि ऐसे लोगों की विश्व में कुल संख्या देखी जाए तो यह लगभग 68 करोड़ है।

यह ज़रूरी नहीं है कि इन सबने बहुत दृढ़ व अच्छे निश्चय के आधार पर 12 महीने तक शराब नहीं पी। हो सकता है कि स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण डाक्टरों व परिवार ने उन पर इसके लिए बहुत दबाव बनाया हो। वजह कोई भी रही हो, पर महत्त्वपूर्ण बात यह है कि वे पहले शराब पीते थे पर पिछले एक वर्ष में उन्होंने शराब नहीं पी।

इससे यह मिथक टूटता है कि जिसने एक बार शराब पीनी शुरू कर दी वह शराब छोड़ नहीं सकता है। जब इतने अधिक लोग पहले शराब पीने के बावजूद एक वर्ष तक शराब से दूर रह पाए, तो इसका अर्थ यह हुआ कि पर्याप्त प्रयास करने पर तथा उचित माहौल मिलने पर बड़ी संख्या में शराब पीने वाले इसे छोड़ सकते हैं।

एक अन्य उत्साहवर्धक समाचार यह है कि रूस व पूर्वी यूरोप के कुछ देशों में जहां प्रति व्यक्ति शराब की खपत बहुत बढ़ गई थी वहां सरकारों के प्रयासों से प्रति व्यक्ति शराब की खपत में महत्वपूर्ण कमी दर्ज की गई है।

अब केवल अपने देश के आंकड़ों को देखें तो यहां कभी शराब न पीने वाले व्यक्तियों की संख्या 54 प्रतिशत है व पीने वालों की संख्या 39 प्रतिशत है। शेष 7 प्रतिशत ऐसे हैं जो पहले शराब पीते थे पर पिछले एक वर्ष में उन्होंने शराब नहीं पी है। जहां विश्व में ऐसे व्यक्तियों की संख्या 13 प्रतिशत है हमारे देश में यह 7 प्रतिशत है। पर 7 प्रतिशत भी कम नहीं है। इससे भी यही पता चलता है कि यदि उचित स्थितियां मिले तो बहुत से लोग शराब छोड़ सकते हैं।

हमारे देश का एक विशिष्ट अनुभव यह रहा है (जिससे अन्य देश भी बहुत कुछ सीख सकते हैं) कि शराबविरोधी जन आंदोलनों के दौरान कई बार ऐसा प्रेरणादायक माहौल बनता है कि बहुत से लोग शराब छोड़ देते हैं। दल्ली राजहरा (छत्तीसगढ़) व पठेड़ गांव (ज़िला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश) जैसे अनेक शराब विरोधी आंदोलनों के दौरान ऐसा होना देखा गया। आज़ादी की लड़ाई से भी शराब विरोधी आंदोलन नज़दीकी तौर पर जुड़ा था व इसके प्रेरणादायक असर से भी बहुत से लोगों ने शराब छोड़ी थी। अत: एक बड़ा प्रयास यह होना चाहिए कि समाज में शराब छोड़ने के लिए प्रेरणादायक माहौल बने व शराब विरोधी आंदोलन को प्रोत्साहन मिले।(स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://diet234.com/wp-content/uploads/2016/03/24-June-Drug-free-pic.jpg

बृहस्पति के चांद युरोपा पर उतरने की मुश्किलें

बृहस्पति के कई चांदों में से एक युरोपा में वैज्ञानिकों की काफी रुचि रही है। युरोपा मुख्य रूप से सिलिकेट चट्टान से बना है जिस पर बर्फ की परत है। इस पर विशाल भूमिगत महासागर का होना जीवन की आशा जगाता है। हाल ही में अमेरिकी कांग्रेस द्वारा नासा को प्रमुख वित्तीय मदद मिली ताकि युरोपा की सतह पर रोबोटिक लैंडर (क्लिपर) भेज कर उसके बारे में अधिक जानकारी प्राप्त की जा सके।

लेकिन युरोपा पर यान को उतारना इतना आसान भी नहीं है। अध्ययनों से पता चला है कि बर्फ से ढंकी सतह दरारों और उभारों से भरी पड़ी है। नेचर जियोसाइन्सेस में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार इस बर्फीले चट्टानी क्षेत्र में प्रत्येक नुकीला उभार पांच मंज़िला इमारत जितना ऊंचा है।     

इस तरह के शिखर पृथ्वी पर एंडीज़ पर्वत पर देखने को मिलते हैं। इन्हें पेनिटेन्ट्स (यानी तपस्वी) कहा जाता है क्योंकि ये ऐसे लगते हैं जैसे कोई सफेद चादर ओढ़े तपस्या कर रहा हो। इनका वर्णन सबसे पहले डार्विन ने किया था। पेनिटेन्ट्स बर्फीले क्षेत्रों में सूरज द्वारा मूर्तिकला का नमूना है। यहां बर्फ पिघलती नहीं है। बल्कि प्रकाश का निश्चित पैटर्न बर्फ को सीधे वाष्पित करता है जिसके परिणाम स्वरूप सतह की भिन्नताओं के कारण छोटी नुकीली पहाड़ियां और छायादार घाटियां बनती हैं। ये अंधेरी घाटियां चारों ओर मौजूद रोशन चोटियों की तुलना में अधिक प्रकाश अवशोषित करती हैं, और एक फीडबैक लूप में वाष्पीकरण की प्रक्रिया चलती रहती है।

इससे पहले पृथ्वी के अलावा प्लूटो पर पेनिटेन्ट्स देखे जा चुके हैं। युरोपा पर अन्य प्रक्रियाओं के आधार पर की गई गणना से पता चलता है कि बर्फ का वाष्पीकरण विषुवत रेखा में अधिक प्रभावी होगा, और ये शिखर 15 मीटर लंबे और 7-7 मीटर की दूरी पर होंगे। इस तरह की आकृतियों से ग्रह के रडार अवलोकन करने पर भूमध्य रेखा पर ऊर्जा में गिरावट का कारण समझा जा सकता है। लेकिन यूरोपा पर यान उतरना कितना कठिन है ये 2020 के मध्य में क्लिपर को भेजने पर ही मालूम चलेगा। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://media.gettyimages.com/photos/los-penitentes-with-full-moon-argentina-picture-id95727640?b=1&k=6&m=95727640&s=612×612&w=0&h=jwjmIGUlGf-CNITcjUyo0joc8YTahlvnxfizOXY7Ryc=

सौर मंडल का एक नया संसार खोजा गया

खगोल शास्त्रियों ने हाल ही में सौर मंडल के दूरस्थ छोर पर एक विशाल पिंड की खोज की है। दरअसल यह पिंड बाह्र सौर मंडल में स्थित है और इसे नाम दिया गया है 2015 TG387। वैसे इसका लोकप्रिय नाम गोबलिन रखा गया है।

वॉशिंगटन स्थित कार्नेजी इंस्टीट्यूशन फॉर साइन्स के खगोल शास्त्री स्कॉट शेफर्ड की टीम ने इस पिंड की खोज जापान की 8.2 मीटर की सुबारु दूरबीन की मदद से की है। यह दूरबीन हवाई द्वीप पर मौना की नामक स्थान पर स्थापित है।

2015 TG38 नामक यह पिंड सूर्य से बहुत दूरी पर है। सूर्य की परिक्रमा करते हुए यह जब सूर्य के सबसे नज़दीक होता है, उस समय इसकी सूर्य से दूरी 65 खगोलीय इकाई होती है। सूर्य से पृथ्वी की दूरी को खगोलीय इकाई कहते हैं। और जब यह पिंड सूर्य से अधिकतम दूरी पर होता है तो 2300 खगोलीय इकाई दूर होता है। इतनी दूरी पर हम बहुत ही थोड़े से विशाल पिंडों से वाकिफ हैं। गोबलिन का परिक्रमा पथ सौर मंडल के प्रस्तावित नौवें ग्रह के अनुमानित परिक्रमा पथ से मेल खाता है किंतु खगोल शास्त्रियों का कहना है कि इससे यह साबित नहीं होता कि नौवां ग्रह सचमुच अस्तित्व में है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://img.purch.com/h/1400/aHR0cDovL3d3dy5zcGFjZS5jb20vaW1hZ2VzL2kvMDAwLzA3OS83NTMvb3JpZ2luYWwvMjAxNS10ZzM4Ny1pbmZvZ3JhcGhpYy5qcGc/MTUzODQ2MzcxMg==

केंद्रक में स्थिति डीएनए के काम को प्रभावित करती है

यह तो अब जानीमानी बात है कि डीएनए नामक अणु में क्षारों के क्रम से तय होता है कि वह कौनसे प्रोटीन बनाने का निर्देश देगा। डीएनए हमारी कोशिका के केंद्रक में पाया जाता है। मानव कोशिका में लगभग 3 मीटर डीएनए होता है। यह कोशिका के केंद्रक में काफी व्यवस्थित रूप से गूंथा होता है। और अब वैज्ञानिकों ने पता लगाया है कि इस डीएनए अणु का कौनसा हिस्सा केंद्रक के किस हिस्से में स्थित है, इस बात का असर उस हिस्से के काम पर पड़ता है।

केंद्रक के अंदर काफी गहमागहमी रहती है। हर चीज़ यानी गुणसूत्र, केंद्रिका वगैरह यहांवहां भटकते रहते हैं। लगता है कि सारी गतियां बेतरतीब ढंग से हो रही हैं किंतु पिछले दशक में किए गए अनुसंधान से पता चला था कि गुणसूत्र और उसमें उपस्थित डीएनए विशिष्ट स्थितियों में जम सकते हैं और इसका असर जीन्स की क्रिया पर पड़ सकता है। मगर यह बात अटकल के स्तर पर ही थी। अब इसके प्रमाण मिले हैं।

वैज्ञानिकों ने हाल ही में विकसित जीनसंपादन की तकनीक क्रिस्पर को थोड़ा परिवर्तित रूप में इस्तेमाल किया है जिसकी मदद से वे केंद्रक के अंदर डीएनए के विशिष्ट हिस्सों को एक जगह से दूसरी जगह सरका सकते हैं। सेल नामक शोध पत्रिका में उन्होंने बताया है कि सबसे पहले उन्होंने डीएनए को एक प्रोटीन से जोड़ दिया। पादप हारमोन एब्सिसिक एसिड की उपस्थिति में वह प्रोटीन एक अन्य प्रोटीन से जुड़ जाता है। यह दूसरा प्रोटीन केंद्रक के मात्र उस हिस्से में पाया जाता है जहां डीएनए को सरकाकर पहुंचाना है। दूसरा प्रोटीन डीएनए को कसकर पकड़ लेता है और उसे वांछित हिस्से में जमाए रखता है। एब्सिसिक एसिड हटाने पर यह कड़ी टूट जाती है और डीएनए कहीं भी जाने को मुक्त हो जाता है।

शोधकर्ताओं ने दर्शाया है कि इस तकनीक की मदद से वे कई जीन्स को केंद्रक के मध्य भाग से उसके किनारों पर ले जाने में सफल हुए हैं। उन्होंने यही प्रयोग टेलोमेयर के साथ भी किया। टेलोमेयर गुणसूत्रों के सिरों पर स्थित होते हैं और इनका सम्बंध कोशिका की विभाजन क्षमता तथा बुढ़ाने से देखा गया है। जब शोधकर्ताओं ने टेलोमेयर्स को केंद्रक की अंदरूनी सतह के पास सरका दिया तो कोशिका की वृद्धि लगभग रुक गई। किंतु जब इन्हीं टेलोमेयर्स को कैजाल बॉडीज़ के पास सरका दिया गया तो कोशिका तेज़ी से वृद्धि करने लगी और विभाजन भी जल्दीजल्दी हुआ। कैजाल बॉडी प्रोटीन और जेनेटिक सामग्री से बने संकुल होते हैं जो आरएनए का प्रोसेसिंग करते हैं।

यदि टेलोमेयर्स की केंद्रक में स्थिति और कोशिका के विभाजन के सम्बंध की यह समझ सही साबित होती है, तो हम यह समझ पाएंगे कि कोशिका को स्वस्थ कैसे रखा जाए।(स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit :https://www.sciencemag.org/sites/default/files/styles/inline__450w__no_aspect/public/final_16x9.jpg?itok=wGGxRDhe

क्या आप ठीक से कंघी कर पाते हैं? – डॉ. विपुल कीर्ति शर्मा

बचपन में मुझे कंघा नहीं करने पर रोज़ डांट पड़ती थी। क्या करता, कितनी भी कंघी करूं जमते ही नहीं थे। फुटबाल के प्रसिद्ध खिलाड़ी मेराडोना की तरह मेरे दोस्त के बाल भी घुंघराले थे। खेलनेकूदने में बिखरते ही नहीं थे। मैं उसे मेराडोना ही कहता था। सत्यसांई और अलबर्ट आइंस्टाइन के चेहरे तो उनके बाल के कारण ही याद रह जाते हैं। इनकी माओं को जूं निकालने में बड़ा सिरदर्द होता होगा। एक पिता ने तो अपने 18 महीने के बच्चे टेलर मेकग्वान का फेसबुक अकाउंट बेबी आइंस्टाइन-2 नाम से खोला है।

कुछ बच्चों के बाल कंघे से जमाए ही नहीं जा सकते क्योंकि उन्हें अनकॉम्बेबल हेयर सिंड्रोम (UHS) है। आज तक विज्ञान साहित्य में 100 ऐसे लोगों का उल्लेख हुआ है। मगर वास्तव में ऐसे लोगों की संख्या कहीं अधिक हो सकती है।

अनकॉम्बेबल हेयर सिंड्रोम एक अत्यंत बिरली आनुवंशिक विसंगति है। ऐसे बालों को स्पन ग्लास हेयर सिंड्रोम भी कहते है। इन लोगों के बाल ऊन के रेशे जैसे चमकदार, सूखे और बेतरतीब रूप से विभिन्न दिशाओं में खड़े रहते हैं। बालों का रंग चांदी जैसा सफेद या भूसे के रंग का पीलाभूरापन लिए होता है। ये खोपड़ी से ऐसे चिपके रहते हैं कि इन्हें कंघी करना मुश्किल हो जाता है। यह समस्या बच्चों में स्पष्ट दिखती है किंतु बढ़ती उम्र के साथ सुधरती जाती है। अधिकतर मामलों में देखा गया है कि मातापिता दोनों में यह दिक्कत हो तो ही वह बच्चे में दिखती है।

ऐसा अनुमान है कि यह समस्या तीन जीन्स में म्यूटेशन यानी उत्परिर्वन के कारण पैदा होती है। ये तीनों जीन बालों के उस हिस्से को बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं जो त्वचा के ऊपर निकला होता है। इसे शैफ्ट कहते हैं। इनमें से किसी भी एक जीन में उत्परिवर्तन होने से बालों की संरचना में परिवर्तन हो जाता है। इलेक्ट्रान सूक्ष्मदर्शी से सामान्य बालों के शैफ्ट की आड़ी काट गोल दिखती है परंतु विकृति के कारण इसकी आड़ी काट गोल के बजाय तिकोनी दिखती है। 

यह भी देखा गया है कि त्वचा के सामान्य केरेटिनोसाइट कोशिकाओं में कोशिका द्रव एकरस दिखता है परंतु UHS कोशिकाओं के कोशिका द्रव में प्रोटीन के लौंदे होते हैं। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://images.mentalfloss.com/sites/default/files/styles/mf_image_16x9/public/547921-gettyimages-3397953_0.jpg?itok=Mh3PiQ-6

एक ही लिंग के चूहों के बच्चे

संतानोत्पत्ति के लिए नर और मादा लिंगों की ज़रूरत से तो सब वाकिफ हैं। लेकिन यह बात सिर्फ स्तनधारियों के लिए सही है। पक्षियों, मछलियों और छिपकलियों की कुछ प्रजातियों में एक ही लिंग के दो जंतु मिलकर संतान पैदा कर लेते हैं। मगर अब वैज्ञानिकों ने दो मादा चूहों (जो स्तनधारी होते हैं) के डीएनए से संतानें पैदा करवाने में सफलता प्राप्त कर ली है। और तो और, इन संतानों की संतानें भी पैदा हो चुकी हैं। वैसे वैज्ञानिकों ने दो नर चूहों कीजेनेटिक सामग्री लेकर भी संतानोत्पत्ति के प्रयास किए मगर इनसे उत्पन्न संतानें ज़्यादा नहीं जी पार्इं।

आखिर क्या कारण है कि एक ही लिंग के जीव आम तौर पर संतान पैदा नहीं कर पाते? वैज्ञानिकों का विचार है कि ऐसा जेनेटिक छाप या इम्प्रिंट के कारण होता है। जेनेटिक इम्प्रिंट छोटेछोटे रासायनिक बिल्ले होते हैं जो डीएनए से जुड़ जाते हैं और किसी जीन को निष्क्रिय कर देते हैं। वैज्ञानिक अब तक ऐसे 100 Ïम्प्रट खोज पाए हैं। इनमें से कुछ ऐसे जीन्स पर पाए जाते हैं जो भ्रूण के विकास को प्रभावित करते हैं। कई जीन्स एक लिंग में चिंहित किए जाते हैं मगर दूसरे लिंग में अचिंहित रहते हैं। यदि दोनों के जीन्स चिंहित हों (जैसा कि एक ही लिंग के पालकों में होगा) तो भ्रूण जीवित नहीं रह पाता है।

बेजिंग के चाइनीज़ एकेडमी ऑफ साइन्सेज़ के की ज़ाऊ इसी समस्या से निपटना चाहते थे। उनकी टीम ने शुक्राणु या अंडाणु की स्टेम कोशिकाएं लीं। इन कोशिकाओं में गुणसूत्रों की जोड़ियां नहीं बल्कि एक ही सेट होता है। अन्य कोशिकाओं के समान इनमें भी ऐसे जेनेटिक हिस्से होते हैं जो इÏम्प्रट पैदा कर सकते हैं। शोधकर्ताओं ने इन जेनेटिक हिस्सों को एकएक करके हटाया। वे यह देखना चाहते थे कि कौनसे हिस्सों को हटाने से भ्रूण का विकास बाधित नहीं होगा। इसके बाद उन्होंने एक मादा चूहे की स्टेम कोशिका को दूसरे मादा चूहे के अंडे में प्रविष्ट कराया ताकि बच्चे पैदा हो सकें। ऐसा ही प्रयोग उन्होंने शुक्राण स्टेम कोशिकाओं पर भी किया। एक अंडे में से उसका केंद्रक (यानी जेनेटिक सामग्री) हटा दी। इस केंद्रकविहीन अंडे में उन्होंने एक नर का शुक्राणु और दूसरे नर की शुक्राणु स्टेम कोशिका डाल दी।

तीन जेनेटिक हिस्से हटा देने के बाद शोधकर्ता दो मादाओं से 20 जीवित संतानें पैदा कर पाए। दूसरी ओर, दो नरों से 12 संतान पैदा करवाने के लिए उन्हें सात जेनेटिक हिस्से हटाने पड़े थे। मगर दो नरों से पैदा ये संतानें मात्र दो दिन जीवित रहीं।

यह शोध कार्य चौंकाने वाला ज़रूर है किंतु इससे मुख्य बात यह पता चली है कि वे कौनसे जेनेटिक हिस्से हैं जो स्तनधारियों में संतानोत्पत्ति के लिए ज़रूरी हैं और जिनकी वजह से प्रजनन क्रिया में उन्हें दो लिगों की ज़रूरत पड़ती है। वैसे अभी यह कहना जल्दबाज़ी होगी कि अब दो स्त्रियां मिलकर बच्चे पैदा करने लगेंगी। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://media.nature.com/w800/magazine-assets/d41586-018-06999-6/d41586-018-06999-6_16185500.jpg