जीवन ज़मीन पर कैसे आया

गभग 700 साल पहले, एक डच प्रकृतिविद जैकब वान मेरलैन्ट ने एक ऐसी मछली की कल्पना की थी जिसके हाथ रहे होंगे और जो पानी से निकलकर ज़मीन पर जीवन की शुरुआत करने को तैयार होगी। और लगता है उनकी कल्पना में कुछ वास्तविकता थी।

शोधकर्ताओं ने उंगली के बराबर की ज़ेब्राफिश (Danio rerio) में एक ऐसा उत्परिवर्तन पाया है जिससे ज़ेब्राफिश के सामने के फिन (मीनपक्ष) में अतिरिक्त हड्डियां पैदा होने लगती हैं। यही उत्परिवर्तन मनुष्यों में उन जीन्स को सक्रिय करता है जिनसे हमारी भुजाएं बनती हैं। इससे पता चलता है कि शुरुआती जीवों में भी भूमि पर छलांग लगाने की संभावनाएं मौजूद थीं।

वैज्ञानिक लंबे समय से यह जानने की कोशिश करते रहे हैं कि जीवन जल से निकलकर ज़मीन पर कैसे पहुंचा था। मीनपक्ष हाथों में कैसे रूपांतरित हो गए? पुराजीव विज्ञानी तो इन सवालों का जवाब जीवाश्मों में खोजते रहे हैं। लेकिन हारवर्ड मेडिकल स्कूल के एम. ब्रेंट हॉकिन्स ने ज़ेब्राफिश के विकास का अध्ययन करते हुए कुछ सुराग देखे हैं।

दरअसल, हॉकिन्स बोस्टन चिल्ड्रन्स अस्पताल की एक प्रयोगशाला में ज़ेब्राफिश के डीएनए में उत्परिवर्तन करके यह पता करने की कोशिश कर रहे थे कि कौन-से जीन कंकाल में गड़बड़ियों के लिए ज़िम्मेदार हैं। आम तौर पर ये उत्परिवर्तन हड्डियों की विकृति या हड्डियां न बनने का कारण बनते हैं। विचार यह था कि मनुष्यों में भी इसी तरह की गड़बड़ियों के जीन्स खोजे जाएं। इस प्रयोग के दौरान एक ज़ेब्राफिश के सामने (वक्ष) वाले हिस्से में मीनपक्ष के साथ अतिरिक्त हड्डी देखकर वे हैरान रह गए।

यह जानने के लिए कि इस उत्परिवर्तन के लिए कौन-सा जीन ज़िम्मेदार है, उन्होंने जीन संपादन विधि क्रिस्पर की मदद ली। शोधकर्ताओं ने पाया कि फिन में अतिरिक्त हड्डी के लिए दो अलग-अलग गुणसूत्रों पर उत्परिवर्तित दो जीन vav2 और waslb ज़िम्मेदार हैं। सेल पत्रिका में शोधकर्ता बताते हैं कि ये जीन सिर्फ हड्डियां नहीं बनाते बल्कि हड्डियों के काम करने के लिए ज़रूरी रक्त वाहिकाएं, जोड़ और मांसपेशियों का भी निर्माण करते हैं। ज़ेब्राफिश में हड्डियों के निर्माण की यह प्रक्रिया हमारे बांह की एक लंबी हड्डी के निर्माण की प्रक्रिया जैसी है।

ये दोनों जीन्स Hox11 नामक प्रोटीन की गतिविधि को नियंत्रित करने वाले प्रोटीन को कोड करते हैं। स्तनधारियों में यह प्रोटीन भुजाओं की दो हड्डियों के निर्माण को दिशा देता है। मछलियों में आम तौर पर Hox11 प्रोटीन अन्य प्रोटीन द्वारा निष्क्रिय रखा जाता है, लेकिन यदि इन प्रोटीन्स के जीन में उत्परिवर्तन हो जाए तो फिर Hox11 उनमें भी इन्हीं भुजाओं का निर्माण शुरू कर देता है। लगभग 40 करोड़ वर्ष पूर्व मछलियों का विकास दो भिन्न दिशाओं में होना शुरू हुआ था – एक ओर मछलियों से भूमि पर रहने वाले जीव विकसित हुए, तथा दूसरी ओर जिनसे आज की ज़ेब्राफिश व अन्य जीव विकसित हुए। इससे लगता है कि यह जीन वर्तमान की लगभग सभी अस्थियुक्त मछलियों के पूर्वजों में भी मौजूद था। और जब इस जीन को सक्रिय होने का मौका मिला तो इसने पानी से ज़मीन पर जीवन संभव बनाया। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://www.sciencemag.org/sites/default/files/styles/article_main_image_-1280w__no_aspect/public/fish_1280p_0.jpg?itok=QstmkrF8

प्रातिक्रिया दे