कृषि/पशुपालन में एंटीबायोटिक्स का उपयोग

क अनुमान के मुताबिक 2020 से 2030 के बीच कृषि में एंटीबायोटिक औषधियों का उपयोग 8 प्रतिशत बढ़ जाएगा जबकि इसे कम करने के उपाय जारी हैं। कृषि में एंटीबायोटिक्स का इस्तेमाल मनुष्यों को संक्रमित करने वाले बैक्टीरिया में प्रतिरोध पैदा होने का एक प्रमुख कारण माना जाता है।

यह सही है कि पशुओं में संक्रमण के उपचार के लिए एंटीबायोटिक आवश्यक हैं लेकिन देखा जा रहा है कि इनका उपयोग पशुओं की वृद्धि को तेज़ करने तथा भीड़-भाड़ वाले और अस्वच्छ दड़बों में उन्हें संक्रामक रोगों से बचाने के लिए भी किया जाता है।

इस संदर्भ में कई देशों में सरकारों ने एंटीबायोटिक उपयोग को कम करने के लिए नियम भी बनाए हैं। जैसे यूएस व युरोप में वृद्धि को गति देने के लिए एंटीबायोटिक का उपयोग वर्जित है लेकिन दिक्कत यह है कि कंपनियां इन्हें बीमारियों की रोकथाम के लिए बेचती रह सकती हैं।

शोधकर्ताओं के लिए अलग-अलग देशों में कृषि सम्बंधी एंटीबायोटिक उपयोग का अनुमान लगाना मुश्किल रहा है क्योंकि अधिकांश देश ऐसे आंकड़े सार्वजनिक नहीं करते हैं। कई देश अपने आंकड़े विश्व पशु स्वास्थ्य संगठन (WOAH) को देते हैं। यह संगठन इन आंकड़ों को महाद्वीप के स्तर तक जोड़ देता है। इसके अलावा, 40 प्रतिशत देश तो इस संगठन को भी आंकड़े नहीं देते।

लिहाज़ा 229 देशों के राष्ट्र-स्तरीय अनुमान लगाने के लिए स्विस फेडरल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नॉलॉजी के थॉमस फान बेकेल, रान्या मूलचंदानी व अन्य ने अलग-अलग सरकारों, खेत सर्वेक्षणों और वैज्ञानिक प्रकाशनों से आंकड़े जुटाए। इन आंकड़ों के साथ उन्होंने दुनिया भर के खेतिहर पशुओं की संख्या को रखा और 42 देशों के एंटीबोयोटिक बिक्री के आंकड़ों को रखा। इसके आधार पर उन्होंने शेष 187 देशों के आंकड़ों की गणना की।

टीम की गणना बताती है कि अफ्रीका में एंटीबायोटिक का उपयोग WOAH द्वारा दी गई रिपोर्ट से दुगना है और एशिया में 50 प्रतिशत अधिक है। कुल मिलाकर अध्ययन दल का अनुमान है कि वर्ष 2030 तक दुनिया भर में प्रति वर्ष पशुओं के लिए 1 लाख 7 हज़ार 5 सौ टन एंटीबायोटिक्स का उपयोग होगा जबकि 2020 में यह आंकड़ा 1 लाख टन से कम था।

वैसे शोधकर्ताओं ने चेताया है कि जो 42 देश अपने आंकड़े साझा करते हैं, उनमें से अधिकांश उच्च आमदनी वाले देश हैं। लिहाज़ा उनके द्वारा एंटीबायोटिक का उपयोग तथा उपयोग का मकसद दुनिया के सारे देशों का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकता।

पिछले नवंबर में सूक्ष्मजीवी प्रतिरोध को लेकर 39 देशों का एक सम्मेलन ओमान (मस्कट) में आयोजित किया गया था। इसमें रूस और भारत जैसे प्रमुख कृषि उत्पादक शामिल थे। मंत्री स्तर के इस सम्मेलन में उपस्थित देशों ने संकल्प लिया कि वर्ष 2030 तक वे सूक्ष्मजीव-रोधी दवाइयों का खेतिहर उपयोग 30-50 प्रतिशत तक कम करेंगे। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://www.pewtrusts.org/-/media/post-launch-images/2021/10/shutterstock1288290445jpgmaster/16x9_m.jpg

प्रातिक्रिया दे