पारदर्शी मछली की इंद्रधनुषी छटा

घोस्ट कैटफिश या ग्लास कैटफिश (Kryptopterus vitreolus) मूलत: थाइलैंड की नदियों में पाई जाती है। लेकिन ये पिद्दी-सी घोस्ट कैटफिश एक्वैरियम में रखने के लिए लोकप्रिय हैं। कारण है कि इनका शरीर लगभग पारदर्शी होता है। लेकिन जब इनके ऊपर रोशनी पड़ती है तो ये इंद्रधनुषी रंग बिखेरती हैं। अब, शोधकर्ताओं ने इस रंग-बिरंगी चमक के कारण का पता लगा लिया है। उनमें यह चमक उनकी भीतरी संरचना के कारण आती है।

वैसे तो कई जीव ऐसे होते हैं जो हिलने-डुलने या चलने पर अलग रंगों में दिखने लगते हैं। लेकिन आम तौर पर उनमें ये रंग उनकी बाहरी चमकीली त्वचा के कारण दिखाई देते हैं। जैसे हमिंगबर्ड या तितली के पंखों के रंग। लेकिन कैटफिश में शल्क नहीं होते हैं। बल्कि इनकी मांसपेशियों में सघन संरचनाएं होती हैं, जिनसे टकराकर प्रकाश बदलते रंगों में बिखर जाता है।

शंघाई जिआओ टोंग युनिवर्सिटी के भौतिक विज्ञानी किबिन झाओ ने जब प्रयोगशाला में इनके शरीर पर विभिन्न तरह का प्रकाश डाला तो पाया कि तैरते समय घोस्ट कैटफिश की मांसपेशियां क्रमिक रूप से सिकुड़ती और फैलती हैं, जिसकी वजह से चमकीले रंग निकलते हैं। ये नतीजे प्रोसीडिंग्स ऑफ दी नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज़ में प्रकाशित हुए हैं।

शोधकर्ताओं का कहना है कि इंद्रधनुषी छटा दिखने के लिए उनकी त्वचा पारदर्शी होना आवश्यक है; यह लगभग 90 प्रतिशत प्रकाश को आर-पार गुज़रने देती है। यदि मछली की त्वचा इतनी पारदर्शी नहीं होगी तो रंग नहीं दिखेंगे।

वैसे तो कई जीव अपने टिमटिमाते रंगो का उपयोग अपने साथियों को रिझाने के लिए या शिकारियों को चेतावनी का संकेत देने के लिए करते हैं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि घोस्ट कैटफिश किस उद्देश्य से चमक बिखेरती हैं। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://images.indianexpress.com/2023/03/Rainbow-fish-20230314.jpg?w=640

प्रातिक्रिया दे