भौंरे भी नवाचारी होते हैं

भौंरों के मस्तिष्क भले ही छोटे होते हैं लेकिन आविष्कार करने के मामले में वे किसी से कम नहीं। हाल ही में किए गए एक अध्ययन से पता चला है कि ये नन्हें कीट जटिल समस्याओं को हल करने के नए-नए तरीके निकाल सकते हैं। वैज्ञानिकों का मत है कि यह क्षमता भौंरों को मानव जनित पर्यावरण परिवर्तनों से निपटने में उपयोगी साबित हो सकती है।

पूर्व अध्ययनों से भौंरों में जटिल दिशाज्ञान कौशल, अल्पविकसित संस्कृति और भावनाओं के संकेत मिल चुके हैं। वे तरह-तरह के औज़ारों का उपयोग करते हैं और दूसरे भौंरों को कोई कार्य करते देखकर सीख जाते हैं। कुछ कार्य ऐसे भी हैं जो वे अमूमन नहीं करते लेकिन इनाम के लालच में सीख लेते हैं।

हाल में क्वींस मैरी युनिवर्सिटी की व्यवहार पारिस्थिकीविद ओली लाउकोला और उनके सहयोगियों ने भौंरों के साथ एक रोचक अध्ययन किया। इसमें वैज्ञानिकों ने सबसे पहले भौंरों को प्रशिक्षित किया जिसमें उन्हें एक गेंद को एक लक्षित स्थान तक पहुंचाना था। जिसके इनामस्वरूप उन्हें मीठा शरबत दिया जाता था। यह काम वे प्राकृतिक परिस्थितियों में नहीं करते हैं। इसके बाद प्रत्येक भौंरे को लक्ष्य से अलग-अलग दूरी पर रखी तीन पीली गेंदें दिखाई गईं। कुछ भौरों ने पहले से प्रशिक्षित भौरों को लक्ष्य से सबसे दूर रखी गेंद को लक्ष्य तक ले जाते देखा जिसके इनाम स्वरूप उन्हें मीठा शरबत मिला। कुछ भौरों को मेज़ के नीचे एक चुंबक की मदद से सबसे दूर रखी गेंद को लक्ष्य तक पहुंचते दिखाया गया। भौंरों के तीसरे समूह को किसी प्रकार का कोई प्रदर्शन नहीं दिखाया गया। उन्होंने तो गेंद को इनाम के साथ लक्ष्य पर देखा।

इसके बाद प्रत्येक भौंरे को पांच मिनट के भीतर गेंद को लक्ष्य तक पहुंचाने का कार्य दिया गया। वे भौंरे सबसे सफल रहे जिन्होंने प्रशिक्षित भौरों को लक्ष्य तक गेंद ले जाते हुए देखा था। इन भौरों के काम करने की गति अन्य दो समूहों से तेज़ थी। जबकि कुछ भौंरे तो कार्य को पूरी तरह अपने दम पर करने में सक्षम पाए गए। इसके अलावा कुछ ही समय में भौंरों ने गेंद को घसीटने का एक बेहतर तरीका खोज निकाला था। जिन भौंरों ने प्रशिक्षित भौंरों को लक्ष्य तक गेंद धकेलते देखा था, वे बाद में गेंद को पीछे की ओर धकेलते हुए ले जा रहे थे। वैज्ञानिकों ने इसे एक अप्रत्याशित और अभिनव परिवर्तन के रूप में देखा और पाया कि वे अपने कार्यों को पूरा करने के लिए नई-नई तकनीक अपनाने में भी माहिर हैं।

अध्ययन में भौंरों ने लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए अलग-अलग गेंदों का चुनाव भी किया। हालांकि प्रशिक्षित भौरों ने सबसे दूर रखी गेंद को लक्ष्य तक पहुंचाया था लेकिन प्रेक्षक भौंरों ने लक्ष्य के निकट रखी गेंदों को भी चुना। गेंदों का रंग बदलने पर भी भौंरों ने इनाम के लालच में काली गेंदों को भी लक्ष्य तक पहुंचाया। इससे यह स्पष्ट होता है कि वे कार्य के सामान्य सिद्धांत को समझने की भी क्षमता रखते हैं और किसी भी समस्या को प्रभावी ढंग से हल करने में माहिर हैं।

भौंरों का यह लचीलापन इनकी आबादी में हो रही कमी की समस्या से निपटने में सहायक हो सकता है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://i.ytimg.com/vi/fJyHeUaSMVw/maxresdefault.jpg

प्रातिक्रिया दे