
एक ऐसा अमीबा खोजा गया है जो 47 डिग्री सेल्सियस तापमान पर फलता-फूलता रह सकता है। यह अमीबा लासेन वॉल्केनिक नेशनल पार्क के भूतापीय पोखरों और खाड़ियों में पाया गया है। प्रयोगशाला में तो इसने और भी कमाल दिखाए हैं। प्रयोगशाला में तो यह 57 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि करता रहा और पूरे 63 डिग्री सेल्सियस तक प्रजनन भी करता रहा।
यह तो सभी जानते हैं कि अमीबा एक युकेरियोटिक एक-कोशिकीय जीव है जो लगातार अपनी आकृति बदलता रहता है। युकेरियोटिक जीव वे होते हैं जिनकी कोशिका में एक सुस्पष्ट केंद्रक होता है। उपरोक्त उच्च तापमान पर जीवित रहना, वृद्धि करना और प्रजनन करना युकेरियोटिक जीवों के संदर्भ में एक रिकॉर्ड है।
इस आतिशी अमीबा की खोज सिरेक्यूज़ विश्वविद्यालय के सूक्ष्मजीव वैज्ञानिक बेरिल रेपापोर्ट और उनके साथियों ने की है। उन्होंने इसे नाम दिया है इन्सेण्डीअमीबा केस्केडेन्सिस (Incendiamoeba cascadensis)।
अब तक यह माना जाता था कि कोई भी युकेरियोटिक जीव 60 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान पर प्रजनन नहीं कर सकता। लेकिन इन्सेण्डीअमीबा केस्केडेन्सिस 63 डिग्री सेल्सियस पर विभाजन कर पाता है और 64 डिग्री सेल्सियस तक गतिशील रहता है। कैसे?
छानबीन करने पर पता चला कि इस आतिशी अमीबा में प्रोटीन की साम्यावस्था (प्रोटियोस्टेसिस), डीएनए की मरम्मत तथा उच्च तापमान पर जैविक रसायनों के परिवहन को संचालित करने वाले क्रियामार्ग कहीं बेहतर काम करते हैं। इन्सेण्डीअमीबा केस्केडेन्सिस के प्रोटीन्स में कुछ अनोखे जैव-भौतिक गुण भी देखे गए हैं। खास तौर पर, इसके प्रोटीन्स की सतहों पर धनावेशित अवशेष भारी मात्रा में पाए गए। (ऐसे आवरण बैक्टीरिया व आर्किया समूहों के उच्च तापमान-सह जीवों में होते हैं। ये केंद्रक-विहीन जीव हैं।) ये धनावेश संभवत: इन प्रोटीन के आसपास स्थिर विद्युत का एक आवरण बना देते हैं। यह आवरण उच्च तापमान पर भी प्रोटीन्स को स्थिरता प्रदान कर सकता है, जिसकी बदौलत ये अमीबा ऐसे ऊंचे तापमान को झेल सकते हैं जो अन्य युकेरियोट जीवों के लिए संभव नहीं होता।
इस खोज से एक विचार यह उभरता है कि पृथ्वी के अत्यंत गर्म परिवेशों में रहने वाले नाना किस्म के सूक्ष्मजीवों ने तापमान के असर से प्रोटीन्स की रक्षा के लिए एक समान रणनीति आज़माई है, जिसे अभिसारी विकास कहते हैं। (स्रोत फीचर्स)
वीडियो:https://www.facebook.com/NASASolarSystem/videos/-a-tiny-amoeba-broke-complex-lifes-heat-recordnasa-supported-researchers-discove/1074059678942785/