क्या पक्षियों को उनके विस्मृत गीत याद दिला सकेंगे?

देखा गया है कि कई बार किसी प्रजाति के पक्षी वह गीत गाना भूल जाते हैं, जिसकी मदद से वे प्रणय साथी को पुकारते हैं। एक बात यह भी है कि कई पक्षी अपने इलाके की रक्षा भी गीतों की मदद से करते हैं। गीत भूल जाने का कुल परिणाम यह होता है कि पूरी आबादी का क्षय होने लगता है। लेकिन पक्षियों के आपसी संवाद पर चल रहे अनुसंधान ने आशा की कुछ किरण चमकाई हैं।

अनुसंधान की प्रेरणा ब्यूनस आयर्स की एक घटना से मिली थी। शोधकर्ताओं को एक ऐसा स्वर संयोजन सुनाई पड़ा जो 1960 के दशक में रुफस कॉलर्ड गोरैया गुनगुनाया करते थे लेकिन यह पक्षी उस इलाके से गायब हो गया है।

लेकिन फिर वैज्ञानिकों ने इसका एक कंप्यूटर-जनित संस्करण तैयार किया। कोशिश यह समझने की थी कि क्या पक्षियों को यह इतना वास्तविक लगेगा कि वे इसकी नकल करने लगें। और एक महीने के अंदर एक स्थानीय पक्षी उस गीत के अंशों की नकल करने भी लगा।

ज़ाहिर है, पक्षियों के गीत संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं और यह समझना महत्वपूर्ण होगा कि पक्षी ये गीत गुनगुनाना सीखते कैसे हैं। यदि कोई पक्षी जानी-पहचानी धुन में अच्छी तरह गा लेता है, तो उसे प्रणय साथी मिलने और अपने इलाके की रक्षा करने में मदद मिलेगी और जीवन के संघर्ष में उसे लाभ मिलेगा।

दूसरी ओर, यदि किसी पक्षी आबादी का पतन हो रहा है, तो चूज़ों को कुशल गायक बनने के ज़्यादा अवसर नहीं मिलेंगे। यह भी देखा गया है कि पक्षी अपने गीत को बेढंगे तरीके से गाने लगते हैं या गलती से किसी अन्य प्रजाति का गीत सीख लेते हैं। ऐसा होने पर प्रणय साथी मिलने की संभावना बहुत ही कम हो जाती है।

इस मामले में नर पक्षियों के लिए साथी पाने की संभावना कहीं ज़्यादा होती है बशर्ते कि वे अच्छी तरह गाएं। कारण यह है कि नर पक्षियों के गीत कहीं ज़्यादा पेचीदा होते हैं और उन्हें सुर में गाना ज़रूरी होता है। मतलब है कि यदि किसी नर पक्षी को गीत के लिए काफी ऊर्जा लगती है, तो जब कोई उस गीत को अच्छी तरह गा दे तो यह इस बात का प्रमाण होता है कि वह बढ़िया हालत में है।

इस संदर्भ में ब्यूनस आयर्स विश्वविद्यालय में भौतिकी के प्रोफेसर गैब्रियल मिंडलिन कहते हैं कि आम तौर पर जैव विविधता की बात चलती है तो जीन्स और जेनेटिक सामग्री का ज़िक्र किया जाता है। लेकिन जंतुओं का सीखा गया व्यवहार या संस्कृति (जैसे पक्षियों के गीत) भी तो उनकी आबादी के ज़रूरी अंग हैं।

वैसे रुफस-कॉलर्ड गोरैया को वैश्विक स्तर पर जोखिमग्रस्त नहीं माना जाता है। लेकिन उपरोक्त प्रयोग के आधार पर वैज्ञानिकों को लग रहा है कि ऐसी सिंथेटिक रिकॉर्डिंग अन्य पतनशील पक्षी आबादियों को गीत सिखने में मददगार हो सकती है।

दुनिया की 10,000 पक्षी प्रजातियों में से करीब 4000 सॉन्गबर्ड्स (गवैया पक्षी) हैं। इनमें फिंचेस, गोरैया वगैरह शामिल हैं। इनके गीत प्राय: पेचीदा होते हैं और कुछ हद तक इन्हें अन्य पक्षियों से सुनकर सीखा जाता है। हालांकि इनके गीतों में बहुत विविधता होती है लेकिन पेसराइन पक्षियों (गोरैया वगैरह) पर किए गए अध्ययनों से इनमें कुछ आम स्वर-संयोजन (मोटिफ) पहचाने गए हैं: तीन प्रकार की चहचहाहट, तीन प्रकार की सीटियां, बेतरतीब सुर और लयबद्ध सुर।

कोई पक्षी इन मोटिफ का उपयोग उस माहौल से सीखता है, जिसमें वह पला-बढ़ा है। उदाहरण के लिए, सपाट सीटियों की संभावना उष्णकटिबंधीय वर्षा-वनों में अधिक होती है, जहां आवाज़ को घने जंगल में दूर तक जाना चाहिए। दूसरी ओर, पेचीदा मोटिफ (जैसे अत्यंत तेज़ चहचहाना) समशीतोष्ण इलाकों में ज़्यादा सुनाई पड़ता है जहां पक्षी प्राय: ज़्यादा दूर-दूर नहीं होते।

मिंडलिन ने जिस गीत का अध्ययन किया उसे 1960 के दशक में रुफस-कॉलर्ड गोरैया द्वारा गाए गए गीत की हाथों से लिखी गई स्वर योजना के आधार पर तैयार किया गया था। हर गीत में एक चहचहाहट होती है जो किसी क्षेत्र के पक्षियों में सुसंगत होती है। इसके अलावा गीत की एक थीम होती है जो बदलती रहती है। दशकों पहले रिकॉर्ड की गई कुछ थीम्स ऐसी हैं जो आज भी स्थानीय पक्षियों द्वारा गुनगुनाई जाती हैं, जबकि कुछ विलुप्त हो चुकी हैं। मिंडलिन द्वारा अध्ययन किए गीत क्यों लुप्त हुए, यह स्पष्ट नहीं है। उनका कहना है कि उस उद्यान में पक्षियों की आबादी में गिरावट आई है।

पक्षियों के गीत समय के साथ कुदरती रूप से भी बदल सकते हैं। जैसे, हो सकता है कि सीखते समय पक्षी कुछ गलतियां कर दें जो आगे जारी रह जाएं। इंसानों द्वारा अतिक्रमण और पक्षियों की आबादी में गिरावट काफी नाटकीय परिवर्तन कर सकते हैं। गवैया पक्षी अपना गीत अपनी प्रजाति के अन्य सदस्यों से सीखते हैं, जिसका परिणाम यह होता है कि स्थानीय समूहों में अपनी ही खूबियां विकसित होती हैं। सीखने की अवधि में काफी विविधता होती है – यह चंद हफ्ते की हो सकती है या आजीवन चल सकती है। कुछ प्रजातियों में ज्ञान का एक जन्मजात स्तर भी होता है।

ऐसा ही उदाहरण प्लायमाउथ विश्वविद्यालय में जंतु व्यवहार की एसोसिएट प्रोफेसर सारा कोलिन्स ने बयान किया है। उन्होंने सर्ल बंटिंग्स के एक समूह का अध्ययन किया था जिसे डेवन से कॉर्नवाल लाया गया था। शुरुआत में तो इन पक्षियों ने असामान्य गीत उत्पन्न किए जो थोड़े कर्कश और धीमे थे। इनमें डेवन के पक्षियों में पाई जाने वाली विविधता भी नहीं थी। अलबत्ता, आठ साल बाद उनके गीत सामान्य हो गए थे।

कुछ चूज़ों को सर्ल ध्वनियों की रिकॉर्डिंग सुनाई गई थी। अध्ययन से लगता है कि गीतों की बहाली संभव है लेकिन यह नहीं कहा जा सकता कि क्या अन्य प्रजातियों में भी ऐसा होगा। सर्ल बंटिंग्स उनके गीतों में उपयोग किए जाने वाले सुरों के कुछ तत्वों के ज्ञान के साथ पैदा होते हैं। कोलिन्स का कहना है कि उन्हें सीखना यह होता है कि इन तत्वों को गीत में कैसे पिरोएं। कई अन्य गवैया पक्षियों में ऐसे जेनेटिक सूत्र होते हैं लेकिन सबमें नहीं होते। कोलिन्स का सुझाव है कि जिन पक्षियों को स्थानांतरित किया जाता है उनकी मदद के लिए एक ट्यूटर होना चाहिए।

इसी संदर्भ में एक अध्ययन ऑस्ट्रेलिया में भी किया गया था। इसमें एक चिड़ियाघर में प्रजनन से पैदा हुए रीजेंट हनीईटर्स पर ध्यान दिया गया था। कोशिश यह थी कि इन पक्षियों की जोखिमग्रस्त वन्य आबादी को पुनर्जीवित किया जाए; उस समय इस प्रजाति के मात्र 250 पक्षी बच गए थे।

मात्र 2 वन्य नर ‘ट्यूटर’ पक्षियों की मदद से चिड़ियाघर में पैदा हुए पक्षियों ने अपना कुदरती गीत गाना सीख लिया था। आगे चलकर इन नव-प्रशिक्षित नरों ने अगली पीढ़ी के लिए ट्यूटर की भूमिका निभाई। कोलिन्स कहती हैं कि कई बार सीडी या रिकॉर्डिंग से बात नहीं बनती, कुछ अंतर्क्रिया ज़रूरी होती है। शायद यहां एआई मददगार साबित हो।

इस संदर्भ में स्थानीय लहज़ा भी महत्वपूर्ण होता है। स्थानांतरण-उपरांत परियोजनाओं से पता चला है कि यदि पक्षी उस लहज़े में नहीं गाते तो वे तालमेल बनाने में पिछड़ जाते हैं। तालमेल न बन पाए तो वे जोड़ियां नहीं बना पाते। सुझाव है कि पक्षियों को स्थानांतरण से पहले अपने नए स्थान के गीतों से परिचित कराना मददगार साबित हो सकता है।

आजकल बड़ी संख्या में पक्षी गीतों को रिकॉर्ड करके डैटाबेस में संजोया जा रहा है। इनमें शौकिया पक्षी प्रेमी खासी मदद कर रहे हैं। यह काफी उपयोगी संग्रह होगा लेकिन अभी भी यह स्पष्ट नहीं है कि इसमें स्थानीय लहज़ों को कैसे व्यवस्थित रूप से शामिल करें। (स्रोत फीचर्स)

Photo credit- https://www.google.com/imgres?q=making%20birds%20remember%20their%20forgotten%20roots&imgurl=https%3A%2F%2Fstatic.toiimg.com%2Fthumb%2Fmsid-134957659%2Cwidth-1280%2Cheight-720%2Cimgsize-810624%2Cresizemode-6%2Coverlay-toi_sw%2Cpt-32%2Cy_pad-600%2Cx_pad-1200%2Fphoto.jpg&imgrefurl=https%3A%2F%2Ftimesofindia.indiatimes.com%2Fscience%2Fwildlife%2Fscientists-recreated-a-bird-song-recorded-in-the-1960s-using-a-computer-modern-sparrows-began-copying-it-raising-a-new-possibility-for-restoring-lost-bird-calls%2Farticleshow%2F134957654.cms&docid=T8NyjOb5_6UlEM&tbnid=O9P0cThvYGqWpM&vet=12ahUKEwjVibqD2ISYAxXZjeEIHf7CKqkQnPAOegQIOBAA..i&w=1280&h=720&hcb=2&ved=2ahUKEwjVibqD2ISYAxXZjeEIHf7CKqkQnPAOegQIOBAA

प्रातिक्रिया दे