
फिलहाल समय के मापन की दो प्रमुख विधियां हैं। पहली पांरपरिक विधि है जिसमें समय का मापन पृथ्वी के घूर्णन और परिक्रमा अवधि के आधार पर किया जाता है। यह विधि दैनिक क्रियाकलापों में सर्वत्र प्रचलित है। लेकिन इसमें पृथ्वी की गति तेज़-धीमी होने से अंतर आता रहता है।
चूंकि आधुनिक टेक्नॉलॉजी पर आधारित उपकरणों में समय की सटीकता बहुत ज़रूरी होती है और अत्यंत सूक्ष्म समय अंतरालों को भी नापना होता है, इसलिए पिछले कुछ वर्षों में समय मापन की एक अलग विधि अपनाई गई है। 1967 में परमाणु घड़ियों का उपयोग शुरू हुआ था। परमाणु घड़ियां किसी परमाणु द्वारा उत्सर्जित प्रकाश की आवृत्ति यानी फ्रिक्वेंसी के आधार पर चलती हैं। दुनिया भर में लगी लगभग साढ़े चार सौ परमाणु घड़ियां जो समय बताती हैं उसे को-ऑर्डिनेटेड युनिवर्सल टाइम (UTC) कहते हैं। आजकल के उपकरणों को चलाने के लिए इनके द्वारा दर्शाया गया समय ही इस्तेमाल किया जाता है। इनके समयमान और पृथ्वी के प्राकृतिक दिन पर आधारित समयमान में थोड़ा अंतर होता है और इनके बीच तालमेल रखना होता है।
पहले पता चला था कि पृथ्वी का घूर्णन धीमा हो रहा है यानी पृथ्वी की गति के आधार पर आकलित सेकंड थोड़ा (यानी बहुत थोड़ा) लंबा होता जा रहा है। इसके कारण यूटीसी और पृथ्वी की गति आधारित सेकंड में अंतर आ रहा है। इससे निपटने के लिए समय पर निगाह रखने वाले वैज्ञानिकों ने 1972 में एक लीप सेकंड जोड़ा था। और तब से 27 बार ऐसा किया गया है।
इस व्यवस्था की अपनी समस्याएं हैं। हर डेढ़-दो सालों में एक सेकंड का समायोजन करने से कंप्यूटर तंत्रों पर आधारित सारे कामकाज में गड़बड़ी होने लगती है। और अब एक नई समस्या आन खड़ी हुई है। पता चला है कि पृथ्वी का घूर्णन वापिस गति पकड़ने लगा है। यानी शायद बहुत जल्दी ऐसा लीप सेकंड न जोड़ना पड़े। कुछ वैज्ञानिकों का तो मत रहा है कि शायद जल्दी ही ऋणात्मक लीप सेकंड जोड़ने की नौबत आ जाएगी। इसके अपने जोखिम होंगे।
अब दुनिया भर के समय-पालों ने मिलकर एक महत्वपूर्ण निर्णय किया है। नाप-तौल सम्बंधी सामान्य संगठन (जनरल कॉन्फरेंस ऑन वेट्स एंड मेज़र्स, CGPM) के सदस्य देशों ने तय किया है कि अब समय में तालमेल बैठाने के लिए घटाने-बढ़ाने का उपाय तभी किया जाएगा जब दोनों समय प्रणालियों में पूरे 3600 सेकंड (यानी एक घंटे) का अंतर आ जाए। उम्मीद है कि यह व्यवस्था सदियों तक काम करती रहेगी और पृथ्वी-घूर्णन और परमाणु घड़ियों के बीच आने वाले अंतर हमें अगली कुछ पीढ़ियों तक परेशान नहीं करेंगे। (स्रोत फीचर्स)
Photo credit- https://www.washingtonpost.com/opinions/2026/11/11/leap-second-is-kind-ridiculous-let-not-get-rid-it/