मकड़ियों के रेशम से बने वैक्सीन – डॉ. विपुल कीर्ति शर्मा

कैंसर की कोशिकाएं सामान्य कोशिकाओं से प्रमुख रूप से इस बात में भिन्न होती हैं कि वे निरंतर विभाजित होती हैं। इस कारण उनकी संख्या में लगातार अनावश्यक वृद्धि होती जाती है। हमारे शरीर की प्रतिरक्षा तंत्र की कोशिकाएं इन्हें नष्ट करने की कोशिश तो करती हैं किंतु हर बार ही इनकी कोशिश सफल हो इसकी संभावना कम ही होती है। कैंसर के इलाज के लिए वैक्सीन के द्वारा प्रतिरक्षा तंत्र की कोशिकाओं को उत्तेजित किया जाता है ताकि वे भी तेज़ी से विभाजित होकर अपनी संख्या बढ़ाएं और कैंसर कोशिकाओं को मार सकें।

जेनेवा व फ्राइबर्ग विश्वविद्यालय तथा जर्मनी के म्युनिक और बायरुथ विश्वविद्यालय के साथ एक स्टार्टअप कंपनी ए.एम. सिल्क के मित्रों की मंडली ने संयुक्त रूप से एक आश्चर्यजनक प्रयोग किया है। उन्होंने मकड़ी के जाले से बने सूक्ष्म कैप्सूल में वैक्सीन को भरकर प्रतिरक्षा तंत्र की कोशिकाओं में प्रविष्ट करा दिया। इससे ये कोशिकाएं तेज़ी से विभाजित होंगी और कैंसर कोशिकाओं की भारी संख्या को पराजित करने के लिए इनकी भी पर्याप्त संख्या उपलब्ध होने लगेगी। अगर यह प्रयोग सफल हुआ तो इस प्रकार के कैप्सूल अनेक गंभीर बीमारियों के इलाज में प्रयुक्त हो सकेंगे।

हमारे शरीर में हर पल रोगाणु प्रवेश करते रहते हैं। शरीर को स्वस्थ रखने की ज़िम्मेदारी प्रतिरक्षा तंत्र के दो तरीकों पर निर्भर करती है। एक तरीका सेल मेडिएटेड प्रतिरक्षा कहलाता है, जिसमें विशेष टीकोशिकाएं रोगाणुओं को चुनचुन कर मारती हैं। दूसरे प्रकार का तरीका ह्युमोरल प्रतिरक्षा कहलाता है। इसमें बीकोशिकाएं उत्तेजित होकर प्लाज़्मा कोशिकाओं का उत्पादन करती हैं जो एंटीबॉडी बनाकर रोगाणुओं को नष्ट करती हैं।

कैंसर और टी.बी. जैसी कुछ संक्रमणकारी बीमारियों में टीकोशिका को उत्तेजित करने की ज़रूरत होती है। टीकोशिकाएं तभी कार्य करती हैं जब रोगाणुओं की पहचान बताने वाले प्रोटीन के अंश (पेप्टाइड्स) टीकोशिका द्वारा पहचान लिए जाते हैं।

एक अकेली टीकोशिका की बजाय अनेक प्रकार की टीकोशिकाएं ट्यूमर कोशिका पर सम्मिलित रूप से आक्रमण करके मारती हैं। ये टीकोशिकाएं हैं CL, TC और NK कोशिकाएं। इस कार्य को अंजाम देने के लिए कुछ मित्र कोशिकाएं भी साथ देती हैं जैसेमेक्रोफेज, मास्ट कोशिकाएं तथा डेंड्राइटिक कोशिकाएं।

वर्तमान में उपयोग में आने वाले अधिकांश वैक्सीन केवल बीकोशिकाओं को उत्तेजित करते हैं। अब तक हम टीकोशिकाओं की कार्यक्षमता का दोहन नहीं कर पाए हैं। टी एवं बी दोनों कोशिकाओं को उत्तेजित करने से वैक्सीन बेहद कारगर हो सकते हैं।

सूक्ष्म कैप्सूल बनाना

कैंसरकारी ट्यूमर कोशिकाओं को नष्ट करने के लिए उपयोग में लाए गए कैप्सूल मकड़ी के जाले में प्रयुक्त रेशम प्रोटीन से बनाए गए हैं। इस कार्य के लिए युरोपियन वैज्ञानिकों ने वहां पर पाई जाने वाली बेहद आम मकड़ी एरेनियस डायाडेमेटस का उपयोग किया है। पहिए के समान रोज़ नए जाले बनाने वाली इस मकड़ी की पीठ पर क्रॉस बने होने के कारण इसे क्रॉस मकड़ी भी कहते हैं। क्रॉस मकड़ी के जाले के धागे बेहद हल्के, प्रतिरोधी और अविषैले होते हैं तथा इन्हें कृत्रिम रूप से प्रयोगशाला में संश्लेषित किया जा सकता है। वैज्ञानिकों नें क्रॉस मकड़ी के रेशम को प्रयोगशाला में बनाकर तथा पेप्टाइड में लपेटकर टीकोशिकाओं के अंदर प्रविष्ट हो सकने वाला सूक्ष्म कैप्सूल बनाया है। मकड़ी के रेशम से बना यह कैप्सूल पेप्टाइड को सुरक्षित रखकर कोशिका के भीतर तक ले जाता है। यह वैक्सीनेशन विधि बेहद कारगर और उपयोगी साबित हुई है तथा शोध के परिणाम प्रभावशाली रहे हैं।

मकड़ियों के रेशम से बने वैक्सीन का क्या लाभ है यह प्रश्न महत्वपूर्ण है। एक लाभ तो यह है कि इन्हें ठंडे वातावरण में रखने की ज़रूरत नहीं है, क्योंकि ये बेहद खराब वातावरण में भी संरक्षित रहते हैं। इसलिए इनका एक्सपायरी टाइम भी बहुत लंबा होगा। सामान्य वैक्सीन को दूरस्थ स्थान तक ले जाते समय ठंडा रखना आवश्यक होता है क्योंकि गर्मी में ये बेअसर हो जाते हैं। किंतु सिंथेटिक रेशमी कैप्सूल में गर्मी सहन करने की इतनी क्षमता होती है कि ये कई घंटों तक 100 डिग्री सेल्सियस पर भी बगैर किसी नुकसान के कारगर सिद्ध होते हैं।

यद्यपि इस पूरी प्रक्रिया में कैप्सूल का सूक्ष्म आकार सर्वाधिक महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि रेशम के साथ पेप्टाइड जुड़कर अणु बड़ा हो जाता है, और उसे ही कोशिका में प्रवेश करना होता है। अगर बड़े पेप्टाइड को रेशम से जोड़कर पहुंचाना है तो कुछ उपाय निकालने होंगे। फिर भी सैद्धांतिक रूप से पूरी प्रक्रिया बेहद सरल और कारगर है। और इसे व्यावहारिक बनाने के प्रयत्न निरंतर चल रहे हैं।

मकड़ियां भी वैज्ञानिक अनुसंधान में महत्वपूर्ण सिद्ध हो सकती है। किंतु ये उपेक्षा की शिकार हुई हैं। इनके जाले के रेशम का महत्व अब पहचाना जा रहा है। मकड़ियों पर और अधिक शोध की महत्ता को समझा जाना चाहिए तथा वैज्ञानिक शोध में मकड़ियों को भी उचित स्थान प्राप्त होना चाहिए। क्या पता आपके आसपास रहने वाली कोई मकड़ी विज्ञान के चमत्कारों को आगे ले जाने में मील का पत्थर साबित हो। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://www.sciencedaily.com/images/2018/06/180612185155_1_540x360.jpg

 

एक चींटी की विचित्र जीवन शैली

अफ्रीका और मैडागास्कर में रहने वाली एक चींटी की जीवन शैली ने उसकी शरीर रचना को इस कदर परिवर्तित किया है कि कीट वैज्ञानिक अचंभित हैं। मेलिसोटार्सस नामक यह चींटी मात्र चंद मिलीमीटर लंबी होती है मगर इतनी शक्तिशाली होती है कि यह अच्छेखासे सजीव पेड़ों में सुरंगें बनाकर रहती है। ऐसा माना जाता है कि अपने द्वारा बनाई गई इन सुरंगों में ये चीटियां एक अन्य कीट को पालती हैं। ये कीट मोम का निर्माण करते हैं और मेलिसोटार्सस इस मोम का भोजन करती हैं। कई बार तो ये पूरे कीट को भी खा जाती हैं।

सबसे विचित्र बात है कि ये मज़बूत पेड़ों में सुरंग बना लेती हैं। ऐसे सजीव पेड़ों को कुतरना आसान नहीं होता। चींटियों की क्षमता को समझने के लिए पेरिस विश्वविद्यालय के क्रिश्चियन पीटर्स ने ऐसी कुछ चीटियों का अध्ययन 3-डी एक्सरे की मदद से किया। खास तौर से उन्होंने इन चीटियों की टांगों, सिर और जबड़े पर ध्यान दिया।

अध्ययन में पता चला कि इन चींटियों के सिर की मांसपेशियां बहुत मज़बूत होती हैं। ये मज़बूत मांसपेशियां उनके पैने जबड़ों से जुड़ी होती हैं। मज़बूत मांसपेशियों की वजह से इन जबड़ों में सख्त लकड़ी को भेदने की ताकत आ जाती है। यहां तक कि इनमें जबड़ों को खोलनेबंद करने वाली मांसपेशियां भी चींटी की किसी अन्य प्रजाति से ज़्यादा शक्तिशाली होती हैं।

मगर एक दिक्कत है। जबड़े नुकीले तो होते हैं किंतु इनका उपयोग करते समय नोक के टूटने का खतरा रहता है। विश्लेषण से पता चला कि मेलिसोटार्सस के जबड़ों की नोक पर ज़िंक धातु का अस्तर होता है। दरअसल, इनके पूरे कंकाल में ही भारी धातुओं के साथ ज़िंक का मिश्रण पाया जाता है जो इनको अत्यंत टिकाऊ बनाता है।

इस चींटी के बारे में जानकारी फ्रंटियर्स इन बायोलॉजी में प्रकाशित हुई है। शोधकर्ताओं को लगता है कि यह एक उदाहरण है जिसमें एक ही जीव में इतने सारे अनुकूलन हुए हैं जो एकदूसरे को मदद करते हैं। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://photos.smugmug.com/Ants/Taxonomic-List-of-Ant-Genera/Melissotarsus/i-9rVtxmm/1/0c570bf5/L/weissi4-L.jpg

जीव विज्ञान में अमूर्त का महत्व – डॉ. अश्विन साई नारायण शेषशायी

अमूर्तिकरणएक बहुअर्थी शब्द है। एक मायने में इसका मतलब होता है कि वास्तविक घटनाओं और वस्तुओं की बजाय उनका प्रतिनिधित्व करने वाले विचारों का प्रस्तुतीकरण। ऑक्सफोर्ड अंग्रेज़ी शब्दकोश अमूर्तिकरण की परिभाषा कुछ इस तरह देता है: किसी चीज़ पर उसके अंतर्सम्बंधों या गुणधर्मों से स्वतंत्र विचार करना। एक दूसरे अर्थ में, इसका आशय चंद उदाहरणों के आधार पर किसी अवधारणा का सामान्यीकरण भी होता है। इसका एक अर्थ यह भी होता है कि कतिपय रचनाओं का आसान सारतत्व निकालना।

प्रचलित संस्कृति में अमूर्तिकरण का सम्बंध प्राय: आधुनिक कला के साथ जोड़ा जाता है। यह कला रंगों और रेखाओं की एक दृश्य भाषा में व्यक्त होती है, जो वास्तविक दुनिया को छूती भी है और नहीं भी छूती है। शुद्ध या अमूर्त गणित अवधारणाओं के साथ खेलता है जो प्राय: अजीबोगरीब लगती हैं और ऐसा प्रतीत होता है कि उनका हमारे आसपास की दुनिया से कुछ लेनादेना नहीं है। यह अलहदा बात है कि ये अवधारणाएं कभीकभी उच्च टेक्नॉलॉजी का सूत्रपात करती हैं। अर्थ शास्त्र में इंसानों के लोभ और कमज़ोरियों तथा समय व स्थान के साथ इनमें होने वाले परिवर्तनों की वजह से उत्पन्न उथलपुथल को अक्सर अमूर्त गणितीय समीकरणों का रूप दिया जाता है। ये समीकरण बाज़ारों को चलाते हैं, गिराते और उठाते हैं।

जीव विज्ञान का सम्बंध वास्तविकता से है और यह जीवन के अचरजों के साथ सख्त वैज्ञानिक ढंग से काम करता है। क्या अमूर्तिकरण का जीव विज्ञान से कुछ भी लेनादेना हो सकता है? मैं नहीं जानता कि लोग जानकारी के लिए कितनी बार कोरा (Quora) जैसे ढुलमुल स्रोतों का सहारा लेते हैं। बहरहाल जीव विज्ञान में अमूर्तिकरण को गूगल सर्च करें तो वह आपको एक कोरा पेज पर पहुंचा देता है, जहां यह कहा गया है कि जीव विज्ञान में कोई अमूर्तिकरण नहीं होता क्योंकि सब कुछ ठोस वास्तविकता है। अब यदि जीव विज्ञान से आशय जीवन के अध्ययन से है, और अमूर्तिकरण में यह भी शामिल है कि किसी पेचीदा समष्टि के हिस्सों को अलगअलग करना और उन्हें आसान तरीके से निरूपित करना जो जीवन की बहुस्तरीय वास्तविकता का प्रतिनिधित्व कर सकें और नहीं भी कर सकें, तो अमूर्तिकरण जीव विज्ञान का मुख्य हिस्सा हो जाता है।

आणविक नृत्य का समंवय

जैविक तंत्र निहित रूप से पेचीदा होते हैं। प्रत्येक कोशिका हज़ारों किस्म के रसायनों की खिचड़ी होती है जो परस्पर टकराते हैं और क्रिया करते हैं। और यह सब एक सघन आणविक दीवार के अंदर भरे अत्यंत गाढ़े घोल में चलता है। जीव विज्ञान इस सवाल का जवाब देने का प्रयास करता है कि अणुओं के इस सुसंयोजित थैले में कैसे जीवन पैदा होता है और कैसे उसके कुछ रूपों में चेतना का संचार होता है। यदि हम इसमें यह और जोड़ दें कि आणविक विलयनों की एक विशाल विविधता है जिसे कुछ सामान्य सूत्र आपस में जोड़े रखते हैं, जिसका उपयोग हमारे आसपास मौजूद विविध जीव जीवन की रचना के लिए करते हैं, तो सवाल की विशालता स्वत: स्पष्ट हो जाती है। इस जटिलता को देखते हुए, यदि किसी को लगता है कि जीवन की व्याख्या उसकी समस्त बारीकियों के साथ करने के लिए एक वैज्ञानिक रूप से मान्य एकीकारक सिद्धांत प्रतिपादित किया जा सकता है, तो वह थोड़ी ज़्यादा ही मांग कर रहा है। एकमात्र सिद्धांत जो इसके नज़दीक आता है वह है जैव विकास का ढांचा किंतु यह कैसे काम करता है, इसकी बारीकियों का खुलासा अभी होना है और हम समाधान के निकट भी नहीं पहुंचे हैं।

यह स्पष्ट है कि जीवन के अध्ययन का एकमात्र तरीका अमूर्तिकरण का है। जीव विज्ञान के विभिन्न उपविषय जीवन को विभिन्न बिंबों में प्रस्तुत करते हैं। जेनेटिक विज्ञानी के लिए, जीवन के अध्ययन का मुख्य औज़ार यह समझ है कि एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक सूचनाओं का संचार कैसे होता है और इस सूचना की विषयवस्तु में उत्परिवर्तनों का व्यवहारगत परिणाम क्या होता है। स्वयं जेनेटिक सामग्री को कई हज़ार अक्षरों के खंडों में अमूर्त रूप दिया जा सकता है जिनमें से प्रत्येक खंड एक जीन का प्रतिनिधित्व करता है। या इस सामग्री को और भी छोटे खंडों के रूप में देखा जा सकता है जो कुछेक अक्षरों से मिलकर बने हों।

दूसरी ओर, ज़रूरी नहीं कि सूचनाओं के संचार में रुचि रखने वाली किसी जैवरसायनविद की रुचि सजीव के व्यवहार और जीन्स से उसके सम्बंधों में हो। हो सकता है कि उसे लगे कि वर्णमाला के अक्षरों के रूप में जेनेटिक पदार्थ का निरूपण बहुत सरलीकरण है। इसकी बजाय वह शायद यह अध्ययन करने का आग्रह करे कि डीएनए को बनाने वाले अलगअलग परमाणु कोशिका के अन्य रसायनों के साथ कैसे अंतर्क्रिया करते हैं।

जीव विज्ञान में रुचि रखने वाले वैज्ञानिकों का एक समूह सिद्धांतविद है। उनके हिसाब से कोशिका के अंतर चल रहे आणविक नृत्य को या शायद शिकारियों और उनके शिकार के बीच चल रही इकॉलॉजिकल अंतर्क्रियाओं को भी चंद गणितीय समीकरणों में बांधा जा सकता है। इन समीकरणों का उपयोग नईनई जीव वैज्ञानिक परिकल्पनाएं विकसित करने में किया जा सकता है और फिर उन परिकल्पनाओं की प्रायोगिक जांच की जा सकती है।

मॉडल जीव का चुनाव

पिछले एकाध दशक में जीव वैज्ञानिकों का एक नया वर्ग उभरा है जिन्हें सिस्टम्स बायोलॉजिस्ट या तंत्रगत जीव वैज्ञानिक कहते हैं। इन जीव वैज्ञाविकों में भी एक उपसमूह ऐसा है जो कोशिका में आणविक नेटवक्र्स को सामाजिक नेटवर्क्स के समान देखता है। दो अणु ठीक उसी तरह अंतर्क्रिया करते हैं जैसे (उदाहरण के लिए) फेसबुक पर दो मित्र करते हैं। प्रत्येक अणु नेटवर्क में एक नोड बन जाता है और दो नोड्स के बीच अंतर्क्रिया एक किनोर बन जाती है। इन नेटवर्क्स में अंतर्क्रियाओं में काफी विविधता हो सकती है। जैसे यह हो सकता है कि हज़ारों कोशिकीय रसायनों के बड़े पैमाने के नेटवर्क में सारी अंतर्क्रियाएं बराबरी की हों या यह भी हो सकता है कि कुछ बड़े पैमाने की अंतर्क्रियाओं के अलगअलग महत्व हों। यह भी संभव है कि किसी नेटवर्क में दसबीस अणु ही शामिल हों। इन नेटवर्क का विश्लेषण सांख्यिकीय विधियों से किया जा सकता है और इनकी व्याख्या जीव वैज्ञानिक नज़रिए से की जा सकती है।

इनमें से कोई भी रास्ता संपूर्ण नहीं है। एक मायने में यह उस परिस्थिति के समान है जहां चार अंधे व्यक्ति एक हाथी के बारे में अलगअलग राय बनाते हैं। चतुर जीव वैज्ञानिक वह है जो इन विभिन्न रास्तों का एकीकरण कर सके और यह समझाने के लिए परिकल्पना विकसित कर सके कि जीवन का कोई छोटा हिस्सा कैसे काम करता है। इसी वजह से अंतर्विषयी अनुसंधान को बढ़ावा देने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया जा रहा है। इसके लिए एक ही सवाल के विभिन्न नज़रियों को समझने की क्षमता ज़रूरी है बल्कि यह भी ज़रूरी है कि आप विविध रवैयों के प्रति खुला दिमाग रखें।

जीवन की विस्तृत विविधता जीव वैज्ञानिक के लिए एक चुनौती है। हम नहीं जानते कि इनमें से अधिकांश जीवों का अध्ययन प्रयोगशाला में कैसे करें। किसी भी जीव के जीव विज्ञान की वैज्ञानिक खोजबीन के लिए प्राय: उसके साथ जेनेटिक छेड़छाड़ करनी पड़ती है। अक्सर हमें पता नहीं होता कि यह कैसे करें। ज़ाहिर है, हम मनुष्यों के जीव विज्ञान का अध्ययन तो करना चाहते हैं किंतु किसी मनुष्य में जेनेटिक इंजीनियरिंग के प्रयोग करना संभव नहीं है। तकनीकी कारण तो हैं ही, साथ में नैतिकता से जुड़े कारण भी हैं।

इसलिए ढेर सारे जीव वैज्ञानिक अनुसंधान में हमने बड़ी संख्या में जीवरूपों का अमूर्तिकरण करके कुछ काम करने योग्य मॉडल जीवों का निर्माण किया है। इसके पीछे मान्यता यह है कि जीवन के अधिकांश रूपों में कुछ साझा सूत्र हैं और एक तरह के जीवों के अध्ययन से अन्य जीवों की आणविक प्रक्रियाओं को समझा जा सकता है; एकदम बारीकियों में नहीं, तो भी मोटे तौर पर तो समझा ही जा सकता है।

मॉडल जीवों का चयन उनके साथ काम करने तथा उनमें फेरबदल करने की सरलता पर निर्भर है। आणविक जीव विज्ञान के क्षेत्र में ऐसे सर्वप्रथम मॉडल जीव एक किस्म के वायरस थे जिन्हें बैक्टीरियाभक्षी वायरस (बैक्टीरियोफेज) कहते हैं। ये झुंड में और काफी रफ्तार से संख्यावृद्धि करते हैं। इसलिए इनके साथ काम करना सुविधाजनक है। अंतत: बैक्टीरियाभक्षी वायरस भी प्रजनन करते हैं और मनुष्य भी। यह सही है कि प्रजनन की प्रक्रिया की बारीकियों में अंतर होते हैं किंतु जीवन के सबसे निचले से लेकर सबसे ऊपरी स्तर तक सिद्धांत वही रहता है। बैक्टीरियाभक्षियों ने हमें यह खोज करने में मदद दी कि आनुवंशिक पदार्थ प्रोटीन नहीं बल्कि डीएनए है।

अलबत्ता, वायरस स्वतंत्र जीव नहीं होते और उन्हें अपना कामकाज चलाने के लिए किसी अधिक विकसित जीव के सहारे की ज़रूरत होती है। इसलिए मशहूर एशरीशिया कोली (. कोली) नामक बैक्टीरिया जीवन का बेहतर मॉडल बन गया। इस बैक्टीरिया ने न सिर्फ प्रजनन के मूल रूप को समझने में मदद की बल्कि यह समझने में भी मदद की कि आम तौर पर शरीर की बुनियादी क्रियाएं यानी चयापचय कैसे चलती हैं और कोशिका नामक कारखाना कैसे जीवनदायी रसायनों के उपभोग व उत्पादन का नियमन करता है।

गैरमनुष्य केंद्रित दृष्टि

मानव कोशिकाएं संरचना के लिहाज़ से ई. कोली व अन्य बैक्टीरिया से बहुत भिन्न होती हैं, इसलिए खमीर कोशिकाओं जैसी ज़्यादा पेचीदा कोशिकाएं मनुष्य की कोशिकीय प्रक्रियाओं को समझने का बेहतर मॉडल बनकर उभरीं। खमीर यानी यीस्ट एककोशिकीय जीव होते हैं जबकि मनुष्य बहुकोशिकीय हैं। लिहाज़ा, बहुकोशिकीय मगर काम करने में आसान फ्रूट फ्लाई (फलमक्खी) और अन्य कृमि मनुष्य के जीव विज्ञान के अध्ययन के बेहतर मॉडल बन गए। इनके साथ फेरबदल करना और अध्ययन करना अपेक्षाकृत आसान है।

इसके बाद आती है बीमारियों को समझने और उनका उपचार करने की ज़रूरत। इसके लिए हमें चूहों, खरगोशों और बंदरों का उपयोग करना होता है। कई बार हमें इनके जेनेटिक रूप से परिवर्तित रूपों का भी उपयोग करना पड़ता है। इन अध्ययनों के चलते न सिर्फ कई महत्वपूर्ण खोजें हुर्इं बल्कि इन्होंने जंतु अधिकार सम्बंधी कई विवादों को भी जन्म दिया।

ऐसे भी मौके आते हैं जब हमें मनुष्य की कोशिकाओं की ज़रूरत पड़ती है, और किसी चीज़ से काम नहीं चलता। विज्ञान के अनुसंधान और नैतिकता के क्षेत्र यह समझने के प्रयास में जुटे हैं कि यह काम प्रभावी ढंग से कैसे किया जा सकता है। अलबत्ता, यह सब कहने का मतलब यह नहीं है कि मॉडल जंतु मात्र ऐसे औज़ार हैं जिनका उपयोग यह समझने में किया जाता है कि मनुष्य के शरीर कैसे काम करते हैं। तथ्य तो यह है कि मनुष्य इस धरती पर जीवन का एक अत्यंत छोटासा अंश हैं और मॉडल तंत्रों का अध्ययन प्राय: उन जंतुओं को समझने के लिए ही किया जाता है ताकि जीवन को पूरे विस्तार में समझा जा सके। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://www.ohio.edu/cas/biosci/images/cell-microbiology_spotlight.jpg

 

मां के बिना ज़्यादा सहयोगी गुबरैले शिशु

ज़्यादातर कीट अंडे देने के बाद उन्हें छोड़ देते हैं। किंतु कालेनारंगी रंग की, छोटीसी खोदक भृंग (गुबरैला) अपने अंडों को छोड़ती नहीं बल्कि अपने बच्चों की तब तक देखभाल करती है जब तक वे स्वयं भोजन जुटाने लायक ना हो जाएं। किंतु शोधकर्ताओं ने हाल ही में आयोजित वैकासिक जीव विज्ञान पर हुई द्वितीय कांग्रेस में बताया है इसकी संतान जन्म से ही खुद अपना भोजन जुटाने में समर्थ हो सकती हैं।

युरोप के जंगलों और उत्तरी अमेरिका के दलदली इलाकों में पाई जाने वाली खोदक भृंग का भोजन ज़मीन में दबे मृत चूहे या पक्षी होते हैं। इन्हीं के नज़दीक मादा अंडे देती है। वयस्क भृंग शव के ऊपर के बाल या पंख को हटाकर उनका नर्म गोला बना लेते हैं और इन्हें अंडों के साथ रख देते हैं। जब अंडे से बच्चे निकलते हैं तो मांभृंग शव में सुराख कर देती है और नवजात लार्वा को भोजन देती है।  

कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय की वैकासिक जीव वैज्ञानिक रेबेका किलनर ने प्रयोगशाला में इन भृंगों के परिवारिक माहौल में बदलाव करके उनमें शारीरिक और व्यावहारिक बदलाव का अध्ययन किया। उन्होंने भृंगों को दो समूहों में रखा। एक समूह में अंडे देने के तुरंत बाद मां को उस समूह से हटा दिया गया। दूसरे समूह में उन्होंने ऐसा कोई बदलाव नहीं किया। लगातार 30 पीढ़ियों तक इस प्रयोग को दोहराने के बाद उन्होंने पाया कि मांविहीन समूह के नवजात लार्वा आकार में बड़े थे और उनके जबड़े मज़बूत थे। किलनर का कहना है कि आम तौर पर भृंगमाता मृत शरीर के आसपास की मिट्टी हटाने और शव में छेद करने का काम करती है। पर जब नवजात लार्वा को खुद ये काम करने पड़ा तो सिर्फ वही लार्वा भोजन तक पहुंच पाए जिनके जबड़े बड़े थे। इसलिए वे जीवित भी रह पाए। इस तरह उनकी संतानों के जबड़े बड़े होते गए।

लार्वा के व्यवहार को समझने के लिए शोधकर्ताओं ने दोनों समूह (मां वाले, और मां विहीन) से विभिन्न अनुपात में लार्वा को एक साथ शव के पास छोड़ा। उन्होंने पाया कि जिस समूह में सभी लार्वा मां विहीन समूह से थे वे भोजन तक पहुंच पाए। किलनर का कहना है कि वे नहीं जानते कि लार्वा यह कैसे कर सके, हो सकता है मिलजुलकर काम करने से उन्हें कामयाबी मिली हो। इसके विपरीत जिस समूह में सारे लार्वा मां वाले समूह से थे वे भोजन तक नहीं पहुंच पाए। देखा गया कि वे शव तक पहुंचने के लिए एकदूसरे से प्रतिस्पर्धा कर रहे थे।

मां विहीन समूह के लार्वा में सहयोग का एक और संकेत दिखाई दिया सभी लार्वा अंडों से एक साथ और जल्दी बाहर निकल आए। किलनर का कहना है कि शव को भेदने के लिए एक खास संख्या में लार्वा की ज़रूरत पड़ती है, अत: यदि अंडों से निकलने का समय एक होगा तो वे मिलजुलकर बेहतर काम कर सकेंगे।

जॉर्जिया विश्वविद्यालय के वैकासिक जीव वैज्ञानिक एलन मूरे का कहना है कि इस अध्ययन से पता चलता है कि परिस्थिति बदलने पर परिवार में कैसे अलगअलग तरह के समाजिक सम्बंध विकसित हो सकते हैं। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit :  www.sciencemag.org/sites/default/files/styles/inline__450w__no_aspect/public/beetle_16x9_0.jpg?itok=lvi1L5Ew

क्या डायनासौर जीभ लपलपा सकते थे? – डॉ. विपुल कीर्ति शर्मा

पृथ्वी से डायनासौर का अस्तित्व 6.6 करोड़ वर्ष पूर्व समाप्त हो गया था। किंतु जीव वैज्ञानिकों और जीवाश्म वैज्ञानिकों के प्रयासों से हम इनके बारे में बहुत कुछ जान पाए हैं। और ये डायनासौर अब भी हमारे बीच विज्ञान की रोचक कथाओं और एनीमेशन फिल्मों के रूप में जीवितहैं।

सभी डायनासौर प्रजातियों में सबसे बड़ा और मांसाहारी डायनासौर टायरेनोसौरस रेक्स (टी.रेक्स) रहा है। इसे आतंकी छिपकलियों का राजाभी कहा जाता है। इसमें बड़े आकार के सिर द्वारा, बेहद मज़बूत जांघों और ताकतवर पूंछ का संतुलन किया जाता था। 2011 में प्रकाशित एक शोध से यह ज्ञात हुआ है कि इनमें शरीर की बनावट और उसका संतुलन इतना गज़ब का था कि अपनी विशाल काया के बावजूद टी. रेक्स 20 से 40 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकते थे। टी. रेक्स की अगली टांगों में दोदो उंगलियां भी थी। परंतु अगली टांगें कमज़ोर थी। टांगों की कमज़ोरी की भरपाई उन्होंने जबड़ों की बेहतर पकड़ से कर ली थी। इस तरह टी. रेक्स बेहद सफल शिकारी रहे होंगे।

पर कई पिक्चरों और मॉडल्स में उनकी लपलपाती जीभ दिखाई जाती है। तो क्या वे अपनी जीभ से बर्फ के गोलों और लालीपॉप्स को चूस या चाट सकते थे, जैसे हम करते हैं। क्या वे आइसक्रीम के कोन के किनारों से बहतीटपकती आइसक्रीम को चाटने का मज़ा ले सकते थे?

वैज्ञानिकों को लगता है कि टी. रेक्स ऐसा नहीं कर सकते थे क्योंकि उनकी जीभ काफी हद तक निचले जबड़े से जुड़ी हुई थी। हाल ही में एक नए शोध ने डायनासौर के चित्रकार एवं मॉडल बनाने वाले विशेषज्ञों की कला में खामियों की विवेचना की। एनिमेटर्स प्राय: टी. रेक्स को आधुनिक छिपकलियों के समान जीभ लपलपाते दिखाते हैं। किंतु वैज्ञानिकों को लगता है कि यह चित्र गलत है।

सरिसृप परिवार में सांप एवं कई छिपकलियां जीभ बाहर निकालकर अनेक कार्यों को अंजाम देते हैं। सभी सांपों में तो जीभ काफी लंबी तथा सिरे से द्विशाखित होती है। शिकार की गंध के कण हवा से पकड़कर लपलपाती जीभ उन्हें ऊपरी जबड़ों के समीप स्थित गंध संवेदी अंग जेकबसंस आर्गन में ले जाती है। कुछ गंध संवेदी तंत्रिकाएं इस अंग से मस्तिष्क में संदेश पहुंचा कर शिकार की पहचान बताने में मदद करती है।

केमेलियॉन जैसे गिरगिट में तो जीभ बेहद लंबी, चूषक युक्त और चिपचिपी भी हो गई है। कुछ दूर बैठे शिकार पर अचानक हमला कर उसे पकड़ने का कार्य हाथपैर के बजाय बहुत लंबी जीभ से ही बहुत कुशलता से संपन्न होता है। जीभ की मांसपेशियां ही शिकार को खींचकर जबड़ों के हवाले कर देती हैं।

कुछ रेगिस्तानी छिपकलियों में तो जीभ मुंह से बाहर निकलकर आंखों की साफ सफाई और गर्मी में थूक को माइस्चेराइज़र्स की तरह लगाने में मददगार होती है।

लेकिन भले ही उपरोक्त सभी आधुनिक सरिसृप जीभ को हवा में लहराने और अनेक कार्य करने में माहिर हैं परंतु भीमकाय टी. रेक्स ऐसा नहीं कर सकते थे। जीभ और होंठ जैसे नरम अंग जीवाश्म नहीं बन पाते और जीवाश्मीकरण की प्रक्रिया में बेहद आसानी से नष्ट हो जाते हैं। इसलिए वैज्ञानिकों को जीवाश्मित जीभ तो नहीं मिली परंतु जीभ को आकार देने वाली निचले जबड़े की छोटी एवं मज़बूत हड्डियों के समूह हयॉड (Hyoid) का अध्ययन अवश्य किया गया है। वैज्ञानिकों ने डायनासौर्स की हयॉड के साथ ही पक्षियों और मगरमच्छ जैसे डायनासौर के निकटतम रिश्तेदारों में भी जीभ लपलपाने की प्रवृत्ति को देखा। डायनासौर्स एवं मगरमच्छों की हयॉड हड्डियों की समानता के आधार पर वैज्ञानिकों ने यह निष्कर्ष निकाला की डायनासौर्स की जीभ मगरमच्छों के समान ही निचले जबड़े के तालू में दृढ़ता से जुड़ी हुई होगी और इसका बाहर निकलना संभव नहीं रहा होगा।

कशेरुकी जीवाश्म शास्त्र की विशेषज्ञ, जैक्सन स्कूल ऑफ जियोलॉजी एवं टेक्सास विश्वविद्यालय की प्रोफेसर जूलिया क्लार्क के अनुसार अधिकांश लोग डायनासौर्स की शरीर रचना और उनकी जीवन शैली को शायद नहीं समझ पाते और उन्हें लपलपाती जीभ वाला दिखा देते हैं। चित्रकारों के मन में यह गलत धारणा बनी हुई है कि डायनासौर्स वर्तमान छिपकलियों जैसे ही थे। वास्तव में पृथ्वी पर उनके अब तक के सबसे नज़दीकी रिश्तेदार पक्षी एवं मगरमच्छ परिवार के सदस्य हैं। खास करके आधुनिक पक्षियों में तो जीभ असाधारण रूप से विविधता से भरी एवं गतिशील है। जीभ को अनेक कार्य एवं दिशाओं में मोड़ने की खूबी का मुख्य कारण जटिल हयॉड हड्डी है जो जीभ के अगले सिरे तक आधार देने का कार्य करती है।

डायनासौर एवं मगरमच्छ परिवार के सदस्यों में हयॉड एक जोड़ीदार छोटी, सरल एवं छड़ के समान संरचनाएं भर हैं। उपरोक्त दोनों ही जीवों में हयॉड उनकी पेशियों तथा संयुक्त करने वाले ऊतकों से पूरी लंबाई में आधार से जुड़ी रहती है। उड़ने वाले टाइरोसौरस एवं आधुनिक पक्षियों में भी हयॉड हड्डी एक समान लगती है। परंतु वैज्ञानिकों को लगता है कि टाइरोसौरस तथा डायनासौर का उद्विकास बिल्कुल भिन्न हुआ है। हवा में उड़ने वाले टाइरोसौरस की लपलपाती जीभ भोजन के नए प्रकार के कारण रही होगी। वैसे भी आधुनिक मगरमच्छों की काटने तथा निगलने की प्रवृत्ति में लपलपाती जीभ का कोई खास कार्य नहीं रह जाता है। इसलिए डायनासौर एवं मगरमच्छ अपने नज़दीकी रिश्तेदारों और कज़िन्स के समान जीभ को लपलपाकर चाटने की प्रक्रिया को अंजाम नहीं दे सकते थे। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://www.popsci.com/sites/popsci.com/files/styles/655_1x_/public/images/2018/06/tyrannosaurus-rex-1528200179vqd.jpg?itok=Mwg59hf1&fc=50,50

मल भक्षण मोल चूहिया में मातृत्व जगाता है

एक नए अध्ययन से पता चला है कि रेगिस्तानी नग्न मोल चूहों के समाज में श्रमिक अपने बच्चों की देखभाल करने के लिए अपनी रानी का मल खाते हैं।

रेगिस्तानी मोल चूहे (Heterocephalus glaber) पूर्वी अफ्रीका के रेगिस्तान में भूमिगत कॉलोनी में रहते हैं। कुछ प्रजनन करने वाले नर चूहों के अलावा, कॉलोनी के शेष सदस्य अपना सारा समय भोजन के लिए कंद की तलाश, शिकारियों से बचाव और रानी के बच्चों की देखभाल में व्यतीत करते हैं। रानी के बच्चों की देखभाल करने के इस व्यवहार ने जीव विज्ञानियों का ध्यान आकर्षित किया। आम तौर पर मादा स्तनधारियों में हार्मोन में होने वाले बदलाव मादा को अपने बच्चों की देखभाल करने को प्रवृत्त करते हैं। लेकिन इस रेगिस्तानी मोल में हार्मोन उत्पादन करने वाले सहायक प्रजनन अंग रानी के अलावा अन्य मादाओं में कभी विकसित नहीं होते। तो सवाल यह है कि फिर उनमें मातृत्व भावना कैसे पैदा होती है?

प्रोसीडिंग्स आफ नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज़ में प्रकाशित एक अध्ययन के मुताबिक, यह व्यवहार इन मोल चूहों के कुछ अजीब पहलुओं से सम्बंधित हो सकता है। जैसे मलभक्षण यानी कोप्रोफेजी। शोधकर्ताओं ने ये निष्कर्ष प्रयोगशाला में रेगिस्तानी मोल चूहों की कॉलोनी के अध्ययन के आधार पर निकाले हैं। इस शोध कार्य में प्रजननहीन मादाओं के एक समूह ने गर्भवती रानी के मल का भक्षण किया जबकि दूसरे समूह ने ऐसी रानी के मल को खाया जो गर्भवती नहीं थी। तीसरे समूह ने एक गैरगर्भवती रानी के मल का सेवन किया जिसमें एस्ट्रोजेन हार्मोन मिलाया गया था। यह हारमोन मातृत्व व्यवहार शुरू करने के लिए जाना जाता है। देखा गया कि जिन मोल चूहों को गर्भवती रानी या हारमोन युक्त मल का सेवन करवाया गया था उनके मलमूत्र में अन्य चूहों की तुलना में ज़्यादा एस्ट्रोजेन पाया गया। अर्थात मोल रानियां अन्य मादा मोल चूहों में मल के माध्यम से मातृत्व जगाती हैं। यह रणनीति जंतु जगत में अद्वितीय प्रतीत होती है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : http://www.sciencemag.org/sites/default/files/styles/inline__450w__no_aspect/public/molerat_16x9.jpg?itok=wiYIOMbW

चींटी को वशीभूत करने वाला परजीवी – कीर्ति विपुल शर्मा

कल्पना कीजिए एक छोटीसी चींटी के बहुत छोटेसे दिमाग को एक परजीवी कृमि ने पूरी तरह काबू में कर लिया है। अब चींटी एक चलतीफिरती लाश भर है। अपनी सुरक्षा के प्रति लापरवाह वह चरने वाले जंतु द्वारा खाए जाने के इंतज़ार में घास पर बैठी है। हाल ही में वैज्ञानिकों की टीम ने चींटी के दिमाग को परजीवी कृमि द्वारा नियंत्रित करने की आश्चर्यजनक घटना का खुलासा किया है।

उत्तल लेंस के समान दिखने वाला तथा 1 से.मी. से भी छोटा लेंसेट लीवरफ्लूक (Dicrocoelium dendriticum) भेड़ और अन्य मवेशियों में पाया जाने वाला एक परजीवी कृमि है। समशीतोष्ण भागों में पाया जाने वाला यह कृमि अपना जीवन चक्र तीन जीवों में पूरा करता है: कोई मवेशी, घोंघा और चींटी।

वयस्क लीवरफ्लूक मवेशियों की पित्त वाहिनी में रहकर अंडे देता है। ये अंडे पित्त के साथ छोटी आंत से होते हुए मवेशी के मल के साथ शरीर से बाहर निकल जाते हैं। अब कोई घोंघा उस मल को खा ले तो ये अंडे उसके शरीर में प्रवेश कर जाते हैं। यहां अंडे फूटते हैं और लार्वा निकलते हैं जो उसके श्वसन अंगों में चिपचिपे पदार्थ से बनी स्लाइम बॉलके साथ शरीर से बाहर आ जाते हैं। चींटियां स्लाइम बॉल को अपना भोजन बना लेती हैं। चींटियों के शरीर में ये लार्वा रूपांतरित होकर उनके मस्तिष्क में पहुंच जाते हैं। यहां पहुंचकर वे चींटियों के स्वभाव में परिवर्तन कर देते हैं।

अब जैसा नाच यह परजीवी नचाता है वैसा नाच चींटी नाचती है। हालात इतने बुरे हो जाते हैं कि वशीकृत चींटी आत्मघाती हो जाती है। वह पौधों के ऊपरी भाग, जैसे घास या फूलों की पंखुड़ी के सिरे पर बैठ जाती है और अपने पैने जबड़ों से पौधे को कसकर पकड़ लेती है। पकड़ इतनी मज़बूत होती है कि तेज़ बारिश और हवा में भी चीटीं गिरती नहीं। पौधों के ऐसे हिस्से पर बैठने से इस बात की संभावना बढ़ जाती है कि घास के साथसाथ चरने वाला कोई पशु उसे भी खा लेगा। पशु की पाचन क्रिया से चींटी का शरीर पच जाता है और उसके अंदर के परजीवी (जो चींटी की आंत में बैठे हैं) पशु की आहारनाल से होते हुए अंतत: पित्त वाहिका में पहुंच जाते हैं। वहां विकसित हो कर वे वयस्क बन जाते हैं और प्रजनन करके अपना जीवन चक्र फिर से शुरू कर देते हैं। 

चींटी और परजीवी के इस आश्चर्यजनक रिश्ते को समझने की कोशिश में वैज्ञानिकों की एक टीम ने माइक्रोसीटी नामक तकनीक का उपयोग करके संक्रमित चींटियों के मस्तिष्क का त्रिआयामी चित्र प्राप्त किया। संरचनाओं को स्पष्ट देखने के लिए अंदरूनी भागों को रंजकों द्वारा रंगीन करके भी अवलोकन किए गए।

इस तरह प्राप्त कुछ चित्रों को देखने पर पता चला कि चींटी के मस्तिष्क पर नियंत्रण करने के लिए तीन लार्वा प्रयासरत थे। अंत में केवल एक लार्वा अपने चूषक की मदद से चींटी के मस्तिष्क पर चिपक पाया। चिपकने वाला स्थान भी वह था जो चींटी के चलनेफिरने एवं जबड़ों की गतिविधियों को नियंत्रित करता है। वैज्ञानिकों का मत है कि मस्तिष्क के सही केंद्र से चिपकने के बाद परजीवी चींटी को चरने वाले पशुओं द्वारा खा लिए जाने के लिए मजबूर कर सकता है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://i.pinimg.com/736x/aa/83/88/aa838862e8436d5e067668705951730d.jpg

गोरैया और मनुष्य का साथ कैसे हुआ

हां-जहां मुनष्य रहते हैं, गोरैया भी रहती है। वैसे जीव वैज्ञानिकों का कहना है कि गोरैया एक पालतू जीव नहीं है किंतु मनुष्य के निकट रहती है। और वैज्ञानिक यह समझने का प्रयास करते रहे हैं कि गोरैया और मनुष्य के इस साथ का राज़ क्या है।

आम तौर पर देखी जानी वाली घरेलू गोरैया (Passer domesticus) अंटार्कटिका महाद्वीप के अलावा पृथ्वी के हर हिस्से में पाई जाती है। नन्ही सी यह चिडि़या आम तौर पर घरों के आसपास, गलियों में फुदकती और मनुष्यों द्वारा छोड़े/फेंके गए भोजन को चुगते हुए दिख जाएगी। इसका हमारा साथ इतना पुराना है कि प्राचीन साहित्य में भी यह नज़र आती है।

ओस्लो वि·ाविद्यालय के मार्क रैविनेट और उनके साथियों ने गोरैया के इस व्यवहार की छानबीन जेनेटिक दृष्टि से की है और कुछ आश्चर्यजनक परिणाम प्रकाशित किए हैं। अपने अध्ययन के लिए उन्होंने युरोप और मध्य-पूर्व में पाई जाने वाली विभिन्न गोरैया प्रजातियों को पकड़ा। इनमें 46 घरेलू गोरैया, 43 स्पैनिश गोरैया, 31 इटालियन गोरैया और 19 बैक्ट्रिएनस गोरैया थीं। इन सभी के रक्त के नमूने लिए गए।

रक्त के नमूनों से डीएनए प्राप्त किया गया और फिर प्रत्येक के डीएनए में क्षारों का अनुक्रम पता लगाया गया। जब उन्होंने घरेलू गोरैया और बैक्ट्रिएनस गोरैया के डीएनए अनुक्रमों की तुलना की तो पता चला कि उनके दो जीन्स में प्रमुख रूप से अंतर होते हैं।

एक जीन तो वह था जो घरेलू गोरैया को मंड को पचाने की क्षमता प्रदान करता है। यह जीन एक एंज़ाइम एमायलेज़ का निर्माण करवाता है। यह एंज़ाइम मनुष्यों के अलावा उसके पालतू जानवर कुत्ते में भी पाया जाता है। इस जीन व उसके द्वारा बनाए गए एंज़ाइम की बदौलत घरेलू गोरैया अनाज के दानों को खाकर पचा सकती है।

दूसरा परिवर्तन ऐसे जीन में देखा गया जो खोपड़ी का आकार निर्धारित करता है। इस परिवर्तन की वजह से घरेलू गोरैया अनाज के सख्त दानों को फोड़ सकती है। अपने अध्ययन के परिणाम प्रोसीडिंग्स ऑफ दी रॉयल सोसायटी-बी में प्रकाशित करते हुए शोधकर्ताओं ने कहा है कि वे इन जीन्स और गोरैया के व्यवहार में परिवर्तन की जांच और बारीकी से करना चाहते हैं।

जेनेटिक विश्लेषण से एक बात और सामने आई है कि घरेलू गोरैया और बैक्ट्रिएनस गोरैया एक-दूसरे से करीब 11,000 साल पहले अलग हुई थीं। यह नव-पाषाण युग का प्रारंभिक काल था और लगभग इसी समय मध्य-पूर्व में खेती की शुरुआत हुई थी। अर्थात विकास की दृष्टि से एक नया पर्यावरणीय परिवेश उभर रहा था। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://thumbs-prod.si-cdn.com/0MWUxOD0rhdGinJwffYXxkj9qCo=/800×600/filters:no_upscale()/https://public-media.smithsonianmag.com/filer/house-sparrow-flying-above-wheat-field-631.jpg

टापुओं पर निवास का विचित्र असर

हा जा रहा है कि जंतुओं के अलगथलग टापुओं पर रहने से उनकी साइज़ पर अजीबोगरीब असर होता है। और एक नए अध्ययन से पता चला है कि यह असर मनुष्यों पर भी होता है।

देखा गया है कि सायप्रस पर रहने वाले हिप्पोपोटेमस घटकर सीलायन के आकार के हो गए हैं। इसी प्रकार से, इंडोनेशिया के एक टापू फ्लोर्स पर हाथियों के जो जीवाश्म मिले हैं, वे बड़े सूअर की साइज़ के थे। दूसरी ओर, वहीं रहने वाले चूहे बिल्ली के बराबर हो गए थे। ये सब तथाकथित टापू प्रभाव के उदाहरण हैं। टापू प्रभाव अलगअलग साइज़ के जंतुओं पर अलगअलग असर डालता है। जब भोजन और शिकार का अभाव होता है तो बड़े जीव सिकुड़ने लगते हैं और छोटे जीव बड़े होने लगते हैं। अब प्रिंसटन विश्वविद्यालय के जोशुआ एकी, सेरेना टुक्सी और उनके साथियों द्वारा किए गए अध्ययन से पता चला है कि टापू प्रभाव मनुष्यों को भी नहीं बख्शता।

इन शोधकर्ताओं ने फ्लोर्स टापू पर रहने वाले रैम्पासासा पिग्मी लोगों का अध्ययन किया। इनका औसत कद मात्र 145 से.मी. होता है। पहले एक प्रतिष्ठित पुरामानव वैज्ञानिक ने सुझाव दिया था कि शायद पिग्मी लोगों में कुछ जेनेटिक लक्षण पुरामानव हॉबिट से आए हैं। उनका ख्याल था कि हॉबिट एक आधुनिक मानव था। चूंकि हॉबिट की ऊंचाई कम होती थी इसलिए ऐसा मत बना था कि उनके जेनेटिक लक्षण पिग्मी लोगों में आने के परिणामस्वरूप पिग्मी लोगों की ऊंचाई भी कम होती है।

शोधकर्ताओं की टीम इसी परिकल्पना को परखना चाहती थी। इसके लिए उन्होंने पिग्मी लोगों के डीएनए के नमूने प्राप्त किए। गौरतलब है कि इसकी अनुमति उन्होंने पिग्मी लोगों से ले ली थी। इन डीएन नमूनों के क्षार अनुक्रम का विश्लेषण करने पर पता चला कि इनमें और हॉबिट में कोई समानता नहीं है बल्कि पिग्मी लोग पूर्वी एशियाई लोगों के ज़्यादा करीब हैं। इनके पूर्वज फ्लोर्स टापू पर 50,000 से लेकर 5000 वर्ष पूर्व तक पूर्वी एशिया और न्यू गिनी से पहुंचे थे।

पिग्मी डीएनए के विश्लेषण से यह भी पता चला कि इनमें एक जीन का प्राचीन संस्करण मौजूद है जो एक एंज़ाइम का कोड है। यह एंज़ाइम मांस और समुद्री भोजन के वसा अम्लों को विघटित करने में मदद करता है। इसके अलावा पिग्मी जीनोम में वे जीन भी बहुतायत से पाए गए जो कद को छोटा रखने के लिए ज़िम्मेदार होते हैं। 

टीम का मत है कि इस विश्लेषण से लगता है कि टापू पर प्राकृतिक चयन की जो प्रक्रिया चली उसने छोटे कद के जीन्स को तरजीह दी। मतलब यह पर्यावरण के दबाव में विकास का उदाहरण है। इसी तरह के एक अन्य अध्ययन में पता चला है कि अंडमान द्वीपसमूह के टापुओं पर भी प्राकृतिक चयन ने छोटे कद को तरजीह दी है। लगता है कि अन्य जंतुओं के समान मनुष्य भी प्राकृतिक चयन का दबाव झेलते हैं। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : Traveller.com

जैव-विकास को दिशा देकर संरक्षण के प्रयास

स्ट्रेलिया वह महाद्वीप है जहां स्तनधारियों की आबादी में सबसे तेज़ गिरावट दर्ज की जा रही है। यहां जो स्तनधारी निवास करते हैं उनमें मार्सुपियल बड़ी तादाद में हैं। मार्सुपियल प्राणियों की विशेषता यह होती है कि इनकी संतानें पैदाइश के समय पूर्ण विकसित नहीं होतीं और उन्हें शरीर से बाहर एक थैली में पाला जाता है। इस थैली को मार्सुपियम कहते हैं।

ऐसा एक जोखिमग्रस्त मार्सुपियल प्राणि उत्तरी क्वोल (Dasyurus hallucatus) है। यह गिलहरी के बराबर होता है। इसके साथ दिक्कत यह हुई है कि यह ज़हरीले मेंढकों को पहचान नहीं पाता और उन्हें खा जाता है। यह मेंढक एक टोड (Rhinella marina) है जिसे ऑस्ट्रेलिया के कृषि अधिकारियों ने करीब 80 वर्ष पहले यहां छोड़ा था। इस टोड को वहां एक अन्य जीव – गुबरैलों – पर नियंत्रण पाने के मकसद से छोड़ा गया था। ये गुबरैले ऑस्ट्रेलिया की गन्ने की फसल को बहुत नुकसान पहुंचा रहे थे।

उत्तरी क्वोल को लगा कि यह बढ़िया भोजन है लेकिन यह टोड ज़हरीला था। अपने भोजन को न पहचान पाने के चक्कर में क्वोल की आबादी आज मात्र 25 प्रतिशत रह गई है। मेलबोर्न विश्वविद्यालय के शोधकर्ता एला केली और बेन फिलिप्स को अपने अनुभव से यह पता था कि क्वोल आबादी में कुछ क्वोल ऐसे भी हैं जो इस ज़हरीले टोड को नहीं खाते। तो केली और फिलिप्स ने सोचा कि क्यों न इन होशियार क्वोल का यह प्राणरक्षक गुण सभी क्वोल में पहुंचा दिया जाए ताकि वे इस ज़हरीले भोजन से बचने की क्षमता से लैस होकर अपनी रक्षा कर सकें।

अपने विचार को परखने के लिए उक्त वैज्ञानिकों ने टोड-प्रभावित क्षेत्रों से कुछ ऐसे क्वोल लिए जो ज़हरीले टोड से बचकर रहते थे। फिर वे एक टोड-मुक्त टापू से कुछ क्वोल लेकर आए और इन दो आबादियों के बीच प्रजनन होने दिया। इनकी संतानों को भोजन के रूप में उसी ज़हरीले टोड की टांगें दी गर्इं तो पता चला कि अधिकांश शिशु क्वोल टोड की टांग से दूर ही रहे।

केली और फिलिप्स का मत है कि इस प्रयोग से स्पष्ट हो जाता है कि टोड से कतराने का गुण जेनेटिक है और उसे संकरण के ज़रिए अन्य क्वोलों में भी पहुंचाया जा सकता है। अब वे बड़े पैमाने पर इस परीक्षण को प्राकृतिक परिस्थिति में करने की योजना बना रहे हैं।(स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : Earth.com