कैंसर के उपचार के दावे पर शंकाएं

स्राइल की एक कंपनी एक्सलरेटेड इवॉल्यूशन बायोटेक्नॉलॉजीस लिमिटेड (एईबीआई) के वैज्ञानिकों ने हाल ही में दावा किया है कि वे एक साल के अंदर हर किस्म के कैंसर का एक इलाज पेश करेंगे। खास बात यह है कि उन्होंने चूहों पर किए गए जिन प्रयोगों के आधार पर यह दावा किया है, उनके परिणाम कहीं प्रकाशित नहीं किए गए हैं। उनका यह दावा अखबार के एक लेख में घोषित किया गया है। वैज्ञानिक समुदाय के बीच इस दावे के लेकर शंका का माहौल बन गया है।

एईबीआई के वैज्ञानिकों ने कहा है कि उन्होंने एक नए तरीके का इस्तेमाल किया है जो रामबाण साबित होगा। इस नए तरीके को बहुलक्षित विष (मल्टी-टारगेटेड टॉक्सिन यानी मूटोटो) नाम दिया गया है। यह एक ऐसा पेप्टाइड अणु है जो कैंसर कोशिका की सतह पर मौजूद कई सारे अणुओं से एक साथ जुड़ जाता है। इस वजह से कैंसर कोशिका में परिवर्तन की कोई गुंजाइश नहीं रह जाती और फिर एक विषैला अणु उस कोशिका को मार डालता है।

शोधकर्ताओं का मत है कि उन्होंने एक इकलौते अध्ययन में चूहों पर इस तरीके को आज़माया जिसमें अप्रत्याशित सफलता मिली है और वे जल्दी ही इसे इंसानों पर भी आज़माने जा रहे हैं।

इस विषय पर काम कर रहे अन्य वैज्ञानिकों को लगता है कि चूंकि उक्त प्रयोग के आंकड़े प्रकाशित नहीं किए गए हैं, इसलिए दावे की जांच करना असंभव है। वैसे भी चूहों पर प्रयोग के आधार पर इंसानों के बारे में दावा करना तर्कसंगत नहीं है क्योंकि अनुभव बताता है कि ज़रूरी नहीं है कि चूहों पर मिले परिणाम इंसानों में मिलें। कुछ वैज्ञानिक तो एईबीआई के दावे को विज्ञान की परंपराओं के विपरीत व गैर-ज़िम्मेदाराना मान रहे हैं। अलबत्ता, इन सारी आशंकाओं के बारे में एईबीआई ने कहा है कि एक साल के अंदर वे पहले इंसान के कैंसर का इलाज करके दिखा देंगे। उनके मुताबिक कैंसर का यह नया उपचार सस्ता होगा और इसके कोई साइड प्रभाव भी नहीं होंगे। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit :  https://www.livescience.com/64648-israeli-scientists-cancer-cure-unlikely.html

आंत के सूक्ष्मजीव मनोदशा को प्रभावित करते हैं

व्यक्ति की आंत व अन्य ऊतकों में बैक्टीरिया का संसार स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है। लेकिन मस्तिष्क पर इसके प्रभाव सबसे अधिक हो सकते हैं। युरोप के दो बड़े जनसमूहों के एक अध्ययन में पाया गया है कि अवसादग्रस्त लोगों की आंत में बैक्टीरिया की कई प्रजातियां मौजूद नहीं होती हैं। बैक्टीरिया की अनुपस्थिति किसी बीमारी की वजह से हो या यह अनुपस्थिति किसी बीमारी को जन्म देती हो लेकिन तथ्य यह है कि आंत के कई बैक्टीरिया द्वारा बनाए गए पदार्थ तंत्रिकाओं के कार्य और मिज़ाज को प्रभावित करते हैं। 

पूर्व में किए गए कुछ छोटे-छोटे अध्ययनों में पाया गया था कि अवसाद की दशा में आंत के बैक्टीरिया की स्थिति में बदलाव आता है। इस अध्ययन को बड़े समूह पर करने के लिए कैथोलिक विश्वविद्यालय, बेल्जियम के सूक्ष्मजीव विज्ञानी जीरोन रेस और उनके सहयोगियों ने सामान्य सूक्ष्मजीव संसार के आकलन के लिए 1054 बेल्जियम नागरिकों को चुना। इनमें 173 लोग अवसाद से ग्रसित रहे थे या जीवन की गुणवत्ता के सर्वेक्षण में उनकी हालत घटिया पाई गई थी। इसके बाद टीम ने अन्य प्रतिभागियों से इनके सूक्ष्मजीव संसार की तुलना की। इस अध्ययन में स्वस्थ लोगों की तुलना में अवसाद ग्रस्त लोगों के सूक्ष्मजीव संसार में दो प्रकार के बैक्टीरिया (कोप्रोकॉकस और डायलिस्टर) नहीं पाए गए। शोधकर्ताओं ने अवसादग्रस्त लोगों में क्रोह्न रोग के लिए ज़िम्मेदार माने जाने वाले बैक्टीरिया की वृद्धि भी देखी।

अक्सर एक आबादी में सूक्ष्मजीव संसार सम्बंधी परिणाम अन्य समूहों से मेल नहीं खाते हैं। इसके लिए टीम ने 1064 डच लोगों के सूक्ष्मजीव संसार के आंकड़ों पर भी गौर किया। वहां भी अवसादग्रस्त लोगों में वही दो बैक्टीरिया प्रजातियां नदारद थीं।

बैक्टीरिया को मनोदशा से जोड़ने की कड़ी को समझने के लिए रेस और उनके सहयोगियों ने तंत्रिका तंत्र कार्य के लिए महत्वपूर्ण 56 पदार्थों की एक सूची तैयार की, जिनका उत्पादन या विघटन आंत के बैक्टीरिया करते हैं। उन्होंने पाया कि कोप्रोकोकस डोपामाइन नामक रसायन जैसा मार्ग अपनाते हैं जो अवसाद का एक प्रमुख मस्तिष्क संकेत है। यह वही बैक्टीरिया है जो ब्यूटिरेट नामक एक सूजन उत्तेजक पदार्थ भी बनाता है, और सूजन का सम्बंध अवसाद से देखा गया है।

बैक्टीरिया की अनुपस्थिति और अवसाद का सम्बंध तो समझ में आता है लेकिन आंत में सूक्ष्मजीवों द्वारा बनाए गए यौगिक कैसे असर डालते हैं यह समझना मुश्किल है। इसका एक संभव रास्ता वेगस तंत्रिका है, जो आंत और मस्तिष्क को जोड़ती है।

कुछ चिकित्सक और कंपनियां पहले से ही अवसाद के लिए विशिष्ट प्रोबायोटिक्स की खोज कर कर रहे हैं लेकिन वे आम तौर से इस नए अध्ययन में पहचाने गए बैक्टीरिया समूह को शामिल नहीं करते हैं। बेसल विश्वविद्यालय, स्विट्जरलैंड में मल-प्रत्यारोपण के एक परीक्षण की योजना बनाई जा रही है, जो अवसादग्रस्त लोगों में आंतों के सूक्ष्मजीव संसार को ठीक कर सकता है। कई लोग और अध्ययन करने का सुझाव देते हैं। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit :  https://d1nnaw47rmvqpz.cloudfront.net/wp-content/uploads/Effect-gut-bacteria-on-mood-1.jpg

अपने खुद के रक्तदाता बनिए – नरेंद्र देवांगन

क महिला स्विट्जरलैंड की सीमा शुल्क चौकी पर एक छोटा-सा सूटकेस तथा प्लास्टिक की बर्फपेटी लिए कतार में लगी थी। सीमा शुल्क अधिकारी ने पूछा कि इस पेटी में क्या है? उसे लगा था कि उसमें कोई फ्रांसीसी व्यंजन है जो वह दोस्तों के लिए ले जा रही है।

लेकिन उत्तर मिला, खून अधिकारी चौंक गया, खून? महिला ने स्पष्ट किया कि बर्फपेटी में स्वयं उसके खून की तीन थैलियां बर्फ में दबाकर रखी हैं जो पेरिस के ब्रूसे अस्पताल में पिछले तीन सप्ताह में उसके शरीर से निकाला गया था। कल यही खून लौसाने स्थित एक अस्पताल में उसकी ह्मदय की बायपास सर्जरी के बाद उसे ही चढ़ा दिया जाएगा। सर्जन वहां सर्जरी के दौरान निकले खून को सोखने तथा शोधन के लिए सेल वॉशर का भी उपयोग करते थे। इस प्रकार, सर्जरी के दौरान व बाद में उसे अपना ही खून दिया जाने वाला था ताकि एड्स या हेपेटाइटिस का कोई जोखिम न रहे।

अध्ययन दर्शाते हैं कि दान किए गए खून में एड्स वायरस (एचआईवी) मिलावट की संभावना बनी रहती है, भले यह अत्यल्प है। जॉर्जिया के अटलांटा स्थित अमरीकी रोग नियंत्रण केंद्र के अनुसार दान किए गए खून द्वारा या किसी ओर का खून चढ़ाए जाने के कारण अमरीका में 1985 से अब तक प्रति वर्ष लगभग 460 व्यक्ति एड्स वायरस से संक्रमित होते रहे हैं। प्रसंगवश, इसी वर्ष दान में आए खून की एड्स सम्बंधी जांच अनिवार्य की गई थी।

वैसे शल्य चिकित्सा के अधिकांश मामलों में खून चढ़ाने की आवश्यकता नहीं होती, लेकिन कई सर्जरी के दौरान अत्यधिक खून बह सकता है। जैसे बायपास सर्जरी में 2 से 4.7 लीटर तक खून बह सकता है जो औसत वयस्क व्यक्ति के कुल खून का आधा है। इस कमी को पूरा करने की तत्काल आवश्यकता होती है वरना रोगी गहरे आघात वाली स्थिति में पहुंच सकता है तथा उसकी मृत्यु भी हो सकती है।

पहले कुछ ही रोगी पर-रक्ताधान (किसी अन्य का खून लेना) के खतरों के प्रति चिंतित रहा करते थे। उदाहरण के लिए, एक पोत के सेवानिवृत्त कप्तान राइटेर को 1980 में न्यूयॉर्क के अस्पताल में कूल्हा बदलवाना पड़ा। वह जानता था कि इस प्रक्रिया में उसे अत्यधिक खून गंवाना पड़ेगा, लेकिन वह यह भी जानता था कि खून की कमी की पूर्ति किसी रक्तदान केंद्र से सही ग्रुप के खून से कर दी जाएगी। पर न तो राइटेर और न ही उसके चिकित्सक वाकिफ थे कि ऐसे खून की एक-एक बूंद खतरे का कारण बन सकती है। इसके कुछ वर्षों बाद ही चिकित्सा क्षेत्र में यह जागरूकता आई कि एड्स का वायरस खून से भी एक से दूसरे तक पहुंचता है। तो अत्यधिक विश्वसनीय एवं जीवन रक्षक उपचार अचानक जोखिम से घिर गया।

खैर, राइटेर में तो कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं हुआ किंतु 1979 से 1985 में पर-रक्त प्राप्त करने वाले अन्य सभी लोग इतने भाग्यशाली न थे। अध्ययनों के अनुसार, जिन रोगियों को 80 के दशक के शुरू में पर-रक्त चढ़ाया गया था, उनमें से लगभग 5 से 6 प्रतिशत एड्स के संपर्क में आ गए, तथा 5 से 17 प्रतिशत हेपेटाइटिस-सी के विषाणुओं से संक्रमित हो गए।

पर-रक्त की सर्वथा निरापद आपूर्ति असंभव है। यद्यपि दान में आए रक्त में एचवाईवी की उपस्थिति की जांच अधिकतर देशों में अनिवार्य हो गई है, लेकिन वायरस आरंभिक अवस्था में हो तो वे पकड़ में नहीं आते हैं। अमरीकी रोग नियंत्रण केंद्रों के अनुसार सर्जरी में रोगी को 5 युनिट पर-रक्त देने पर एड्स विषाणु से संक्रमित होने की संभावना दस हज़ार में एक को होती है।

अत: पूर्णत: निरापद रूप से रक्त चढ़ाना हो तो इसका उपाय यही है कि रक्त स्वयं आपका ही हो। सर्जरी के अधिकतर मामलों में रक्तदान सर्जरी से तीन सप्ताह पहले शुरू कर दिया जाता है तथा सामान्यत: रक्त को संपूर्ण अथवा प्राकृतिक अवस्था में किसी आम रेफ्रिजरेटर में रख दिया जाता है। हां, रक्त ज़्यादा बह जाने की आशंका हो तो रक्तदान शल्य चिकित्सा से कई माह पहले भी शुरू हो सकता है। ऐसे में रक्त कोशिकाओं, जिन्हें केवल पांच सप्ताह तक सुरक्षित रखा जा सकता है, को अलग कर लिया जाता है तथा रोगी को चढ़ा दिया जाता है। शेष तरल रक्त प्लाज़्मा को शून्य से 56 डिग्री सेल्सियस कम तापमान पर एकदम से जमा कर फ्रीजर में रख दिया जाता है। इस अवस्था में इसे दो से तीन वर्षों तक अच्छी दशा में यथावत रखा जा सकता है।

घालमेल से बचने के लिए थैलियों पर पर्चियां लगा दी जाती हैं। अक्सर कंप्यूटर द्वारा पठनीय लिपि कोड तक संलग्न होता है जिसमें रोगी का नाम, खून का वर्ग, पहचान संख्या तथा आंकडे होते हैं। अतिरिक्त स्वरक्त चाहिए हो तो शल्य क्रिया के ठीक पहले लाल रक्त कोशिका के अनुपात में प्लाज़्मा चढ़ाया जाता है। इस तकनीक को रक्त तनुकरण कहा जाता है।

स्वरक्ताधान को महत्वपूर्ण तकनीकी बढ़ावा छोटे आकार के सेंट्रिफ्यूज जैसे यंत्र से मिला है जिसे सेल वॉशर कहते हैं। इससे सर्जरी के दौरान तथा बाद में बहे रक्त का उपयोग शोधन के बाद कर लिया जाता है। उदाहरण के लिए जब राइटेर ही दूसरी बाद कूल्हा बदलवाने के लिए गया तो उसके घावों से बहते खून को ‘नली’ द्वारा चूसकर ऑपरेशन की मेज़ के पास लगे सेल वॉशर में पहुंचा दिया गया।

इसके साथ ही साथ डॉक्टरों द्वारा अलग किए गए रक्त से भरे पतले स्पंजों को इकट्ठा कर चीनी मिट्टी के पात्र में निचोड़ा जाता है तथा रक्त की छोटी मात्रा को उसी नली का प्रयोग कर चूस लिया जाता है।

शल्य क्रिया के दौरान रक्त शोधन का दोहरा लाभ है। वॉशर लाल रक्त कोशिकाओं को पुन: चढ़ाए जाने के लिए 3 से 7 मिनटों में तैयार कर देता है और रोगी के अपने रक्त का प्रयोग होने के कारण रक्त के बेमेल होने, संक्रमित होने तथा एलर्जी होने के जोखिम समाप्त हो जाते हैं। राइटेर के मामले में सर्जरी के दौरान बहे रक्त का लगभग 75 प्रतिशत वॉशर द्वारा फिर से प्राप्त कर लिया गया। 4 युनिट रक्त सर्जरी से पहले निकाला गया था वह बाद में उसे चढ़ा दिया गया। 

यद्यपि ऐसे कई उदाहरण भी हैं जहां स्वरक्ताधान न तो संगत है, न ही अनुमोदनीय। उदाहरण के लिए कैंसर सर्जरी में रोगी का अपना रक्त शरीर के अन्य भागों में भी कैंसर को फैला देगा। फिर आपात सर्जरी के पहले से रक्तदान के लिए समय नहीं होता तथा हो सकता है कि अस्पताल में वॉशर न हो। फिर दुर्घटना में घायल रोगी के अपने खून का बड़ा हिस्सा दुर्घटनास्थल पर ही बह चुका होता है तथा दुर्बल तथा खून की कमी से ग्रस्त रोगी के मामले में स्वरक्तदान उसकी दशा और भी बिगाड़ सकते हैं। ऐसे मामलों में पररक्त के अलावा और कोई चारा नहीं है।

लेकिन ऐसे प्रत्येक रोगी को, जो स्वैच्छिक शल्य चिकित्सा करवाने जा रहा है, स्वरक्ताधान का विकल्प प्रस्तुत क्यों नहीं किया जाता है? एक कारण है धन। फ्रांस में ही वॉशर की कीमत लगभग 2 लाख यूरो है तथा रक्तदान केंद्रों द्वारा संशोधित रक्त का प्रयोग करना लगभग तीन गुना महंगा पड़ता है। इसी के परिणामस्वरूप अधिकतर अस्पताल मानते भी हैं कि दान किए गए पररक्त द्वारा एड्स तथा यकृतशोथ के संक्रमण होने के छोटे से जोखिम को देखते हुए ऐसी महंगी व्यवस्था तर्कसंगत नहीं है।

अपने रक्त की पर्याप्त आपूर्ति की सुनिश्चितता के लिए अस्पताल से दूर रहने वाले स्वैच्छिक रोगी अपने इलाके में भी स्वरक्तदान की व्यवस्था कर सकते हैं तथा रक्त को अपने साथ कहीं भी लाया ले जाया जा सकता है या विमान से भी भेजा जा सकता है। एक से दूसरे अस्पताल तथा एक से दूसरे देश के नियम पृथक होते हैं, इसलिए रोगी को पहले से ही रक्तदान और रक्ताधान के विषय में पूछताछ कर लेनी चाहिए। स्वरक्तदान द्वारा अब कम से कम दो घातक रोगों से बचने का उपाय उपलब्ध हो गया है। इसलिए सबसे निरापद यही है कि आप बन सकते हैं तो अपने खुद के रक्तदाता बनिए। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://www.statnews.com/wp-content/uploads/2016/01/BloodDonation_GettyImages-115577310-1024×576.jpg

एक टिकाऊ भविष्य के लिए आहार में परिवर्तन – डॉ. डी. बालसुब्रामण्यन

भारतीय लोग रोज़ाना लगभग 52-55 ग्राम प्रोटीन खाते हैं। यह उन्हें अधिकांशत: फलियों, मछली और पोल्ट्री से मिलता है। कुछ लोग, खास तौर से विकसित देशों में, ज़रूरत से कहीं ज़्यादा प्रोटीन का सेवन करते हैं। वॉशिंगटन स्थित संस्था वर्ल्ड रिसोर्स इंस्टीट्यूट ने हाल ही में सुझाया है कि लोगों को बीफ (गौमांस) खाना बंद नहीं तो कम अवश्य कर देना चाहिए। यह सुझाव हमारे देश के कई शाकाहारियों का दिल खुश कर देगा और गौरक्षकों की बांछें खिल जाएंगी। किंतु वर्ल्ड रिसोर्स इंस्टीट्यूट के इस सुझाव के पीछे कारण आस्थाआधारित न होकर कहीं अधिक गहरे हैं। आने वाले वर्षों में बढ़ती आबादी का पेट भरने के लिए एक टिकाऊ भविष्य सुनिश्चित करने के लिए अपनाए जाने वाले तौरतरीकों की चिंता इसके मूल में है। वर्ल्ड रिसोर्स इंस्टीट्यू ने इस सम्बंध एक निहायत पठनीय व शोधपरक पुस्तक प्रकाशित की है: शिÏफ्टग डाएट्स फॉर ए सस्टेनेबल फ्यूचर (एक टिकाऊ भविष्य के लिए आहार में परिवर्तन, इसे नेट से मुफ्त में डाउनलोड किया जा सकता है)।

संस्था ने इसमें तीन परस्पर सम्बंधित तर्क प्रस्तुत किए हैं। पहला तर्क है कि कुछ लोग अपनी दैनिक ज़रूरत से कहीं अधिक प्रोटीन का सेवन करते हैं। यह बात दुनिया के सारे इलाकों के लिए सही है, और विकसित देशों पर सबसे ज़्यादा लागू होती है। एक औसत अमरीकी, कनाडियन, युरोपियन या रूसी व्यक्ति रोज़ाना 75-90 ग्राम प्रोटीन खा जाता है इसमें से 30 ग्राम वनस्पतियों से और 50 ग्राम जंतुओं से प्राप्त होता है। 62 कि.ग्रा. वज़न वाले एक औसत वयस्क को 50 ग्राम प्रतिदिन से अधिक की ज़रूरत नहीं होती।

तुलना के लिए देखें, तो भारतीय व अन्य दक्षिण एशियाई लोग लगभग 52-55 ग्राम प्रोटीन का भक्षण करते हैं (जो अधिकांशत: फलियों, मछलियों और पोल्ट्री से प्राप्त होता है)। यही हाल उपसहारा अफ्रीका के निवासियों का है (हालांकि वे हमसे थोड़ा ज़्यादा मांस खाते हैं)। मगर समस्या यह है कि आजकल ब्राज़ील और चीन जैसी उभरती अर्थ व्यवस्थाओं के ज़्यादा लोग पश्चिम की नकल कर रहे हैं और अपने भोजन में ज़्यादा गौमांस को शामिल करने लगे हैं। वर्ल्ड रिसोर्स इंस्टीट्यूट का अनुमान है कि वर्ष 2050 तक दुनिया में गौमांस की मांग 95 प्रतिशत तक बढ़ जाएगी। दूसरे शब्दों में यह मांग लगभग दुगनी हो जाएगी। यह इसके बावजूद है कि यूएस में लाल मांसखाने को लेकर स्वास्थ्य सम्बंधी चिंताओं के चलते गौमांस भक्षण में गिरावट आई है।

चलतेचलते यह स्पष्ट करना ज़रूरी है कि जब बीफ की बात होती है तो उसमें गाय के अलावा सांड, भैंस, घोड़े, भेड़ें और बकरियां शामिल मानी जाती हैं। फिलहाल विश्व में 1.3 अरब कैटल हैं (इनमें से 30 करोड़ भारत में पाले जाते हैं)। उपरोक्त अनुमान का मतलब यह है कि आज से 30 साल बाद हमें 2.6 अरब कैटल की ज़रूरत होगी।

वर्ल्ड रिसोर्स इंस्टीट्यूट का दूसरा तर्क है कि कैटल पृथ्वी की जलवायु को प्रभावित करते हैं। ये ग्लोबल वार्मिंग यानी धरती के औसत तापमान में वृद्धि में योगदान देते हैं। इसके अलावा, कैटल के लिए काफी सारे चारागाहों की ज़रूरत होती है (एक अनुमान के मुताबिक अंटार्कटिक को छोड़कर पृथ्वी के कुल भूभाग का 25 प्रतिशत चारागाह के लिए लगेगा)। यह भी अनुमान लगाया गया है कि वि·ा के पानी में से एकतिहाई पानी तो पालतू पशु उत्पादन में खर्च होता है। इस सबके अलावा, चिंता का एक मुद्दा यह भी है कि गाएं, भैंसें, भेड़बकरी व अन्य खुरवाले जानवर खूब डकारें लेते हैं। मात्र उनकी डकार के साथ जो ग्रीनहाउस गैसें निकलती है, वे ग्लोबल वार्मिंग में 60 प्रतिशत का योगदान देती हैं।

इसके विपरीत गेहूं, धान, मक्का, दालें, कंदमूल जैसी फसलों के लिए चारागाह की कोई ज़रूरत नहीं होती और इनकी पानी की मांग भी काफी कम होती है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि इनसे ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन नहीं होता या बहुत कम होता है। हमने वचन दिया है कि अगले बीस वर्षों में धरती के तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस से अधिक वृद्धि नहीं होने देंगे। किंतु कैटल की संख्या में उपरोक्त अनुमानित वृद्धि के चलते स्थिति और विकट हो जाएगी।

अतिभक्षण से बचें

इस नज़ारे के मद्देनज़र, वर्ल्ड रिसोर्स इंस्टीट्यूट का सुझाव है कि हम, यानी विकसित व तेज़ी से उभरती अर्थ व्यवस्थाओं के सम्पन्न लोग, आने वाले वर्षों में अपने भोजन में कई तरह से परिवर्तन लाएं। पहला परिवर्तन होगा अतिभक्षण से बचें। दूसरे शब्दों में ज़रूरत से ज़्यादा कैलोरी का उपभोग न करें। हमें रोज़ाना 2500 कैलोरी की ज़रूरत नहीं है, 2000 पर्याप्त है। आज लगभग 20 प्रतिशत दुनिया ज़रूरत से ज़्यादा खाती है, जिसकी वजह से मोटापा बढ़ रहा है। इसके स्वास्थ्य सम्बंधी परिणामों से सब वाकिफ हैं। कैलोरी खपत को यथेष्ट स्तर तक कम करने से स्वास्थ्य सम्बंधी लाभ तो मिलेंगे ही, इससे ज़मीन व पानी की बचत भी होगी।

भोजन में दूसरा परिवर्तन यह सुझाया गया है कि प्रोटीन के उपभोग को न्यूनतम अनुशंसित स्तर पर लाया जाए। इसके लिए खास तौर से जंतुआधारित भोजन में कटौती करना होगा। जब प्रतिदिन 55 ग्राम से अधिक प्रोटीन की ज़रूरत नहीं है, तो 75-90 ग्राम क्यों खाएं? और इसकी पूर्ति भी जंतुआधारित प्रोटीन की जगह वनस्पति प्रोटीन से की जा सकती है। सुझाव है कि पारम्परिक भूमध्यसागरीय भोजन (कम मात्रा में मछली और पोल्ट्री मांस) तथा शाकाहारी भोजन (दालफली आधारित प्रोटीन) को तरजीह दी जाए।

और भोजन में तीसरा परिवर्तन ज़्यादा विशिष्ट है: खास तौर से बीफ का उपभोग कम करें।बीफ (सामान्य रूप से कैटल) में कटौती करने से भोजन सम्बंधी और पर्यावरणसम्बंधी, दोनों तरह के लाभ मिलेंगे। पर्यावरणीय लाभ तो स्पष्ट हैं: इससे कृषि के लिए भूमि मिलेगी और ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन कम होगा। बीफ की बजाय हम पोर्क (सूअर का मांस), पोल्ट्री, मछली और दालों का उपभोग बढ़ा सकते हैं।

शाकाहारी बनें या वेगन?

हालांकि वर्ल्ड रिसोर्स इंस्टीट्यूट विशिष्ट रूप से इसकी सलाह नहीं देता किंतु ऐसा करने से मदद मिल सकती है। ज़ाहिर है, यह बहुत बड़ी मांग है और इसके लिए सामाजिक व सांस्कृतिक परिवर्तन की दरकार होगी। मनुष्य सहस्त्राब्दियों से मांस खाते आए हैं। लोगों को मांस भक्षण छोड़ने को राज़ी करना बहुत मुश्किल होगा। शायद बीफ को छोड़कर पोर्क, मछली, मुर्गे व अंडे की ओर जाना सांस्कृतिक रूप से ज़्यादा स्वीकार्य शुरुआत होगी। स्वास्थ्य के प्रति जागरूक और जलवायुस्नेही लोग लचीलाहारीहोने की दिशा में आगे बढ़े हैं। लचीलाहारीशब्द एक लेखक ने दी इकॉनॉमिस्ट के एक लेख में उपयोग किया था। हिंदी में इसे मौकाहारीभी कह सकते हैं। दरअसल भारतीय सेना में एक शब्द मौकाटेरियनका इस्तेमाल उन लोगों के लिए किया जाता है जो वैसे तो शाकाहारी होते हैं किंतु मौका मिलने पर मांस पर हाथ साफ कर लेते हैं। इन पंक्तियों का लेखक भी मौकाटेरियन है।

शाकाहार की ओर परिवर्तन भारतीय और यूनानी लोगों ने करीब 1500-500 ईसा पूर्व के बीच शुरू किया था। इसका सम्बंध जीवजंतुओं के प्रति अहिंसा के विचार से था और इसे धर्म और दर्शन द्वारा बढ़ावा दिया गया था। तमिल अध्येताकवि तिरुवल्लुवर, मौर्य सम्राट चंद्रगुप्त व अशोक,और यूनानी संत पायथागोरस शाकाहारी थे

शाकाहार की ओर वर्तमान रुझान एक कदम आगे गया है। इसे वेगन आहार कहते हैं और इसमें दूध, चीज़, दही जैसे डेयरी उत्पादों के अलावा जंतुओं से प्राप्त होने वाले किसी भी पदार्थ की मुमानियत होती है। फिलहाल करीब 30 करोड़ भारतीय शाकाहारी हैं जिनमें से शायद मात्र 20 लाख लोग वेगन होंगे, हालांकि यह आंकड़ा पक्का नहीं है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit :  https://www.thehindu.com/sci-tech/science/76knnm/article25413094.ece/alternates/FREE_660/04TH-SCIMEAL

घाव के इलाज में तैनात इल्लियां

घाव में कीड़े पड़ना बहुत बुरी बात समझी जाती है। कई जगहों पर तो यदि किसी व्यक्ति के घाव में कीड़े पड़ जाएं तो उसका बहिष्कार किया जाता है और वापिस समाज में शामिल होने के लिए उसे सबको दावत देनी होती है। मगर अब चिकित्सा शोधकर्ता कोशिश कर रहे हैं कि ऐसी इल्लियों का उपयोग घायल लोगों के घावों के उपचार के लिए किया जाए।

यू.के. ने इल्ली-उपचार को वास्त्विक परिस्थिति में आंकने के लिए मैगट प्रोजेक्ट नामक एक परियोजना तैयार की है। इस प्रोजेक्ट के तहत यू.के. सरकार सीरिया, यमन और दक्षिणी सूडान जैसे इलाकों में इल्लियां भेजने जा रही है जहां उनका उपयोग घायलों के उपचार में किया जाएगा। ये इल्लियां ग्रीन बॉटल मक्खियों की हैं। यह देखा गया है कि जैसे ही ये घाव में पहुंचती हैं, वहां उपस्थित मृत कोशिकाओं को खाना शुरू कर देती हैं और अपनी बैक्टीरिया-रोधी लार फैला देती हैं जिससे घाव में बैक्टीरिया नहीं पनपने पाते।

वीभत्स लगने वाले इस उपचार का उपयोग काफी समय से होता आया है। जैसे ऑस्ट्रेलिया के देशज लोग इल्लियों का उपयोग घाव की सफाई हेतु करते हैं। प्रथम विश्व युद्ध के दौरान भी इनका उपयोग किया गया था।

प्रोजेक्ट के तहत स्थानीय अस्पताल स्वयं इल्लियां पालेंगे। इसके लिए मक्खियां पाली जाएंगी और उनके अंडों को बैक्टीरिया मुक्त करके एक-दो दिन तक रखा जाएगा। अंडों में से निकली इल्लियों को सीधे घाव में डाला जा सकता है या थैलियों में भरकर पट्टी की तरह घाव पर बांधा भी जा सकता है।

ऐसी बैक्टीरिया मुक्त इल्लियां उन स्थानों पर काफी कारगर हो सकती हैं जहां उपचार की सुविधाएं न हों। ये इल्लियां मृत ऊतकों का भक्षण करती हैं और घाव को साफ रखती हैं। दरअसल घाव में होने वाले द्वितीयक संक्रमण ही स्थिति को बिगाड़ते हैं और ये इल्लियां ऐसे संक्रमणों से बचाव करती हैं। इस सम्बंध में 2012 में इंडियन जर्नल ऑफ प्लास्टिक सर्जरी में सुरजीत भट्टाचार्य की एक रिपोर्ट भी प्रकाशित हुई थी।

यदि यह योजना कारगर रहती है तो मैदानी अस्पतालों में इल्लियां पैदा की जाने लगेंगी जो प्रतिदिन 250 घावों के लिए पर्याप्त होंगी। इस प्रोजेक्ट के लिए ज़रूरी तकनीकी जानकारी ऑस्ट्रेलिया के ग्रिफिथ विश्वविद्यालय के फ्रेंक स्टेडलर के समूह द्वारा उपलब्ध कराई गई है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit :   http://www.sciencemag.org/sites/default/files/styles/article_main_large/public/images/sn-maggots.jpg?itok=DbpM7nmt

एक महिला जो पुरुषों की आवाज़ नहीं सुन सकती

चीन में एक महिला एक अजीबो गरीब तकलीफ से पीड़ित है। उसे पुरुषों की आवाज़ सुनाई ही नहीं देती। चेन नामक यह महिला एक दिन सुबह उठी और पाया कि उसे अपने पुरुष साथी की आवाज़ सुनाई नहीं दे रही है। वह अस्पताल पहुंची जहां उसका उपचार एक महिला डॉक्टर द्वारा किया जा रहा है। डॉक्टर ने पाया कि यह महिला उनकी आवाज़ तो सुन पा रही थी किंतु पास में लेटे एक पुरुष मरीज़ की आवाज़ बिलकुल भी नहीं सुन पा रही थी।

चेन एक दुर्लभ श्रवण बाधा से ग्रस्त थी। इसे रिवर्स स्लोप हियरिंग लॉस कहा जाता है। आम तौर पर जब किसी व्यक्ति को सुनने में कठिनाई होती है तो वह उच्च आवृत्ति की आवाज़ों के मामले में होती है। आवृत्ति ध्वनि के विश्लेषण का एक तरीका है। ध्वनि वास्तव में हवा अथवा अन्य माध्यमों में होने वाली कंपनों के रूप में फैलती है और हमारे कानों तक पहुंचती है। प्रति सेकंड कंपनों की संख्या ही उसकी आवृत्ति कहलाती है। प्रति सेकंड जितने ज़्यादा कंपन होते हैं आवाज़ उतनी ही पतली होती है जबकि कम कंपन होने पर आवाज़ भारी या मोटी होती है।

जब कोई व्यक्ति सुनने में कठिनाई की शिकायत करता है तो उसके श्रवण का आवृत्ति के अनुसार ग्राफ बनाया जाता है। आम तौर पर देखा गया है कि उच्च आवृत्ति वाली ध्वनियां (यानी पतली आवाज़े) सुनने में दिक्कत होती है। मनुष्य के कान में अंदर की ओर सूक्ष्म रोम होते हैं। जब कोई ध्वनि कानों तक पहुंचती है तो इन रोमों में कंपन होते हैं जिसके संदेश मस्तिष्क तक पहुंचते हैं और वहां इन्हें ध्वनि के रूप में पहचाना जाता है। उम्र के साथ या चोट लगने पर या किसी दवा के असर से ये रोम भुरभुरे हो जाते हैं और टूट भी सकते हैं। इसी क्षति की वजह से सुनने में दिक्कत होती है।

उच्च आवृत्ति वाली ध्वनियों के प्रति संवेदनशील रोम ज़्यादा नाज़ुक होते हैं। इस वजह से ये रोम पहले क्षतिग्रस्त होते हैं और काम करना बंद करते हैं। इसीलिए उच्च आवृत्ति की ध्वनियां सुनने में दिक्कत आम बात है। मगर कभी-कभी कम आवृत्ति की ध्वनियों को पकड़ने में दिक्कत होती है जो उक्त महिला के साथ हुआ। शोधकर्ताओं का मानना है कि रिवर्स स्लोप हियरिंग लॉस रक्त वाहिनियों में किसी समस्या की वजह से हो सकता है या सदमे की वजह से भी हो सकता है। एक और कारण शरीर के प्रतिरक्षा तंत्र द्वारा स्वयं अपनी ही कोशिकाओं पर हमला करना भी हो सकता है। आत्म-प्रतिरक्षा के नाम से जानी जाने वाली यह समस्या आंतरिक कान को प्रभावित करती है और इससे संतुलन बनाने में दिक्कत तथा उल्टी जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। दरअसल चेन ने रिपोर्ट किया था कि उन्हें एक रात पहले चक्कर आए थे और उल्टियां भी हुई थीं। वैसे डॉक्टरों का कहना है कि यदि इस स्थिति का पता जल्दी चल जाए तो इलाज संभव है। चेन के मामले में लगता है कि देर तक काम करते रहने के तनाव के कारण यह स्थिति बनी है और संभवत: जल्दी ही वे ठीक भी हो जाएंगी। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit :   https://img.purch.com/w/660/aHR0cDovL3d3dy5saXZlc2NpZW5jZS5jb20vaW1hZ2VzL2kvMDAwLzEwMy82NzEvb3JpZ2luYWwvcmV2ZXJzZS1zbG9wZS1oZWFyaW5nLWxvc3M=

तोंद की चर्बी का सम्बंध दिमाग से है

यह तो काफी समय से माना जाता रहा है कि आपकी तोंद में जमा चर्बी आपके हृदय के लिए बुरी होती है मगर अब पता चल रहा है कि यह दिमाग के लिए भी बुरी होती है। युनाइटेड किंगडम में किए गए एक अध्ययन का निष्कर्ष है कि जो लोग मोटे होते हैं और जिनकी कमर और कूल्हों का अनुपात अधिक होता है उनके मस्तिष्क का आयतन कम होता है। कमर और कूल्हे का अनुपात तोंद की चर्बी का द्योतक माना जाता है। अध्ययन में खास तौर से यह पता चला है कि तोंद की चर्बी का सम्बंध मस्तिष्क के ग्रे मैटर के कमतर आयतन से है।

न्यूरोलॉजी पत्रिका में प्रकाशित इस अध्ययन के प्रमुख शोधकर्ता, लफबरो विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स, एक्सरसाइज़ एंड हेल्थ के मार्क हैमर का कहना है कि बड़ी संख्या में लोगों के अध्ययन के बाद पता चला है कि मोटापे का सम्बंध मस्तिष्क के सिकुड़ने से है। गौरतलब है कि मस्तिष्क के कम आयतन यानी मस्तिष्क के सिकुड़ने का सम्बंध याददाश्त में गिरावट और विस्मृति से देखा गया है। इस अध्ययन में यू.के. के 9600 लोगों के बॉडी मास इंडेक्स तथा कमर और कूल्हों का अनुपात नापा गया था और एमआरआई के द्वारा उनके मस्तिष्क का आयतन नापा गया था। अध्ययन में शामिल किए गए लोगों की औसत उम्र 55 वर्ष थी। शोधकर्ताओं ने यह स्पष्ट किया है कि इस अध्ययन में भाग लेने को जो लोग तैयार हुए वे आम तौर पर स्वस्थ लोग थे। इसलिए इसके परिणामों को फिलहाल पूरी आबाद पर लागू करने में सावधानी की ज़रूरत है।

वैसे यह बात ध्यान देने की है कि उपरोक्त अध्ययन में मोटापे और मस्तिष्क के आयतन के बीच जो सह-सम्बंध देखा गया है वह कार्य-कारण सम्बंध नहीं है बल्कि मात्र इतना है कि ये दोनों चीज़ें साथ-साथ होती नज़र आती हैं। अर्थात यह नहीं कहा जा सकता कि मोटापे से मस्तिष्क सिकुड़ता है। यह भी संभव है कि मस्तिष्क के कुछ हिस्सों के सिकुड़ने से मोटापा बढ़ता हो।

वैसे तोंद में जमा चर्बी अन्य मामलों में भी हानिकारक है। पहले कुछ अध्ययनों से पता चल चुका है कि तोंद की चर्बी की बढ़ी हुई मात्रा का सम्बंध हृदय रोगों से है। इसके अलावा इसका सम्बंध टाइप 2 डायबिटीज़ तथा उच्च रक्तचाप से भी देखा गया है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://drlindseyberkson.com/wp-content/uploads/2017/10/belly-fat-brain-volume.jpg

क्या युवा खून पार्किंसन रोग से निपट सकता है?

चूहों पर किए गए अध्ययनों से पता चल चुका है कि यदि बूढ़े चूहों को युवा चूहों का खून दिया जाए, तो उनके मस्तिष्क में नई कोशिकाएं बनने लगती हैं और उनकी याददाश्त बेहतर हो जाती है। वे संज्ञान सम्बंधी कार्यों में भी बेहतर प्रदर्शन करते हैं। स्टेनफोर्ड के टोनी वाइस-कोरे द्वारा किए गए परीक्षणों से यह भी पता चल चुका है कि युवा खून का एक ही हिस्सा इस संदर्भ में प्रभावी होता है। खून के इस हिस्से को प्लाज़्मा कहते हैं।

उपरोक्त परिणामों के मद्दे नज़र वाइस-कोरे अब मनुष्यों में युवा खून के असर का परीक्षण कर रहे हैं। दिक्कत यह है कि खून के प्लाज़्मा नामक अंश में तकरीबन 1000 प्रोटीन्स पाए जाते हैं और वाइस-कोरे यह पता करना चाहते हैं कि इनमें से कौन-सा प्रोटीन प्रभावी है। सामान्य संज्ञान क्षमता के अलावा वाइस-कोरे की टीम यह भी देखना चाहती है कि क्या पार्किंसन रोग में इस तकनीक से कोई लाभ मिल सकता है।

उम्र बढ़ने के साथ शरीर में होने वाले परिवर्तनों में से कई का सम्बंध रक्त से है। उम्र के साथ खून में लाल रक्त कोशिकाओं और सफेद रक्त कोशिकाओं की संख्या घटने लगती है। सफेद रक्त कोशिकाएं हमारी प्रतिरक्षा प्रणाली का महत्वपूर्ण अंग हैं। अस्थि मज्जा कम लाल रक्त कोशिकाएं बनाने लगती है। अबतक किए गए प्रयोगों से लगता है कि युवा खून इन परिवर्तनों को धीमा कर सकता है।

वाइस-कोरे जो परीक्षण करने जा रहे हैं उसमें प्लाज़्मा के प्रोटीन्स को अलग-अलग करके एक-एक का प्रभाव आंकना होगा। यह काफी श्रमसाध्य होगा। एक प्रमुख दिक्कत यह है कि इतनी मात्रा में युवा खून मिलने में समस्या है। उनकी टीम ने 90 पार्किंसन मरीज़ों को शामिल कर लिया है और पहले मरीज़ को युवा खून का इंजेक्शन दे भी दिया गया है। उम्मीद है कि वे खून के प्रभावी अंश को पहचानने में सफल होंगे। इसके बाद कोशिश होगी कि इस अंश को प्रयोगशाला में संश्लेषित करके उसके परीक्षण किए जाएं। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://i.dailymail.co.uk/1s/2019/01/02/22/8063026-6549223-image-a-44_1546468527780.jpg

अंग प्रत्यारोपण के साथ एलर्जी भी मिली

दि आप जानते हैं कि आपको किसी तरह के खाने से कोई परेशानी या एलर्जी नहीं है तो आप बेफिक्र होकर वह चीज़ खाते हैं। ऐसा सोचकर ही एक महिला ने हमेशा की तरह पीनट-बटर-जैम सैंडविच खाया। मगर इस बार उसे भयानक एलर्जी हो गई। ट्रासंप्लांटेशन प्रोसिडिंग्स पत्रिका में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक यह एलर्जी महिला को जिस व्यक्ति का अंग प्रत्यारोपित किया गया, उससे मिली है।

कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय के फेफड़ा और क्रिटिकल केयर मेडिसिन के फेलो मज़ेन ओडिश के मुताबिक 68 वर्षीय महिला एंफेसिमा से पीड़ित थी। (एंफेसिमा में फेफड़ो के वायुकोश क्षतिग्रस्त हो जाते हैं और सांस लेने में कठिनाई होती है।) इसी के इलाज में, एक अन्य व्यक्ति का एक फेफड़ा महिला के शरीर में सफलतापूर्वक प्रत्यारोपित किया गया था। लेकिन अचानक एक दिन महिला को सीने में जकड़न महसूस होने लगी और उन्हें सांस लेने में भी दिक्कत हो रही थी। महिला के अनुसार उन्हें यह दिक्कत पीनट-बटर-जैम सैंडविंच खाने के बाद शुरू हुई। लेकिन महिला में फूड एलर्जी के अन्य कोई लक्षण (रेशेस या पेटदर्द) दिखाई नहीं दे रहे थे। चूंकि महिला को पहले कभी यह समस्या नहीं हुई थी इसलिए डॉक्टर ने जिस व्यक्ति का फेफड़ा महिला के शरीर में लगाया था, उसकी एलर्जी के बारे में जानकारी ली। पता चला कि उस व्यक्ति को मूंगफली से एलर्जी है। ओडिश का कहना है कि फेफड़े के साथ-साथ एलर्जी भी महिला को मिल गई थी।

हालांकि यह बहुत कम होता है कि अंग के साथ-साथ अंग दान करने वाले की एलर्जी भी अंग प्राप्तकर्ता में हस्तांतरित हो जाए। मगर लिवर, किडनी, फेफड़े, अस्थि मज्जा, ह्रदय के प्रत्यारोपण के मामलों में ऐसा देखा गया है कि अंगदान करने वाले की फूड एलर्जी अंग प्राप्तकर्ता में हस्तांतरित हुई है।

एक अन्य शोध के मुताबिक अंग प्रत्यारोपण के दौरान फूड एलर्जी उन मामलों में हस्तांतरित होती है जिनमें अंग प्राप्तकर्ता को टैक्रोलिमस नामक औषधि दी गई हो। दरअसल शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली किसी भी बाहरी चीज़ को नष्ट कर देती है। अंग प्रत्यारोपण के बाद प्रतिरक्षा प्रणाली प्रत्यारोपित अंग को बाहरी समझ कर उसे नष्ट न कर दे, इसके लिए टैक्रोलिमस औषधि दी जाती है। इस महिला को भी टेक्रोलिमस औषधि दी गई थी।

आगे की जांच में इस बात की पुष्टि भी हुई कि महिला को मूंगफली के अलावा काजू-बादाम, अखरोट और नारियल से भी एलर्जी भी हो गई है। ओडिश का कहना है कि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि प्रत्यारोपण के साथ आने वाली एलर्जी ताउम्र रहती है या नहीं। किसी-किसी मामले में समय के साथ एलर्जी खत्म भी हो सकती है। फिलहाल डॉक्टर, महिला की मूंगफली और अन्य गिरियों की एलर्जी की लगातार जांच करेंगे और देखेंगे कि क्या वक्त के साथ स्थिति में कोई बदलाव आता है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : http://a360-wp-uploads.s3.amazonaws.com/wp-content/uploads/rtmagazi/2016/03/dreamstime_s_50389563-466×310.jpg

 

रोगों की पहचान में जानवरों की भूमिका – डॉ. डी. बालसुब्रमण्यन

कुछ हफ्तों पहले काफी दिलचस्प खबर सुनने में आई थी कि कुत्ते मलेरिया से संक्रमित लोगों की पहचान कर सकते हैं। ऐसा वे अपनी सूंघने की विलक्षण शक्ति की मदद से करते हैं। यह रिपोर्ट अमेरिका में आयोजित एक वैज्ञानिक बैठक में ‘मेडिकल डिटेक्शन डॉग’संस्था द्वारा प्रस्तुत की गई थी। मेडिकल डिटेक्शन डॉग यूके स्थित एक गैर-मुनाफा संस्था है। इसी संदर्भ में डोनाल्ड जी. मैकनील ने न्यू यार्क टाइम्स में एक बेहतरीन लेख लिखा है। (यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध है।)

मेडिकल डिटेक्शन डॉग कुत्तों में सूंघने की खास क्षमता की मदद से अलग-अलग तरह के कैंसर की पहचान पर काम कर चुकी है। इसके लिए उन्होंने कुत्तों को व्यक्ति के ऊतकों, कपड़ों और पसीने की अलग-अलग गंध की पहचान करवाई ताकि कुत्ते इन संक्रमणों या कैंसर को पहचान सकें। इस समूह ने पाया कि मलेरिया और कैंसर पहचानने के अलावा कुत्ते टाइप-1 डाइबिटीज़ की भी पहचान कर लेते हैं। कुछ अन्य समूहों का कहना है कि उन्होंने कुत्तों को इस तरह प्रशिक्षित किया है कि वे मिर्गी के मरीज़ में दौरा पड़ने की आशंका भांप लेते हैं। उम्मीद है कि कुत्तों की मदद से कई अन्य बीमारियों की पहचान भी की जा सकेगी। कुत्तों में रासायनिक यौगिकों (खासकर गंध वाले) को सूंघने और पहचानने की विलक्षण शक्ति होती है। उनकी इस विलक्षण क्षमता के कारण ही एयरपोर्ट पर सुरक्षा के लिए, कस्टम विभाग में, पुलिस में या अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ड्रग्स, बम या अन्य असुरक्षित चीज़ों को ढूंढने के लिए कुत्तों की मदद ली जाती है। सदियों से शिकारी लोग कुत्तों को साथ ले जाते रहे हैं, खासकर लोमड़ियों और खरगोश पकड़ने के लिए।

शुरुआत कैसे हुई

पिछले पचासेक वर्षों में रोगों की पहचान के लिए कुत्तों की सूंघने की क्षमता की मदद लेने की शुरुआत हुई है। इस सम्बंध में वर्ष 2014 में क्लीनिकल केमिस्ट्री नामक पत्रिका में प्रकाशित ‘एनिमल ऑलफैक्ट्री डिटेक्शन ऑफ डिसीज़: प्रॉमिस एंड पिट्फाल्स’लेख बहुत ही उम्दा और पढ़ने लायक है। यह लेख कुत्तों और अन्य जानवरों (खासकर अफ्रीकन थैलीवाले चूहे) में रोग की पहचान करने के विभिन्न पहलुओं पर बात करता है। (इंटरनेट पर उपलब्ध है: DOI:10.1373/clinchem.2014.231282)। कैंसर की पहचान में कुत्तों की क्षमता का पता 1989 में लगा था, जब एक कुत्ता अपनी देखरेख करने वाले व्यक्ति के पैर के मस्से को लगातार सूंघ रहा था। जांच में पाया गया कि त्वचा का यह घाव मेलेनोमा (एक प्रकार का त्वचा कैंसर) है। इसी लेख में डॉ. एन. डी बोर ने बताया है कि किस प्रकार कुत्ते हमारे शरीर के विभिन्न अंगों के कैंसर को पहचान सकते हैं। प्रयोगों और जांचों में इन सभी कैंसरों की पुष्टि भी हुई। हाल ही में कुत्तों को कुछ सूक्ष्मजीवों (टीबी के लिए ज़िम्मेदार बैक्टीरिया और आंतों को प्रभावित करने वाले क्लॉस्ट्रिडियम डिफिसाइल बैक्टीरिया) की पहचान करने के लिए भी प्रशिक्षित किया गया है।

जानवरों में इंसान के मुकाबले कहीं अधिक तीक्ष्ण और विविध तरह की गंध पहचानने की क्षमता होती है। (जानवर पृथ्वी पर मनुष्य से पहले आए थे और पर्यावरण का सामना करते हुए विकास में उन्होने सूंघने की विलक्षण शक्ति हासिल की है।) डॉ. एस. के. बोमर्स पेपर में इस बात पर ध्यान दिलाते हैं कि बीडोइन्स ऊंट (अरब के खानाबदोशों के साथ चलने वाले ऊंट) 80 किलोमीटर दूर से ही पानी का स्रोत खोज लेते हैं। ऊंट ऐसा गीली मिट्टी में मौजूद जियोसिमिन रसायन की गंध पहचान कर करते हैं।

चूहे भी मददगार

लेकिन विभिन्न गंधों की पहचान के लिए ऊंटों की मदद हर जगह तो नहीं ली जा सकती। डॉ. बी. जे. सी. विटजेन्स के अनुसार अफ्रीकन थैलीवाले चूहे की मदद ली जा सकती है। चूहों में दूर ही से और विभिन्न गंधों को पहचानने की बेहतरीन क्षमता होती है, इन्हें आसानी से कहीं भी ले जाया जा सकता है और इनके रहने के लिए जगह भी कम लगती है। साथ ही ये चूहे उष्णकटिबंधीय इलाकों के रोगों की पहचान में पक्के होते हैं। इतिहास की ओर देखें तो मनुष्य ने गंध पहचान के लिए कुत्तों को पालतू बनाया। कुछ चुनिंदा बीमारियों की पहचान के लिए कुत्तों की जगह अफ्रीकन थैलीवाले चूहों की मदद ली जाती है। तंजानिया स्थित एक गैर-मुनाफा संस्था APOPO इन चूहों पर सफलतापूर्वक काम कर रही है। चूहों के साथ फायदा यह है कि उनकी ज़रूरतें कम होती हैं – एक तो आकार में छोटे होते हैं, उनकी इतनी देखभाल नहीं करनी पड़ती, उन्हें प्रशिक्षित करना आसान है, और उन्हें आसानी से कहीं भी ले जाया जा सकता है। फिलहाल तंजानिया और मोज़ेम्बिक में इन चूहों की मदद से फेफड़ों के टीबी की पहचान की जा रही है (https://www.flickr.com/photos/42612410@N05>)। दुनिया भर में भी स्थानीय चूहों की मदद रोगों की पहचान के लिए ली जा सकती।

कुत्तों, ऊंटों, चूहों जैसे जानवरों में रोग पहचानने की यह क्षमता उनकी नाक में मौजूद 15 करोड़ से 30 करोड़ गंध ग्रंथियों के कारण होती है। जबकि मनुष्यों में इन ग्रंथियों की संख्या सिर्फ 50 लाख होती है। इतनी अधिक ग्रंथियों के कारण ही जानवरों की सूंघने की क्षमता मनुष्य की तुलना में 1000 से 10 लाख गुना ज़्यादा होती है। अधिक ग्रंथियों के कारण ही जानवर विभिन्न प्रकार गंध की पहचान पाते हैं और थोड़ी-सी भी गंध को ताड़ने में समर्थ होते हैं। इसी क्षमता के चलते कुत्ते जड़ों के बीच लगी फफूंद भी ढूंढ लेते हैं, जो पानी के अंदर होती हैं।

भारत में क्यों नहीं?

भारत में कुत्तों के प्रशिक्षण के लिए अच्छी सुविधाएं हैं, जिनका इस्तेमाल क्राइम ब्रांच, कस्टम वाले और अपराध वैज्ञानिक एजेंसियां करती हैं। जनसंख्या के घनत्व और चूहों के उपयोग की सरलता को देखते हुए ग्रामीण इलाकों में चूहों की मदद रोगों की पहचान के लिए ली जा सकती है। APOPO की तर्ज पर हमारे यहां भी स्थानीय जानवरों को महामारियों की पहचान के लिए प्रशिक्षित किया जा सकता है। ज़रूरी होने पर रोग की पुष्टि के लिए विश्वसनीय उपकरणों की मदद ली जा सकती है। इस तरह की ऐहतियात से हमारे स्वास्थ्य केंद्रों और स्वास्थ्य कर्मियों को सतर्क करने में मदद मिल सकती है। स्वास्थ्य केंद्र और स्वास्थ्य कार्यकर्ता शुरुआत में ही बीमारी या महामारी पहचाने जाने पर दवा, टीके या अन्य ज़रूरी इंतज़ाम कर सकते हैं और रोग को फैलने से रोक सकते हैं। हमारे पशु चिकित्सा संस्थानों को इस विचार की संभावना के बारे में सोचना चाहिए। पशु चिकित्सा संस्थान उपयुक्त और बेहतर स्थानीय जानवर चुनकर उन्हें रोगों की पहचान के लिए प्रशिक्षित कर सकते हैं। और इन प्रशिक्षित जानवरों को उपनगरीय और ग्रामीण इलाकों, खासकर घनी आबादी वाले और कम स्वास्थ्य सुविधाओं वाले इलाकों में रोगों की पहचान के लिए तैनात किया जा सकता है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : http://ichef.bbci.co.uk/news/976/cpsprodpb/5FAF/production/_84759442_pa_dog.jpg