प्राचीन पक्षियों की चोंच का रहस्य

गभग 9 करोड़ वर्ष पूर्व पाए जाने वाले समुद्री पक्षी इकथायोर्निस और आजकल के आधुनिक पक्षियों के शरीर की बनावट काफी मेल खाती है। इसमें एक विचित्र बात यह भी है कि इसका शरीर तो आधुनिक पक्षियों के समान है लेकिन इसके थूथन (स्नाउट) में डायनासौर के समान दांत थे। इकथायोर्निस पक्षी का सबसे पहला जीवाश्म 1870 में कैंसास में पाया गया था। शुरुआत में पुरातत्व विज्ञानियों को लगा था कि यह जीवाश्म एक जीव का नहीं बल्कि दो जीवों का है। इसका धड़ तो किसी छोटे से पक्षी का है और जबड़ा किसी समुद्री सरिसृप का। लेकिन और अधिक खुदाई के बाद मालूम चला कि यह जीवाश्म एक ही जीव का है। इस जीव के बारे में चार्ल्स डारविन ने कहा था कि यह जैव विकास का एक उम्दा प्रमाण है।

इस जीवाश्म में ऊपरी जबड़ा मौजूद नहीं था और निचला जबड़ा किसी डायनासौर के जबड़े के समान नज़र आता है। इससे पुरातत्व विज्ञानियों ने यह अनुमान लगाया था कि प्राचीन पक्षियों का ऊपरी जबड़ा रीढ़धारी जीवों की तरह स्थिर रहा होगा।

वर्ष 2014 में कैंसास के पुराजीव वैज्ञानिकों को इकथायोर्निस का एक और जीवाश्म मिला। उन्होंने इसे येल विश्वविद्यालय की भर्त-अंजन भुल्लर और उनके साथियों के साथ साझा किया। इस बार जीवाश्म को चट्टान में से निकालने की बजाय शोधकर्ताओं ने मौके पर ही पूरे चूना पत्थर का सीटी स्कैन किया। इसके साथ ही उन्होंने संग्रहालय से तीन पूर्व अपरिचित नमूनों का स्कैन भी किया और सभी स्कैन को सम्मिलित करने के बाद इकथायोर्निस की खोपड़ी का एक मॉडल तैयार किया गया। इसके बाद 1870 में पाए गए जीवाश्म की दोबारा जांच की गई। जीवाश्म के साथ संग्रहित कुछ अज्ञात टुकड़ों का स्कैन करने पर मालूम चला कि ये टुकड़े ऊपरी थूथन की वे हड्डियां हैं जो नए नमूनों में मौजूद नहीं थीं।

त्रि-आयामी मॉडल तैयार करने के बाद समझ आया कि इकथायोर्निस आधुनिक चिड़िया और डायनासौर के बीच की कड़ी है। डायनासौर जैसे दांत होने के बावजूद इकथायोर्निस की हुकनुमा चोंच थी और वह आजकल के पक्षियों की तरह ऊपरी और निचले दोनों जबड़ों को अलग-अलग हिला सकता था।

शोधकर्ताओं का मानना है कि चोंच भी ठीक उसी समय विकसित हुई होगी जिस समय पंख विकसित हुए होंगे। एक कुशल जबड़े से खुद के पंख संवारने के साथ चिमटी जैसी पकड़ बनाने में मदद भी मिलती होगी। (स्रोत फीचर्स

नोट : यह लेख वेबसाइट पर 7 जून 2018 तक ही उपलब्ध रहेगा|

प्रातिक्रिया दे