मशहूर दकियानूस वैज्ञानिक की प्रशंसा का खामियाजा

जेम्स वॉटसन मशहूर वैज्ञानिक हैं। 1950 के दशक में उन्होंने फ्रांसिस क्रिक के साथ मिलकर आनुवंशिक पदार्थ डीएनए की रचना का खुलासा किया था जिसके लिए उन्हें नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इसके बाद वे मानव जीनोम परियोजना के निदेशक भी रहे। हाल ही में उनकी 90वीं सालगिरह मनाई गई। इस आयोजन में एमआईटी के ब्रॉड इंस्टीट्यूट के एरिक लैंडर को उनका प्रशस्ति पत्र पढ़ने को कहा गया था।

यह आयोजन कोल्ड हार्बर स्प्रिंग लेबोरेटरी में जीनोम्स बैठक के दौरान किया गया था। विडंबना यह है कि वॉटसन इस लेबोरेटरी के निदेशक थे और 2007 में उन्हें इस्तीफा देने को कहा गया था। कारण था कि उन्होंने एक ब्रिटिश अखबार में यह बयान दिया था कि अश्वेत लोग बौद्धिक दृष्टि से गोरों से कमतर होते हैं।

यह बात आम तौर पर ज्ञात नहीं है कि वॉटसन के विचार कितने दकियानूसी हैं और वे किस अक्खड़ ढंग से अपने विचारों को व्यक्त करते रहे हैं। वास्तव में वॉटसन शुरू से ही विवादों में रहे हैं। 1962 में उन्हें फ्रांसिस क्रिक और मॉरिस विल्किन्स के साथ संयुक्त रूप से नोबेल मिला था। नोबेल की घोषणा होने से पहले रोज़लिंड फ्रेंकलिन का निधन हो चुका जिनका योगदान इस कार्य में बहुत महत्वपूर्ण रहा था। नोबेल पुरस्कार मरणोपरांत नहीं दिया जाता किंतु वॉटसन ने जिस ढंग से फ्रेंकलिन के योगदान को कम करके बताया था, उसकी काफी आलोचना हुई थी।

वॉटसन यह भी कह चुके हैं कि भूमध्य रेखा के आसपास तेज़ धूप के कारण यौन इच्छाएं बढ़ जाती हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि अफ्रीका के लोगों की बुद्धि वास्तव हमारे जैसी है ही नहीं। वॉटसन के नस्लवादी, लिंगवादी विचारों से विज्ञान जगत परिचित रहा है। इसलिए जब उनकी सालगिरह पर उनका गुणगान किया गया तो सोशल मीडिया उबल पड़ा। परिणाम यह हुआ कि एरिक लैंडर को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी। (स्रोत फीचर्स)

नोट : यह लेख वेबसाइट पर 7 जून 2018 तक ही उपलब्ध रहेगा|

प्रातिक्रिया दे