विज्ञान में लिंगभेद उजागर करने की पहल

अकादमिक सभाओं, पत्रिका के संपादक मंडल या अन्य अकादमिक पदों पर पुरुषों की अधिक भागीदारी वाले स्थानो को पुरुषअड्डे कहा जाने लगा है। इन स्थानों को पुरुषअड्डे कहना लिंगभेद उजागर करने का एक तरीका है। लिंगभेद उजागर करने की दिशा में एक ओर पहल हुई है। जर्मन कैंसर रिसर्च इंस्टिट्यूट द्वारा आयोजित सभा में आमंत्रित वक्ताओं में 28 में से 23 महिला वक्ता हैं।

जर्मन कैंसर रिसर्च सेंटर की जीव वैज्ञानिक और एक्ज़ेक्यूटिव वीमेन्स इनीशिएटिव की अध्यक्ष उर्सुला क्लिंगमुलर फ्रंटियर्स इन कैंसर रिसर्च मीटिंग की आयोजक हैं। सभा का उद्देश्य दुनिया भर में काम कर रहे अच्छे शोधकर्ताओं को सामने लाना है।क्लिंगमुलर का कहना है कि हमने उन महिलाओं को आमंत्रित किया है जो इस क्षेत्र में अग्रणी काम कर रही हैंयहां महिलापुरुष वक्ता का अनुपात आम तौर पर आयोजित सभाओं के एकदम विपरीत है। वैसे हमने पुरुषों को भी आमंत्रित किया है।

उनका कहना है कि उन्हें खुशी होगी यदि पहली नज़र में वक्ताओं के नामों की सूची देखकर किसी को कुछ अटपटा या असामान्य ना लगे। 9 से 12 अक्टूबर तक चलने वाले इस आयोजन के लिए लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है और अब तक लगभग 250 प्रतिभागी पंजीकरण करवा चुके है। लोग वक्ताओं से प्रभावित हैं।

इस आयोजन पर प्रिंसटन विश्वविद्यालय की तंत्रिका विज्ञानी येल निव का कहना है कि यह कोशिश अकादमिक सभाओं के आयोजकों और वहां उपस्थित लोगों में लिंगभेद के प्रति जागरूकता ला सकती है। निव ने 2016 में नशे का तंत्रिका विज्ञान पर आयोजित एक सम्मेलन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने वक्ताओं की जो सूची तैयार की थी उसमें उन्होंने पाया कि सूची में एक भी महिला नहीं है। उसके बाद फिर से सूची तैयार की जिसमें महिला वक्ताओं को शामिल किया। उन्होंने पहले बनाई सूची पर फिर गौर किया और पाया कि आमंत्रित पुरुष वक्ताओं में से कुछ शोधकर्ता जानेमाने तो थे मगर सम्मेलन के विषय से सम्बंधित नहीं थे। वहीं बाद में जिन महिलाओं को जोड़ा गया उनके शोधकार्य सम्मेलन के विषय से सम्बंधित थे। उनके लिए यह मज़ेदार एहसास था। निव का मत है कि लैंगिक असंतुलन पर सवाल उठाना मात्र इसलिए सही नहीं है कि आयोजक लिंगसमानता के मुद्दे पर विचार करें बल्कि इसलिए भी है कि इससे हमारे अध्ययन बेहतर होंगे। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit :  https://www.sciencemag.org/sites/default/files/styles/inline__450w__no_aspect/public/conference_16x9.jpg?itok=u2cEg1C-

वैज्ञानिक गोपनीय जानकारी बेचने के आरोप से मुक्त

भारत के एक शीर्ष अंतरिक्ष वैज्ञानिक शंकरलिंगम नंबी नारायणन को सुप्रीम कोर्ट ने निर्दोष पाया है। नारायणन पर आरोप थे कि उन्होंने इसरो के अंतरिक्ष कार्यक्रम की गोपनीय जानकारी पाकिस्तान को बेची है।

साल 1994 में इसरो के वैज्ञानिक नारायणन और डी. शशिकुमार पर इसरो की गोपनीय जानकारी पाकिस्तान को बेचने के आरोप लगाए गए थे। इस मामले में सभी की गिरफ्तारी हुई और मुकदमे चले। 1996 में स्थानीय अदालत ने नारायणन और अन्य सभी लोगों को आरापों से बरी कर दिया था। सीबीआई ने भी तब जांच में उन्हें निर्दोष पाया था। किंतु उसके बाद भी, 20 सालों तक, अन्य अदालतों में मुकदमे चलते रहे। नारायणन का कहना है कि हम सभी की जिंदगी बिखर गई और हम सभी ने बहुत कुछ झेला है।

साल 2001 में, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने नारायणन को 10 लाख रुपए की अंतरिम राहत देने का आदेश दिया था। किंतु वह भी उन्हें 11 साल बाद मिली, दो बार उच्च न्यायालय में गुहार लगाने के बाद।

14 सितंबर को हुई सुनवाई में शीर्ष न्यायालय ने नारायणन पर लगे आरोपों को मनगढ़ंत बताया है और उन्हें 50 लाख रुपए बतौर हर्ज़ाना देने का आदेश दिया है। अदालत ने कहा कि केरल राज्य पुलिस द्वारा शुरू की गई कार्रवाई संदेहपूर्ण थी। इस पूरी प्रक्रिया में पुलिस और जांच दल का व्यवहार नारायणन के लिए पीड़ादायक था। सुप्रीम कोर्ट ने सम्बंधित पुलिस अफसरों पर ज़रूरी कार्रवाई का भी आदेश दिया है।

इस मामले ने इसरो को अंदर तक हिला दिया। दरअसल 1990 के दशक में भारत सोवियत संघ और संयुक्त राज्य अमेरिका से क्रायोजेनिक तकनीक खरीदने की बात कर रहा था। इस तकनीक से ईंधन को कम तापमान पर तरल अवस्था में स्टोर किया जा सकता है। अंतत: भारत सोवियत संघ से तकनीक खरीदने के लिए सहमत हो गया। लेकिन सोवियत संघ के विघटन के बाद संयुक्त राज्य अमेरिका ने रूस पर भारत को तकनीक ना देने का दबाव बनाया। इस तरह यह महत्वपूर्ण तकनीक भारत के हाथ निकल गई।

नारायणन को शक है कि इसमें अंतर्राष्ट्रीय साज़िश है। इसमें भारत की खुफिया एजेंसियों की भी भूमिका रही है। इससे इसरो की अंतरिक्ष योजनाओं में लगभग 15 साल की देरी हो गई।

असल में भारत में इस तकनीक के आने से उम्मीद थी कि भारत से उपग्रह प्रक्षेपण नासा या युरोपीय संस्थाओं के मुकाबले कम कीमत पर किए जा सकेंगे। आज उपग्रह प्रक्षेपण में भारत का महत्वपूर्ण स्थान है लेकिन भारी उपग्रहों को छोड़ने में स्थान बनाने में अभी वक्त लगेगा, क्योंकि भारत ने कुछ ही वर्षों पहले इस तकनीक में महारत हासिल की है। नारायणन शीर्ष अदालत के फैसले से खुश हैं। देर से ही सही, दोषमुक्त करने के लिए उन्होंने कोर्ट का आभार व्यक्त किया है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : http://d2r2ijn7njrktv.cloudfront.net/IL/uploads/2018/05/Nambi-Narayana_Wikipedia.jpg

शाकाहारी, अति-शाकाहारी और परखनली मांसभक्षी – डॉ. डी. बालसुब्रमण्यन

द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान, जब हिटलर ने यह दावा किया कि तीन हफ्तों में इंग्लैंड की गर्दन एक मुर्गे की तरह मरोड़ दी जाएगी, तब विंस्टन चर्चिल ने उपेक्षापूर्ण जवाब दिया था: some chicken, some neck (इंग्लैंड कोई मुर्गा नहीं है)। कुछ ही समय बाद इंग्लैंड व मित्र सेनाओं ने युद्ध जीत लिया।

लेकिन 1930 के दशक में चर्चिल ने मुर्गे सम्बंधी एक टिप्पणी और की थी जो आज के लिए भी काफी प्रासंगिक है: आज से 50 साल बाद मुर्गे की टांग खाने के लिए हम पूरे चिकन को पालने के बेतुकेपन से बचेंगे क्योंकि तब हम इन अंगों को अलग से प्रयोगशाला में बना सकेंगे।

जी हां, चर्चिल की भविष्यवाणी आने वाले सालों में सच हो सकती है। शोधकर्ता प्रयोगशाला में कोशिका और ऊतक इंजीनियरिंग की मदद से खाद्य-मांस विकसित कर रहे हैं। इस प्रकार हमारे बीच न केवल वीगन यानी अति-शाकाहारी (वे लोग जो दूध या अन्य डेयरी उत्पादों का भी उपयोग नहीं करते हैं), शाकाहारी और मांसाहारी लोग होंगे बल्कि परखनली में बनाए गए मांसभक्षी यानी इन-विट्रोटेरियंसलोग भी होंगे।

प्रयोगशाला में मांस क्यों विकसित किया जा रहा है? क्योंकि हमें पशुओं के चारे के लिए फसलें उगानी पड़ती हैं। इन फसलों को उगाने में उपलब्ध ज़मीन का 26 प्रतिशत और काफी मात्रा में पानी का भी इस्तेमाल होता है। इसके अलावा, मवेशी ग्लोबल वार्मिंग में 18 प्रतिशत का योगदान करते हैं।

चर्चिल की बात को दूसरे शब्दों में कहें, तो जानवर प्रोटीन के कार्यक्षम कारखाने नहीं हैं; मांस के रूप में हम जो भी खाते हैं वह प्रोटीन (मांसपेशियां) ही है। तो फिर क्यों न प्रयोगशाला में मात्र मांस विकसित करें जिससे जगह और पानी की बचत हो सके और ग्लोबल वार्मिंग को कम किया जा सके?

यहीं स्टेम कोशिका का प्रवेश होता है। निकोल जोन्स ने नेचर के 9 दिसंबर 2010 के अंक में लिखा था कि भ्रूणीय स्टेम कोशिकाएं एक अनश्वर (और इसलिए सस्ता) भंडार प्रदान करती हैं जिससे मांस की अंतहीन आपूर्ति की जा सकती है। लेकिन पालतू जानवरों से भ्रूणीय स्टेम कोशिकाओं का उत्पादन करने का प्रयास सफल नहीं रहा है। इसलिए वैज्ञानिकों ने वयस्क स्टेम कोशिकाओं की ओर ध्यान दिया। इन्हें मायोसेटेलाइट कोशिका कहते हैं और यही मांसपेशियों की वृद्धि और मरम्मत के लिए जिम्मेदार हैं।

प्रयोगशाला में मांस (जिसे इन-विट्रो मांस या आईवीएम भी कहा जाता है) बनाने के लिए पहले से ही तीन समूह इन कोशिकाओं के उपयोग में भिड़े हैं। इस सम्बंध में हॉलैंड में एक और अमेरिका में दो पेटेंट लिए जा चुके हैं। इनमें से एक डॉ. केदारनाथ चल्लाकेरे हैं जिनकी कंपनी मोक्षगुंडम बायोटेक्नोलॉजीज़ कैलिफोर्निया में स्थित है। (मोक्षगुंडम एक स्थान का नाम है जो पहली बार सर एम. विश्वेश्वरैया के कारण जाना गया था। विश्वेश्वरैया इसी स्थान से थे)।

यह होता कैसे है? उदाहरण के लिए सबसे पहले एक सूअर की बायोप्सी से मायोसेटेलाइट कोशिका को निकाला जाता है और एक उचित माध्यम का उपयोग कर प्रयोगशाला में पनपाया जाता है। फिर उन्हें एक ढांचे पर रोपकर रेशों का रूप दिया जाता है, जो एक साथ बांधने पर मांसपेशी का रूप ले लेते हैं। इसके बाद, कुछ प्रयोगके माध्यम से मांसपेशियों में प्रोटीन उत्पादन को बढ़ाया जाता है। मांसपेशियों की इन पट्टियों को पीसकर उनमें स्वाद के लिए रसायन, विटामिन और आयरन मिलाकर सॉसेज मांस तैयार किया जाता है। इसे पकाकर खा सकते हैं।

अभी कई ऐसे तकनीकी मुद्दे हैं जिन्हें हल किया जाना है। इनमें सबसे पहला मुद्दा कोशिकाओं के स्रोत का है।

चूंकि भ्रूणीय स्टेम कोशिकाएं एक आदर्श प्रारंभिक बिंदु हैं, इसलिए मुर्गे, टर्की, भेड़ और मवेशी (और यहां तक कि कई खाद्य मछली) से भ्रूणीय स्टेम कोशिकाओं के उत्पादन पर काम करना होगा। दूसरी बात है कि यदि वयस्क स्टेम कोशिकाएं ली जाएं (जिनका उपयोग अभी किया गया है) तो वे लगभग 30 बार के बाद आगे विभाजित नहीं होतीं।

उनके गुणसूत्र के डीएनए में सुरक्षात्मक सिरे (टीलोमेयर) प्रत्येक विभाजन में छोटे होते जाते हैं और आगे अधिक विभाजन के बाद गायब हो जाते हैं। कल्चर माध्यम में एंज़ाइम टीलोमरेज़ मिलाने से मदद मिल सकती है।

एक मुद्दा यह भी है कि आदर्श रूप से हम जंतु-मुक्त माध्यम का उपयोग करना चाहते हैं। कुछ समूहों ने इसके लिए मैटेक मशरूम का उपयोग किया है जबकि कुछ अन्य ने नीले हरे शैवाल को इस्तेमाल किया। ध्यान दें कि ये दोनों शुद्ध शाकाहारी माध्यम हैं। लेकिन इनमें धन और सामग्री जैसे बड़े मुद्दे शामिल हैं। कोशिका पालन के लिए प्रयुक्त माध्यम बहुत महंगा है, और लागत में 90 प्रतिशत हिस्सा इसी का है।

दूसरा, मांस के रेशों को मांसपेशी की पट्टियों में ढालने की प्रक्रिया है, जिसके लिए ऊर्जा की ज़रूरत होगी और बड़े पैमाने पर संभव बनाने की भी।

तीसरा मुद्दा है कि जैसे-जैसे मांसपेशियों की पट्टियां बड़ी होने लगती हैं, उनकी अंदरूनी कोशिकाएं मरने लगती हैं क्योंकि उन्हें पोषण नहीं मिल पाता। वास्तविक परिस्थिति में उन्हें ज़रूरी पोषण रक्त प्रवाह द्वारा प्रदान किया जाता है। इसलिए इन-विट्रो में रक्त वाहिकाएंबनाने की ज़रूरत है।

इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए एक अनुमान है कि प्रयोगशाला में मांस की पहली खेप तैयार करने के लिए प्रति टन 3,500 यूरो खर्च होगा। तुलना के लिए देखें कि सामान्यत: मांस उत्पादन का खर्च 1,800 यूरो प्रति टन होता है। हालांकि, यह भी याद रखें कि पहला सेल फोन बनाने के लिए लाखों यूरो खर्च किए गए थे लेकिन आज एक साधारण मॉडल 30 यूरो में खरीदा जा सकता है। एक बार विज्ञान ठीक तरह से काम कर गया, तो लागत कम होगी और तकनीक में प्रगति से उत्पादन में वृद्धि के साथ कीमतें भी नीचे आएंगी।

लेकिन फिर भी, क्या प्रयोगशाला में बने मांस को स्वीकार किया जाएगा? मुझे तो लगता है कि किया जाएगा। सबसे पहले, प्रीवेंशन ऑफ एट्रोसिटीज़ अगेन्स्ट एनिमल्स (पेटा) जैसे समूह इसे स्वीकार कर रहे हैं और बढ़ावा दे रहे हैं। दूसरी बात है कि यह जेनेटिक रूप से परिवर्तित (जीएम) भोजन नहीं है क्योंकि इसमें जेनेटिक इंजीनियरिंग का उपयोग नहीं किया गया है। तीसरा, हालांकि आज इसमें कोई स्वाद नहीं है, आगे चलकर भोजन और पोषण वैज्ञानिक स्वाद बढ़ाने में सक्षम होंगे।

चौथा, क्या इन-विट्रो मांस अनैतिक या अप्राकृतिक है? ज़रूरी नहीं; इन-विट्रो कंसोर्टियम (एक संस्थान जो इन-विट्रो मांस के विचार को बढ़ावा देता है) के डॉ. जेसन मैथेनी पूछते हैं: क्या 10,000 मुर्गियों को बाड़े में रखना जहां वे अपने ही मल में जीती हैं और उनमें तरह-तरह के रसायन भर देना नैतिक या प्राकृतिक है?” मैथेनी हाई स्कूल के दिनों से शाकाहारी नहीं बल्कि वीगन रहे हैं। जब पूछा कि क्या वे आईवीएम खाएंगे, तो उन्होंने कहा, हां, ज़रूर। यह मांस के प्रति मेरी सभी चिंताओं का उत्तर देगा। चर्चिल भी ज़रूर इसे खाते।

मुझे लगता है कि महात्मा गांधी (चर्चिल अधनंगा फकीर कहकर जिनकी खिल्ली उड़ाया करते थे) भी इस परखनली उत्पादित मांस को स्वीकृति देते, हालांकि शायद खुद नहीं खाते। आने वाले दिनों की बात करूं, तो सोचता हूं कि पशु अधिकार समर्थक सुश्री मेनका गांधी या सुश्री अमाला अक्किनेनी क्या कहेंगी। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://cdn-a.william-reed.com/var/wrbm_gb_food_pharma/storage/images/1/3/8/0/1710831-1-eng-GB/Lab-grown-meat-to-revolutionise-food-sector_wrbm_large.jpg

अमेरिका में अगले चुनाव मत पत्रों से करवाने का सुझाव

अमेरिका में साल 2020 में राष्ट्रपति चुनाव होने वाले हैं। वहां की विज्ञान अकादमियों का आग्रह है कि ये चुनाव मत पत्रों (बैलट पेपर) से किए जाएं।

दरअसल साल 2016 में हुए राष्ट्रपति चुनाव में गड़बड़ियों की आशंका जताई जा रही थी। वहां की खुफिया एजेंसियों ने खुलासा किया था कि रूस की सरकार ने चुनाव में धांधली करवाने की कोशिश की थी।

अमेरिका में ईवीएम मशीन और इंटरनेट के ज़रिए वोट डाले जाते हैं। राष्ट्रीय विज्ञान, इंजीनियरिंग और चिकित्सा अकादमी की रिपोर्ट के अनुसार मत पत्र, जिनकी गणना इंसानों द्वारा की जाती है, चुनाव के लिए सबसे सुरक्षित तरीका है। उन्होंने पाया है कि चुनाव के लिए इंटरनेट टेक्नॉलॉजी सुरक्षित और भरोसेमंद नहीं है। इसलिए रिपोर्ट में उनका सुझाव है कि 2020 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव को मत पत्रों से किया जाए। जब तक इंटरनेट सुरक्षा और सत्यापन की गांरटी नहीं देता तब तक के लिए इसे छोड़ देना बेहतर होगा। मत पत्र से मतगणना के लिए ऑप्टिकल स्कैनर का उपयोग अवश्य किया जा सकता है। मगर, इसके बाद पुनर्गणना और ऑडिट इंसानों द्वारा ही किया जाना चाहिए। अकादमी की रिपोर्ट में उन मशीनों को भी तुरंत हटाने का भी सुझाव दिया गया है जिनमें इंसानों द्वारा गणना नहीं की जा सकती।

कमेटी के सहअध्यक्ष, कोलंबिया युनिवर्सिटी की ली बोलिंगर और इंडियाना युनिवर्सिटी के अध्यक्ष माइकल मैकरॉबी का कहना है कि मतदान के दौरान तनाव को संभालने की ज़रूरत है। जब मतदाताओं की संख्या और जटिलता बढ़ रही है और हम उन्हें मताधिकार के प्रति जागरूक करना चाहते हैं तो चुनावी प्रक्रिया को भ्रष्ट होने से बचाना ज़रूरी है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://www.worldblaze.in/wp-content/uploads/2017/05/Paper-Ballot.jpg

दाढ़ी-मूंछ रखने के फायदे और नुकसान – डॉ. ओ. पी. जोशी

फैशन के आयाम हमेशा बदलते रहते हैं। एक समय था जब क्लीन शेव रखना अच्छा माना जाता था परंतु अब दाढ़ी या मूंछ या दोनों ही रखना फैशन बनता जा रहा है। स्टाइलिश लुक देने के लिए दाढ़ीमूंछों के कई प्रकार भी हो गए हैं। इतिहास में झांककर देखें तो पता चलता है कि दाढ़ीमूंछ रखने की परंपरा काफी पुरानी है। साधु संत लोग दाढ़ीमूंछ रखते थे और आज भी रखते हैं। राजामहाराजाओं द्वारा दाढ़ीमूंछ रखना शौर्य व पराक्रम का प्रतीक माना जाता था, परंतु कुछ इसे नापसंद भी करते थे। सिकंदर को अपने सिपाहियों तथा तुर्की लोगों को अपने गुलामों का दाढ़ीमूंछ रखना नापसंद था। रूस के पीटर महान ने तो दाढ़ीमूंछ पर टैक्स लगाया था।

इतिहास कुछ भी रहा हो एवं फैशन में इसे कैसी भी मान्यता दी गई हो, परंतु अब दाढ़ीमूंछ वैज्ञानिकों, चर्म रोग के चिकित्सकों एवं पर्यावरणविदों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गई हैं। दाढ़ीमूंछ रखने या न रखने के पक्ष एवं विपक्ष में खेमे बन गए हैं एवं सभी के अपनेअपने तर्क एवं विचार हैं।

चर्मरोग विशेषज्ञ मानते हैं कि दाढ़ीमूंछ त्वचा की कई समस्याओं एवं रोगों से बचाती हैं। दाढ़ीमूंछ चेहरे की त्वचा को सूखी होने से तथा पराबैंगनी किरणों के हानिकारक प्रभाव से लगभग 90 प्रतिशत बचाती हैं और जीवाणुओं के संक्रमण व धूल आदि से भी बचाव करती है। चेहरे के कई दाग धब्बे, निशान एवं झुर्रियां भी दाढ़ीमूंछ छिपा लेती हैं।

अलबत्ता, धूल एवं प्रदूषणकारी पदार्थों की रोकथाम में दाढ़ीमूंछ की फिल्टर समान भूमिका को अब वैज्ञानिक सही नहीं मानते हैं। कुछ वर्ष पूर्व सोवियत संघ की चिकित्सा विज्ञान अकादमी में कार्यरत वैज्ञानिकों ने बताया था कि दाढ़ीमूंछ रखने वाले लोगों की सांस के साथ अंदर जा रही हवा में कई प्रकार के विषैले रसायन पाए जाते हैं। जैसे एसीटोन, बेंज़ीन, टालुईन, अमोनिया, फिनॉल तथा आइसोप्रोपेन। वैज्ञानिकों ने केवल दाढ़ी रखने वाले, केवल मूंछ रखने वाले, दाढ़ीमूंछ दोनों रखने वाले तथा दाढ़ीमूंछ दोनों रखने के साथ धूम्रपान करने वाले लोगों पर अलगअलग प्रयोग किए। परिणाम चौंकाने वाले तथा खतरनाक थे।

वैज्ञानिकों ने पाया कि केवल मूंछ एवं केवल दाढ़ी वाले लोगों की सांस में विषैले रसायन आसपास की वायु से क्रमश: 4.2 तथा 1.9 प्रतिशत ज़्यादा थे। दाढ़ीमूंछ दोनों होने पर यह मात्रा 7.2 प्रतिशत अधिक पाई गई। मूंछों वाले धूम्रपान प्रेमियों में विषैले रसायन 24.7 एवं दाढ़ी वालों में 18.2 प्रतिशत अधिक आंके गए। दाढ़ीमूंछ के साथ धूम्रपान करने वालों में ज़हरीले रसायन  40.2 प्रतिशत अधिक देखे गए। अध्ययन दर्शाता है कि दाढ़ीमूंछ के साथ धूम्रपान का शौक काफी खतरनाक है।

दाढ़ीमूंछ चेहरे की त्वचा को सुरक्षा देती है या सांस के साथ फेफड़ों में पहुंचने वाले प्रदूषण की मात्रा बढ़ाती है। इन दोनों तथ्यों पर दुनिया भर में चिकित्सकों एवं पर्यावरणविदों ने अध्ययन कर अपनेअपने विचार रखे हैं। ज़्यादातर चिकित्सकों का मत है कि दाढ़ी एवं मूंछ पूरे चेहरे को नहीं अपितु केवल उतने क्षेत्र को ही सुरक्षा प्रदान करती हैं जहां तक वे फैली होती हैं। कई प्रकरणों में तो दाढ़ीमूंछ के अंदर भी त्वचा पर संक्रमण का पैदा होना देखा गया है। दाढ़ीमूंछ स्थायी तौर पर रखने वाले धार्मिक एवं कुछ संप्रदाय के लोगों के चेहरे पर कभी संक्रमण नहीं हुआ हो, ऐसा भी नहीं है। दाढ़ीमूंछ के अलावा कई अन्य प्रयास भी लोगों द्वारा संक्रमण रोकने हेतु किए जाते हैं।

पर्यावरणविदों के मत भी तर्कसंगत तथा प्रासंगिक हैं। उनका कहना है कि आजकल लोग स्वास्थ्य, सुंदरता तथा फैशन के प्रति जागरूक हैं, इसलिए वे दिन में 3-4 बार चेहरे को धोते हैं। चेहरा धोने से प्रदूषणकारी पदार्थ पानी के साथ घुलकर बह जाते हैं और इस वजह से सांस के साथ ज़्यादा प्रदूषित पदार्थों का शरीर में प्रवेश करना संभव नहीं है। वैसे आजकल बालों के समान दाढ़ीमूंछ भी रंगी जाती हैं। डाई में उपस्थित रसायनों के शरीर में प्रवेश करने या न करने पर वैज्ञानिकों ने अभी तक कोई मत नहीं दिए हैं।

कुछ चिकित्सक एवं पर्यावरण वैज्ञानिकों ने दाढ़ीमूंछ के रखरखाव एवं सांस के द्वारा ज़हरीले रसायनों के प्रवेश के सम्बंधों पर भी अध्ययन किए है। दाढ़ीमूंछों के रखरखाव के तहत तेल आदि लगाने पर प्रदूषणकारी पदार्थ वहां चिपक जाते हैं एवं सांस के साथ शरीर में प्रवेश नहीं कर पाते हैं और यदि प्रवेश करते भी हैं तो उनकी मात्रा काफी घट जाती है। इसके विपरीत बगैर तेल लगी सूखी दाढ़ीमूंछों से ये पदार्थ सांस द्वारा तेज़ी से शरीर में पहुंचते है।

इस प्रकार दाढ़ीमूंछ, स्वास्थ्य व प्रदूषण के संदर्भ में वैज्ञानिकों, चिकित्सकों तथा पर्यावरणविदों ने अपनेअपने मत रखे हैं एवं तर्कों के आधार पर उन्हें सही या गलत बताया है। अब निर्णय आपको लेना है कि दाढ़ीमूंछ रखें या न रखें। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://encrypted-tbn0.gstatic.com/images?q=tbn:ANd9GcRQRl0yUu7dbhkfGmYJtHhFvf3O9yoIg-eHb-iKTR9HkXoiBi_G

कपास का पालतूकरण और गुलामी प्रथा – डॉ. डी. बालसुब्रमण्यन

बैक्टीरिया की एक नई किस्म किस प्रकार विकसित होती है? मान लीजिए, किसी बैक्टीरिया का सामना किसी खतरे से होता है। यह खतरा एंटीबायोटिक के रूप में हो सकता है। संयोगवश बैक्टीरिया के जीन में एक छोटासा परिवर्तन होता है, जो उसे इस खतरे का सामना करने के काबिल बनाता है। दूसरे शब्दों में, उसे प्रतिरोधी बनाता है। चूंकि बैक्टीरिया कुछ मिनटों या घंटों में तेज़ी से बढ़ते हैं इसलिए हम देख सकते हैं कि कुछ ही हफ्तों में बैक्टीरिया की दवा प्रतिरोधी किस्म बढ़ जाएगी और दवा संवेदनशील किस्मों की जगह ले लेगी।

उपरोक्त बात जो बैक्टीरिया के लिए सत्य है वह पौधों और जानवरों पर भी लागू होती है। फर्क केवल इतना है कि पौधों और जंतुओं के मामले में समय मिनटों और घंटों में नहीं बल्कि दशकों, सदियों या सहस्त्राब्दी में देखा जाता है क्योंकि इनमें एकएक पीढ़ी काफी लंबे समय की होती है। मगर यह सही है कि जब उन पर भी जलवायु या पर्यावरण परिवर्तन, या पालतू बनाए जाने के कारण स्थानीय परिवर्तनों का दबाव पड़ता है तो वे भी उत्परिवर्तन पैदा करते हैं।

क्या ऐसे तनाव एक के बाद एक उत्परिवर्तन क्रमिक रूप से उत्पन्न करते हैं या जीनोम अपेक्षाकृत थोक में (झटके के साथ रुकरुककर) प्रतिक्रिया देता है? क्रमिकता में विश्वास रखने वाले जीव विज्ञानी इन वैज्ञानिकों को जर्क’ (झटका) कहते हैं। इसके जवाब में झटकेदार उत्परिवर्तन में विश्वास करने वाले वैज्ञानिक क्रमिकता में विश्वास करने वालों को क्रीप (सरका) कहते हैं।

मक्का, गेहूं, कपास या चावल जैसे पौधों को देखें। इन्हें जलवायु में बड़े बदलावों का सामना करना पड़ा है। इनमें से कई परिवर्तन पुरातन काल में पृथ्वी पर हुए थे। जब मनुष्य ने पालतू बनाने की प्रक्रिया में उन्हें नए वातावरण प्रदान किए तब भी इन्हें परिवर्तनों का सामना करना पड़ा था।

सवाल है कि पौधे इस तरह के तनाव में कैसी प्रतिक्रिया देते हैं? क्या उनके जीन में क्रमिक परिवर्तनों के ज़रिए सदियों में अनुकूलन होगा, जिसमें एक के बाद एक प्रत्येक उत्परिवर्तन पहले वाले उत्परिवर्तन की मदद करेगा? या एक बड़े पैमाने पर एक झटके में थोक परिवर्तन हो सकते हैं जिनकी वजह से नई किस्में एवं संकर उत्पन्न हो जाएंगे?

जीव विज्ञानी डॉ. बारबरा मैकलिंटॉक मक्का (मकई) में आनुवंशिक परिवर्तन का अध्ययन कर रही थीं। कई वर्षों के की अथक मेहनत के बाद यह देखकर उनके आश्चर्य का ठिकाना न रहा कि जीनोम के भीतर जीन अनुक्रमों का थोक स्थानांतरण होता रहता है।

उन्होंने पाया कि जीनोम के भीतर डीएनए के टुकड़े कटकर अलग होते हैं, कहीं औेर चिपक जाते हैं, या उनकी प्रतिलिपि बनकर कहीं और जुड़ जाती है। इस प्रकार से जीनोम एक जड़ाऊ काम है, जिसका अनुक्रम बदलता रहता है और अनुक्रम बदलने के साथ संदेश भी बदलता है और नई किस्में पैदा हो सकती हैं।

(उदाहरण के तौर पर, एक वाक्य देखिए: मारो मत, जाने दो। अब काटछांट या शब्दों को कॉपीपेस्ट करने पर वाक्य का संदेश बदल जाएगा: मारो, मत जाने दो)। मैकलिंटॉक ने ऐसे चलतेफिरते डीएनए अनुक्रमों को ट्रांसपोज़ॉन या ट्रांसपोज़ेबल घटक का नाम दिया था। इस खोज के लिए उन्हें 1983 में नोबेल पुरस्कार मिला।

ट्रांसपोज़ॉन्स या फुदकते जीनअनुक्रम तनाव होने पर या पालतूकरण का दबाव होने पर विकास के लिए एक व्यवस्था प्रदान करते हैं। हाल ही में इस बिंदु को वारविक विश्वविद्यालय, यूके में कपास के पौधे का अध्ययन करने वाले एक समूह द्वारा रेखांकित किया गया है।

उन्होंने कपास के पुरातात्विक नमूने लिए (पेरू से दो, एकएक ब्राज़ील और मिरुा से)। इनके डीएनए अनुक्रमों का विश्लेषण करने पर देखा कि पालतू बनाई गई किस्मों में काफी जीनोमिक पुनर्गठन हुआ है, जबकि इन्हीं से सम्बंधित जंगली किस्मों में जीनोम अनुक्रम काफी स्थिर बना रहा है।

पालतूकरण और इससे उत्पन्न तनाव पौधों को मजबूर करते हैं कि वे ट्रांसपोज़ॉन्स का उपयोग करके जीन्स का स्थानांतरण करें।

मनुष्यों की सांस्कृतिक प्रथाओं के कारण इस तरह के एपिसोडिक (घटनाआधारित) परिवर्तनों का अनुभव अकेले कपास ने नहीं किया है। बल्कि साथसाथ, कपास के कारण मानव व्यवहार और सभ्यता में भी एपिसोडिक परिवर्तन आए हैं।

यह प्राचीन पौधा पहली बार सिंधु घाटी में 6000 ईसा पूर्व में पालतू बनाया गया था। वहां से यह अफ्रीका और अरेबिया तक फैल गया, जहां इसे अल कुत्न नाम दिया गया (स्पैनिश में यह अलगोडन हुआ और अंग्रेज़ी में कॉटन)

स्वतंत्र रूप से, मेक्सिको में 3000 ईसा पूर्व में, इसकी एक और प्रजाति उगाई गई थी। शुरुआती एशियाई और मेक्सिकन लोग इसे कातते और पहनते थे। मसाले, सोना और चांदी के साथ, कपास भी प्राचीन विश्व का खज़ाना था जिसे उपनिवेशवादी लूटा करते थे।

कपास की इस लूटपाट और व्यावसायीकरण ने गुलामी के अपमानजनक और अक्षम्य इतिहास को बढ़ावा दिया। जब युरोपीय लोगों ने अमेरिका की खोज की, और उसके अधिकांश दक्षिणी राज्यों को कपास के खेतों में परिवर्तित कर दिया तो उन्हें मज़दूरों की आवश्यकता पड़ी।

सिर्फ 1700 से 1900 के बीच, कपास खेतों में काम करने के लिए 40 लाख अफ्रीकी लोगों को गुलाम बनाकर यू.एस. लाया गया ताकि उन पर जानवरों की तरह अधिकार जताकर खरीदा और बेचा जा सके। (यहां तक कि अमेरिका के संस्थापक भी नीग्रो गुलामों के मालिक थे और उनका इस्तेमाल करते थे)

फलस्वरूप, कपास फलनेफूलने लगा। 1800 के दशक के मध्य तक अमेरिका प्रतिवर्ष लगभग दो अरब टन कपास निर्यात कर रहा था।

यह सही है कि इस अमानवीय प्रथा के खिलाफ असंतोष था, लेकिन जब इसने गृहयुद्ध का रूप ले लिया तब राष्ट्रपति लिंकन ने हस्तक्षेप करके युद्ध जीता और देश को एकीकृत किया।

लेकिन काले और गोरे लोगों को समान अधिकार तो तब मिले जब गांधीवादी नेता मार्टिन लूथर किंग के नेतृत्व में अश्वेत लोगों ने (अपने गोरे समर्थकों के साथ) इस लड़ाई को बहादुरी से बढ़ाया। उनका नारा था, हम होंगे कामयाब, हम होंगे आज़ाद एक दिन।

भारत में, ईस्ट इंडिया कंपनी की एक प्रमुख खोज कैलिको था। यह कोज़िकोड (कालीकट, इसलिए कैलिको) में बनाया गया एक कपड़ा था जिसे सूत और बिनौले के छिलके दोनों का उपयोग करके बनाया जाता था।

भारतीय (और मिस्र) सूत की मेहरबानी से कंपनी और साम्राज्य ने सालाना लाखों पाउंड कमाए। जब औद्योगिक क्रांति के दौरान इंग्लैंड में कपड़ा मिलों की स्थापना हुई, तो सूती कपड़ा और अधिक महीन व बेहतर हो गया और उसकी मांग बढ़ी। भारतीय सूती कपड़े ने यूके (जहां इसे प्रतिबंधित किया गया था) और खुद भारत में भी अपना मूल्य खो दिया।

गांधीजी ने मिलनिर्मित कपड़े के सांस्कृतिक और शोषक मूल्य को समझा। इसी के चलते उन्होंने चरखे और घर की बनी खादी को महत्व दिया। आर्थिक मूल्य के अलावा, यह आज भी राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति की भावना जगाता है। अर्थात कपास एक क्रमिक परिवर्तन नहीं लाया, बल्कि राष्ट्रवाद की भारतीय भावना में एक गहरे परिवर्तन को झटके से शुरू किया। यह कितना अन्यायपूर्ण है कि वर्तमान समय के खद्दरधारी नेताओं के युग में, ढाई लाख से अधिक किसान सिर्फ इस कारण आत्महत्या कर चुके हैं कि वे कपास की खेती करने के लिए उठाए गए ऋणों का भुगतान नहीं कर सके। और राहत की कोई उम्मीद भी नज़र नहीं आती (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit :  https://www.thehindu.com/migration_catalog/article12928220.ece/alternates/FREE_660/TH12-COTTON-BRSC

क्या पैदाइशी दांत चिंता का विषय है? – डॉ. विपुल कीर्ति शर्मा

दांत आना बच्चे के जीवन के पहले वर्ष की सबसे महत्वपूर्ण घटना होती है।  पहला दांत निकलना माता-पिता एवं परिवार के लिए बेहद खुशी का अवसर होता है। कुछ संस्कृतियों में इस समय बच्चे को दूध के अलावा पहला भोजन दिया जाता है।

सामान्यत: बच्चों में दांतों का पहला जोड़ा 6 माह की उम्र में दिखता है। इन्हें कृंतक दांत कहते हैं। कुछ ही हफ्तों बाद ऊपरी चार कृंतक भी दिखने लगते हैं। इसके बाद अन्य दांत आने लगते हैं। ढाई-तीन साल में निचले जबड़े और ऊपरी जबड़े में 10-10 दांत निकल आते हैं। ये दूध के दांत कहलाते हैं। फिर 6-12 वर्ष की आयु में दूध के दांत गिरने लगते हैं तथा उनकी जगह नए तथा मज़बूत दांत ले लेते हैं। जैव-विकास के क्रम में हमारे जबड़े छोटे हुए हैं और उनमें 32 दांतों के लिए जगह नहीं बची है। इसलिए अक्सर 28 दांत ही आते हैं और कई बार तो एक के ऊपर दूसरा दांत आ जाता है।

हाल ही में एक नवजात बच्ची ने सबको आश्चर्य में डाल दिया क्योंकि 12 दिन की आयु में ही उसके निचले मसूड़े में एक दांत चमक रहा था। जन्म के समय या एक महीने के भीतर दांतों का आना एक बिरली बात है। इस प्रकार के दांतों को पैदाइशी या प्रसव दांत कहते हैं और ये 2500 में किसी एक बच्चे में देखे जाते हैं। पैदाइशी दांत जबड़ों में मज़बूती से न जुड़े होने के कारण मसूड़ों में हिलते रहते हैं। दांतों के डॉक्टर ऐसे दांतों को निकाल देते हैं क्योंकि खुद निकलकर ये सांस की नली में भी जा सकते हैं हालांकि चिकित्सा साहित्य में पैदाइशी दांत के सांस की नली में जाने का कोई उदाहरण नहीं मिलता। इसके अलावा दर्द और अड़चन के कारण बच्चे अक्सर दूध पीना छोड़ देते हैं। मां को भी दूध पिलाने में दिक्कत हो सकती है।

इंडियन जनरल ऑफ डेंटिस्ट्री में सन 2012 में छपे एक शोध के अनुसार पैदाइशी दांतों के मामले में आनुवंशिकी की भी भूमिका होती है। अगर माता-पिता, नज़दीकी रिश्तेदार या भाई-बहन में पैदाइशी दांत थे तो नवजात में इसकी संभावना 15 प्रतिशत ज़्यादा होती है। अक्सर पैदाइशी दांत पर एनेमल की मज़बूत परत भी नहीं होती है और ये पीले-भूरे रंग के होते हैं।

कई संस्कृतियों में पैदाइशी दांत को शगुन-अपशगुन माना जाता है। रोमन इतिहासज्ञ टाइटस लिवियस (ईसा पूर्व पहली सदी) ने इन्हें विनाशकारी घटनाओं का संकेत बताया था। दूसरी ओर, प्लिनी दी एल्डर नामक इतिहासकार ने पैदाइशी दांतों को लड़कों में शानदार भविष्य तथा लड़कियों में खराब घटना का द्योतक बताया था। इंग्लैंड के लोग पैदाइशी दांत वाले बच्चों को मशहूर सैनिक और फ्रांस एवं इटली में ऐसे बच्चों को भाग्यशाली मानते थे। चीन, पोलैंड और अफ्रीका में ऐसे बच्चों को राक्षस एवं दुर्भाग्य का वाहक समझा जाता था।

आजकल बेहतर इलाज की उपलब्धता के चलते पैदाइशी दांतों के आने पर बच्चों को तुरंत ही दांतों के डॉक्टर को दिखाना चाहिए और सावधानीपूर्वक बच्चे की जांच की जानी चाहिए। माता-पिता की जागरूकता बढ़ाने के लिए चिकित्सकीय परामर्र्श भी बेहद आवश्यक है। (स्रोत फीचर्स)
नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://i.dailymail.co.uk/i/pix/2011/08/19/article-2028123-0D7E4E2E00000578-750_1024x615_large.jpg

टापुओं पर निवास का विचित्र असर

हा जा रहा है कि जंतुओं के अलगथलग टापुओं पर रहने से उनकी साइज़ पर अजीबोगरीब असर होता है। और एक नए अध्ययन से पता चला है कि यह असर मनुष्यों पर भी होता है।

देखा गया है कि सायप्रस पर रहने वाले हिप्पोपोटेमस घटकर सीलायन के आकार के हो गए हैं। इसी प्रकार से, इंडोनेशिया के एक टापू फ्लोर्स पर हाथियों के जो जीवाश्म मिले हैं, वे बड़े सूअर की साइज़ के थे। दूसरी ओर, वहीं रहने वाले चूहे बिल्ली के बराबर हो गए थे। ये सब तथाकथित टापू प्रभाव के उदाहरण हैं। टापू प्रभाव अलगअलग साइज़ के जंतुओं पर अलगअलग असर डालता है। जब भोजन और शिकार का अभाव होता है तो बड़े जीव सिकुड़ने लगते हैं और छोटे जीव बड़े होने लगते हैं। अब प्रिंसटन विश्वविद्यालय के जोशुआ एकी, सेरेना टुक्सी और उनके साथियों द्वारा किए गए अध्ययन से पता चला है कि टापू प्रभाव मनुष्यों को भी नहीं बख्शता।

इन शोधकर्ताओं ने फ्लोर्स टापू पर रहने वाले रैम्पासासा पिग्मी लोगों का अध्ययन किया। इनका औसत कद मात्र 145 से.मी. होता है। पहले एक प्रतिष्ठित पुरामानव वैज्ञानिक ने सुझाव दिया था कि शायद पिग्मी लोगों में कुछ जेनेटिक लक्षण पुरामानव हॉबिट से आए हैं। उनका ख्याल था कि हॉबिट एक आधुनिक मानव था। चूंकि हॉबिट की ऊंचाई कम होती थी इसलिए ऐसा मत बना था कि उनके जेनेटिक लक्षण पिग्मी लोगों में आने के परिणामस्वरूप पिग्मी लोगों की ऊंचाई भी कम होती है।

शोधकर्ताओं की टीम इसी परिकल्पना को परखना चाहती थी। इसके लिए उन्होंने पिग्मी लोगों के डीएनए के नमूने प्राप्त किए। गौरतलब है कि इसकी अनुमति उन्होंने पिग्मी लोगों से ले ली थी। इन डीएन नमूनों के क्षार अनुक्रम का विश्लेषण करने पर पता चला कि इनमें और हॉबिट में कोई समानता नहीं है बल्कि पिग्मी लोग पूर्वी एशियाई लोगों के ज़्यादा करीब हैं। इनके पूर्वज फ्लोर्स टापू पर 50,000 से लेकर 5000 वर्ष पूर्व तक पूर्वी एशिया और न्यू गिनी से पहुंचे थे।

पिग्मी डीएनए के विश्लेषण से यह भी पता चला कि इनमें एक जीन का प्राचीन संस्करण मौजूद है जो एक एंज़ाइम का कोड है। यह एंज़ाइम मांस और समुद्री भोजन के वसा अम्लों को विघटित करने में मदद करता है। इसके अलावा पिग्मी जीनोम में वे जीन भी बहुतायत से पाए गए जो कद को छोटा रखने के लिए ज़िम्मेदार होते हैं। 

टीम का मत है कि इस विश्लेषण से लगता है कि टापू पर प्राकृतिक चयन की जो प्रक्रिया चली उसने छोटे कद के जीन्स को तरजीह दी। मतलब यह पर्यावरण के दबाव में विकास का उदाहरण है। इसी तरह के एक अन्य अध्ययन में पता चला है कि अंडमान द्वीपसमूह के टापुओं पर भी प्राकृतिक चयन ने छोटे कद को तरजीह दी है। लगता है कि अन्य जंतुओं के समान मनुष्य भी प्राकृतिक चयन का दबाव झेलते हैं। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : Traveller.com

होंठों को पढ़ेगी कृत्रिम बुद्धि

जो लोग सुन नहीं सकते वे अक्सर होंठों की हरकत को देखकर अंदाज़ लगाते हैं कि सामने वाला क्या बोल रहा है। इसे लिप रीडिंग कहते हैं। मगर यह आसान नहीं होता और बहुत गलतियां होती हैं। अब शोधकर्ताओं ने कृत्रिम बुद्धि पर आधारित लिप रीडिंग का एक प्रोग्राम बनाया है जो कहीं बेहतर परिणाम दे सकता है। उम्मीद है कि जल्दी ही यह एक सरल से उपकरण के रूप में बधिरों की सहायता कर सकेगा। मगर इसे बनाना आसान नहीं रहा है।

पहले तो कंप्यूटर को लाखों घंटे के वीडियो दिखाए गए। इनमें लोग बोल रहे थे और साथ में लिखा था कि वे क्या बोल रहे हैं। इसके आधार पर कंप्यूटर को स्वयं सीखना था कि कौनसी ध्वनि के लिए होंठ कैसे हिलते हैं।

अब शोधकर्ताओं ने यूट्यूब पर उपलब्ध वीडियो में से 1 लाख 40 हज़ार घंटे का फुटेज लिया। इनमें लोग विभिन्न परिस्थितियों में बातें करते दिखाई देते हैं। इसके बाद उन्होंने इनमें से छोटेछोटे टुकड़े या क्लिप्स बनाए। प्रत्येक क्लिप में किसी एक शब्द की ध्वनि थी और उससे जुड़ी होंठों की हरकत थी। क्लिप्स मात्र अंग्रेज़ी भाषियों की ही बनाई गई थीं, और ध्वनि स्पष्ट थी तथा चित्र सामने से लिए गए थे। इन क्लिप्स में से शोधकर्ताओं ने वीडियो को इस तरह काटा कि सिर्फ मुंह दिखाई दे और शब्द सुनाई दे। इस तरह से उन्होंने 4000 घंटे का फुटेज तैयार किया जिसमें सवा लाख अंग्रेज़ी शब्द बोले गए थे। प्रत्येक क्लिप पर वह शब्द भी लिखा गया था जो उस क्लिप के होंठ बोल रहे हैं।

अब इन वीडियो क्लिप्स को एक अन्य प्रोग्राम के सामने चलाया गया। इस दूसरे प्रोग्राम को करना यह था कि होंठों की किसी भी हरकत के लिए वह संभावित शब्दों की सूची बनाए। और अंत में इन संभावित शब्दों को लेकर एक अन्य प्रोग्राम ने वाक्य बना दिए।

शोधकर्ताओं ने इस प्रोग्राम को 37 मिनट का वीडियो दिखाया और उसके द्वारा पहचाने गए शब्दों को रिकॉर्ड किया। पता चला कि कृत्रिम बुद्धि ने मात्र 41 प्रतिशत शब्दों को गलत पहचाना। aiXiv नामक वेबसाइट पर प्रकाशित अपनी रिपोर्ट में टीम ने कहा है कि 59 प्रतिशत गलतियां बहुत ज़्यादा लगती हैं किंतु इन्हें पहले हासिल की गई उपलब्धियों के परिप्रेक्ष्य में देखना चाहिए। मसलन पूर्व में विकसित एक कंप्यूटर प्रोग्राम 77 प्रतिशत बार गलत होता था।

यदि यह कृत्रिम बुद्धि आधारित होंठ पढ़ने वाला प्रोग्राम सफल रहता है तो बधिरों के लिए काफी सुविधाजनक होगा।(स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : VOA Blog

जेनेटिक्स और स्कूल में बिताए वर्ष

हाल ही में सम्पन्न एक अध्ययन में यह देखने की कोशिश की गई है कि किसी व्यक्ति के जीन्स और स्कूली शिक्षा के बीच क्या सम्बंध है। इस अध्ययन के मुख्य शोधकर्ता सदर्न कैलीफोर्निया विश्वविद्यालय के डेनियल बेंजामिन ने कहा है कि इसके परिणामों को बहुत सावधानीपूर्वक समझने की ज़रूरत है। इस बात को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपने शोध पत्र के साथ इस विषय पर कुछ आम सवालों के जवाब भी दिए हैं।

पिछले पांच वर्षों में बेंजामिन और उनकी टीम ने यह समझने की कोशिश की है कि मानव जीनपुंज में कौनसी भिन्नताओं का सम्बंध इस बात से है कि आप कितने वर्षों की स्कूली शिक्षा हासिल करेंगे। 2013 में उनकी टीम ने युरोपीय मूल के 1 लाख से ज़्यादा लोगों के आनुवंशिक पदार्थ (डीएनए) का विश्लेषण करके पाया था कि मात्र तीन जेनेटिक भिन्नताएं स्कूली शिक्षा के वर्षों को प्रभावित करती हैं। इसके बाद 2016 में उन्होंने अपने अध्ययन का साइज़ तिगुना किया और 71 और भिन्नताएं पहचानीं।

इस टीम ने ऐसा ही अध्ययन अब युरोपीय मूल के 11 लाख लोगों पर किया है और इस बार उन्हें 1271 शिक्षासम्बंधी भिन्नताएं मिली हैं। टीम ने गणित में दक्षता और दिमागी क्षमता के परीक्षणों से जुड़े जीन्स भी देखे हैं। टीम का कहना है कि उन्होंने शिक्षा के जीन्सकी खोज नहीं की है बल्कि उपरोक्त में से कई जीन्स गर्भस्थ व नवजात शिशु में सक्रिय होते हैं और उनमें तंत्रिकाओं व मस्तिष्क की अन्य कोशिकाओं के निर्माण को और उनके द्वारा बनाए जाने वाले रसायनों तथा नई सूचनाओं के प्रति उनकी प्रतिक्रिया को प्रभावित करते हैं।

टीम ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने ऐसा कोई जीन नहीं खोजा है जो स्कूल में बने रहने के वर्षों का निर्धारण करता है। और तो और, टीम के मुताबिक ये सारे जीन्स मिलकर भी लोगों के शैक्षिक भाग्य का निर्धारण नहीं करते। जब उन्होंने उपरोक्त 1271 जीन भिन्नताओं के आधार पर एक बहुजीन स्कोर बनाया तो उसके आधार पर स्कूली शिक्षा के वर्षों की मात्र 11 प्रतिशत व्याख्या हो पाई।

शोधकर्ताओं का कहना है कि उनके इन परिणामों की व्याख्या सामाजिकआर्थिक संदर्भों में तथा वर्तमान शिक्षा प्रणाली के संदर्भों में की जानी चाहिए। उनका अध्ययन बच्चों को छांटने का नहीं बल्कि शिक्षा प्रणाली में सुधार का आधार बनना चाहिए। उदाहरण के लिए उनका कहना है कि आज से कुछ दशक पहले यदि ऐसा अध्ययन किया जाता तो पता चलता कि एक्स और वाय गुणसूत्र की उपस्थिति स्कूली शिक्षा का निर्धारण करती है। गौरतलब है कि दो एक्स गुणसूत्र हों तो लड़की और एक एक्स व एक वाय गुणसूत्र होने पर लड़का बनता है। इसका मतलब यह नहीं निकाला जा सकता कि लड़के स्कूली शिक्षा में लड़कियों की तुलना में ज़्यादा अनुकूल हैं। इसके आधार पर इतना ही कहा जा सकता है कि पूर्व में समाज का गठन इस प्रकार हुआ था कि लड़कियों की शिक्षा को बहुत कम महत्व दिया जाता था। इसी तरह आज कुछ जीन्स शिक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण नज़र आ रहे हैं, तो इसलिए कि शिक्षा व्यवस्था उन जीन्स को ज़्यादा महत्व देती है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : University of New England