याददाश्त से जुड़ी समस्याओं में व्यायाम मददगार – डॉ. डी. बालसुब्रमण्यन

पिछले 30 सालों में भारतीय लोगों की औसत आयु बढ़ी है। 1960 में भारतीय लोगों की औसत आयु 41 वर्ष थी जो 2015 में बढ़कर 68 वर्ष हो गई। उम्र लम्बी होने के साथ उम्र से जुड़ी शारीरिक और मानसिक समस्याएं भी आती हैं। इनके बारे में सचेत होने और उनका हल ढूंढने की ज़रूरत है। औसत आयु में वृद्धि के साथ-साथ स्मृतिलोप (डिमेंशिया) की समस्या भी बढ़ी है। धीरे-धीरे याददाश्त जाना और संज्ञानात्मक क्षमता में कमी स्मृतिलोप की समस्या पैदा करते हैं। अनुमान है कि भारत में लगभग 40 लाख लोग स्मृतिलोप से पीड़ित हैं। इन 40 लाख लोगों में से लगभग 16 लाख लोग तो अल्ज़ाइमर से पीड़ित हैं। अल्ज़ाइमर एक तंत्रिका सम्बंधी विकार है। कुछ अन्य तरह के तंत्रिका विकार भी स्मृतिलोप को जन्म देते हैं।

उम्र बढ़ने के साथ हमारे मस्तिष्क में भी परिवर्तन आते हैं। हमारे मस्तिष्क का हिप्पोकैंपस नामक हिस्सा सीखने, स्मृतियां निर्मित करने और उन्हें सहेजने से जुड़े कार्यों के लिए ज़िम्मेदार होता है। मुश्किलें तब शुरू होती हैं जब हिप्पोकैंपस की तंत्रिका कोशिकाएं क्षतिग्रस्त होने लगती हैं या मरने लगती हैं। यदि इस हिस्से की सुरक्षा के और इन तंत्रिका कोशिकाओं को दुरुस्त करने के तरीके मिल जाएं तो इस समस्या से निजात मिल सकती है और संज्ञानात्मक क्षमता को सामान्य किया जा सकता है।

स्मृतिलोप किन कारणों से होता है? दुनिया भर में हुए कुछ शोध का निष्कर्ष था कि स्मृतिलोप के लिए कुछ हद तक APOE4 नामक रिस्क जीन और प्रेसिनिलीन ज़िम्मेदार है। किंतु सीसीएमबी हैदराबाद के डॉ. डी. चांडक और तिरुवनंतपुरम के डॉ. मथुरानाथ के आंकड़ों के मुताबिक APOE4 (और प्रेसिनिलीन) की भूमिका गंभीर समस्या पैदा करने में कम ही रही है। हालांकि आंकड़ों से यह भी लगता है कि देश भर में क्षेत्रीय अंतर भी हैं (जैसे, पंजाबी युनिवर्सिटी, पटियाला के डॉ. पी.पी. सिंह के आंकड़े)।

मस्तिष्क की इमेजिंग करने पर स्मृतिलोप का मुख्य कारण सामने आया है। ब्रेन इमेजिंग में पता चला है कि हिप्पोकैंपस और मस्तिष्क के कुछ अन्य हिस्से थोड़े टेढ़े या उलझे हुए हैं, और यहां प्लाक’ (अघुलनशील परत) जमा है। प्लाक मस्तिष्क की संकेत भेजने की प्रक्रिया में बाधा पहुंचाते हैं। (इसका पता सबसे पहले यूके में गायों को होने वाली बीमारी मेड काऊ में चला था। इन गायों को मांस के लिए पाला जाता था।)  कुछ अन्य का सुझाव है कि स्मृतिलोप के लिए ब्रेन डेराव्ड न्यूरोट्रॉपिक फैक्टर या BDNF नामक प्रोटीन ज़िम्मेदार है। जब BDNF का स्तर निश्चित सीमा से कम हो जाता है तो स्मृतिलोप होता है।

कई तरीकों से स्मृतिलोप को संभालने की कोशिश की गई है। इसके लिए लोगों को टीका भी दिया गया लेकिन सफल नहीं रहा, ना ही इम्यून थेरपी इसमें कारगर साबित हुई। नियमित शारीरिक व्यायाम से इसमें मदद मिलती दिखी है – शारीरिक व्यायाम और दिमागी व्यायाम के बीच कुछ तो सम्बंध है। काफी समय से माना जाता रहा है कि व्यायाम से नई तंत्रिका कोशिकाओं का निर्माण (न्यूरोजेनेसिस) शुरू होता है या तेज़ होता है। ठीक वैसे ही जैसे व्यायाम मांसपेशियों और ह्मदय की कोशिकाओं के निर्माण में मददगार होता है। इसी सम्बंध में हारवर्ड विश्वविद्यालय के डॉ. रुडोल्फ ई. तान्ज़ी और उनके समूह ने साइंस पत्रिका के सितंबर 2018 के अंक में एक नोट प्रकाशित किया है। अपने अनुसंधान में उन्होंने अल्ज़ाइमर से पीड़ित एक चूहे को मॉडल के तौर पर उपयोग किया था।

व्यायाम कैसे मदद करता है

दिमाग के हिप्पोकैंपस में न्यूरो-प्रोजेनिटर कोशिकाएं होती है जो नए न्यूरॉन्स बनाती रहती हैं। इस प्रक्रिया को एडल्ट हिप्पोकैंपल न्यूरोजिनेसिस (AHN) कहते हैं। अल्ज़ाइमर और अन्य स्मृतिलोप में नए न्यूरॉन्स बनाने (AHN) की यह प्रणाली बाधित हो जाती है। डॉ. रुडोल्फ और उनके साथियों ने अल्ज़ाइमर से पीड़ित चूहों को कुछ दिनों तक रोज़ाना 3 घंटे घूमते हुए चक्के पर दौड़ाया। इससे चूहों में AHN में वृद्धि हुई। इस शोध में डॉ. रुडोल्फ को कई सकारात्मक परिणाम मिले। पहला, चूहों में AHN बढ़ गया था और ज़्यादा तंत्रिका कोशिकाएं बनी देखी गर्इं। दूसरा, चूहों के मस्तिष्क में प्लाक कम हो गए थे। तीसरा, BDNF का स्तर बढ़ गया था। और चौथा, उनकी याददाश्त में सुधार देखने को मिला था। यानी व्यायाम स्मृतिलोप से ग्रस्त चूहों में समस्या को कम करता है, हिप्पोकैंपस में न्यूरॉन्स बढ़ाता है और याददाश्त दुरुस्त करता है।

व्यायाम और रसायन

यदि व्यायाम BDNF को बढ़ाकर AHN की प्रक्रिया तेज़ करता है, और विकार को कम करता है तो सवाल यह उठता है कि क्यों ना व्यायाम के स्थान पर बायोकेमिकल तरीके से उपचार किया जाए। बायोकेमिकल तरीके में BDNF के स्तर को बढ़ाने के लिए AICAR और P7C3 रसायनों को शरीर में इंजेक्शन की मदद से दिया जाता है। ये नए न्यूरॉन्स को जीवित रहने में मदद करते हैं। साइंस पत्रिका के उसी अंक में डॉ. रुडोल्फ के शोध कार्य पर डॉ. टैरा स्पायर्स जोन्स और डॉ. क्रेग रिची ने टिप्पणी की है। इसमें उन्होंने कहा है कि यह पर्चा इशारा करता है कि क्यों व्यायाम याददाश्त के लिए अच्छा है। (उन्होंने थोड़ा मज़ाकिया लहज़े में जोड़ा है कि शायद हम AICAR और P7C3 के रूप में व्यायाम के प्रभावों को शीशियों में बंद कर रहे हैं। यह उन लोगों के लिए है जो शारीरिक व्यायाम नहीं कर सकते, या कुछ आलसियों के लिए जो व्यायाम करना नहीं चाहते)। ध्यान देने वाली बात है कि चूहे लगातार कई दिन रोज़ाना 3 घंटे दौड़ते थे, यानी कसरत लगातार और नियमित तौर पर करने की ज़रूरत है। यानी सभी वरिष्ठ नागरिकों को जल्दी व्यायाम शुरू कर लेना चाहिए, हो सके तो चालीस की उम्र में। ये पूरे शरीर और दिमाग के लिए अच्छा होगा।

क्या ध्यान मददगार है

एक मान्यता यह भी है कि ध्यान संज्ञानात्मक क्षमता को बढ़ाता है और यह तंत्रिका-क्षति रोगों के लिए अच्छा है। हालांकि ना तो डॉ. रुडोल्फ के पेपर में और और ना ही पेपर के समीक्षकों ने ध्यान पर कोई टिप्पणी दी है।

फ्रंटियर्स इन बिहेवियरल न्यूरोसाइंस में प्रकाशित पर्चे में डॉ. मार्सिनिएक और साथियों ने ध्यान पर हुए कई अध्ययनों की समीक्षा की है – ध्यान से संज्ञानात्मक क्षमता बढ़ती है, साथ ही यह बुज़ुर्गों में संज्ञानात्मक कमी से बचाव के लिए एक अच्छा गैर-औषधीय उपचार हो सकता है। हालांकि ध्यान के अलग-अलग प्रकार (बौद्ध, ज़ेन, विहंग्य योग, कीर्तन क्रिया वगैरह) और उनमें भी विविधता होने के कारण इसकी भी कुछ सीमाए हैं। उनका कहना है कि इस क्षेत्र में और शोध से मदद मिलेगी और इसके समस्यामूलक पहलुओं को स्पष्ट किया जा सकेगा। मगर इसमें भी नियमितता और लंबी अवधि की ज़रूरत है; यह कोई एकबारगी किया जाने वाला उपचार नहीं है। भारतीय न्यूरोसाइंस विभाग कुछ प्रयोग कर सकते हैं जो इसके रासायनिक और कोशिकीय पहलुओं की पड़ताल कर सकते हैं।  (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit :   https://www.thehindu.com/migration_catalog/article12039047.ece/alternates/FREE_660/TH13-JOG-BRSC

प्रातिक्रिया दे