मधुमक्खियों की क्षति से जुड़ी हैं गंभीर समस्याएं – भारत डोगरा

देश व दुनिया दोनों स्तरों पर समाचार आ रहे हैं कि अनेक देशों व क्षेत्रों में मधुमक्खियों की संख्या में भारी कमी आ रही है। इसका एक स्पष्ट प्रतिकूल असर यह नज़र आता है कि अच्छी गुणवत्ता के प्राकृतिक शहद की उपलब्धि में कमी होगी। बाज़ार में इसकी डिब्बाबंद उपलब्धि अधिक नज़र आएगी पर इसमें शुद्धता व पौष्टिकता की कमी होगी, कृत्रिम पदार्थों की मिलावट अधिक होगी।

इस प्रतिकूल परिणाम के अतिरिक्त एक अन्य दुष्परिणाम इससे भी कहीं अधिक गंभीर है, वह है परागण में कमी। अनेक खाद्य फसलों व पौधों के परागण में मधुमक्खियों की बहुत महत्त्वपूर्ण भूमिका होती है। यदि मधुमक्खियों में अत्यधिक कमी आएगी तो इसका निश्चय ही खेती व बागवानी,फसलों व पौधों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। यह एक ऐसी गंभीर क्षति है जिसकी पूर्ति अन्य किसी तरीके से नहीं हो सकती है।

यह क्षति तो तभी कम हो सकती है जब मधुमक्खियों की, विशेषकर स्थानीय प्रजातियों की, रक्षा की जाए। प्राय: यह देखा गया कि परागण की जो प्राकृतिक भूमिका बहुत स्वाभाविक ढंग से और मुस्तैदी से स्थानीय प्रजातियों की मधुमक्खियां निभाती हैं, वह बाहरी प्रजातियों की मधुमक्खियां नहीं निभा सकतीं। उदाहरण के लिए, कई बार ठंडी जलवायु के देशों (जैसे इटली) की मधुमक्खियों को गर्म जलवायु के देशों (जैसे भारत) में यह कह कर लाया गया है कि इससे शहद का बेहतर उत्पादन हो सकेगा, पर हकीकत में नए इलाके की गर्म जलवायु में ये मधुमक्खियां परागण में अधिक रुचि ही नहीं लेती हैं या स्वभावगत तत्परता नहीं दिखाती हैं।

भारत के कुछ भागों में बाहरी मधुमक्खियों की प्रजातियों को लाने पर भी कुछ समस्याएं आर्इं। केरल व दक्षिण भारत के कुछ भागों में एपिस मेलीफेरा मधुमक्खी को बाहर से लाने पर एक वायरसजन्य बीमारी फैली जिससे स्थानीय मधुमक्खियां बड़ी संख्या में मारी गई। दूसरी ओर, स्थानीय परिवेश में अनुकूलन न होने के कारण बाहरी प्रजाति की मधुमक्खियां भी मरने लगीं। बाहरी प्रजातियों की मधुमक्खी के पालन पर खर्च अधिक होता है, अत: छोटे किसान व निर्धन परिवार इसे नहीं अपना पाते।

यह भी देखा गया है कि मधुमक्खियों में विविधता स्थानीय पौधों की प्रजातियों की जैव विविधता से जुड़ी हुई है। इस तरह स्थानीय प्रजातियों की मधुमक्खियों के क्षतिग्रस्त होने से पौधों की जैव विविधता की बहुत क्षति हो रही है।

कर्नाटक के वैज्ञानिक डॉ. चन्द्रशेखर रेड्डी ने एक अनुसंधान में पाया कि राज्य में बाहरी प्रजातियों की जो मधुमक्खियों कृत्रिम ढंग से स्थापित की गर्इं थी उनमें से 95 प्रतिशत खत्म हो गर्इं या विफल हो गर्इं। जो बचीं उन्हें भी बहुत चीनी खिलाकर व दवा के बल पर जीवित रखा गया। पश्चिमी घाट में कई अनुकूल पौधे होने के बावजूद ये मधुमक्खियां वहां भी बहुत कम शहद तैयार कर पार्इं।

मधुमक्खियों सम्बंधी इन विसंगति भरी नीतियों में सुधार करने के लिए यहां के प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता पांडुरंग हेगड़े ने परंपरागत शहद का कार्य करने वाले गांववासियों को जोड़कर मधुमक्खी रक्षा अभियान (सेव हनी बी कैम्पैन) आरंभ किया है।

इस तरह के अभियान विश्व के कुछ अन्य भागों में भी सक्रिय हो रहे हैं। इनकी एक मुख्य मांग यह भी है कि कृषि में रासायनिक कीटनाशकों, खरपतवारनाशकों व जंतुनाशकों का उपयोग न्यूनतम किया जाए क्योंकि इनका ज़हरीला संपर्क मधुमक्खियों के लिए बहुत खतरनाक सिद्ध होता है। जेनेटिक रूप से परिवर्तित फसलों का प्रसार भी मधुमक्खियों के लिए बहुत हानिकारक माना गया है।

ग्लायफोसेट कीटनाशक से स्वास्थ्य के गंभीर खतरों के बारे में जानकारियां समय-समय पर मिलती रही हैं। भारत में भी इसका उपयोग होता है। ग्लायफोसेट का उपयोग जेनेटिक रूप से परिवर्तित फसलों के साथ भी नज़दीकी तौर से जुड़ा रहा है। ऐसे खरपतवारनाशकों का उपयोग खेतों के अतिरिक्त शहरों के बाग-बगीचों आदि में भी हो रहा है। ग्लायफोसेट को प्रतिबंधित करने की मांग विश्व स्तर पर ज़ोर पकड़ रही है।

पारिस्थितिकी में मधुमक्खियों की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए इन विभिन्न सावधानियों को ध्यान में रखते हुए मधुमक्खियों की रक्षा की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। यदि प्राकृतिक वनों की रक्षा हो व जैविक खेती का प्रसार हो तो इससे मधुमक्खियों की रक्षा में बहुत सहायता मिलेगी।(स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://opimedia.azureedge.net/-/media/images/men/editorial/articles/online-articles/2015/04-01/challenges-facing-bees-honey-bee-population-loss/varroa-mite-jpg.jpg

प्रातिक्रिया दे