विज्ञान अनुसंधान: 2022 से अपेक्षाएं – संकलन: ज़ुबैर सिद्दिकी

र्ष 2021 विज्ञान जगत के लिए चुनौतियों भरा रहा है। इस दौरान मंगल मिशन, अल्ज़ाइमर की दवा, क्रिस्पर तकनीक, जलवायु सम्मेलन जैसे विषय सुर्खियों में रहे लेकिन परिदृश्य पर कोविड-19 छाया रहा। विश्वभर में जागरूकता और टीकाकरण अभियान चलाए गए। 2022 में भी कोविड-19 हावी रहेगा। अलबत्ता इसके अलावा भी कई अन्य क्षेत्र सुर्खियों में रहने की उम्मीद हैं।

कोविड-19 से संघर्ष

2022 में भी कोरोनावायरस चर्चा का प्रमुख मुद्दा बना रहेगा। शोधकर्ता ऑमिक्रॉन जैसे संस्करणों के प्रभावों को समझने और निपटने का निरंतर प्रयास करेंगे। संक्रमितों की विशाल संख्या को देखते हुए 2022 में भी इसके काफी फैलने की संभावना है। वैश्विक आबादी के एक बड़े हिस्से ने टीकों या संक्रमण से एक स्तर की प्रतिरक्षा विकसित की है, और वैज्ञानिकों की अधिक रुचि ऐसे संस्करणों की ओर है जो मानव प्रतिरक्षा को चकमा देने में सक्षम हैं। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि टीके नए संस्करणों के लिए मुफीद हैं भी या नहीं। वैज्ञानिक टीकों की एक नई पीढ़ी विकसित करने में जुटे हैं जो व्यापक प्रतिरक्षा दे सकें या फिर श्वसन मार्ग की श्लेष्मा झिल्ली में मज़बूत प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया विकसित कर सकें। 2022 में हम सार्स-कोव-2 के विरुद्ध ओरल एंटीवायरल दवाओं की भी उम्मीद कर सकते हैं।

इस वर्ष शोधकर्ताओं का प्रयास दीर्घ कोविड के रहस्यों को समझना-सुलझाना भी रहेगा जिसने संक्रमण से ठीक हो चुके लोगों को काफी परेशान किया है। इसके अतिरिक्त गरीब देशों तक टीके की पहुंच सुनिश्चित करना भी एक बड़ी चुनौती रहेगी।

नाभिकीय भौतिकी

मिशिगन स्टेट युनिवर्सिटी में 73 करोड़ डॉलर के फैसिलिटी फॉर रेयर आइसोटॉप बीम्स (एफआरआईबी) के शुरू होने के बाद से पहली बार अल्पजीवी परमाणु नाभिक पृथ्वी पर उत्पन्न किए जाएंगे जो आम तौर पर तारकीय विस्फोटों में उत्पन्न होते हैं। एफआरआईबी एक शक्तिशाली आयन स्रोत है जो हाइड्रोजन से लेकर युरेनियम परमाणु नाभिकों तक को निशाना बनाकर अल्पजीवी नाभिकों में बदल सकता है। उद्देश्य सैद्धांतिक रूप से संभव 80 प्रतिशत समस्थानिकों का निर्माण करना है। एफआरआईबी की मदद से भौतिक विज्ञानी नाभिक-संरचना की अपनी समझ को मज़बूत करने के अलावा, तारकीय विस्फोटों में भारी तत्वों के निर्माण की प्रक्रिया और प्रकृति में नए बलों का पता लगाने की उम्मीद करते हैं।

सूचना प्रौद्योगिकी

वर्ष 2022 में संभवत: चीन दुनिया के दो सबसे तेज़ और शक्तिशाली कंप्यूटरों का प्रदर्शन करेगा। खबर है कि ये कंप्यूटर प्रदर्शन के वांछित मानकों को पछाड़ चुके हैं। एक्सास्केल नामक यह सुपर कंप्यूटर प्रति सेकंड 1 महाशंख (1018) से अधिक गणनाएं करने में सक्षम है। दूसरी ओर, अमेरिका स्थित ओक रिज नेशनल लेबोरेटरी में यूएस के पहले एक्सास्केल कंप्यूटर, फ्रंटियर के 2022 में शुरू होने की उम्मीद है।

एक्सास्केल कंप्यूटरों की मदद से विशाल डैटा सेट के साथ कृत्रिम बुद्धि का संयोजन काफी उपयोगी हो सकता है। इसकी मदद से व्यक्ति-विशिष्ट दवाइयों, नए पदार्थों की खोज, जलवायु परिवर्तन मॉडल आदि क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन हो सकता है।

अंतरिक्ष: चंद्रमा की ओर

पचास साल पहले मनुष्य ने चंद्रमा पर पहली बार कदम रखा था। अब रोबोटिक चांद मिशन पूरे जोशो-खरोश से लौट आए हैं और एक बार फिर मानव के वहां पहुंचने की तैयारी है। चीन द्वारा भेजे गए रोवर की सफल लैंडिंग के बाद कुछ छोटे स्टार्ट-अप्स द्वारा विकसित और नासा द्वारा वित्तपोषित तीन रोबोटिक लैंडर 2022 में चांद पर भेजे जाएंगे। इस दौड़ में रूस, जापान और भारत के भी शामिल होने की संभावना है। इस परियोजना के पीछे नासा के दो उद्देश्य हैं: चांद पर पानी की उपलब्धता एवं फैलाव का अध्ययन करना और चांद की धूल भरी सतह पर पेलोड पहुंचाकर मानव अन्वेषण के लिए मार्ग तैयार करना। इस वर्ष नासा का स्पेस लॉन्च सिस्टम और स्पेसएक्स स्टारशिप भी प्रक्षेपित किए जाएंगे जो अंतरिक्ष यात्रियों और भारी उपकरणों को चंद्रमा या उससे आगे ले जाने में सक्षम होंगे।

प्रदूषण पर यूएन पैनल

संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण सभा फरवरी 2022 में रासायनिक प्रदूषण और कचरे से होने वाले जोखिमों का अध्ययन करने के लिए एक वैज्ञानिक सलाहकार संस्था बनाने के प्रस्ताव पर मतदान की तैयारी कर रही है। संयुक्त राष्ट्र ने पहले भी कई प्रकार के प्रदूषण (जैसे पारा और कार्बनिक रसायन) पर संधियां की हैं। नए प्रस्ताव का समर्थन करने वालों के अनुसार वर्तमान में नीति निर्माताओं को उभरती समस्याओं और शोध आवश्यकताओं की पहचान करने के लिए व्यापक मूल्यांकन की आवश्यकता है। इसके लिए 1800 से अधिक वैज्ञानिक पैनल के समर्थन में हस्ताक्षर कर चुके हैं।

खगोलशास्त्र: ब्लैक होल 

हाल के वर्षों में गुरुत्वाकर्षण तरंग सूचकों की मदद से तारों की साइज़ के ब्लैक होल्स की टक्करों की जानकारी प्राप्त हुई है। और अधिक जानकारी प्राप्त करने के प्रयास जारी हैं। वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि 2022 में उनके पास सूरज से कई गुना भारी ब्लैक होल्स के एक-दूसरे की ओर खिंचने से उत्पन्न गुरुत्वाकर्षण तरंगों को समझने हेतु पर्याप्त डैटा होगा। ऐसे जोड़ों का पता लगाने के लिए कई रेडियो दूरबीनों को पल्सर्स की ओर उन्मुख किया गया है। पल्सर वास्तव में ढह चुके तारे हैं जो नियमित रेडियो तरंगें छोड़ते हैं। तरंगों में सूक्ष्म बदलाव गुरुत्वाकर्षण तरंगों का संकेत देते हैं।

जैव विविधता समझौते को मज़बूती

यदि वर्ष 2050 तक सभी राष्ट्र मिलकर जैव विविधता संधि का नया ढांचा अपनाते हैं तो कई लुप्तप्राय प्रजातियों के संरक्षण के उपायों को बढ़ावा मिल सकता है। वार्ताकारों द्वारा विकसित एक योजना के तहत 2022 में चीन में 196 देशों की एक बैठक आयोजित करने की संभावना है। इस बैठक में पारिस्थितिकी तंत्रों की सुरक्षा और स्थिरता पर ज़ोर देने के साथ आनुवंशिक संसाधनों के उपयोग से होने वाले लाभों के समतामूलक बंटवारे पर भी ध्यान दिया जाएगा। इन प्रयासों के लिए 2030 तक कम से कम 70 करोड़ डॉलर की निधि जुटाने का भी लक्ष्य है। उद्देश्यों में भूमि और समुद्र के 30 प्रतिशत हिस्से का संरक्षण, घुसपैठी प्रजातियों के प्रसार को कम करना, कीटनाशकों के उपयोग में दो-तिहाई की कमी और प्लास्टिक कचरे को खत्म करते हुए वैश्विक प्रदूषण को आधा करना और शहरवासियों के लिए “हरे और नीले” स्थानों तक पहुंच बढ़ाना शामिल है। नई तरीकों में प्रजातियों और पारिस्थितिकी तंत्रों के संरक्षण में प्रगति की निगरानी और निर्णय प्रक्रिया में स्थानीय निवासियों जैसे हितधारकों को शामिल करना प्रमुख है।

चीन: जीएम फसलों को अनुमति

चीन अनुवांशिक रूप से परिवर्तित (जीएम) मकई और सोयाबीन के पहले व्यवसायिक रोपण को 2022 के अंत तक अनुमति दे सकता है। वर्तमान में, पपीता एकमात्र खाद्य जीएम पौधा है जिसको चीन में स्वीकृति दी गई है। जीएम कपास की खेती व्यापक रूप से की जाती है और जीएम चिनार भी काफी उपलब्ध है। गौरतलब है कि चीन में पिछले 10 वर्षों से जीएम मकई और सोयाबीन पर अनुसंधान चल रहे हैं लेकिन जनता के विरोध और सावधानी के चलते इसे प्रयोगशाला तक ही सीमित रखा गया है। चीन में प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों और पशु आहार के लिए बड़ी मात्रा में जीएम मकई और सोयाबीन आयात किए जाते हैं। इसके मद्देनज़र अधिकारियों ने घरेलू स्तर पर जीएम फसलों पर लगे प्रतिबंधों में ढील देने का आह्वान किया है। चीन अनाज के मामले में आत्मनिर्भर है इसलिए जीएम चावल को अनुमति मिलने की संभावना फिलहाल कम है।

ग्लोबल वार्मिंग: मीथेन उत्सर्जन

नवंबर 2021 के जलवायु शिखर सम्मलेन में विश्व नेताओं ने 2030 तक मीथेन उत्सर्जन में 30 प्रतिशत तक कटौती करने का संकल्प लिया है। इन संकल्पों पर कार्रवाई की निगरानी के लिए ज़रूरी उन्नत उपग्रहों को 2022 तक कक्षा में पहुंचाने का लक्ष्य है। एक गैर-मुनाफा संस्था एनवायरनमेंट डिफेंस फंड द्वारा विकसित मीथेनसैट को अक्टूबर में लॉन्च करने की उम्मीद है। यह धान व रिसती पाइपलाइन जैसे स्रोतों से उत्सर्जित मीथेन का पता लगाने की क्षमता से लैस होगा। कार्बन मैपर द्वारा विकसित दो अन्य उपग्रह न सिर्फ मीथेन बल्कि कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन की भी निगरानी करेंगे।

मलेरिया का टीका           

अभी भी अफ्रीका में प्रति वर्ष 5 वर्ष से कम उम्र के ढाई लाख से ज़्यादा बच्चे मलेरिया से मारे जाते हैं। उम्मीद है कि 2022 में अफ्रीका के सभी देश मलेरिया के टीके से अनमोल जीवन को बचा सकेंगे। तीन दशकों के शोध के बाद आरटीएस,एस टीके को आखिरकार पिछले वर्ष अक्टूबर में मंज़ूरी मिल गई है। वैक्सीन एलायंस ने टीके खरीदकर लोगों तक पहुंचाने के लिए 2025 तक 15.5 करोड़ डॉलर खर्च करने का निर्णय लिया है। वैसे यह टीका अपूर्ण सुरक्षा प्रदान करता है और गंभीर मलेरिया के कारण अस्पताल में भर्ती होने की दर को लगभग 30 प्रतिशत तक कम करता है। यह विशेष रूप से तब अधिक प्रभावी होता है जब इसे उच्च जोखिम वाले बरसात के मौसम में रोगनिरोधी रूप से दी जाने वाली मलेरिया-रोधी दवा के साथ दिया जाए।

वैसे अगले वर्ष यूएस के दो नीतिगत निर्णय भी वैज्ञानिक शोध को प्रभावित करेंगे। इनमें से एक का सम्बंध सरकारी वित्तपोषित शोध में चीन की भागीदारी से है तथा दूसरे का सम्बंध स्पष्ट रूप से समाजोपयोगी कहे जाने वाले शोध को बढ़ावा देने के लिए नई परियोजनाओं से है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://www.nature.com/articles/d41586-021-03772-0

विज्ञान अनुसंधान: 2021 में हुई कुछ महत्वपूर्ण खोजें – मनीष श्रीवास्तव

र साल विज्ञान की दुनिया में नई—नई खोजें मानव सभ्यता को उत्कृष्ट बनाती हैं। साल 2021 भी इससे कुछ अलग नहीं रहा है। यहां 2021 में हुई कुछ ऐसे ही वैज्ञानिक खोजों की झलकियां प्रस्तुत की जा रही हैं, जो स्वास्थ्य, अंतरिक्ष, खगोलविज्ञान जैसे विषयों से जुड़ी हुई हैं।

अंतरिक्ष में नई दूरबीन

हाल ही में नासा से जुड़े वैज्ञानिकों ने कनाडा तथा युरोपीय संघ की मदद से एक अत्यंत शक्तिशाली अंतरिक्ष दूरबीन लॉन्च की है। नाम है जेम्स वेब। उम्मीद जताई जा रही है अपने 5-10 साल के जीवन में यह ब्रह्मांड की उत्पत्ति के रहस्य उजागर करने में मददगार होगी ।

पृथ्वी से 15 लाख किलोमीटर दूर स्थापित जेम्स वेब दूरबीन कई मामलों में खास है। यह अंतरिक्ष से आने वाली इंफ्रारेड तरंगों को पकड़ेगी, जिन्हें अन्य दूरबीनें नहीं पकड़ पाती थीं जिसके चलते अंतरिक्ष में छिपे पिंडों को भी देखा जा सकेगा।

इसके अलावा यह गैस के बादलों के पार भी देख सकती है।

नए आई ड्रॉप से दूर होगी चश्मे की समस्या

हाल ही में अमेरिका में ऐसे आई ड्राप – ‘वुइटी’ – पर शोध किया गया है जो ऐसे लोगों के लिए बेहद मददगार होने वाला है, जिन्हें आंखों से धुंधला दिखाई देता है। उपयोग करने पर यह कुछ समय के लिए आंखों में धुंधलेपन की समस्या को दूर कर देती है। इसे यूएस के खाद्य व औषधि प्रसासन (एफडीए) की स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है। इसके निर्माताओं का दावा है कि इसका असर 6—10 घंटों तक रहता है। इसके एक महीने के डोज़ का खर्च करीब 6 हज़ार रुपए होगा।

प्रयोगशाला में बनाया स्क्वेलीन

युनेस्को के अनुसार सौंदर्य प्रसाधन उत्पादों, दवाइयों और कोविड वैक्सीन बनाने में इस्तेमाल होने वाले स्क्वेलीन के लिए हर साल 12—13 लाख शार्क के लीवर से 100—150 मिलीलीटर स्क्वेलिन प्राप्त किया जाता है। आईआईटी जोधपुर के वैज्ञानिक प्रो. राकेश शर्मा ने जंगली वनस्पतियों और राज्स्थानी मिट्टी की प्रोसेसिंग से स्क्वेलिन तैयार करने में सफलता पाई है। इस रिसर्च को हाल ही में पेटेंट भी मिल गया है। अब इसके उत्पादन की तैयारी चल रही है।

स्क्वेलीन का इस्तेमाल टीकों में सहायक के रूप में भी होता है। शार्क से मिलने वाले स्क्वेलीन की कीमत 10 लाख रुपए किलो है, जबकि प्रयोगशाला में तैयार स्क्वेलीन की लागत बहुत कम है। प्रयोगशाला में तैयार करने के लिए इसमें धतूरा, आक, रतनज्योत और खेजड़ी के बीजों का इस्तेमाल किया गया है। इन्हें राजस्थानी मिट्टी के साथ प्रोसेस कर स्क्वेलीन बनाने का काम किया जा रहा है।

तंत्रिका रोगों का नया इलाज

हाल ही में किए गए एक अध्ययन में यह संकेत मिले हैं कि एक एथलीट के शरीर का प्रोटीन दूसरे शख्स के तंत्रिका रोगों के इलाज में कारगर साबित हो सकता है। शोधकर्ताओं द्वारा एक्सरसाइज़ व्हील पर कई मील दौड़ लगाने वाले चूहों का खून निष्क्रिय चूहा में डालने पर काफी हैरतअंगेज़ नतीज़े सामने आए। नेचर में प्रकाशित शोध पत्र में बताया गया है कि कसरती चूहे का खून इंजेक्ट किए जाने के बाद निष्क्रिय चूहे में अल्ज़ाइमर और अन्य तंत्रिका बीमारियों के कारण होने वाली मस्तिष्क की सूजन कम हो गई। मैसाचुसेट्स जनरल हॉस्पिटल एंड हावर्ड मेडिकल स्कूल के न्यूरोलॉजी के प्रोफेसर रुडोल्फ तान का कहना है कि कसरत के दौरान बनने वाले प्रोटीन से मस्तिष्क की सेहत में सुधार से जुड़े शोध हो रहे हैं। वे खुद वर्ष 2018 में इस विषय पर एक शोध कर चुके हैं, जिसमें देखा गया था कि अल्ज़ाइमर वाले चूहों के मस्तिष्क की सेहत में कसरत से सुधार हुआ है।

बिना तारे वाले ग्रह

ब्रह्मांड में अभी तक जितने भी ग्रह खोजे जा सके हैं, उन्हें उनके अपने सूर्य की चमक में होने वाली कमी के आधार पर खोजा जा सका है। ऐसे में बिना तारों वाले ग्रहों की खोज करना तो असंभव सा ही प्रतीत होता था, लेकिन वैज्ञानिकों ने हाल ही में 100 से भी ज़्यादा ऐसे ग्रहों की खोज की है जिनका अपना कोई सूर्य या तारा नहीं है। पहली बार एक साथ इतनी बड़ी संख्या में ऐसे ग्रहों की खोज हुई है।

खगोलविदों का कहना है कि इन ग्रहों का निर्माण ग्रहों के तंत्र में हुआ होगा और बाद में ये स्वतंत्र विचरण करने लगे होंगे। इन पिंडों की पड़ताल के लिए शोधकर्ताओं ने युवा ‘अपर स्कॉर्पियस’ तारामंडल का अध्ययन किया। यह हमारे सूर्य के सबसे पास तारों का निर्माण करने वाला क्षेत्र है।

खगोलविदों का कहना है कि ब्रह्मांड में मुक्त ग्रहों की खोज आगे के अध्ययनों में बेहद उपयोगी होगी। अब जेम्स वेब स्पेस दूरबीन जैसे उन्नत उपकरण इनके बारे में विस्तृत खोजबीन कर सकते हैं।  

चुंबक खत्म करेगा विद्युत संकट

एक निहायत शक्तिशाली चुंबक बनाया गया है, इतना शक्तिशाली कि पूरे विमान को अपनी तरफ खींच सकता है। इसे फ्रांस के इंटरनेशनल थर्मोन्यूक्लियर एक्सपेरिमेंटल रिएक्टर (ITER) में असेंबल करके रखा गया है। यह 18 मीटर ऊंचा और 4.3 मीटर चौड़ा है। ITER के वैज्ञानिक नाभिकीय संलयन के ज़रिए ऊर्जा उत्पादन की तलाश कर रहे हैं। इसी संदर्भ में इस विशाल चुंबक का निर्माण किया गया है ताकि परमाणु रिएक्टर में विखंडित होने वाले नाभिकों का संलयन इसकी मदद से करवाया जाए और इससे असीमित ऊर्जा प्राप्त की जाए। अगर वैज्ञानिक कामयाब रहे तो विद्युत संकट का एक समाधान उभर आएगा।

एड्स उपचार में प्रगति

एक नए अध्ययन में भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी), बेंगलुरु के शोधकर्ताओं ने एचआईवी संक्रमित प्रतिरक्षा कोशिकाओं में वायरस की वृद्धि दर कम करने एवं उसे रोकने में हाइड्रोजन सल्फाइड (H2S) गैस की भूमिका का पता लगाया है। उनका कहना है कि यह खोज एचआईवी के विरुद्ध अधिक व्यापक एंटीरेट्रोवायरल उपचार विकसित करने का मार्ग प्रशस्त कर सकती है। देखा जाए, तो वर्तमान एंटीरेट्रोवायरल उपचार एड्स का इलाज नहीं है। यह केवल वायरस को दबाकर रखता है, जिसके चलते बीमारी सुप्त रहती है। आईआईएससी में एसोसिएट प्रोफेसर अमित सिंह के अनुसार, “इससे एचआईवी संक्रमित लाखों लोगों के जीवन में सुधार हो सकता है।”

यह थी गत वर्ष हुईं महत्वपूर्ण वैज्ञानिक खोजें। इनके अलावा भी कई सारी अन्य उपयोगी खोजें हुई हैं। उम्मीद है 2022 विज्ञान के लिए बेहतर साबित होगा। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credits : https://scitechdaily.com/images/James-Webb-Space-Telescope-Artists-Impression-scaled.jpg
https://nypost.com/wp-content/uploads/sites/2/2021/12/eye-drops_01.jpg?quality=80&strip=all
https://www.eurogroupforanimals.org/files/eurogroupforanimals/styles/blog_detail/public/2020-10/gerald-schombs-GBDkr3k96DE-unsplash.jpg?h=717a43c3&itok=c3jeZPqI
https://cdn.the-scientist.com/assets/articleNo/69505/aImg/44511/mice-ss-article-l.jpg
https://images.newscientist.com/wp-content/uploads/2021/06/15142803/15-june_worlds-largest-magnet.jpg?crop=16:9,smart&width=1200&height=675&upscale=true
https://images.medindia.net/amp-images/health-images/hiv-infection-by-anti-inflammatory-drugs.jpg

ज़हरीले रसायन वापस उगल रहा है समुद्र

कारखानों से निकले अपशिष्ट, जल उपचार संयंत्रों द्वारा नदियों में छोड़े गए दूषित जल ने पूरी दुनिया की मिट्टी और पानी को टिकाऊ यौगिकों, जिन्हें PFAS कहते हैं, से दूषित कर दिया है। वैज्ञानिक और नीति निर्माता चिंतित थे कि नदियों और पेयजल में पाए जाने वाले ज़हरीले रसायनों से कैसे छुटकारा पाया जाए? एक उम्मीद थी कि PFAS बहकर समुद्र में जाएंगे और वहीं थमे रहेंगे। लेकिन पता चला है कि समुद्री फुहार के साथ PFAS वापस हवा में फेंका जा रहा है।

आम समझ है कि समंदर हर चीज़ को हमेशा के लिए अपने में समा लेगा। यह नया अध्ययन चेताता है कि समुद्र के बारे में हमें अपना रवैया बदलना होगा।

PFAS नॉनस्टिक बर्तनों से लेकर फायर फाइटिंग फोम जैसी चीज़ों में उपयोग किए जाते हैं। ये पानी, गर्मी और तेल के अच्छे प्रतिरोधी होते हैं और इसलिए इनका काफी उपयोग होता है। PFAS के रासायनिक आबंध बहुत मज़बूत होते हैं जिसके चलते इन्हें ‘टिकाऊ रसायन’ कहा जाता है। प्रयोगशाला में हुए अध्ययनों में पता चला है कि PFAS जानवरों के लीवर और प्रतिरक्षा प्रणाली को नुकसान पहुंचा सकते हैं, और जन्मजात विकृतियों और मृत्यु का कारण बन सकते हैं। मनुष्यों में ये कैंसर और जन्म के समय कम वज़न का कारण बनते हैं।

शोधकर्ता जानते थे कि किनारों पर आकर टूटती लहरों से बनी धुंध प्रदूषकों को समुद्र से वायुमंडल में स्थानांतरित कर सकती है। सफेद, झागदार बुलबुलों में न सिर्फ हवा होती है बल्कि उनमें रसायनों की सूक्ष्म बूंदें भी होती हैं। स्टॉकहोम युनिवर्सिटी के मैथ्यू साल्टर ने समुद्री फुहार सिमुलेटर की मदद से दर्शाया था कि एरोसॉल की बूंदों में समुद्री जल की तुलना में 62,000 गुना अधिक PFAS हो सकते हैं। लेकिन यह पता नहीं था कि PFAS-युक्त समुद्री एरोसॉल वायुमंडल में पहुंचते हैं।

यह पता करने के लिए साल्टर और उनके साथियों ने नॉर्वे के दो समुद्र तटों से 2018 से 2020 तक समय-समय पर हवा के नमूने एकत्रित किए। एकत्रित नमूनों में प्रयोगशाला में PFAS और सोडियम आयनों के स्तर की जांच की, जो समुद्री फुहार एरोसॉल में मुख्यत: पाए जाते हैं।

एनवायरमेंटल साइंस एंड टेक्नॉलॉजी में शोधकर्ता बताते हैं कि नमूनों में PFAS की मात्रा सोडियम के स्तर के लगभग बराबर थी – जो इस बात का संकेत है कि ये दोनों ही हवा में समुद्री फुहार के माध्यम से आए थे।

शोधकर्ताओं का कहना है कि निष्कर्ष सुझाते हैं कि उनके नमूनों में PFAS की कुछ मात्रा समुद्री एरोसॉल के ज़रिए आई है। उनका अनुमान है कि 0.1 प्रतिशत से 0.4 प्रतिशत पीएफओएस (विशिष्ट तरह के PFAS) समुद्री स्प्रे एयरोसोल के ज़रिए हर साल वापस ज़मीन पर आ जाते हैं। चिंता की बात है कि हवाओं के ज़रिए PFAS सैकड़ों किलोमीटर दूर तक फैल सकते हैं और भोजन-पानी को दूषित कर सकते हैं। इससे यह भी समझने में मदद मिल सकती है कि वास्तव में PFAS ग्लेशियरों, आइस कैप्स और केरिबू में कितने टिकते हैं। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://www.science.org/do/10.1126/science.acz9890/abs/_20211220_on_wavescausetoxicforeverchemicalstoboomerangbacktoshore__main__istock-1299231577.jpg

कार्बन सोखने के लिए समुद्र में उर्वरण

पादप-प्लवक अपने जलीय पर्यावरण से कार्बन डाईऑक्साइड अवशोषित कर लेते हैं इसलिए  सुझाव है कि यदि समुद्रों में कृत्रिम रूप से लौह तत्व उपलब्ध करा दिया जाए तो पादप-प्लवक तेज़ी से फले-फूलेंगे और अपनी वृद्धि के लिए अधिक कार्बन डाईऑक्साइड सोखेंगे और वातावरण में कार्बन डाईऑक्साइड की मात्रा में कमी आ सकती है। पर्यावरणविद इस रणनीति का विरोध कर रहे हैं और इसे भू-इंजीनियरिंग का उतावलापन बता रहे हैं।

लेकिन यह जल्द ही अमल में आ सकती है। पिछले हफ्ते समुद्र वैज्ञानिकों के एक पैनल ने कहा है कि इस तरह ‘लौह उर्वरण’ के प्रयोग ज़रूरी हैं, और यूएस से 29 करोड़ डालर खर्च करने का आह्वान किया है ताकि 1000 वर्ग किलोमीटर समुद्र में 100 टन लौह छिड़का जा सके।

पृथ्वी की बदलती जलवायु से निपटने के लिए ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन में कटौती के प्रयास चल रहे हैं। लेकिन कई वैज्ञानिकों का मानना है कि गंभीर जलवायु परिवर्तन को थामने के लिए हमें नेगेटिव एमिशन टेक्नॉलॉजी का भी उपयोग करना चाहिए जो हवा से कार्बन डाईऑक्साइड और अन्य ग्रीन हाउस गैसों को सोख लें। थलीय योजनाओं में तो अरबों डॉलर खर्च किए गए हैं, लेकिन इस मामले में समुद्र अपेक्षाकृत अछूते रहे हैं। वैसे तो समुद्र पहले ही मानव गतिविधियों से उत्सर्जित लगभग एक-तिहाई कार्बन सोख चुके हैं लेकिन वैज्ञानिकों को लगता है कि अभी और क्षमता बाकी है।

वैसे पैनल ने तटीय पारिस्थितिक तंत्रों के पुनर्वास, बड़े पैमाने पर समुद्री शैवाल उगाने, और समुद्र में गहराई से पोषक तत्व ऊपर लाकर प्लवक उत्पादन को बढ़ावा देने जैसे सुझाव भी दिए हैं। महंगे विकल्पों में बिजली की मदद से समुद्री जल से कार्बन डाईऑक्साइड निकाल कर ज़मीन में अंदर डालना; और चट्टानों के चूरे को समुद्र में फैलाकर इसे अधिक क्षारीय बनाकर कार्बन सोखने की क्षमता को बढ़ाना शामिल है।

लौह उर्वरण एक सस्ता विकल्प है। प्रकाश संश्लेषक प्लवक वातावरण से कार्बन डाईऑक्साइड सोख लेते हैं। उनके फलने-फूलने के लिए लौह तत्व उन्हें कई स्रोतों से मिलता है। लेकिन लौह की कमी के कारण उनकी वृद्धि में कमी आती है। अतिरिक्त लौह उनकी वृद्धि में मदद करेगा और वे अधिक कार्बन सोखेंगे। यह अंतत: समुद्र की गहराई में चला जाएगा और वहां सदियों तक पड़ा रहेगा।

लेकिन कई अगर-मगर हैं। जैसे, वास्तव में कितना अवशोषित कार्बन समुद्र में बना रहेगा? अन्य जीव इसका उपभोग करके इसे कार्बन डाईऑक्साइड के रूप में वापस उत्सर्जित कर सकते हैं। यह सवाल भी है कि इस प्रक्रिया की निगरानी कैसे की जाएगी?

कहा जा रहा है कि यदि कार्बन का 10 प्रतिशत भी गहराई में बना रहता है तो रणनीति कारगर होगी। लेकिन पिछले प्रयोगों के एक आकलन में देखा गया है कि इनमें से सिर्फ एक ने गहराई में कार्बन का स्तर बढ़ाया था। गौरतलब है कि अगले साल गर्मियों में भारत के इंस्टीट्यूट ऑफ मरीन स्टडीज़ द्वारा अरब सागर के एक हिस्से में लौह की परत चढ़ी चावल की भूसी फैलाने की योजना है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://www.science.org/do/10.1126/science.acz9853/abs/_20211208_on_phytoplanktonbloom.jpg

हिचकी से तुरंत राहत का उपाय

हिचकी आते ही है तमाम तरह की सलाह मिलने लगती है; कोई सांस रोकने को कहता है, कोई अचानक डराता है तो कोई पानी पीने कहता है। अब, वैज्ञानिकों ने हिचकी रोकने का एक बेहतर समाधान ढूंढ लिया है: पानी पीने की स्ट्रॉ।

जब हिचकी (या चिकित्सा की भाषा में सिंगल्टस) आती है तो सीने का मध्यपाट (डायफ्राम) और पसलियों के बीच की मांसपेशियां अचानक सिकुड़ती हैं और सीने में अंदर का आयतन बढ़ जाता है। बढ़े हुए आयतन की वजह से दबाव कम होता है और हवा अंदर आती है। इस तरह अचानक अंदर आई हवा के कारण स्वर यंत्र के बीच की जगह (ग्लॉटिस) बंद हो जाती है, नतीजतन ‘हिच्च’ की आवाज़ (हिचकी) आती है।

इसे रोकने के लिए युनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास हेल्थ साइंस सेंटर के डॉ. अली सैफी ने एक स्ट्रॉ बनाई है जिसे उन्होंने ‘फोर्स्ड इंस्पिरेटरी सक्शन एंड स्वॉलो टूल (FISST)’ कहा है जिसका ब्रांड नाम हिक्कअवे है। लगभग 1000 रुपए की कीमत वाली L-आकार की यह स्ट्रॉ सख्त प्लास्टिक से बनी है। इसके एक सिरे को मुंह में रखते हैं और इसके दूसरे सिरे पर छोटे से छेद के रूप में प्रेशर वाल्व और एडजस्टेबल कैप है, जिससे पानी की मात्रा को कम-ज़्यादा किया जा सकता है। हिचकी आने पर बस इससे पानी पीना है!

यंत्र के पीछे का विचार यह है कि पानी खींचने में मध्यपाट के संकुचन के लिए फ्रेनिक तंत्रिका सक्रिय होती है, और पानी गटकने में वेगस तंत्रिका सक्रिय होती है। और ये दोनों ही तंत्रिकाएं हिचकी के लिए भी ज़िम्मेदार हैं। इसलिए इन दोनों तंत्रिकाओं को पानी पीने में व्यस्त रखकर हिचकी से बचा जा सकता है।

यंत्र की जांच के लिए शोधकर्ताओं ने 249 प्रतिभागियों की प्रतिक्रिया पूछी। अधिकांश प्रतिभागियों को महीने में कम से कम एक बार हिचकी आती थी। जामा नेटवर्क ओपन पत्रिका में प्रकाशित नतीजों के अनुसार इस स्ट्रॉ से पानी पीने से लगभग 92 प्रतिशत मामलों में हिचकी रुक गई। 90 प्रतिशत से अधिक प्रतिभागियों ने कहा कि अन्य घरेलू उपायों की तुलना में यह अधिक सुविधाजनक लगा, जबकि 183 ने कहा कि उन्हें इससे बेहतर परिणाम मिले। शोधकर्ताओं का कहना है कि यह यंत्र तुरंत काम करता है और इसका प्रभाव कई घंटों तक रहता है।

अध्ययन की कुछ सीमाएं भी हैं। पहली, अध्ययन में कोई तुलनात्मक समूह नहीं रखा गया था और दूसरी, निष्कर्ष लोगों के बताए अनुभवों पर आधारित हैं।

अन्य शोधकर्ताओं का कहना है कि यह समाधान एक ऐसी समस्या के लिए तैयार किया गया है जिसकी कोई मांग नहीं थी। इसके अलावा, इस समस्या के प्रभावी और कम लागत वाले विकल्प मौजूद हैं – जैसे किसी सामान्य स्ट्रॉ से पानी पीते समय दोनों कान कसकर बंद कर लेना। जो कुछ भी छाती फुलाने और गटकने में मदद करेगा – ‘भों’ करके डराना या कुछ और – वह काम करेगा। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://www.verywellhealth.com/thmb/rv2jBsLSR2MSBhinYaxNYjLJe3U=/1500×972/filters:fill(87E3EF,1)/71YFYymzrIL.AC_SL1500-95a13f62f427444597eee77462d9af4a.jpg

डिमेंशिया को संभालने में संगीत की भूमिका – डॉ. डी. बालसुब्रमण्यन

डिमेंशिया (मनोभ्रंश) लक्षणों का एक समूह है जो स्मृति और चिंतन को प्रभावित करता है और रोज़मर्रा के जीवन में बाधा डालता है। अल्ज़ाइमर रोग मनोभ्रंश का प्रमुख व सबसे बड़ा कारण है। मनोभ्रंश के लक्षणों को कम करने और उसे बढ़ने से रोकने के उपचार चिकित्सकीय हो सकते हैं या योग, श्वसन सम्बंधी व्यायाम, फुर्तीली सैर और मधुर संगीत सुनने जैसे उपाय हो सकते हैं। यह बीमारी वृद्धावस्था से सम्बंधित बीमारी है, जो दुनिया भर में 5.5 करोड़ से अधिक लोगों को प्रभावित करती है। 2011 की जनगणना के अनुसार, भारत में 65 वर्ष से अधिक उम्र के साढ़े छह करोड़ वरिष्ठ नागरिकों में से 2.7 प्रतिशत मनोभ्रंश से प्रभावित हैं (राष्ट्रीय स्वास्थ्य पोर्टल)।

मनोभ्रंश से जंग      

कैलिफोर्निया की एक वेबसाइट बेव्यू सीनियर असिस्टेड लिविंग (Bayview Senior Assisted Living) के एक लेख में मनोभ्रंश को नियंत्रित/कम करने के 13 तरीके सुझाए गए हैं। ये हैं: (1) सांस लेना और छोड़ना – पूरा ध्यान सिर्फ सांस बाहर निकलने पर लगाना, (2) किसी पसंदीदा शांत जगह के बारे में सोचना – यह आपकी शोर-मुक्त बैठक भी हो सकती है, (3) किसी पालतू जानवर की देखभाल करना, (4) मालिश – सप्ताह में एक या दो बार मालिश तनाव से राहत देती है, (5) योग – प्राणायाम मन को शांत करता है, (6) संगीत गाना-बजाना – जवानी के दिनों में जो अच्छा लगा था, (7) कलात्मक रचना और दस्तकारी – बुनाई, पेंटिंग वगैरह, (8) अपनी जगह की प्रतिदिन सफाई करना; यह आपके मस्तिष्क को सक्रिय रखता है और उपलब्धि का एहसास देता है, (9) बागवानी – भले ही सिर्फ फूलदान सवारें, (10) अखबार और किताबें पढ़ना न कि सिर्फ टीवी समाचार सुनना (और कौन बनेगा करोड़पति में पूछे गए सवालों के जवाब देने की कोशिश करना), (11) पहेलियां, वर्ग पहेली, सुडोकू और इसी तरह की पहेलियां सुलझाने के प्रयास करना, और एक नई भाषा सीखना, (12) सादा खाना बनाना (निसंदेह किसी की मदद से), और (13) सलीका बनाना (दराज़, अलमारियों का सामान व्यवस्थित करना), फालतू पुरानी फाइलों और पत्रों की छंटाई भी एक उपलब्धि है!

अवसाद कम करने और अल्ज़ाइमर को टालने वाले अन्य महत्वपूर्ण कारक क्या हैं? क्या सिर्फ एक भाषा से परिचित होने की तुलना में द्विभाषिता (दो भाषाओं में आसानी से संवाद की क्षमता) या बहुभाषिता मनोभ्रंश कम करने में अधिक फायदेमंद होती है? हैदराबाद के डॉ. सुभाष कौल और डॉ. सुवर्णा अल्लादी ने इसी पहलू पर अध्ययन किया है। अपने अध्ययन में उन्होंने पाया कि मनोभ्रंश से पीड़ित द्विभाषी लोगों में यह विकार एकभाषी लोगों की तुलना में चार साल देर से प्रकट हुआ था।

जैसा कि पता है, भारत के कई हिस्सों में लोग वास्तव में द्विभाषी हैं (वे कम से कम दो भाषाएं बोलते हैं, भले ही पढ़ न पाते हों)। दरअसल, शहरों में काम करने वाले ज़्यादातर लोग ठीक से दो भाषाएं बोल लेते हैं; उनके काम – घरेलू बाइयां, दुकानदार और इसी तरह के अन्य काम – के कारण द्विभाषिता की ज़रूरत पड़ती है। बेंगलुरु स्थित भारतीय विज्ञान संस्थान के सेंटर फॉर ब्रेन रिसर्च की प्रो. विजयलक्ष्मी रवींद्रनाथ ने इस पहलू पर बेंगलुरु के आसपास के लोगों के सर्वेक्षण के साथ-साथ फंक्शनल एमआरआई (FMRI) की मदद से अध्ययन शुरू किया है। बेशक, एकभाषी वरिष्ठ नागरिकों के लिए दूसरी भाषा सीखना शुरू करना फायदेमंद होगा।

संगीत की भूमिका

एक अन्य महत्वपूर्ण कारक है संगीत। सिर्फ संगीत सुनना भी उपचारात्मक हो सकता है। सेलिया मोरेनो-मोराल्स और उनके साथियों द्वारा फ्रंटियर्स इन मेडिसिन (लौसाने) में एक पेपर प्रकाशित किया गया है। विषय है मनोभ्रंश के उपचार में संगीत की भूमिका। पूर्व में हुए आठ अध्ययनों के विश्लेषण के आधार पर उनका निष्कर्ष है कि संगीत मनोभ्रंश के लिए एक शक्तिशाली उपचार रणनीति हो सकती है – अकेले भी और अन्य औषधियों के साथ मिलाकर भी (जो मनोभ्रंश की प्रकृति पर निर्भर करेगा)।

संगीत स्मृति

इसी तरह का एक पेपर एम. एच. थॉट और उनके साथियों द्वारा अल्ज़ाइमर डिसीज़ एंड एसोसिएटेड डिसऑर्डर्स पत्रिका में प्रकाशित किया गया है, जिसका शीर्षक है: संज्ञानात्मक विकार से पीड़ित वृद्धजनों में दीर्घकालिक संगीत स्मृति का तंत्रिका आधार। इसमें उन्होंने हल्की संज्ञानात्मक क्षति से ग्रसित 17 लोगों के मस्तिष्क क्षेत्रों का FMRI की मदद से स्कैन किया। इस दौरान वे या तो वे अतीत में उनकी पसंद का संगीत सुन रहे थे या नया रचा गया संगीत सुन रहे थे। निष्कर्ष था कि लंबे समय से परिचित संगीत मस्तिष्क के विभिन्न क्षेत्रों को सक्रिय करता है। और यह भी पता चला कि संज्ञानात्मक रूप से अक्षम वृद्धजनों में पुरानी स्मृतियां क्यों सलामत रहती हैं। दूसरे शब्दों में, वे इसे पहचानते हैं और इसका आनंद लेते हैं!

भारत में इसी तरह के प्रयोग हरियाणा के मानेसर स्थित नेशनल सेंटर फॉर ब्रेन रिसर्च की प्रो. नंदिनी चटर्जी सिंह की टीम द्वारा किए गए हैं। उन्होंने शास्त्रीय हिंदुस्तानी संगीतकारों का एक समूह बनाया। और जब ये कलाकार गायन-वादन कर रहे थे, तब शोधकर्ताओं ने कलाकारों और श्रोताओं का निरीक्षण किया। इस प्रयोग के बारे में आप https://indscicomm.blog वेबसाइट के पॉडकास्ट अनुभाग में या Emotions in Hindustani Music-Part-2. Podcast पर सुनकर लुत्फ उठा सकते हैं।

लय और ताल

यह सिर्फ धुन का नहीं बल्कि लय, समय और हरकत का भी कमाल है। हममें से जो लोग पुराने फिल्मी गाने सुनते हैं, वे संगीत के सुर-ताल में गलतियों को तुरंत पकड़ लेते हैं। ओंटारियो, कनाडा की प्रोफेसर जेसिका ग्राहन का कहना है कि संगीत पर थिरकना एक नैसर्गिक, अक्सर अनैच्छिक, क्रिया होती है जिसका अनुभव सभी संस्कृतियों के लोग करते हैं। जब मनुष्य संगीत पर मानसिक तौर पर थिरकता है, संगीत और लय की प्रतिक्रिया में मस्तिष्क के गति-सम्बंधी केंद्र सक्रिय हो उठते हैं, तब भी जब हमने एक भी मांसपेशी नहीं हिलाई होती या ज़रा भी शरीरिक हरकत नहीं की होती। वे लोग जिन्हें ताल पर थिरकने में परेशानी होती है क्या वे भी मजबूर महसूस करते हैं? यदि ऐसा है तो डिमेंशिया जैसे तंत्रिका विघटन सम्बंधी विकार से पीड़ित लोगों के लिए संगीत हस्तक्षेप की उत्साहजनक संभावना हो सकती है। तो संगीत को बजने दो! (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://i.ytimg.com/vi/DFuzxFF4uSQ/maxresdefault.jpg

इस सहस्रपाद की वाकई हज़ार टांगें होती हैं

हस्रपाद (मिलीपीड) नाम के बावजूद सभी मिलीपीड के पैरों की संख्या हज़ार नहीं होती है। आम बोलचाल में इन्हें गिंजाई या कनखजूरा कहते हैं। अधिकांश प्रजातियों में पैरों की संख्या सौ से भी कम होती है। लेकिन अब, शोधकर्ताओं ने सहस्रपाद की एक ऐसी प्रजाति की खोजी है जिसके पैरों की संख्या उसके नाम से भी अधिक हो सकती है।

शोधकर्ताओं को सहस्रपाद की यह प्रजाति पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के एक रेगिस्तान में 60 मीटर गहराई में मिली है। शोधकर्ता खनन कंपनियों द्वारा अन्वेषण के लिए खोदे गए सुराखों में खास डिज़ाइन किए गए जाल (सड़ी-गली पत्तियों से भरे प्लास्टिक पाइप) डालकर गहराई में रहने वाले अकशेरुकी जीवों की खोज कर रहे थे।

इसे यूमिलीपीस पर्सेफोन नाम दिया है। यूमिलीपीस का मतलब है वास्तव में हज़ार पैरों वाली और पर्सेफोन नाम ग्रीक पौराणिक कथाओं की पाताल लोक की देवी से मिला है, जो कुछ समय के लिए ज़मीन के ऊपर आती है और वसंत का आगाज़ करती है।

क्रीमी रंग का यह सहस्रपाद एक मिलीमीटर से भी कम चौड़ा और लगभग 10 सेंटीमीटर लंबा है। अपने डील-डौल में यह ज़मीन के ऊपर रहने वाले सहस्रपादों की तुलना में बहुत छरहरा है। इसके कई सारे छोटे-छोटे पैर इसे चट्टान की छोटी-छोटी दरारों से गुज़रने की शक्ति देते हैं। साइंटिफिक रिपोर्ट्स में शोधकर्ता बताते हैं कि ई. पर्सेफोन की आंखें नहीं हैं, ये अपने बड़े एंटीना की मदद से दुनिया को भांपते हैं। और संभवत: कवक इनका भोजन होता है।

शोधकर्ताओं को इस स्थल से आठ ई. पर्सेफोन मिले हैं। यदि इनके पैर गिनें तो इनमें से दो वयस्क मादाएं ही सच्ची सहस्रपाद हैं; दो वयस्क नरों के पैरों की अधिकतम संख्या 778 और 818 है। दरअसल, किसी भी सहस्रपाद के पैरों की संख्या बदलती रह सकती है क्योंकि आर्थ्रोपोड (संधिपाद जंतु) अपने पूरे जीवन में शरीर में अतिरिक्त खंड विकसित करते रहते हैं। ई. पर्सेफोन शरीर के खंड सिकोड़ और फैला सकता है। इससे संभवत: छोटी दरारों में फिट होने और कठिन रास्तों पर चलने में मदद मिलती है। शोधकर्ताओं का अनुमान है कि ई. पर्सेफोन सतह की जलवायु गर्म और शुष्क होने के काफी पहले भूमिगत हो गए थे। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://www.nhm.ac.uk/content/dam/nhmwww/discover/big-millipede/big-millipede-full-width.jpg.thumb.1160.1160.jpg
https://middleeast.in-24.com/temp/resized/medium_2021-12-17-b4de6c5f83.jpg

प्राचीन यूनानी अक्षम बच्चों को नहीं मारते थे

गभग 100 ईस्वीं में यूनानी दार्शनिक प्लूटार्क ने अपनी जीवनी लाइफ ऑफ लायकर्गस में ज़िक्र किया था कि प्राचीन स्पार्टन लोग अपने नवजात शिशुओं को निरीक्षण के लिए समाज के बड़े-बुज़ुर्गों की एक परिषद को सौंप दिया करते थे। इस निरीक्षण के पश्चात चुस्त और तंदुरुस्त बच्चों को जीवित रखा जाता था जबकि कमज़ोर और विकलांग शिशुओं को मरने के लिए छोड़ दिया जाता था। प्लूटार्क के अनुसार यूनानवासी अस्वस्थ व्यक्ति को न तो खुद उसके लिए और न ही समाज के लिए उचित मानते थे।

यूनानी समाज के बारे में प्लूटार्क की इस कहानी को लगभग 2000 वर्षों तक सही माना गया। यहां तक कि आधुनिक युग के विद्वान भी वर्तमान और प्राचीन समाज के बीच अंतर स्पष्ट करने के लिए पीढ़ियों तक छात्रों को यही पढ़ाते रहे। युनिवर्सिटी ऑफ सिडनी की पुरातत्वविद लेस्ली बोमॉन्ट के अनुसार विद्वानों ने इस बात को जस का तस स्वीकार कर लिया। और तो और, इस धारणा का उपयोग आधुनिक अत्याचारों को उचित ठहराने के लिए भी किया जाता रहा है। नाज़ी ‘उत्कृष्ट प्रजननविदों’ ने यूनान का उदाहरण लेते हुए विकलांग लोगों की हत्या को उचित ठहराया।

लेकिन पुरातात्विक साक्ष्य और साहित्यिक स्रोतों पर नज़र डालें तो प्लूटार्क की बात खालिस मिथक प्रतीत होती है। हो सकता है कि विकलांग शिशुओं को मरने के लिए छोड़ देने की घटनाएं कभी-कभार हुई होंगी लेकिन यह प्राचीन यूनानी संस्कृति का अंग नहीं था। इस विषय में कैलिफोर्निया स्टेट युनिवर्सिटी में यूनानी सभ्यता का अध्ययन कर रही डेबी स्नीड ने हेस्पेरिया पत्रिका में अपना अध्ययन प्रकाशित किया है।

स्नीड के अनुसार आधुनिक समाज सहित कई समाजों में शिशु-हत्या होती है लेकिन अधिकांश समाज इसे निंदनीय मानते हैं। यूनानी समाज इस मामले में भिन्न नहीं था। स्नीड ध्यान दिलाती हैं कि प्लूटार्क अपनी जीवनी में उन घटनाओं के बारे में बता रहे हैं जो उनके जन्म से 700 वर्ष पहले हुई थीं। दूसरी ओर, उन्हीं की रचना में एक ऐसे स्पार्टन राजा का उल्लेख है जो नाटा था और पैरों से विकलांग था। उसकी पहचान एक अच्छे नेता के रूप में थी। 400 ईसा पूर्व के एक अज्ञात यूनानी डॉक्टर ने समकालीन चिकित्सकों को जन्मजात विकलांग वयस्कों की मदद करने के तरीके भी सुझाए थे। इनसे संकेत मिलता है कि यूनान में विकलांग या शारीरिक रूप से कमज़ोर बच्चे भी समाज के उत्पादक सदस्यों के रूप में वयस्कता तक जीवित रहते थे।       

इसके अलावा, कुछ पुरातात्विक साक्ष्य बताते हैं कि जन्म के समय गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित शिशुओं की जन्म के पहले हफ्ते अत्यधिक देखभाल की जाती थी। कुछ विशेषज्ञों को 1931 में एथेंस के एक कुएं से 400 शिशुओं के अवशेष मिले जिनका वर्ष 2018 में विश्लेषण करने पर पता चला कि अधिकांश अवशेष बहुत छोटे बच्चों के थे जो प्राचीन युग में उच्च शिशु मृत्यु दर का संकेत देते हैं न कि चुन-चुनकर शिशु हत्या का। इनमें से एक कंकाल गंभीर जानलेवा रोग हाइड्रोसेफली से पीड़ित 6 से 8 महीने के शिशु का था। यूनानी समाज ने ऐसे बच्चे की देखभाल की थी।

इसी दौरान, उत्खननकर्ताओं को यूनान की कब्रों से टोंटीदार सिरेमिक की बोतलें भी मिली हैं जिनकी टोंटियों पर बच्चों के दांत के निशान मिले हैं। स्नीड का दावा है कि इन बोतलों का उपयोग कटे हुए तालू या अन्य अक्षमता वाले शिशुओं को खिलाने के लिए किया जाता था। अर्थात विषम अंगों या अक्षमताओं के साथ पैदा हुए बच्चों का भी नियमित रूप से पालन पोषण किया जाता था और वे अक्सर वयस्कता तक जीवित भी रहते थे।

अलबत्ता, अन्य विद्वान इस दावे से असंतुष्ट हैं। जैसे, युनिवर्सिटी ऑफ मेनचेस्टर के क्लासिसिस्ट क्रिश्चियन लाएस के अनुसार शिशु-हत्या यूनान की आम प्रथा तो नहीं हो सकती लेकिन कई परिवार ऐसे बच्चों का पालन पोषण करने में सक्षम न होने के कारण उन्हें मरने के लिए छोड़ दिया करते होंगे। इसके साथ ही यह भी संभव है कि सामाजिक असहजता और शर्म के कारण इस सामान्य प्रथा का उल्लेख न किया गया हो।

बोमोन्ट के अनुसार शिशु-हत्या के कोई साक्ष्य तो नहीं हैं लेकिन संभावना है कि ऐसे बच्चों को सार्वजनिक स्थान पर इस उम्मीद में छोड़ दिया जाता होगा कि कोई अन्य उनकी परवरिश करेगा।

स्नीड का मानना है कि विकलांगों के बारे में आधुनिक धारणाओं के आधार पर प्राचीन समाज के बारे में निष्कर्ष निकालना उचित नहीं कहा जा सकता। आज के दौर में विकलांगता का अवमूल्यन किया जाता है। लेकिन कई प्रमाण मिलते हैं कि प्राचीन समय में लोगों ने विकलांग शिशुओं की देखभाल में समय और संसाधन दोनों लगाए हैं। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://www.science.org/do/10.1126/science.acz9818/abs/_20211210_on_ancientgreece.jpg

प्रजनन करते रोबोट!

कुछ वर्ष पहले युनिवर्सिटी ऑफ वर्मान्ट, टफ्ट्स युनिवर्सिटी के इंस्टीट्यूट फॉर बायोलॉजिकली इंस्पायर्ड इंजीनियरिंग और हारवर्ड युनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने अफ्रीकी नाखूनी मेंढक (ज़ेनोपस लाविस) की स्टेम कोशिकाओं से एक मिलीमीटर का रोबोट तैयार किया था। इसे ज़ेनोबॉट नाम दिया गया। प्रयोगों से पता चला कि ये छोटे-छोटे पिंड चल-फिर सकते हैं, समूहों में काम कर सकते हैं और अपने घाव स्वयं ठीक भी कर सकते हैं।

अब वैज्ञानिकों ने इन ज़ेनोबॉट में प्रजनन का एक नया रूप खोजा है जो जंतुओं या पौधों के प्रजनन से बिल्कुल अलग है। वैज्ञानिक बताते हैं कि मेंढकों में प्रजनन करने का एक तरीका होता है जिसका वे सामान्य रूप से उपयोग करते हैं। लेकिन जब भ्रूण से कोशिकाओं को अलग कर दिया जाता है तब वे कोशिकाएं नए वातावरण में जीना सीख जाती हैं और प्रजनन का नया तरीका खोज लेती हैं। मूल ज़ेनोबोट मुक्त स्टेम कोशिकाओं के ढेर बना लेते हैं जो पूरा मेंढक बना सकते हैं।

दरअसल, स्टेम कोशिकाएं ऐसी अविभेदित कोशिकाएं होती हैं जिनमें विभिन्न प्रकार की कोशिकाओं में विकसित होने की क्षमता होती है। ज़ेनोबॉट्स बनाने के लिए शोधकर्ताओं ने मेंढक के भ्रूण से जीवित स्टेम कोशिकाओं को अलग करके इनक्यूबेट किया। आम तौर पर माना जाता है कि रोबोट धातु या सिरेमिक से बने होते हैं। लेकिन वास्तव में रोबोट का मतलब यह नहीं होता कि वह किस चीज़ से बना है बल्कि रोबोट वह है जो मनुष्यों की ओर से स्वयं काम कर दे।

अध्ययन में शामिल शोधकर्ता जोश बोंगार्ड के अनुसार यह एक तरह से तो रोबोट है लेकिन यह एक जीव भी है जो मेंढक की कोशिकाओं से बना है। बोंगार्ड बताते हैं कि ज़ेनोबॉट्स शुरुआत में गोलाकार थे और लगभग 3000 कोशिकाओं से बने थे और खुद की प्रतियां बनाने में सक्षम थे। लेकिन यह प्रक्रिया कुछ विशिष्ट परिस्थितियों में ही हुई। ज़ेनोबॉट्स वास्तव में ‘काइनेटिक रेप्लिकेशन’ का उपयोग करते हैं जो आणविक स्तर देखा गया है लेकिन पूरी कोशिका या जीव के स्तर पर पहले नहीं देखा गया।             

इसके बाद शोधकर्ताओं ने कृत्रिम बुद्धि (एआई) की मदद से विविध आकारों का अध्ययन किया ताकि ऐसे ज़ेनोबॉट्स बनाए जा सकें जो अपनी प्रतिलिपि बनाने में अधिक प्रभावी हों। सुपरकंप्यूटर ने C-आकार का सुझाव दिया। शोधकर्ताओं ने पाया कि यह C-आकार पेट्री डिश में छोटी-छोटी स्टेम कोशिकाओं को खोजकर उन्हें अपने मुंह के अंदर एकत्रित कर लेता था। कुछ ही दिनों में कोशिकाओं का ढेर नए ज़ेनोबॉट्स में परिवर्तित हो गया।

शोधकर्ताओं के अनुसार (PNAS जर्नल) आणविक जीवविज्ञान और कृत्रिम बुद्धि के इस संयोजन का उपयोग कई कार्यों में किया जा सकता है। इसमें महासागरों से सूक्ष्म-प्लास्टिक को एकत्रित करना, जड़ तंत्रों का निरीक्षण और पुनर्जनन चिकित्सा जैसे कार्य शामिल हैं।

इस तरह स्वयं की प्रतिलिपि निर्माण का शोध चिंता का विषय हो सकता है लेकिन शोधकर्ताओं ने स्पष्ट किया है कि ये जीवित मशीनें प्रयोगशाला तक सीमित हैं और इन्हें आसानी से नष्ट किया जा सकता है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://nypost.com/wp-content/uploads/sites/2/2021/11/living-robots-reproduce-01.jpg?quality=90&strip=all

भारत ने ‘जनसंख्या बम’ को निष्क्रिय किया

1960 के दशक में भारत ने जनसंख्या में विस्फोटक वृद्धि का सामना किया था। उस समय प्रजनन दर लगभग छह बच्चे प्रति महिला थी। इसके बाद प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने परिवार नियोजन कार्यक्रम को विस्तार दिया जिसमें पुरुषों और महिलाओं दोनों को नसबंदी के लिए नकद प्रोत्साहन की पेशकश की गई।

अगले 60 वर्षों तक भारत ने नसबंदी के साथ-साथ गर्भ-निरोधकों और बालिका-शिक्षा पर ध्यान केंद्रित किया। अब स्वास्थ्य अधिकारियों का दावा है कि भारत ने अंतत: जनसंख्या विस्फोट पर नियंत्रण हासिल कर लिया है। हाल ही में राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस) द्वारा किए गए एक सर्वेक्षण में पाया गया है कि देश की प्रजनन दर पहली बार 2.1 संतान प्रति महिला के ‘प्रतिस्थापन स्तर’ से नीचे आ गई है। पापुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया की निदेशक पूनम मुतरेजा के अनुसार भारत की महिलाएं अब कम बच्चे पैदा करने को उचित मान रही हैं।

हालांकि, जनसंख्या फिलहाल बढ़ती रहेगी क्योंकि पूर्व की उच्च प्रजनन दर के कारण भारत की दो-तिहाई आबादी 35 वर्ष से कम उम्र की है और एक बड़ा समूह बच्चे पैदा करने की उम्र में पहुंच रहा है। लिहाज़ा, प्रतिस्थापन-दर पर भी जनसंख्या में वृद्धि जारी रहेगी और शायद अगले साल ही भारत चीन को पीछे छोड़ते हुए सबसे अधिक आबादी वाला देश बन जाएगा।

फिर भी भारत की जनसंख्या लगभग 3 दशकों में घटने की संभावना है जिससे भारत बांग्लादेश और इंडोनेशिया जैसे कई अन्य विकासशील देशों के रास्ते पर चल पड़ेगा। लेकिन प्रजनन दर में गिरावट के मामले में भारत चीन (1.7 बच्चे प्रति महिला) से काफी पीछे है।

विशेषज्ञों का मत है कि जन्म दर में गिरावट के संदर्भ में सरकारी परिवार नियोजन कार्यक्रम प्रमुख कारक रहा है। एनएफएचएस सर्वेक्षण के अनुसार 55 प्रतिशत दंपति आधुनिक गर्भ-निरोधकों का उपयोग करते हैं। इनमें से बीस प्रतिशत कंडोम और दस प्रतिशत गोलियों का उपयोग करते हैं। अलबत्ता, सभी गर्भनिरोधकों में से कम से कम दो-तिहाई तो महिला नसबंदी है।

भारत में नसबंदी कार्यक्रम का इतिहास काफी उबड़-खाबड़ रहा है। 1970 के दशक के मध्य में राज्यों को अनिवार्य नसबंदी शिविर संचालित करने के आदेश दिए गए थे। इस दौरान लगभग 1.9 करोड़ लोगों की नसबंदी की गई जिनमें से दो-तिहाई पुरुष थे। वर्तमान में सरकारी नसबंदी क्लीनिकों का ध्यान मुख्य रूप से महिला नसबंदी पर केंद्रित है। कुल गर्भ निरोधकों में से मात्र 0.5 प्रतिशत हिस्सा पुरुष नसबंदी का होता है। आम तौर पर महिलाओं की नसबंदी औसतन 25 की उम्र के आसपास की जाती है जिनके पहले से बच्चे हैं। नसबंदी के लिए नकद प्रोत्साहन के अलावा जबरन नसबंदी की शिकायतें भी मिलती रहती हैं।                        

वैसे तो भारत में शहरी महिलाओं की तुलना में ग्रामीण महिलाएं अधिक बच्चे पैदा करती हैं लेकिन दोनों ही समूहों की प्रजनन दर में लगातार कमी आई है। इसके साथ ही 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों की मृत्यु दर घटकर 34 (प्रति 1000 जीवित जन्म) रह गई है जो 1960 में 241 थी। बच्चों के लंबी उम्र तक जीवित रह पाने के आश्वासन के चलते महिलाएं परिवार नियोजन को ज़्यादा स्वीकार करने लगी हैं।

छोटा परिवार रखने के लिए प्रोत्साहित करने में शिक्षा की भी बड़ी भूमिका रही है। 1960 के दशक में महिलाओं में निरक्षरता दर लगभग 90 प्रतिशत थी जो 2011 में घटकर 35 प्रतिशत रह गई। इंटरनेशनल इंस्टिट्यूट फॉर पापुलेशन साइंस की शोधकर्ता मिलन दास के विश्लेषण के अनुसार 2005 के बाद के दशक में बेहतर शिक्षा के कारण प्रजनन दर में 47 प्रतिशत की कमी आई है। मुतरेजा के अनुसार भारत की महिलाओं की आकांक्षाओं में भी बदलाव आया है। वे अब शादी और बच्चे पैदा करने की बजाय बेहतर नौकरी के अवसरों की तलाश कर रही हैं।     

भारत के विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग प्रजनन दर भी शिक्षा की भूमिका को दर्शाती है। केरल की साक्षरता दर सबसे अधिक है। केरल ने 1988 में ही प्रतिस्थापन प्रजनन दर हासिल कर ली थी। दूसरी ओर, राष्ट्रीय जनसंख्या आयोग के अनुसार बिहार जैसे सबसे कम साक्षर राज्य में 2039 तक प्रतिस्थापन प्रजनन दर प्राप्त करना मुश्किल होगा।

कुछ भारतीय राजनेता अभी भी जनसंख्या विस्फोट पर चर्चा कर रहे हैं और उत्तर प्रदेश में तो दो से अधिक बच्चे वाले परिवारों को सरकारी नौकरी या राज्य की कल्याण योजनाओं से वंचित रखने का प्रस्ताव है। आलोचकों के अनुसार इस तरह के बयान अक्सर देश के मुस्लिम अल्पसंख्यकों को निशाना बनाते हुए दिए जाते हैं। लेकिन 2015-16 के एनएफएचएस सर्वेक्षण के अनुसार हिंदू महिलाओं की तुलना में मुस्लिम महिलाओं के औसतन 0.5 प्रतिशत अधिक बच्चे हैं। स्पष्ट है कि प्रजनन सम्बंधी फैसलों में धर्म एक छोटा कारक है।

लेकिन भारत की प्रजनन दर कितनी कम हो सकती है? विशेषज्ञों के अनुसार कम प्रजनन दर वाले राज्यों की दर 1.6 से 1.9 बच्चे प्रति महिला पर स्थिर है। यदि देश में महिला सशक्तिकरण की नीतियों को जारी रखा जाए तो यह दर 1.4 या उससे नीचे जा सकती है। संयुक्त राष्ट्र के 2019 के जनसंख्या अनुमान के अनुसार भारत की जनसंख्या 2050 तक 1.64 अरब तक पहुंच कर इस सदी के अंत तक 1.45 अरब रह जाएगी। एक चिंता यह भी व्यक्त की गई है कि यदि प्रजनन दर में तेज़ी से गिरावट आती है तो अर्थव्यवस्था को नुकसान भी हो सकता है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://socialissuesindia.files.wordpress.com/2013/10/population-explosion.jpg