
न आरोपी मिला, न शिकार मिला और न कोई गवाह है। उस मौका-ए-वारदात का एकमात्र चिन्ह एक कटी हुई पूंछ है, जो 99 लाख साल पहले की एक घटना की साक्ष्य है। इस साक्ष्य की खोज तेल अविव विश्वविद्यालय के स्टाइनहार्ट प्राकृतिक इतिहास संग्रहालय के प्राणी विज्ञानी लियोनिडास-रोमेनोस डेवरैनोग्लाउ और उनके साथियों ने की है।
यह तो पता ही है कि आक्रमण होने पर लगभग दो-तिहाई छिपकलियां अपनी पूंछ छोड़कर भाग निकलती हैं। इसे पूंछ का स्वतःअंगच्छेदन कहते हैं। छिपकली को फायदा यह होता है कि शिकारी चकमा खा जाता है और छूटी हुई कुलबुलाती पूंछ को ताकता रह जाता है। छिपकली की जान तो बच जाती है, मगर पूंछ झड़ जाती है। गनीमत है कि छिपकलियां अपनी पूंछ को फिर से उगा लेती हैं। यह नई पूंछ हड्डियों से नहीं बल्कि उपास्थियों से बनी होती है।
शोधकर्ताओं की जिज्ञासा यह जानने में रही है कि छिपकलियां या अन्य जंतु यह करामात कब से करते आ रहे हैं। यानी यह स्वत:अंगच्छेदन और पुनर्जनन कितना प्राचीन है। उदाहरण के लिए न्यूज़ीलैंड का एक देशज सरिसृप टुआटारा अपनी पूंछ छोड़ सकता है और इसका वंश कम से कम 24 करोड़ वर्ष प्राचीन है। और वैज्ञानिकों को लगता है कि यह लक्षण टुआटारा, सांपों और छिपकलियों के एक साझा पूर्वज में प्रकट हुआ था।
स्वत: पूंछ-अंगच्छेदन के शुरुआती उदाहरण खोजने के लिए पुराजीव वैज्ञानिक जीवाश्मित पूंछों में वह कमज़ोर स्थल ढूंढने की कोशिश करते रहे हैं जो पूंछ को छोड़ देने के लिए ज़रूरी है। लेकिन डेवरैनोग्लाउ के मुताबिक किसी जीवाश्म में ऐसे तथाकथित फ्रेक्चर प्लेन (जहां से पूंछ टूटकर अलग हो सकती है) का पाया जाना इस बात का अकाट्य प्रमाण नहीं माना जा सकता कि उस जंतु में पूंछ झड़ा देने की भी क्षमता थी।
डेवरैनोग्लाउ की टीम ने पैलिएन्टोलॉजिका इलेक्ट्रॉनिका जर्नल में अपनी खोज का रोमांचक विवरण प्रस्तुत किया है। दरअसल, उन्हें एक अल्पपारदर्शी जीवाश्मित एम्बर की चिप्पी मिली थी। उस चिप्पी में 8 मिलीमीटर की कोई चीज़ थी। यह चिप्पी उन्होंने एक ऑनलाइन विक्रेता से खरीदी थी। यह कुछ भी हो सकती थी – किसी टहनी का टुकड़ा या किसी कीट का अंश।
लेकिन जब उनके पीएच.डी. छात्र डोलेव फैब्रिकान्ट ने उसे ध्यान से देखा तो पाया कि उस पर शल्क हैं। यानी वह छिपकली की पूंछ है। इस जीवाश्म में उनके सवाल का जवाब छिपा था।

अब यह जानने की कोशिश शुरू हुई कि एम्बर में दबी उस पूंछ को हुआ क्या था। टीम ने 18 मिलीमीटर की उस एम्बर चिप्पी का माइक्रो-सीटी स्कैनिंग किया ताकि उसमें दफन जीवाश्म की त्रि-आयामी तस्वीर हासिल कर सकें। शल्कों और अन्य लक्षणों के आधार पर टीम का निष्कर्ष था कि यह एक स्लो वर्म (Anguis fragilis) – एक किस्म की टांग-रहित छिपकली – का जीवाश्म है। या शायद दीवार पर चढ़ने वाली किसी छिपकली का हो सकता है।
लेकिन पूंछ ने अपनी कहानी खुद बयां कर दी। यह कोई हादसा नहीं था और न ही शिकारी ने उस पूंछ को उखाड़कर अलग किया था। यह जीवाश्मित पूंछ संग्रहालयों में रखी आधुनिक छिपकलियों द्वारा छोड़ी गई पूछों से मेल खाती है। उदाहरण के लिए, पूंछ के ऊपर वाले हिस्से में एक साफ सुथरी कटान दिखती है जिसके आसपास मांसपेशियों के फच्चर मौजूद हैं। यह स्वैच्छिक रूप से छोड़ी गई पूंछ की खूबी है। यह एक महत्वपूर्ण खोज है क्योंकि इस जीवाश्म में मुलायम ऊतक भी दिख रहे हैं।
सीटी स्कैन में ज़िन्दा रहने की जद्दोज़हद के और प्रमाण भी दिखे हैं। पूंछ के बीचों-बीच एक घाव भी दिख रहा है जो पूंछ त्यागने की वजह से नहीं बना है। शोधकर्ताओं का अनुमान है कि यह छिपकली एम्बर में फंस गई थी, खुद को छुड़ाने के लिए पूंछ छोड़ दी थी। बाद में किसी कीट ने पूंछ को चबाया होगा। या यह भी हो सकता है किसी शिकारी ने छिपकली को पकड़ा तो, लेकिन उसके हाथ आई महज़ पूंछ।
वैसे विषय के जानकार अन्य वैज्ञानिकों का कहना है कि यह कोई बड़ी खोज नहीं है। इससे पहले के जीवाश्मों में फ्रेक्चर प्लेन के आधार पर यह तो पता ही है कि सरिसृप पूंछ छोड़ सकते थे। तो अब नई बात क्या पता चली है। डेवरैनोग्लाउ का मत है कि यह पहले से पता था कि प्राचीन सरिसृप ऐसा कर सकते थे लेकिन यह पहला प्रमाण है कि ऐसा वास्तव में होता था। इससे यह आकलन करने में मदद मिलेगी कि पूंछ के पुनर्जनन के जीन्स कब अस्तित्व में आए थे। (स्रोत फीचर्स)
Photo credit – https://www.shutterstock.com/search/lizard-drops-tail