अलीखान

समुद्र की गहराइयों में फैली रंग-बिरंगी प्रवाल भित्तियां (कोरल रीफ) न केवल प्राकृतिक सुंदरता का अद्भुत उदाहरण हैं, बल्कि समुद्री जीवन के अस्तित्व और पारिस्थितिक संतुलन का भी महत्त्वपूर्ण आधार हैं। समुद्र के भीतर विकसित होने वाली ये प्राकृतिक संरचनाएं असंख्य जीवों को आश्रय देने के साथ-साथ समुद्री पर्यावरण को संतुलित रखने में अहम भूमिका निभाती हैं। लेकिन जलवायु परिवर्तन और मानवीय गतिविधियों के बढ़ते दबाव के कारण अब इनका अस्तित्व गंभीर संकट में दिखाई दे रहा है। अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (आईयूसीएन) की 22 अक्टूबर 2026 को जारी पहली वैश्विक प्रवाल भित्ति पारिस्थितिकी आकलन रिपोर्ट ने दुनिया का ध्यान इस संकट की ओर खींचा है। रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया के 80 से अधिक देशों और क्षेत्रों में फैले 127 उथले जल वाले प्रवाल भित्ती पारिस्थितिकी तंत्रों में से 122 (लगभग 96 प्रतिशत) को वर्ष 2075 तक ध्वस्त होने के अत्यंत गंभीर खतरे की श्रेणी में रखा गया है। रिपोर्ट में पश्चिमी गैलापागोस द्वीप समूह की प्रवाल भित्तियों के पहले ही ध्वस्त हो जाने की बात भी सामने आई है। इस अध्ययन में लगभग 1 लाख 88 हजार 362 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैली प्रवाल भित्तियों का आकलन किया गया है। ये आंकड़े केवल समुद्री पर्यावरण के बिगड़ते हालात को नहीं दर्शाते, बल्कि भविष्य में समुद्र पर निर्भर करोड़ों लोगों के सामने पैदा होने वाली चुनौतियों की भी चेतावनी देते हैं। वास्तव में प्रवाल भित्तियों का संकट अब किसी एक देश या क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय बन गया है।
बता दें कि प्रवाल भित्तियां समुद्र में पाए जाने वाले छोटे-छोटे जीवों यानी कोरल पॉलिप्स के समूहों द्वारा निर्मित चूना पत्थर जैसी संरचनाएं होती हैं। इन जीवों के शरीर से कैल्शियम कार्बोनेट निकलता है, जो धीरे-धीरे कठोर संरचनाओं का निर्माण करता है। लंबे समय में यही संरचनाएं विशाल भित्तियों का रूप ले लेती हैं। इन्हें समुद्र के वर्षावन भी कहा जाता है, क्योंकि समुद्र के कुल क्षेत्रफल के एक प्रतिशत से भी कम हिस्से में फैली होने के बावजूद ये समुद्री जीवों की लगभग एक चौथाई प्रजातियों को आश्रय प्रदान करती हैं। मछलियों, समुद्री कछुओं, केकड़ों, घोंघों और अनेक सूक्ष्म जीवों के लिए ये भोजन, सुरक्षा और प्रजनन का प्रमुख स्रोत और स्थल हैं। प्रवाल भित्तियों की जटिल संरचना छोटे समुद्री जीवों को बड़े शिकारी जीवों से बचने के लिए सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराती है। यही कारण है कि इनके आसपास समुद्री जैव विविधता अत्यधिक समृद्ध होती है।
इनका महत्व केवल जीवों को आश्रय देने तक सीमित नहीं है। प्रवाल भित्तियां समुद्र की तेज़ लहरों और तूफानों की ऊर्जा को कम करके तटीय क्षेत्रों को कटाव, बाढ़ और समुद्री तूफानों से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करती हैं। इनके कारण समुद्र तटों और आसपास के द्वीपों की प्राकृतिक सुरक्षा बनी रहती है। इसके अलावा दुनिया के करोड़ों लोगों की आजीविका मत्स्य पालन, समुद्री पर्यटन और इससे जुड़ी आर्थिक गतिविधियों पर निर्भर है। स्वस्थ प्रवाल भित्तियां मछलियों की उपलब्धता बनाए रखने में मदद करती हैं, जिससे स्थानीय मछुआरों की खाद्य सुरक्षा और आमदनी को सहारा मिलता है। कई देशों को समुद्री पर्यटन के माध्यम से भी काफी आर्थिक आय प्राप्त होती है। ऐसे में इनका विनाश केवल समुद्री जीवों के लिए ही नहीं, बल्कि मानव जीवन, खाद्य सुरक्षा, रोज़गार और अर्थव्यवस्था के लिए भी गंभीर संकट बन सकता है।
आईयूसीएन की रिपोर्ट में प्रवाल भित्तियों के विनाश के पीछे जलवायु परिवर्तन और समुद्र के बढ़ते तापमान को सबसे बड़ा कारण बताया गया है। औद्योगीकरण, जीवाश्म ईंधनों के अत्यधिक उपयोग और वनों की कटाई के कारण वातावरण में ग्रीनहाउस गैसों की मात्रा लगातार बढ़ रही है। इसका सीधा असर पृथ्वी के तापमान और समुद्री पर्यावरण पर पड़ रहा है। समुद्र वातावरण में मौजूद अतिरिक्त ऊष्मा का बड़ा हिस्सा अवशोषित कर रहा है, जिससे समुद्र का पानी गर्म हो रहा है। इसके परिणामस्वरूप समुद्री ताप, लहरों की आवृत्ति, अवधि और तीव्रता में वृद्धि हो रही है। सामान्य परिस्थितियों में प्रवाल जीवों के शरीर में रहने वाले सूक्ष्म शैवाल उन्हें रंग और भोजन उपलब्ध कराते हैं। इन शैवालों और प्रवाल जीवों के बीच परस्पर सहयोग का सम्बंध होता है। लेकिन जब समुद्र का तापमान सामान्य से अधिक हो जाता है तो प्रवाल जीव तनाव में आकर इन शैवालों को अपने शरीर से बाहर निकालने लगते हैं। इस प्रक्रिया को कोरल ब्लीचिंग कहा जाता है। इसके कारण प्रवाल सफेद दिखाई देने लगते हैं और उन्हें भोजन तथा ऊर्जा मिलना कम हो जाता है। यदि समुद्र का तापमान लंबे समय तक अधिक बना रहे तो प्रवाल जीव कमज़ोर होकर मर भी सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले पांच दशकों में समुद्री ताप-तनाव के कारण 77 प्रतिशत प्रवाल भित्ति पारिस्थितिकी तंत्र प्रभावित हुए हैं। इसके अतिरिक्त समुद्र में बढ़ता अम्लीकरण भी इनके लिए गंभीर खतरा है। वातावरण में मौजूद कार्बन डाईऑक्साइड का बड़ा हिस्सा समुद्र में घुलने से पानी का संघटन बदलता है और कैल्शियम कार्बोनेट का निर्माण कठिन हो जाता है। इससे प्रवालों की संरचनाएं कमजोर पड़ सकती हैं। मानवीय गतिविधियां भी इस संकट को बढ़ाने में पीछे नहीं हैं। अत्यधिक और अवैज्ञानिक तरीके से मछली पकड़ना, समुद्र में प्लास्टिक तथा औद्योगिक कचरा डालना, जहाज़ों से होने वाला प्रदूषण, तटीय क्षेत्रों में अनियोजित निर्माण और पर्यटन का बढ़ता दबाव प्रवाल भित्तियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। विशेष रूप से तोता मछली जैसी प्रजातियां शैवालों की अनियंत्रित वृद्धि को रोकने में मदद करती हैं। इनकी संख्या घटने से शैवाल प्रवालों पर फैलने लगते हैं और उनके विकास में बाधा उत्पन्न करते हैं। इस प्रकार समुद्री खाद्य श्रृंखला और प्राकृतिक संतुलन में होने वाला बदलाव भी प्रवाल भित्तियों के अस्तित्व को प्रभावित कर रहा है।
हालांकि रिपोर्ट में प्रवाल भित्तियों के भविष्य को लेकर गंभीर चिंता जताई गई है, लेकिन इनके संरक्षण की संभावनाओं को पूरी तरह समाप्त नहीं माना गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, यदि केवल पिछले 50 वर्षों में दर्ज वास्तविक बदलावों को आधार बनाया जाए और भविष्य के जलवायु अनुमानों को शामिल न किया जाए तो 24 प्रतिशत प्रवाल भित्ति पारिस्थितिकी तंत्र ही अत्यंत गंभीर खतरे की श्रेणी में आते हैं। दूसरी ओर, भविष्य में समुद्र के बढ़ते तापमान को शामिल करने पर यह आंकड़ा 96 प्रतिशत तक पहुंच जाता है। यह अंतर स्पष्ट करता है कि जलवायु परिवर्तन पर नियंत्रण किए बिना प्रवाल भित्तियों को बचाना बेहद कठिन होगा। इसके लिए दुनिया के देशों को जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम करके सौर, पवन और अन्य स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देना होगा। साथ ही ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में प्रभावी कमी लाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ठोस कदम उठाने होंगे। समुद्री संरक्षित क्षेत्रों का विस्तार, अवैध और अत्यधिक मछली पकड़ने पर रोक, प्लास्टिक तथा औद्योगिक कचरे के समुद्र में प्रवेश को नियंत्रित करना और तटीय क्षेत्रों में पर्यावरण अनुकूल विकास को प्राथमिकता देना भी आवश्यक है। इसके अलावा क्षतिग्रस्त प्रवाल भित्तियों के पुनरुद्धार के लिए वैज्ञानिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। प्रवालों की ऐसी प्रजातियों पर शोध बढ़ाना भी जरूरी है, जो अपेक्षाकृत अधिक तापमान सहन करने में सक्षम हों। हालांकि केवल कृत्रिम पुनरुद्धार से इस समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। इसके लिए समुद्री पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले मूल कारणों पर नियंत्रण करना होगा। स्थानीय मछुआरा समुदायों, तटीय निवासियों, वैज्ञानिकों और पर्यावरण संगठनों को संरक्षण की प्रक्रिया से जोड़ना भी महत्वपूर्ण है। वास्तव में प्रवाल भित्तियों का संकट हमें यह समझाने के लिए पर्याप्त है कि प्रकृति के साथ छेड़छाड़ का परिणाम कितना व्यापक और विनाशकारी हो सकता है। समुद्र केवल पानी का विशाल भंडार नहीं, बल्कि पृथ्वी की जैव विविधता और जलवायु संतुलन का महत्वपूर्ण आधार है। यदि आज इनके संरक्षण के ठोस प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियां समुद्र की उस अद्भुत जैव विविधता से वंचित हो सकती हैं, जो पृथ्वी के पारिस्थितिक संतुलन का अभिन्न हिस्सा है। इसलिए प्रवाल भित्तियों को बचाना केवल समुद्री पर्यावरण नहीं, बल्कि मानव सभ्यता, प्राकृतिक संसाधनों और पृथ्वी पर जीवन के भविष्य को सुरक्षा के लिए आवश्यक है। (स्रोत फीचर्स)
Photo Credit- https://www.britannica.com/science/coral-reef