
कड़ी धूप से बचने के लिए कार्यक्रमों में शामियाना लगते तो आपने देखा ही होगा। लेकिन ग्लोबल वार्मिंग बढ़ती ही जा रही है, और पूरी दुनिया गर्माती जा रही है। तो कहां और कैसा शामियाना लगाएंगे?
इंसानी ज़ुर्रत का भी कोई हिसाब नहीं। इसके उपाय में इंसान ने अब अंतरिक्ष में शामियाना लगाने का सोचा है। हो सकता है आप लोगों को यह ख्याल एक कोरी कल्पना लगे। परंतु, हाल ही में स्पेस इंडस्ट्री के एक महत्वपूर्ण किरदार और अरबपति एलन मस्क ने अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि हम अंतरिक्ष में हज़ारों उपग्रह भेज कर धरती को ढंक सकते हैं, जो धरती की ग्लोबल वार्मिंग को एक अरब साल तक नियंत्रित कर सकता है। मस्क इस विचार के बारे में कितने गंभीर हैं ये तो वही जाने, लेकिन कई शोधकर्ता इस बात का गहनता से अध्ययन कर रहे हैं। हाल ही, में अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित प्लैनेटरी सनशेड इंस्टीट्यूट ने एक विस्तृत रिपोर्ट प्रकाशित की है। इस प्रोजेक्ट के लिए 5,30,000 डॉलर का अनुदान यूके एडवांस्ड रिसर्च एंड इन्वेंशन एजेंसी (ARIA) ने दिया है।
रिपोर्ट में अनुमान है कि अंतरिक्ष में उपग्रह शामियाना बनाने की शुरुआत अगले 20 से 40 सालों में हो सकती है। हाल के सालों में पृथ्वी बहुत तेज़ी से गर्म होती रही है। पूर्व-औद्योगिक दौर की तुलना में विश्व समुदाय जो 1.5 डिग्री सेल्सियस से अधिक वृद्धि न होने देने का लक्ष्य तय किया था, हम उसे भी पार करने की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे मे प्लैनेटरी सनशेड इंस्टीट्यूट के कार्यकारी निदेशक मॉर्गन गुडविन का कहना है कि इस संकट की स्थिति में सौर जियोइंजीनियरिंग की ओर बढ़ना ही एकमात्र विकल्प है।
रिपोर्ट के अनुसार यदि हम सूर्य से आने वाले प्रकाश का 1 प्रतिशत भी धरती तक आने से रोक लेते हैं तो पृथ्वी 1 डिग्री सेल्सियस तक ठंडी हो सकती है। रिपोर्ट में अंतरिक्ष में शामियाना तानने के छह तरीके सुझाए, जिनमें दो प्रमुख हैं।
पहला, धरती से लाखों किलोमीटर दूर एक खास बिंदु लग्रांजे पॉइन्ट-1 (L1) पर हज़ारों उपग्रह भेजे जाएं। 40 कि.मी. व्यास के ये उपग्रह कागज़ जितने पतले होंगे। इन्हें हेलियोगाइरो (heliogyro) कहते हैं। अनुमान है कि ऐसे 5000 उपग्रह एक ऐसा शामियाना तान सकेंगे जो पृथ्वी पर आने वाले प्रकाश में एक प्रतिशत की कमी ला दें। (बताते चलें कि लग्रांजे पॉइन्ट पृथ्वी और सूर्य के बीच ऐसा बिंदु है जहां पृथ्वी और सूर्य के गुरुत्वाकर्षण का एक विशेष संतुलन रहता है, जिसके चलते इस बिंदु पर किसी भी पिंड को बनाए रखने के लिए बहुत अधिक ऊर्जा नहीं लगानी पड़ती।)
ऐसे 5000 उपग्रहों का वज़न लगभग 7 करोड़ टन होगा जो अब तक भेजी गई तमाम अंतरिक्ष सामग्री से 1500 गुना अधिक है। और इन्हें भेजने का खर्चा भी अभूतपूर्व होगा। मज़े की बात यह है कि ये उपग्रह हमारे नियंत्रण में होंगे जिससे हम पृथ्वी पर आ रहे प्रकाश को नियंत्रित कर सकेंगे। लगभग वैसा ही जैसा कि हम घर के परदों के ज़रिए रोशनी को नियंत्रित करते हैं।
वैज्ञानिक मानते हैं इस सामग्री को भेजने के लिए चांद मुफीद जगह साबित हो सकती है। चूंकि वहां गुरुत्वाकर्षण कम है इसलिए रॉकेट को अंतरिक्ष में भेजना आसान होता है। इसके लिए चांद पर बेस होना भी एक महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
दूसरा, मुख्य तरीका पृथ्वी और सूर्य के बीच में परावर्तक धूल बिखराने का है। इससे कम धूप धरती तक पहुंचेगी और धरती ठंडी हो सकेगी। इसका फायदा यह है कि इसमें हेलियोगाइरोस की तुलना में कम सामग्री अंतरिक्ष में भेजनी पड़ेगी।
रिपोर्ट इस बात को इंगित करती है कि सिवाय उपग्रहों से शामियाने बनाने के बाकी सभी तरीके फिलहाल अटकलबाज़ी हैं।
भले ही यह कवायद उम्मीद जगाने वाली लगे, परंतु आलोचक अलग पहलुओं पर हमारा ध्यान आकर्षित करते हैं, जैसे कि हम इन उपायों के प्रभावों से अनजान हैं। हमें नहीं पता कि प्रकाश को रोकना किस तरह से वर्षा चक्र और पादप वृद्धि को तरह प्रभावित करेगा। और सबसे महत्वपूर्ण बात: यह पूरी कवायद बहुत दूर की कौड़ी है, पर यह लोगों का ध्यान उन मुद्दों से भटकाती है जिन पर तत्काल ध्यान देना बहुत ज़रूरी है। जैसे अत्यधिक कार्बन उत्सर्जन और ग्रीनहाउस गैसों को वातावरण में बढ़ने से कैसे रोकें? (स्रोत फीचर्स)