कोविड-19 की गंभीरता बढ़ाता पुरातन जीन

विभिन्न कारकों के चलते कोविड-19 संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है। अब बायोआर्काइव्स में प्रकाशित एक ताज़ा अध्ययन संभावना जताता है कि शरीर में एक निएंडरथल जीन के संस्करण की मौजूदगी कोविड-19 की गंभीरता चार गुना तक बढ़ा सकती है। गौरतलब है कि निएंडरथल एक प्राचीन मानव प्रजाति थी जो करीब सवा लाख से 35 हज़ार वर्ष पूर्व तक अस्तित्व में थी और आधुनिक मनुष्यों का उनके साथ प्रजनन संपर्क भी होता था। इसी का परिणाम है आधुनिक मनुष्यों में 2.6 प्रतिशत तक निएंडरथल जीन्स पाए जाते हैं।

वैज्ञानिक यह तो जानते थे कि डाइपेप्टीडाइल पेप्टीडेज़-4 (DPP4) नामक प्रोटीन मिडिल ईस्ट रेस्पेरेटरी सिंड्रोम (MERS) संक्रमण के लिए ज़िम्मेदार एक अन्य कोरोनावायरस को मानव कोशिका से बंधने और उसमें प्रवेश करने में मदद करता है। अब, कोविड-19 के मरीज़ों में DPP4 जीन के एक परिवर्तित संस्करण का विश्लेषण बताता है कि यह प्रोटीन सार्स-कोव-2 को ACE2 ग्राहियों के अलावा कोशिका में प्रवेश करने का एक और मार्ग उपलब्ध करा देता है।

दरअसल पूर्व में हुए अध्ययन में शोधकर्ताओं ने बताया था कि DPP4 सार्स-कोव-2 वायरस को मानव कोशिका से जुड़ने में मददगार हो सकता है। अलबत्ता, एक अन्य अध्ययन ने इस संभावना को खारिज करते हुए बताया था कि यह वायरस DPP4 के माध्यम से कोशिका से नहीं जुड़ता।

एक बार फिर मैक्स प्लैंक इंस्टीट्यूट फॉर इवोल्यूशनरी एंथ्रोपोलॉजी के वैकासिक आनुवंशिकीविद स्वान्ते पैबो और उनके साथियों ने DPP4 जीन की भूमिका की संभावना जताई है। शोधकर्ताओं ने अपने अध्ययन में जांचा कि क्या DPP4 जीन का निएंडरथल संस्करण असंक्रमित लोगों की तुलना में कोविड-19 के गंभीर मामलों वाले लोगों में अधिक दिखता है। इसके लिए उन्होंने कोविड-19 होस्ट जेनेटिक्स इनिशिएटिव द्वारा जारी किए गए नवीनतम डैटा का अध्ययन किया, जिसमें कई लोगों के जीनोम और कोविड-19 की स्थिति के बारे में जानकारी थी। उन्होंने पाया कि कोविड-19 से गंभीर रूप से संक्रमित 7885 लोगों के जीनोम में DPP4 का निएंडरथल संस्करण नियंत्रण समूह की तुलना में अधिक था। यदि किसी व्यक्ति में निएंडरथल संस्करण की एकल प्रति है तो उसमें गंभीर संक्रमण का जोखिम दो गुना है और अगर दोनों प्रतियां निएंडरथल संस्करण की हैं तो गंभीर संक्रमण का जोखिम चार गुना है।

DPP4 जीन कोशिका में ग्लूकोज़ या शर्करा को तोड़ने में भूमिका निभाता है। इसलिए मधुमेह की कुछ दवाएं DPP4 जीन को लक्षित करती हैं। अध्ययन सुझाता है कि मधुमेह की दवाएं कोविड-19 के इलाज में मदद कर सकती है। वैसे तो DPP4 जीन का निएंडरथल संस्करण एंज़ाइम के आकार और कार्य को प्रभावित नहीं करता क्योंकि यह परिवर्तन जीन के प्रमोटर में है। इसका प्रभाव इस बात पर होता है कि यह जीन शरीर में कहां और कितना सक्रिय होगा। अध्ययन पर कुछ शोधकर्ताओं का कहना है कि कोविड-19 में निएंडरथल जीन से कितना जोखिम है इसे समझने के लिए इसकी तुलना गरीबों और स्वास्थ्य सुविधा की पहुंच से दूर वाले लोगों में कोविड-19 के गंभीर संक्रमण के जोखिम से करके देखना चाहिए। कोविड-19 का संक्रमण गंभीर स्थिति में पहुंचाने में आनुवंशिक कारक से अधिक भूमिका सामाजिक-आर्थिक कारकों की होगी। नतीजे अभी इस जीन की भूमिका की संभावना ही व्यक्त करते हैं, पुष्टि होना अभी बाकी है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://www.sciencemag.org/sites/default/files/styles/article_main_image_-1280w__no_aspect/public/wuhan_1280p.jpg?itok=qxcZBWiJ

प्रातिक्रिया दे