प्राचीन भेड़ियों से कुत्तों की उत्पत्ति के सुराग

कुत्तों का पालतूकरण शोधकर्ताओं के लिए एक पहेली रहा है और कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है कि कुत्तों की उत्पत्ति कब और कहां हुई। प्राचीन कुत्तों से लेकर आधुनिक कुत्तों तक की हड्डियों के डीएनए के विश्लेषण के बावजूद कोई निर्णायक परिणाम हासिल नहीं हुआ था। इस गुत्थी को सुलझाने के लिए हाल ही में शोधकर्ताओं ने उन प्राचीन भेड़ियों के आवासों का अध्ययन किया, जिन्होंने कुत्तों को जन्म दिया है।

इस नए अध्ययन में, पुख्ता निष्कर्ष तो नहीं निकले हैं लेकिन कुत्तों के पालतूकरण का मोटा-मोटा क्षेत्र तय किया गया है – पूर्वी-युरेशिया। अध्ययन से यह संकेत भी मिले हैं कि कुत्तों को शायद एक से अधिक बार पालतू बनाया गया है।

गौरतलब है कि लगभग 15,000 से 23,000 वर्ष पूर्व मनुष्यों और भेड़ियों के बीच पालतूकरण की प्रक्रिया की शुरुआत हुई थी। यह लगभग पिछले हिमयुग का दौर था जब उच्च अक्षांश वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड और शुष्क जलवायु हुआ करती थी। अभी तक के सबसे प्रचलित सिद्धांत के अनुसार थोड़े कम डरपोक मटमैले भेड़िए मनुष्यों की जूठन खाने के लिए उनके रिहायशी क्षेत्रों के करीब आने लगे। समय के साथ सौम्य व्यवहार और लक्षणों के जीन अगली पीढ़ियों में पहुंचने लगे। मनुष्यों को ये नए साथी शिकार और रखवाली के लिए उपयोगी लगे।

इस घटना का सही स्थान बता पाने के लिए अभी कोई ठोस जानकारी तो नहीं है लेकिन आधुनिक कुत्तों के आनुवंशिक विश्लेषण से पता चलता है कि कुत्तों की उत्पत्ति पूर्वी-एशिया में हुई थी जबकि कुछ अन्य आनुवंशिक और पुरातात्विक साक्ष्यों से पता चलता है कि इनकी उत्पत्ति साइबेरिया, मध्य-पूर्व, पश्चिमी युरोप या एकाधिक क्षेत्रों में हुई थी।

नए अध्ययन में फ्रांसिस क्रिक इंस्टीट्यूट के पोंटस स्कोगलुंड और 16 देशों के विभिन्न सहयोगियों ने कुछ अलग तरीका अपनाया। उन्होंने पालतूकरण के शुरुआती समय के दौरान भेड़िया वंश का एक विशाल नक्शा तैयार किया। 81 शोधकर्ताओं ने इस विषय से सम्बंधित सूचनाओं को जमा किया और 66 प्राचीन भेड़ियों के जीनोम को अनुक्रमित किया। इसके अलावा पूर्व में प्रकाशित युरोप, साइबेरिया और उत्तरी अमेरिका के स्थलों से प्राप्त डैटा को भी शामिल किया। इन जीवों का काल लगभग 1 लाख वर्षों में फैला था। फिर टीम ने 72 प्राचीन जीनोम की तुलना एक कंप्यूटर सॉफ्टवेयर की मदद से करके एक भेड़िया वंश वृक्ष तैयार किया।

स्कोगलुंड के अनुसार इस अध्ययन से एक बात यह स्पष्ट हुई कि भेड़ियों की ये दूर-दूर की आबादियां आपस में किस कदर जुड़ी हुई थीं। पिछले हज़ारों वर्षों से एक-दूसरे से दूर रहने वाले भेड़ियों के बीच हालिया पूर्वज साझा हैं। इससे यह पता चलता है कि ये जीव भटकते रहते थे और समय-समय पर परस्पर संतानोत्पत्ति भी करते थे।

प्राचीन भेड़ियों के जीनोम की तुलना आधुनिक और प्राचीन कुत्तों के साथ करने पर शोधकर्ताओं का निष्कर्ष है कि कुत्ते युरोप के प्राचीन भेड़ियों की तुलना में पूर्वी एशिया के प्राचीन भेड़ियों से अधिक निकटता से सम्बंधित हैं। इससे लगता है कि कुत्तों का मूल प्रदेश पूर्वी युरेशिया था और पश्चिमी युरेशिया का दावा रद्द हो जाता है। लेकिन कोई भी प्राचीन भेड़िया कुत्तों का निकटतम पूर्वज साबित नहीं हुआ जिसका मतलब है कि कुत्तों के पालतूकरण का वास्तविक क्षेत्र अब भी एक रहस्य बना हुआ है।

एक विचित्र बात यह है कि युरोप के प्राचीन भेड़ियों और पश्चिमी युरेशिया और अफ्रीका के आधुनिक कुत्तों के बीच कुछ जीन साझा हैं। इससे लगता है कि युरोपीय भेड़िए या तो कुत्तों की पश्चिमी आबादी के संपर्क में रहे होंगे या इन्हें अलग से पालतू बनाया गया होगा।

प्राचीन भेड़ियों के जीनोम से यह भी देखने को मिलता है कि लगभग 30,000 पीढ़ियों के दौरान इन प्रजातियों में कौन से जीन्स आगे बढ़ते रहे। चेहरे और खोपड़ी के विकास से सम्बंधित जीन्स लगभग 40,000 वर्ष पहले से भेड़ियों में फैलता रहा था। शुरुआत में यह एक बिरला जीन था लेकिन 10,000 वर्ष की अवधि के भीतर यह 100 प्रतिशत भेड़ियों में पाया जाने लगा। यह आज के आधुनिक भेड़ियों और कुत्तों में भी पाया जाता है। इसी तरह से 45,000 से 25,000 वर्ष पूर्व की अवधि में गंध सम्बंधी जीन्स के समूह का भी इसी तरह प्रसार हुआ था।

स्कोगलुंड का मानना है कि भेड़िये मज़बूत जबड़ों और अधिक संवेदनशील नाक के विकास के साथ अनुकूलित हुए जिसने उन्हें हिमयुग की कठोर परिस्थितियों में जीवित रहने में मदद की होगी। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit :

https://www.science.org/do/10.1126/science.add7199/abs/_20220629_on_wolvesdogs_istock-596091038.jpg
https://www.science.org/do/10.1126/science.add7199/full/_20220629_on_wolvesdogs_skull.png


प्रातिक्रिया दे