दक्षिण पूर्व एशिया में सालन 2000 साल पहले आया था

हाल ही में दक्षिणी वियतनाम स्थित ओसीरियो नामक प्राचीन गांव से प्राप्त 2000 वर्ष पुरानी एक सिल (सिल-लोढ़ा वाली) ने कई रहस्यों को उजागर किया है। लगता है कि इस सिल का उपयोग मसाले पीसने के लिए किया जाता था; इस पर आज भी जायफल की गंध महसूस की जा सकती है। साइंस एडवांसेज़ में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार यह दक्षिण पूर्व एशिया में मसाले पीसने का ज्ञात सबसे पहला उदाहरण है। इससे यह भी स्पष्ट होता है कि भारत और इंडोनेशिया से आए लोगों ने हज़ारों वर्ष पूर्व इस क्षेत्र में अपनी व्यंजन परंपराओं को प्रचलित किया होगा।

ओसीरियो में सबसे पहली खुदाई 1940 के दशक में हुई थी। खुदाई से प्राप्त सामग्री से मालूम चलता है कि यह शहर एक समय में विशाल व्यापार नेटवर्क का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा होगा जो भूमध्य सागर तक फैला हुआ था। वियतनामी पुरातत्वविद कान ट्रंग किएन नुयेन को हालिया खुदाई में ऐसे उपकरण मिले हैं जिनका उपयोग आज भी मसाले पीसने के लिए किया जाता है। भारत के प्राचीन स्थलों में भी इसी तरह की वस्तुएं पाई गई थीं।

सूक्ष्मदर्शी से जांच और 200 से अधिक प्रजातियों के नमूनों से तुलना करने के बाद टीम ने सिल पर हल्दी, अदरक, लौंग, दालचीनी और जायफल सहित आठ अलग-अलग मसालों की पहचान की है। सिल पर मसालों के अवशेष जिस तरह से संरक्षित थे उससे हैरानी होती थी और कहना मुश्किल था कि ये 2000 वर्ष पुराने हैं। विशेषज्ञों के अनुसार वियतनाम की जलवायु ने इन्हें संरक्षित रखा होगा। ये मसाले आज भी दक्षिण पूर्वी एशिया में उपयोग किए जाते हैं।

वास्तव में लौंग और जायफल जैसे कई मसाले मात्र दक्षिण एशिया और पूर्वी इंडोनेशिया में पाए जाते हैं। इस प्राचीन वियतनामी शहर में इन अवशेषों के मिलने से यह स्पष्ट होता है कि पहली शताब्दी के दौरान भारत और इंडोनेशिया से आए यात्रियों के साथ से ये मसाले यहां पहुंचे होंगे। इन निष्कर्षों से कुछ हद तक दक्षिण एशिया और फुनान के बीच प्रारंभिक व्यापार की भी पुष्टि होती है।

ध्यान देने वाली बात यह है कि व्यापारियों द्वारा लाए गए व्यंजनों पर स्थानीय लोगों ने अपने मसालों के साथ एक अनूठी पाक परंपरा विकसित की है। ओसीरियो में पाए जाने वाले कई मसाले संभवत: आयात किए गए थे। अदरक की किस्में अभी भी कुछ थाई और अन्य दक्षिण पूर्व एशियाई व्यंजनों में उपयोग की जाती हैं लेकिन भारत में उन्हीं व्यंजनों में नहीं डाली जातीं। नुयेन की टीम को सिल पर नारियल भी मिला है जिससे पता चलता है कि ओसीरियो में मसालों को नारियल के दूध से गाढ़ा किया जाता था। इसी तकनीक को वर्तमान दक्षिण पूर्व एशिया में सालन बनाने के लिए उपयोग किया जाता है। यानी 2000 वर्ष पुरानी परंपराएं आज भी जारी हैं। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://images.theconversation.com/files/538673/original/file-20230721-6029-zzrvqd.jpeg?ixlib=rb-1.1.0&rect=0%2C0%2C1828%2C1145&q=20&auto=format&w=320&fit=clip&dpr=2&usm=12&cs=strip

प्रातिक्रिया दे