जापान बना रहा अपना घरेलू चैटजीपीटी

न दिनों जापानी शोधकर्ता ओपनएआई द्वारा निर्मित प्रसिद्ध चैटजीपीटी के समान अपने स्वयं के एआई चैटबॉट विकसित करने के प्रयास कर रहे हैं। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य एआई सिस्टम को जापानी भाषा और संस्कृति की बारीकियों के अनुरूप विकसित करना है ताकि जापानी उपयोगकर्ताओं इसका अधिक सहजता से उपयोग कर सकें। इसके लिए जापान सरकार और कई तकनीकी कंपनियां निवेश कर रही हैं।

गौरतलब है कि वर्तमान विशाल भाषा मॉडल (एलएलएम) अंग्रेज़ी में काम करने के लिए विकसित किए गए हैं। ये मॉडल अन्य भाषाओं में अनुवाद तो करते हैं लेकिन अंग्रेज़ी और जापानी भाषा की वाक्य संरचनाएं बहुत अलग-अलग होती हैं, और अंग्रेज़ी-जापानी मशीनी अनुवाद गलत-सलत होता है। जब चैटजीपीटी से जापानी (या किसी अन्य भाषा) में प्रश्न किए जाते हैं तो यह उनका अंग्रेज़ी अनुवाद करके जवाब तैयार करता है और फिर इनका जापानी में अनुवाद करके जवाब पेश करता है। इस एआई-जनित इबारत में विचित्र अक्षर और अजीब वाक्यांश वाला पाठ प्राप्त होता है जिससे उपयोगकर्ता को अपेक्षित परिणाम नहीं मिलता।

जापान द्वारा तैयार किए गए वर्तमान एलएलएम की सांस्कृतिक उपयुक्तता और सुलभता का मूल्यांकन करने के लिए शोधकर्ताओं ने राकुडा नामक रैंकिंग प्रणाली विकसित की है जो जापानी सवालों पर एलएलएम की प्रतिक्रियाओं का आकलन करती है। इस आधार पर शोधकर्ताओं को जापानी एलएलएम में निरंतर सुधार देखने को तो मिला है लेकिन प्रदर्शन के मामले में यह अभी भी जीपीटी-4 के पीछे है। फिर भी विशेषज्ञों को उम्मीद है कि जापानी एलएलएम भविष्य में जीपीटी-4 की क्षमता की बराबरी कर पाएगा।

इस घरेलू एलएलएम को प्रशिक्षित करने के लिए जापान ने तेज़ कंप्यूटर फुगाकू सुपरकंप्यूटर का उपयोग किया। इस ओपन-सोर्स जापानी एलएलएम का लक्ष्य कम से कम 30 अरब गुणधर्म शामिल करना है। इसके अलावा जापान का शिक्षा, संस्कृति, खेल, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय भी एक जापानी एआई कार्यक्रम को वित्त पोषित कर रहा है। विशेषज्ञों को उम्मीद है कि 100 अरब मापदंडों से सुसज्जित यह एआई मॉडल वैज्ञानिक अनुसंधान में एक बड़ा परिवर्तन ला सकता है। परिकल्पनाओं के निर्माण और अनुसंधान लक्ष्यों की पहचान करके यह अनुसंधान कार्यों में काफी तेज़ी ला सकता है।

कई जापानी कंपनियां व्यावसायीकरण में कदम बढ़ा रही हैं। सुपरकंप्यूटर निर्माता एनईसी ने जापानी भाषा आधारित जनरेटिव एआई का उपयोग करना शुरू किया है। इससे आंतरिक रिपोर्ट और सॉफ्टवेयर स्रोत कोड बनाने में समय की काफी बचत हुई है। दूरसंचार कंपनी सॉफ्टबैंक स्वयं का एलएलएम लॉन्च करने वाली है जो मुख्य रूप से विश्वविद्यालयों, अनुसंधान संस्थानों और संगठनों के लिए तैयार किया गया है।

जापानी एआई चैटबॉट के विकास की अपार संभावनाएं हैं। यह शोध कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ाने और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने की क्षमता रखता है। विशेषज्ञ इसे जापान और इसकी समृद्ध संस्कृति को समझने के इच्छुक लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण संसाधन के रूप में देखते हैं। जापान द्वारा स्वयं का चैटजीपीटी एक वैश्विक रुझान का उदाहरण है जो विशिष्ट भाषाई और सांस्कृतिक संदर्भों के लिए एआई को अनुकूलित करता है। यह एक ऐसे भविष्य का संकेत है जहां एआई अधिक समावेशी, प्रभावी और दुनिया भर की विविध संस्कृतियों में सामंजस्यपूर्ण रूप से एकीकृत होगा। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://img.kyodonews.net/english/public/images/posts/0416de6f5ecb233a7ca9e6b8fef049e9/photo_l.jpg

प्रातिक्रिया दे