पेट से प्रतिरक्षा कोशिकाएं दिमाग में पहुंचती हैं

हमारे पेट में कई कृमि, सूक्ष्मजीव वगैरह पहुंच ही जाते हैं। प्रतिरक्षा कोशिकाएं इनका मुकाबला करती हैं। ये प्रतिरक्षा कोशिकाएं मस्तिष्क में पहुंच जाती हैं जहां ये किसी पुराने संक्रमण की स्मृति को सहेज लेती हैं। कम से कम चूहों पर किए गए अध्ययन से तो यही लगता है।

वैसे हमारा मस्तिष्क कई रक्षात्मक झिल्लियों से ढंका होता है जिसे मस्तिष्कावरण या तानिका (मेनिंजेस) कहते हैं। यह झिल्ली खून में प्रवाहित रोगजनकों को मस्तिष्क में नहीं पहुंचने देती। प्रयोग में शामिल चूहों को आम आंतों की बीमारियां पैदा करने वाले बैक्टीरिया और अन्य परजीवियों से संक्रमित करवाने पर देखा गया कि प्रतिरक्षा कोशिकाएं आंतों से मेनिंजेस तक पहुंचीं। वहां पहुंचने पर ये कोशिकाएं वहीं बस गईं। और इन्होंने मूल संक्रमण के एक महीने बाद दोबारा संक्रमण होने पर प्रतिक्रिया दी। इससे लगता है कि इन कोशिकाओं में पूर्व बीमारी का रिकॉर्ड रखा गया था। इस अनुसंधान के निष्कर्ष नेचर न्यूरोसाइन्स में प्रकाशित हुए हैं।

पहले किए गए अध्ययनों से पता चला था कि स्वस्थ हालत में आंतों की कुछ प्रतिरक्षा कोशिकाएं मेनिंजेस में भी पाई जाती हैं। लेकिन इस मामले में बहुत कम अध्ययन हुए हैं कि क्या आंत और मेनिंजेस वे प्रतिरक्षा कोशिकाएं साझा करती हैं जो आहार नाल के संक्रमणों के खिलाफ सक्रिय होती हैं।

इस बात को समझने के लिए कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय की चिकित्सक-शोधकर्ता मेना क्लैटवर्दी और उनके सहकर्मियों ने चूहों को ऐसे कई रोगजनक जीवों से संक्रमित किया जो आहार नाल के रोग पैदा करते हैं। इनमें साइट्रोबैक्टर रोडेंशियम (Citrobacter rodentium) और शिस्टोसोमा मैन्सोनी (Schistosoma mansoni) शामिल थे। शिस्टोसोमा मैन्सोनी एक कृमि है जो स्नेल फीवर नामक रोग पैदा करता है। संक्रमित करने के बाद उन्होंने आंतों और मेनिंजेस के बीच प्रतिरक्षा कोशिका (CD4+ T कोशिकाओं) की तुलना की।

पाया गया कि संक्रमण से पहले मेनिंजेस में पाई जाने वाली प्रतिरक्षा कोशिकाओं में CD4+ T कोशिकाएं बहुत कम थीं। लेकिन Citrobacter rodentium संक्रमण के तीन सप्ताह बाद आंतों व मेनिंजेस दोनों जगह IL-17 नामक प्रोटीन को अभिव्यक्त करने वाली T कोशिकाओं की संख्या में तेज़ी से वृद्धि हुई। ये T कोशिकाएं Citrobacter rodentium के खिलाफ लड़ाई करती हैं। इसी प्रकार की वृद्धि शिस्टोसोमा मैन्सोनी के संक्रमण के 6 सप्ताह बाद भी देखी गई।

जब क्लैटवर्दी की टीम ने आंतों और मेनिंजेस के ऊतकों का डीएनए अनुक्रमण किया तो पता चला कि दोनों में एक जैसे T कोशिका ग्राही थे। इससे तो लगता है कि संक्रमण के बाद आंतों में प्रशिक्षित ये कोशिकाएं मेनिंजेस में पहुंची थी।

अब टीम यह जानने को उत्सुक थी कि क्या आंतों से उत्पन्न ये T कोशिकाएं ऐसी टिकाऊ कोशिका आबादी को जन्म देती हैं जो पूर्व में हुए आंतों के संक्रमण को ‘याद’ रख सकें। इसका खुलासा करने के लिए उन्होंने चूहों को एक अन्य संक्रामक बैक्टीरिया Salmonella Typhimurium से संक्रमित किया और फिर साढ़े पांच सप्ताह बाद पुन: संक्रमित किय़ा।

देखा गया कि जिन चूहों को दो बार संक्रमित किया गया था उनमें मेनिंजेस में Salmonella Typhimurium को लक्षित करने वाली T कोशिकाओं की संख्या कहीं ज़्यादा थी। इससे यह निष्कर्ष निकाला जा सकता है कि कोशिकाओं में पूर्व-संक्रमण की स्मृति निर्मित हुई थी।

इस अध्ययन से इस विचार की पुष्टि होती है कि मेनिंजेस महज एक भौतिक कवच नहीं बल्कि मस्तिष्क का एक सक्रिय रक्षा कवच है। अब क्लैटवर्दी की टीम यह जानने का प्रयास कर रही है कि क्या मेनिंजाइटिस के विरुद्ध सक्रिय कोशिकाएं भी आंतों से मस्तिष्क में पहुंचती हैं। यदि ऐसा है तो मेंनिंजाइटिस के लिए मुंह से दिए जा सकने वाले टीके के विकास का रास्ता खुल जाएगा। (स्रोत फीचर्स)

Photo credit- https://bioengineer.org/gut-infections-leave-long-lasting-immune-memory-at-the-brains-border/

प्रातिक्रिया दे