खेल-खेल में जलवायु परिवर्तन पर कार्रवाई

जब कोई ज़िद्दी बच्चा होमवर्क करने से इंकार करता है तो कुछ रचनात्मक मातापिता समाधान के रूप में इसे एक खेल में बदल देते हैं। इसी तकनीक का उपयोग वैज्ञानिक जलवायु परिवर्तन जैसी कठिन चुनौती से निपटने के लिए कर रहे हैं।

वर्ष 2100 तक औसत वैश्विक तापमान 2 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की भविष्यवाणी के साथ, वैज्ञानिक आम जनता को इस मामले में लोगों को कार्रवाई में शामिल करने का सबसे प्रभावी तरीका खोजने का प्रयास कर रहे हैं। अभी तक सार्वजनिक सूचनाओं, अभियानों, बड़े पैमाने पर प्रयासों और चेतावनी के माध्यम से जलवायु परिवर्तन के खतरों के बारे में बताकर लोगों को इसमें शामिल करने की कोशिश की जाती रही है। लेकिन वैज्ञानिकों को को लगता है कि अनुभव और प्रयोग के माध्यम से लोगों को सीखने में सक्षम बनाने से बेहतर परिणाम मिल सकते हैं।

इसलिए, उन्होंने दुनिया भर के हज़ारों लोगों को वल्र्ड क्लाइमेट नामक खेल में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया। यह खेल सहभागियों को संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन के प्रतिनिधि के रूप में जलवायु परिवर्तन से दुनिया को बचाने पर विचार करने को प्रेरित करता है। इस खेल में प्रतिनिधियोंको उनके सुझावों/निर्णयों पर तुरंत प्रतिक्रिया मिलती है। उनके निर्णय सीरोड्स नामक एक जलवायु नीति कंप्यूटर मॉडल में दर्ज किए जाते हैं। यह मॉडल बता देता है कि स्वास्थ्य, आर्थिक समृद्धि और प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा पर उनके निर्णय के प्रभाव क्या हो सकते हैं।

शोधकर्ताओं ने खेल के पहले और बाद में 2042 खिलाड़ियों का सर्वेक्षण किया और पाया कि प्रतिभागियों में जलवायु परिवर्तन के कारणों और प्रभावों की समझ में काफी वृद्धि हुई और उनमें इसके हल के लिए तत्परता भी देखने को मिली। प्लॉस वन में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार इनमे से 81 प्रतिशत ने जलवायु परिवर्तन के बारे में सीखने और अधिक कार्य करने की इच्छा भी व्यक्त की। यह प्रवृत्ति उत्तरी और दक्षिण अमेरिका, युरोप और अफ्रीका में आयोजित 39 खेल सत्रों में एक जैसी थी।

इन परिणामों से यह संकेत भी मिला है कि यह खेल खास तौर पर अमरीकियों तक भी पहुंचने का अच्छा माध्यम हो सकता है जो जलवायु कार्रवाई के समर्थक नहीं हैं और मुक्त बाज़ार पर सरकारी नियंत्रण का खुलकर विरोध करते हैं।

लेकिन क्या यह सदी के अंत से पहले ग्रह को 2 डिग्री सेल्सियस से गर्म होने को रोकने के लिए पर्याप्त हो सकता है? वैज्ञानिकों का मानना है कि इसके लिए अधिक खिलाड़ियों को जोड़ना होगा, और खेल के प्रति इस उत्साह को वास्तविक दुनिया में स्थानांतरित करना होगा। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://4k4oijnpiu3l4c3h-zippykid.netdna-ssl.com/wp-content/uploads/2018/09/world-climate-game.png

प्रातिक्रिया दे