मतदान से निर्धारित हुई मंगल पर उतरने की जगह

नासा 2020 तक अपना अगला रोवर यान मंगल पर उतारने की तैयारी में है। लेकिन मंगल पर यह रोवर किस जगह उतरेगा इसे लेकर दुविधा रही है।

नासा ने मंगल पर रोवर उतारने के लिए तीन स्थान (जेज़ेरो, पूर्वोत्तर सिर्टिस और कोलंबिया हिल्स) प्रस्तावित किए थे। बाद में एक चौथा स्थान, मिडवे, भी जोड़ा गया। जेज़ेरो एक सूख चुका डेल्टा है जो मंगल की धरती पर किसी उल्का की टक्कर से बने गड्ढे में गिरता था। सिर्टिस एक प्राचीन पपड़ी है जो शायद एक भूमिगत खनिज झरने से बनी है। कोलंबिया हिल्स सुदूर अतीत में शायद गर्म पानी का चश्मा था। मिडवे नामक स्थान सिर्टिस जैसा ही है और यहां फायदा यह है कि रोवर मिडवे और सिर्टिस दोनों जगह जा सकता है।

ग्लैंडेल, कैलिफोर्निया में आयोजित तीन दिवसीय मीटिंग में नासा द्वारा प्रस्तावित स्थानों पर ग्रह वैज्ञानिकों की राय मांगी गई थी। वैज्ञानिकों को अपनी राय कई मापदंडों के आधार पर देनी थी। सबसे पहले तो रोवर यहां सफलतापूर्वक उतर सके और अपने शुरुआती दो वर्ष के बाद भी छानबीन जारी रख सके। दूसरी, कि उस स्थान पर रोवर अपने सारे वैज्ञानिक उपकरणों के तामझाम को लेकर घूमफिर सके और तीसरी यह कि घरती पर लाने के लिए नमूनों की गुणवत्ता बढ़िया हो।  

रोवर की सफलतापूर्वक लैंडिंग स्थान के लिए जेज़ेरो और पूर्वोत्तर सिर्टिस को 158 वोट मिले। तकरीबन इतने ही वोट मिडवे को मिले। सिर्फ कोलंबिया हिल्स के पक्ष में ज़्यादा मत नहीं आए। हालांकि तीन दिन चली इस बहस में कोई स्पष्ट सुझाव नहीं मिले हैं। लेकिन पहली लैंडिंग और दूसरे विचरण स्थल के लिए मिडवेजेज़ेरो की जोड़ी को समर्थन मिला है। शायद रोवर को जेज़ेरोमिडवे जोड़ी पर उतारा जाएगा मगर  अंतिम फैसला मिशन टीम और अंतत: नासा प्रमुख थॉमस जरिबिचेन का होगा। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://dailygalaxy.com/wp-content/uploads/2018/10/7684_MRO_HIRISE_Syrtis_Major_ESP_015942_1980-full2-1024×768.jpg?x14277

प्रातिक्रिया दे