Y गुणसूत्र खो देने के खतरे

जैसे-जैसे पुरुषों की उम्र बढ़ती है उनके न केवल बाल झड़ते हैं, मांसपेशियां कमज़ोर होने लगती हैं बल्कि उनकी कोशिकाओं से Y गुणसूत्र नदारद होने लगते हैं। विदित हो कि स्त्रियों और पुरुषों में 22 जोड़ी गुणसूत्र तो एक जैसे होते हैं लेकिन तेइसवीं जोड़ी में पुरुषों में दो गुणसूत्र अलग-अलग होते हैं (X और Y) जबकि स्त्रियों में दोनों एक जैसे (X) होते हैं।

वैज्ञानिक बताते आए हैं कि Y गुणसूत्रों का ह्रास कुछ बीमारियों और समय-पूर्व मृत्यु का जोखिम पैदा करता है, लेकिन इस बात के प्रमाण परिस्थितिजन्य थे। अब, शोधकर्ताओं ने बताया है कि जब उन्होंने नर चूहों से Y गुणसूत्र हटाए तो ऐसे चूहों की मृत्यु अपेक्षाकृत जल्दी हुई; संभवतः Y गुणसूत्र की अनुपस्थिति के चलते उनके हृदय सख्त पड़ गए थे।

मर्दानगी का पर्याय माना जाने के बावजूद Y गुणसूत्र होता पिद्दी सा है। इसमें केवल 71 जीन्स होते हैं जो X गुणसूत्र के जीन्स का दसवां हिस्सा भी नहीं है। संभवत: यही कारण है कि जब कोशिका विभाजित होती है तो कभी-कभी Y गुणसूत्र अगली संतान कोशिका में हस्तांतरित नहीं होते।

शोधकर्ताओं ने रक्त के नमूनों के विश्लेषण में पाया है कि 70 वर्ष के लगभग 40 प्रतिशत पुरुषों और 93 वर्ष के लगभग 57 प्रतिशत पुरुषों की कुछ श्वेत रक्त कोशिकाओं से Y गुणसूत्र नदारद थे। कुछ वृद्ध पुरुषों में तो 80 प्रतिशत से अधिक श्वेत रक्त कोशिकाओं में Y गुणसूत्र नदारद पाए गए हैं।

कोशिकाएं Y गुणसूत्र के बिना भी जीवित रह सकती हैं और विभाजन कर सकती हैं। लेकिन जिन पुरुषों की कुछ कोशिकाओं में Y गुणसूत्र नहीं होता उनमें हृदय रोग, कैंसर, अल्ज़ाइमर और अन्य उम्र सम्बंधी बीमारियां होने की संभावना रहती है।

तो क्या Y गुणसूत्र हटाने से स्वास्थ्य को नुकसान होता है, यह जानने के लिए वर्जिनिया विश्वविद्यालय के केनेथ वाल्श और उनके साथियों ने 38 चूहों पर अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण किया। उन्होंने जीन-संपादन तकनीक की मदद से कुछ चूहों की अस्थि मज्जा की कोशिकाओं से Y गुणसूत्र हटा दिया, फिर इन परिवर्तित कोशिकाओं को ऐसे युवा नर चूहों में प्रत्यारोपित किया जिनकी अस्थि मज्जा पहले ही हटा दी गई थी। इस बदली से चूहों से Y गुणसूत्र पूरी तरह गायब नहीं हुए, लेकिन इससे 49-81 प्रतिशत श्वेत रक्त कोशिकाएं में Y गुणसूत्र विहीन हो गईं – यह प्रतिशत लगभग कई पुरुषों में Y गुणसूत्र के ह्रास के समकक्ष है। अध्ययन में नियंत्रण समूह (कंट्रोल) के 37 चूहों में भी अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण किया गया था लेकिन उनमें Y गुणसूत्र बरकरार रखे गए थे।

शोधकर्ताओं ने लगभग 2 साल तक दोनों समूहों के चूहों की निगरानी की। इस दौरान Y गुणसूत्र की कमी वाले चूहों के मरने की अधिक संभावना देखी गई – इन चूहों में से केवल 40 प्रतिशत ही प्रत्यारोपण के बाद 600 दिनों तक जीवित रहे जबकि नियंत्रण समूह के लगभग 60 प्रतिशत जीवित रहे।

Y गुणसूत्र गंवाने वाले चूहों के हृदय भी कमज़ोर थे। लगभग 15 महीनों के बाद उनके हृदय की संकुचन शक्ति तकरीबन 20 प्रतिशत कम हो गई थी। इसके अलावा, उनमें सख्त संयोजी ऊतक बनने लगे थे, जिसे फाइब्रोसिस कहते हैं। इसके चलते हृदय सख्त हो जाता है और उसकी रक्त पंप करने की क्षमता कम हो जाती है।

उपरोक्त अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण के दौरान चूहों के हृदय की मांसपेशियों की कोशिकाओं से Y गुणसूत्र नहीं हटाए गए थे। अस्थि मज्जा में बनने वाली मैक्रोफेज नामक श्वेत रक्त कोशिकाएं हृदय में पहुंच जाती हैं। देखा गया कि हृदय में Y गुणसूत्र की कमी वाली मैक्रोफेज कोशिकाओं ने फाइब्रोसिस को बढ़ावा देना शुरू कर दिया था।

कुछ ऐसा ही इंसानों में होता होगा। दल ने यू.के. बायोबैंक से 15,000 से अधिक पुरुषों के डीएनए और उनकी उत्तरजीविता की जानकारी ली। विश्लेषण में पाया कि जिन पुरुषों ने कम से कम 40 प्रतिशत श्वेत रक्त कोशिकाओं से Y गुणसूत्र गंवा दिए थे उनकी ऐसे पुरुषों की अपेक्षा रक्त परिसंचरण तंत्र तंत्र की बीमारियों से मरने की संभावना 31 प्रतिशत अधिक थी जिनकी कोशिकाओं में Y गुणसूत्र पर्याप्त रूप से मौजूद थे। मृत्यु के कारणों में हार्ट फेल सहित कई हृदय सम्बंधी तकलीफें पता चलीं।

वाल्श कहते हैं कि वैज्ञानिक लंबे समय से स्वास्थ्य पर Y गुणसूत्र के प्रभाव को नज़रअंदाज़ करते आए हैं क्योंकि इसमें बहुत कम जीन्स होते हैं लेकिन साक्ष्य बताते हैं कि इसे खोने से जीवन के कई वर्ष कम हो सकते हैं।

कुछ विशेषज्ञ चेताते हैं कि ये परिणाम इस बात की पुष्टि नहीं करते हैं कि चूहों की मृत्यु फाइब्रोसिस से हुई है। Y गुणसूत्र अनुपस्थित होने पर भी फाइब्रोसिस काफी हल्का था। और तो और, ऐसे चूहों के हृदय की स्थिति इतनी भी कमज़ोर नहीं थी, और जानलेवा नहीं लगती। हो सकता है कि चूहे हृदय सम्बंधी किसी अन्य कारण से मर रहे हों। जो भी हो लेकिन Y गुणसूत्र का किसी न किसी तरह से हृदय पर प्रभाव दिखता है। (स्रोत फीचर्स)

नोट: स्रोत में छपे लेखों के विचार लेखकों के हैं। एकलव्य का इनसे सहमत होना आवश्यक नहीं है।
Photo Credit : https://d.newsweek.com/en/full/2085467/men-lose-y-chromosome-they-age.jpg

प्रातिक्रिया दे